Tag Archive for: National Summit

राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन

देश के सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन 25-26 अगस्त को आयोजित किया गया था. सम्मेलन का आयोजन केन्द्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय ने आंध्र प्रदेश के तिरूपति में किया था.

श्रम मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन: मुख्य बिन्दु

  • सहकारी संघवाद की भावना के अंतर्गत, श्रम संबंधी विभिन्न मुद्दों पर विचार करने के लिए इस सम्मेलन का आयोजन किया गया था.
  • यह श्रमिकों के कल्याण योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन तथा केन्द्र और राज्यों के लिए बेहतर तालमेल में मदद करेगा.
  • सम्मेलन के चार मुख्य सत्र थे. इसमें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए ई-श्रम पोर्टल के एकीकरण और ईएसआई अस्‍पतालों में चिकित्‍सा सेवा में सुधार शामिल था. अन्‍य दो सत्रों के विषय थे- चार श्रम संहिताओं के अंतर्गत नियम तय करना और विजन श्रमेव जयते @ 2047.
  • इस सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने वीडियो काफ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया.

मध्य क्षेत्रीय परिषद की 23वीं बैठक भोपाल में आयोजित की गई

मध्य क्षेत्रीय परिषद की 23वीं बैठक 22 अगस्त को भोपाल में आयोजित की गई थी. गृह मंत्री अमित शाह ने इस बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में मध्य क्षेत्रीय परिषद में शामिल राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने हिस्सा लिया.

मध्य क्षेत्रीय परिषद की 23वीं बैठक: मुख्य बिन्दु

  • बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बैठक में शामिल हुए, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया.
  • इस बैठक में अनुसूचित जाति, जनजाति कल्याण, किसान कल्याण, महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध अपराध की विवेचना, आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसे विषयों की रोकथाम के लिए व्यापक विचार-विमर्श हुआ.
  • बैठक को संबोधित करते हुए गृह मंत्री श्री अमित शाह ने मध्य क्षेत्र परिषद के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वामपंथी उग्रवाद को सख्ती से निपटने की बात कही.
  • गृहमंत्री अमित शाह ने भोपाल में राष्ट्रीय फौरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के पांचवें परिसर के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया.

महिला पुलिस का 10वां राष्ट्रीय सम्मेलन शिमला में आयोजित किया गया

महिला पुलिस का 10वां राष्ट्रीय सम्मेलन 21-22 अगस्त को शिमला में आयोजित किया गया था. इसका आयोजन गृह मंत्रालय तथा पुलिस अनुसंधान और विकास ब्‍यूरो ने किया था. इस सम्मेलन का उद्घाटन केन्‍द्रीय गृह राज्‍य मंत्री नित्‍यानंद राय ने किया था.

इस सम्‍मेलन का मुख्य उद्देश्य महिला पुलिस अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता बढ़ाना तथा उनकी समस्या और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना था.

बदलती प्रौद्योगिकी और अपराध के तरीकों के संदर्भ में महिला पुलिस की नई भूमिका और दायित्वों पर भी विचार-विमर्श किया गया.

पिंगली वेंकैया की 146वीं जयंती, नई दिल्ली में तिरंगा उत्सव का आयोजन

नई दिल्ली में 2 अगस्त को तिरंगा उत्सव का आयोजन किया गया था. इसका आयोजन संस्कृति मंत्रालय ने स्वतंत्रता सेनानी पिंगली वेंकैया (Pingali Venkayya) की 146वीं जयंती के अवसर पर किया था. इस कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक और संगीतमय प्रस्तुतियों से भरपूर संध्या आयोजित की गई. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह तिरंगा उत्सव में हिस्सा लिया.

तिरंगा उत्सव के इस कार्यक्रम के समापन के अवसर पर पिंगली वेंकैया के बहुमूल्य योगदान के लिए उनके सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी गया और उनके परिजनों को सम्मानित किया गया.

पिंगली वेंकैया और राष्ट्रीय ध्वज: एक दृष्टि

  • पिंगली वेंकैया, स्वतंत्रता सेनानी थे जिन्होंने देश के राष्ट्रीय ध्वज का डिजाइन तैयार किया था. गांधी जी के अनुरोध पर उन्होंने भारत के राष्ट्रीय झंडे की परिकल्पना की थी.
  • महात्मा गांधी ने राष्ट्रीय ध्वज के इस डिजाइन को 1921 में विजयवाड़ा में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की बैठक में मंजूरी दी थी. इस ध्वज में हरी और लाल दो धारियां थीं, और केंद्र में एक चरखा था. बाद में, उन्होंने महात्मा गांधी के सुझाव के बाद सफेद पट्टी जोड़ दी.
  • उन्हें मरणोपरांत 2011 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था.

दिल्ली में पहली अखिल भारतीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक

दिल्ली में 30-31 जुलाई को पहली अखिल भारतीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक आयोजित की गई थी. इसका आयोजन यह राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा किया गया था.

इस बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एनवी रमणा, केंद्रीय मंत्री श्री किरेन रिजिजू, सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों के कई अन्य न्यायाधीश, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों (SLASA) के कार्यकारी अध्यक्ष और जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों (DLASA) के अध्यक्ष मौजूद थे.

