लातविया, बहरीन, कोलंबिया, लाइबेरिया और कांगो UNSC के सदस्य चुने गए

  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने लातविया, बहरीन, कोलंबिया, लाइबेरिया और कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के नए अस्थायी सदस्य के रूप में चुना है.
  • पूर्वी यूरोप का एक छोटा सा देश लातविया पहली बार सुरक्षा परिषद के लिए चुना गया है.
  • नव निर्वाचित सदस्यों का दो वर्ष का कार्यकाल 1 जनवरी 2026 से शुरू होगा और 31 दिसंबर 2027 को समाप्त होगा.
  • वर्तमान में स्लोवेनिया, दक्षिण कोरिया, गुयाना, अल्जीरिया, सिएरा लियोन, डेनमार्क, ग्रीस, पाकिस्तान, पनामा और सोमालिया UNSC के अस्थायी सदस्य हैं.
  • नव निर्वाचित सदस्य, स्लोवेनिया, दक्षिण कोरिया, गुयाना, अल्जीरिया और सिएरा लियोन का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो जाएगा.
  • अन्य अस्थायी सदस्य डेनमार्क, ग्रीस, पाकिस्तान, पनामा और सोमालिया का दो साल का कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 को समाप्त होगा.

UNSC के अस्थायी सदस्यों का चुनाव

  • UNSC के 15 सदस्य होते हैं, जिनमें से 5 स्थायी और 10 अस्थायी होते हैं. अस्थायी सदस्यों का कार्यकाल 2 वर्ष का होता है.
  • प्रत्येक वर्ष, पांच अस्थायी सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होता जिसके बदले पाँच नए अस्थायी सदस्यों को चुना जाता है. संयुक्त राष्ट्र महासभा गुप्त मतदान के जरिए उनका चुनाव करती है.
  • किसी देश को UNSC के अस्थायी सदस्यों के रूप में चुने जाने के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले संयुक्त राष्ट्र महासभा के कम से कम दो-तिहाई सदस्य देशों के वोटों की आवश्यकता होती है.
  • संयुक्त राष्ट्र में गैर-सदस्य पर्यवेक्षक राज्य का दर्जा प्राप्त देश UNSC के अस्थायी सदस्यों के चुनाव में भाग नहीं ले सकते हैं. फ़िलिस्तीन और होली सी (वेटिकन) संयुक्त राष्ट्र के गैर-सदस्य पर्यवेक्षक देश हैं.
  • 10 अस्थायी सीटें चार क्षेत्रीय समूहों के बीच वितरित की जाती हैं. सदस्य केवल अपने क्षेत्रीय समूहों से ही उम्मीदवार हो सकते हैं.
क्षेत्रीय समूहअस्थायी सदस्यों की संख्या
अफ्रीकी और एशिया-प्रशांत5 सदस्य
पूर्वी यूरोप1 सदस्य
लैटिन अमेरिका और कैरेबियन2 सदस्य
पश्चिमी यूरोप और अन्य2 सदस्य

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC): एक दृष्टि

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) संयुक्त राष्ट्र का सबसे महत्वपूर्ण निकाय है जो अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार है.
  • UNSC के 15 सदस्य होते हैं, जिनमें से 5 स्थायी और 10 अस्थायी होते हैं. 5 स्थायी सदस्य- संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, रूस और चीन हैं.
  • स्थायी सदस्यों के पास वीटो शक्ति होती है,  जिससे यदि वे UNSC में किसी प्रस्ताव के विरुद्ध मतदान करते हैं, तो वो प्रस्ताव पारित नहीं हो सकता. अस्थायी सदस्यों के पास वीटो शक्ति नहीं होती है.
  • भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थायी सदस्य के रूप में आठ बार चुना गया है. भारत 1950-1951, 1967-1968, 1972-1973, 1977-1978, 1984-1985, 1991-1992, 2011-2012 और 2021-2022 में सदस्य था.

संयुक्त राष्ट्र

  • संयुक्त राष्ट्र एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जिसका गठन 24 अक्टूबर 1945 को किया गया था. इसका गठन लीग ऑफ नेशंस की जगह किया गया था.
  • लीग ऑफ नेशंस की स्थापना प्रथम विश्व युद्ध की समाप्ति के बाद 1920 में की गई थी. द्वितीय विश्व युद्ध को रोकने में लीग ऑफ नेशंस की विफलता के कारण संयुक्त राष्ट्र का गठन किया गया.
  • प्रारंभ में, इसमें भारत सहित 51 सदस्य देश शामिल थे, लेकिन अब, इसमें 193 सदस्य देश हैं. संयुक्त राष्ट्र का मुख्यालय न्यूयॉर्क में, और वर्तमान महासचिव एंटोनियो गुटेरस हैं.
  • संयुक्त राष्ट्र के कुछ मुख्य कार्य- अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखना, मानवीय सहायता प्रदान करना, मानवाधिकारों की रक्षा करना और अंतर्राष्ट्रीय कानून को बनाए रखना हैं.

संयुक्त राष्ट्र के अंग

संयुक्त राष्ट्र के छह मुख्य अंग हैं.

  1. महासभा (UNGA): महासभा, संयुक्त राष्ट्र का मुख्य निकाय है, और सभी सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व यहाँ होता है. महासभा में प्रत्येक देश का एक वोट होता है.
  2. सुरक्षा परिषद (UNSC): सुरक्षा परिषद, अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होता है.
  3. आर्थिक और सामाजिक परिषद (ECOSOC): यह दुनिया की आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय चुनौतियों पर चर्चा और बहस करता है.
  4. न्यास परिषद (Trusteeship Council): यह 11 न्यास क्षेत्रों के लिए पर्यवेक्षण प्रदान करती है और क्षेत्रों की स्वशासन या स्वतंत्रता के लिए काम करती है.
  5. अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (ICJ): यह संयुक्त राष्ट्र का मुख्य न्यायिक अंग जो सदस्य देशों के बीच विवादों का निपटारा करता है और कानूनी मामलों पर सलाह देता है.
  6. संयुक्त राष्ट्र सचिवालय: सचिवालय संयुक्त राष्ट्र की स्थायी नौकरशाही है, जो प्रशासन का काम देखती है और इसका नेतृत्व महासचिव करते हैं.