16 मई 2022: सिक्किम का 47वां स्थापना दिवस, 1975 में भारत का 22वां राज्य बना था

प्रत्येक वर्ष 16 मई को सिक्किम स्थापना दिवस (Sikkim Statehood Day) मनाया जाता है. सिक्किम 1975 में इसी दिन भारतीय गणराज्य का 22वां राज्य बना था. इस वर्ष यानी 2022 में इस राज्य ने अपना 47वां स्थापना दिवस मनाया.

सिक्किम से संबंधित संवैधानिक तथ्य

भारतीय संविधान के 35वें संशोधन से सिक्किम को भारतीय गणराज्य में 22वें सह-राज्य के रूप में शामिल किया गया था. सिक्किम को पूर्ण राज्य का दर्जा 36वें संविधान संशोधन से दिया गया.

सिक्किम का संक्षिप्त इतिहास

  1. सिक्किम में राजशाही की स्थापना वर्ष 1642 में हुई थी. यहां पर चोग्याल वंश का शासन था. इसके बाद 1890 में ब्रिटिश इंडिया के अंतर्गत सिक्किम को ‘प्रोटेक्टोरेट स्टेट’ बनाया गया.
  2. भारत की स्वतंत्रता के समय वर्ष 1947 में सिक्किम की भारत के साथ संधि हुई, जिसके अंतर्गत सिक्किम की रक्षा, संचार और विदेश मामले भारत की ओर से देखा जाना तय हुआ.
  3. 1975 में हुए जनमत संग्रह के बाद इस राज्य का विलय भारत में हुआ और 16 मई 1975 को भारतीय गणराज्य का 22वां राज्य बना था.

सिक्किम: मुख्य तथ्य

  • अंगूठे के आकार का यह राज्य पश्चिम में नेपाल, उत्तर और पूर्व में चीनी तिब्बत क्षेत्र और दक्षिण-पूर्व में भूटान से घिरा हुआ है. भारत का पश्चिम बंगाल राज्य इसके दक्षिण में है.
  • अंग्रेज़ी, नेपाली, लेप्चा, भूटिया, लिंबू तथा हिन्दी इसकी आधिकारिक भाषाएँ हैं, परन्तु शासकीय कार्य में अंग्रेज़ी का ही प्रयोग होता है.
  • हिन्दू धर्म और वज्रयान बौद्ध धर्म यहाँ के प्रमुख धर्म है.
  • सिक्किम की राजधानी और सबसे बड़ा शहर ‘गंगटोक’ है.
  • जनसंख्या के मामले में भारत का सबसे छोटा राज्य और क्षेत्रफल के मामले में गोआ के पश्चात दूसरा सबसे छोटा राज्य है.
  • इसका क्षेत्रफल 7,096 वर्ग किलोमीटर है.
  • सिक्किम का ‘राज्य पशु’ लाल पांडा, ‘राज्य पक्षी’ लाल तीतर, ‘राज्य फूल’ नोबल डेंड्रोबियम और ‘राज्य वृक्ष’ रोडोडेंड्रोन है.
  • सिक्किम भारत का पहला ऑर्गेनिक राज्य है. 2016 में, सिक्किम विश्व में पहला पूर्ण जैविक राज्य बना था.
  • काजी लेंडुप दोरजी भारतीय गणराज्य में शामिल हुए इस राज्य के पहले मुख्यमंत्री थे.
  • चीन के साथ भारत का सबसे पहला खुला जमीनी रास्ता ‘नाथू ला दर्रा’ सिक्किम में ही है.
  • सिक्किम में विश्व की तीसरी सबसे ऊंची चोटी कंचनजंगा भी है. यह एक विश्व धरोहर स्थल है.
  • तीस्ता नदी इस राज्य में बहने वाली प्रमुख नदी है. ल्होनक, लाचुंग और तालुंग तीस्ता की सहायक नदियाँ हैं. तीस्ता नदी ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी है.