प्रधानमंत्री ने बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया था. उन्होंने इस मौके पर ‘मुफ्त कानूनी सहायता का अधिकार’ पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया.

नालसा (NALSA) क्या है?

  • नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) का गठन कमजोर वर्गों को नि:शुल्क कानूनी सेवाएँ प्रदान करने के लिये किया गया है. भारत का मुख्य न्यायाधीश इसका मुख्य संरक्षक होता है.
  • भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39-A अवसर की समानता के आधार पर न्याय को बढ़ावा देने के लिये समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने का प्रावधान करता है. इसी के मद्देनज़र वर्ष 1987 में पारित विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत नालसा का गठन किया गया था.
  • NALSA के तर्ज पर DLASA (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) और SLASA (राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण) का गठन किया गया है.
  • देश में कुल 676 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLASA) हैं. उनके प्रमुख जिला न्यायाधीश होते हैं. DLASA, NALSA द्वारा आयोजित लोक अदालतों को विनियमित करके अदालतों पर बोझ कम करने में योगदान करते हैं.

धर्मशाला में राज्‍यों के मुख्‍य सचिवों का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 15 से 17 जून तक राज्‍यों के मुख्‍य सचिवों का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया था. इसका आयोजन नीति आयोग द्वारा किया गया था. इस सम्‍मेलन का उद्धाटन कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने किया.

मुख्य बिंदु

  • सम्‍मेलन का उद्देश्‍य केन्‍द्र और राज्‍य सरकारों के बीच साझेदारी को और मजबूत बनाना था. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता की थी. इस सम्‍मेलन में राज्‍यों और केन्‍द्र शासित प्रदेशों के मुख्‍य सचिवों के अलावा विभिन्‍न क्षेत्रों के लगभग दो सौ विशेषज्ञ ने भी भाग लिया.
  • सम्मेलन में विस्तृत विचार-विमर्श के लिए तीन विषयों की पहचान की गई है जिसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति का कार्यान्वयन, शहरी शासन और फसल विविधीकरण और तिलहन, दलहन और अन्य कृषि-वस्तुओं में आत्मनिर्भरता प्राप्त करना शामिल था.

पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक दीव में आयोजित की गयी

पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक 11 जून को दीव में आयोजित की गयी थी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बैठक की अध्यक्षता की थी.

पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक: मुख्य बिंदु

  • बैठक में पश्चिमी राज्‍यों से जुड़े अंतरराज्‍यीय सीमा, सुरक्षा, बुनियादी ढांचा, परिवहन और उद्योग से संबंधित मुद्दों पर विचार हुआ.
  • यह बैठक कोविड महामारी के कारण दो वर्ष बाद आयोजित की गई. गुजरात, महाराष्‍ट्र, गोवा, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव इस परिषद के सदस्‍य हैं.
  • क्षेत्रीय परिषदें वार्ता और विचार साझा करने के लिए एक मंच उपलब्‍ध कराती हैं. इस बैठक में 30 विषयों पर चर्चा की गई, जिनमें से 27 को हल कर लिया गया है और शेष बचे तीन विषयों पर आगे विचार किया जाएगा.

गांधीनगर में शिक्षा मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन, पीएम श्री स्कूल की योजना

देशभर के शिक्षा मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन गुजरात के गांधीनगर में 1-2 जून को आयोजित किया गया था. सम्मेलन की अध्यक्षता केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने की थी.

इस सम्मेलन में तमिलनाडु को छोड़कर सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा मंत्रियों ने और केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने हिस्सा लिया था.

इस सम्मेलन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने की दृष्टि से देश में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने, स्कूलों में कौशल विकास, डिजिटल पहल आदि पर चर्चा हुई.

पीएम श्री स्कूल की योजना

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पीएम श्री स्कूल स्थापित करने की योजना बना रही है. इसका उद्देश्य छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करना होगा. उन्होंने कहा कि ये अत्याधुनिक स्कूल NEP 2020 की प्रयोगशाला की तरह काम करेंगे.
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति के 5+3+3+4 दृष्टिकोण में प्री-स्कूल से सेकेंडरी स्कूल तक, प्रारंभिक बचपन देखभाल और शिक्षा कार्यक्रम (ईसीसीई), शिक्षक प्रशिक्षण और वयस्क शिक्षा पर जोर, स्कूली शिक्षा के साथ कौशल विकास का एकीकरण और प्राथमिकता देना आदि शामिल हैं.
  • 21वीं सदी के विश्व मानस (ग्लोबल सिटीजंस) को तैयार करने के लिए मातृ भाषा में सीखने का अवसर देना भी एक बड़ा कदम है.

