देश के सात उच्च न्यायालय में नये मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति को मंजूरी दी गयी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के सात उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) में नये मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति को 4 अक्टूबर को मंजूरी दी. ये नियुक्ति इस प्रकार है:
- पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति रवि शंकर झा
- गुवाहाटी उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति अजय लाम्बा
- राजस्थान उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति इंद्रजीत महंती
- केरल उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति ए मनि कुमार
- हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति एलएन स्वामी
- आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी
- सिक्किम उच्च न्यायालय: न्यायमूर्ति एके गोस्वामी
शहीद औऱ घायल हुए जवानों के परिजनों के लिए वित्तीय मदद में वृद्धि
सरकार ने सभी परिस्थितियों में शहीद औऱ घायल हुए जवानों के परिजनों के लिए वित्तीय मदद को 2 लाख से बढ़ाकर 8 लाख करने को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 5 अक्टूबर को इसकी मंजूरी दी. यह वित्तीय मदद ‘आर्मी बैटल कैजुअल्टी वेलफेयर फंड’ के तहत ये राशि प्रदान की जाएगी.
इससे पहले शहीद होने या 60 प्रतिशत से अधिक की अक्षमता होने पर 2 लाख रुपए की वित्तीय मदद का प्रावधान था. इसके साथ ही 60 फीसदी से कम अक्षमता वाले जवानों को 1 लाख रुपए का वित्तीय मदद मिलती थी. ये धनराशि लाभार्थियों को मिलने वाली पारिवारिक पेँशन औऱ आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस की वित्तीय सहायता जैसी दूसरी सुविधाओँ से अतिरिक्त दी जाती है.
अविनाश साबले ने तोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया
भारत के अविनाश साबले ने पुरुषों की तीन हजार मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में तोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है. उन्होंने कल दोहा में विश्व चैम्पियनशिप में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की. अविनाश ने आठ मिनट 21.37 सेकंड का समय लिया, जबकि ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का मानक समय आठ मिनट 22 सैकंड है.
अरब सागर में भारत का पहला फ्लोटिंग बास्केटबॉल कोर्ट खुला
अरब सागर में भारत का पहला फ्लोटिंग बास्केटबॉल कोर्ट (पानी में तैरता बास्केटबॉल कोर्ट) खुला है. यह फ्लोटिंग कोर्ट बांद्रा वर्ली सीलिंक (अरब सागर) के पास नेशनल बास्केटबॉल एसोसिएशन (NBA) के गेम के लिए बनाया गया है.
5 अक्टूबर: विश्व शिक्षक दिवस
प्रत्येक वर्ष 5 अक्टूबर को विश्व शिक्षक दिवस (World Teachers day) मनाया जाता है. इस दिन आध्यापकों को सामान्य रूप से और कतिपय कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके विशेष योगदान के लिये सम्मानित किया जाता है. इस वर्ष यानी 2019 में यह 25वाँ विश्व शिक्षक दिवस है.
यह दिवस संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में मनाया जाता है. संयुक्त राष्ट्र द्वारा साल 1966 में यूनेस्को और अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन की हुई संयुक्त बैठक को याद करने के लिये मनाया जाता है. इस बैठक में अध्यापकों की स्थिति पर चर्चा हुई थी और इसके लिये सुझाव प्रस्तुत किये गये थे.
वर्ष 2019 के विश्व शिक्षक दिवस का विषय (थीम) ‘Young Teachers: The future of the Profession’ है.