बेंगलुरू में सेमीकॉन इंडिया सम्‍मेलन का आयोजन किया गया

बेंगलुरू में 29 अप्रैल से 1 मई तक सेमीकॉन इंडिया सम्‍मेलन (Semicon India Conference) 2022 का आयोजन किया गया था. इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने किया था. सम्मेलन में उद्योग संघों, अनुसंधान संगठनों और शैक्षिक जगत से वरिष्‍ठ विशेषज्ञों ने हिस्‍सा लिया. इस सम्मेलन के दौरान, देश में सेमीकंडेक्‍टर के उत्‍पादन के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की नीति, प्रतिभा और सरकार के योगदान पर विचार-विमर्श हुआ.

सेमीकॉन इंडिया सम्‍मेलन: एक दृष्टि

  • यह सम्‍मेलन, उद्योग संघों के साथ साझेदारी में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (ISM) द्वारा आयोजित किया गया था. ISM, डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन का एक स्वतंत्र व्यापार प्रभाग है.
  • इस सम्‍मेलन का आयोजन भारत को इलेक्‍ट्रोनिक्‍स विनिर्माण, सेमी-कंडेक्‍टर डिजाइन और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के उद्देश्य से किया गया था.
  • सम्‍मेलन को भारत के वैश्‍विक सेमीकंडेक्‍टर केन्‍द्र बनने और चिप डिजाइन तथा विनिर्माण पारिस्थितिक केन्द्र के रूप में विकसित होने की आकांक्षा के आधार के रूप में देखा जा रहा है.
  • केंद्र सरकार ने भारत में सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के विकास के लिए मार्च 2022 में  सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम को मंजूरी दी थी. इसके तहत कुल वित्तीय परिव्यय 76,000 करोड़ रुपये है.

एशिया का सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय खाद्य और आतिथ्य सत्‍कार मेला दिल्ली में आयोजित किया गया

एशिया का सबसे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय खाद्य और आतिथ्य सत्कार मेला ‘AAHAR-2022’ का आयोजन 26 से 30 अप्रैल तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में किया गया था. यह इस मेले का 36वां संस्करण था.

इस मेले का आयोजन कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) और भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के सहयोग से आयोजित किया गया था. इस मेले में 80 से अधिक निर्यातकों ने हिस्सा लिया था.

देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र के साथ-साथ लद्दाख, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे हिमालयी राज्यों के निर्यातकों के लिए APEDA द्वारा समर्पित स्टॉल बनाए गए थे.

7वां रायसीना डायलॉग 2022 दिल्ली में आयोजित किया गया

7वें रायसीना डायलॉग का आयोजन 25 से 27 अप्रैल तक दिल्ली में किया गया था. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस डायलॉग का शुभारंभ किया था. यह इस प्रतिष्‍ठित संवाद का 7वां संस्‍करण था. भारत की यात्रा पर आयीं यूरोपीय संघ की अध्‍यक्ष वर्सुला फॉन डे लायन इस संवाद में मुख्‍य अतिथि थीं.

इस संवाद में विभिन्‍न देशों के पूर्व प्रधानमंत्री और अन्‍य गण्‍यमान्‍य व्‍यक्ति ने हिस्‍सा लिया. इस वर्ष संवाद का थीम- ‘धरती: भावावेश, अधैर्य और संकट’ था.

इस आयोजन में लोकतंत्र से लेकर प्रौद्योगिकी और वैश्विक स्‍वास्‍थ्‍य से लेकर हिंद प्रशांत क्षेत्र तक छह प्रमुख सम-सामयिक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.

रायसीना डायलॉग: एक दृष्टि

  • रायसीना डायलॉग बहुपक्षीय विचार मंच है जो विश्‍व के समक्ष सर्वाधिक चुनौतीपूर्ण मुद्दों पर चिंतन करता है. यह भू-राजनीति तथा भू-अर्थशास्त्र पर आधारित भारत का प्रमुख सम्मेलन है जिसकी शुरूआत वर्ष 2016 में हुई थी.
  • प्रत्येक वर्ष नीति, मीडिया और सिविल सोसायटी से जुड़े वैश्विक नेता अंतरराष्ट्रीय नीतिगत मामलों के बारे में सहयोग पर चर्चा के लिए नई दिल्ली में इकट्ठा होते हैं.
  • इस सम्मेलन का आयोजन विदेश मंत्रालय के सहयोग के ऑब्जर्वर रिसर्ज फाउंडेशन द्वारा किया जाता है.

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का 5वां संस्करण दिल्ली में आयोजित किया गया

बहुप्रतीक्षि‍त वार्षिक कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का 5वां संस्करण 1 अप्रैल को नई दिल्‍ली के तालकटोरा स्‍टेडियम में आयोजित किया गया था. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अध्‍यापकों और अभि‍भावकों के साथ बातचीत की.

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम: एक दृष्टि

  • परीक्षा पे चर्चा आपसी बातचीत का कार्यक्रम है जिसमें देश और विदेश के विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक प्रधानमंत्री से परीक्षा के तनाव से उबरने और जीवन को उत्‍सव के रूप में मनाने के संबंध में बातचीत करते हैं.
  • इस कार्यक्रम के लिए कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का चयन ऑनलाइन प्रतियोगिता के माध्‍यम से किया जाता है. इस कार्यक्रम के लिए 15 लाख से अधिक विद्यार्थि‍यों, अध्‍यापकों और अभिभावकों का पंजीकरण हुआ था.