Tag Archive for: Assembly Elections

अरविन्‍द केजरीवाल ने दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्‍द केजरीवाल ने नये गठित विधानसभा के लिए मुख्‍यमंत्री के रूप में 16 फरवरी को शपथ ली. उपराज्‍यपाल अनिल बैजल ने दिल्‍ली के रामलीला मैदान में उन्‍हें और उनके मंत्रिमंडल के छह सदस्‍यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. मुख्यमंत्री केजरीवाल दिल्ली के 7वें मुख्यमंत्री हैं.

केजरीवाल ने अपने पिछले मंत्रिमंडल के केबिनेट मंत्रियों को इस बार भी बनाए रखा है. ये हैं- मनीष सिसोदिया, सत्‍येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेन्‍द्र गौतम.

70 सदस्यों वाली दिल्‍ली विधानसभा चुनाव हाल ही में संपन्न हुए थे. इस चुनाव में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP) पार्टी के 62 सदस्य निर्वाचित हुए थे. इस चुनाव में 8 सदस्य भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निर्वाचित हुए.

अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक हैं. उन्होंने लगातार तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उनका पहला कार्यकाल मात्र 49 दिन का था, जबकि उन्होंने पांच वर्ष का दूसरा कार्यकाल पूरा किया था. उन्होंने 28 दिसंबर 2013 को पहली बार मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली थी.

दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्रीयों की सूची

मुख्यमंत्रीकार्यकालदल
चौधरी ब्रह्म प्रकाश17 मार्च 1952 से 12 फ़रवरी 1955कांग्रेस
गुरुमुख निहाल सिंह12 फ़रवरी 1955 से 1 नवम्बर 1956कांग्रेस
मदन लाल खुराना2 दिसम्बर 1993 से 26 फ़रवरी 1996BJP
साहिब सिंह वर्मा26 फ़रवरी 1996 से 12 अक्टूबर 1998BJP
सुषमा स्वराज12 अक्टूबर 1998 से 3 दिसम्बर 1998BJP
शीला दीक्षित3 दिसम्बर 1998 से 28 दिसम्बर 2013कांग्रेस
अरविन्द केजरीवाल28 दिसम्बर 2013 से 14 फ़रवरी 2014AAP
राष्ट्रपति शासन15 फ़रवरी 2014 से 13 फ़रवरी 2015N/A
अरविन्द केजरीवाल14 फ़रवरी 2015 से वर्तमानAAP

दिल्ली विधानसभा चुनाव की मतगणना संपन्न, आम आदमी पार्टी ने बहुमत प्राप्त किया

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 की मतगणना 11 फरवरी को हुई. 70 सदस्‍यों की इस विधानसभा के लिए यहाँ 8 फरवरी को मतदान हुए थे. इस चुनाव में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के सर्वाधिक 62 सदस्यों ने जीत दर्ज की. इस प्रकार इस दल ने सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत प्राप्त किया है. राज्य की 70 सदस्यों की विधानसभा में सरकार गठन के लिए 36 सीटों की जरूरत है.

इस चुनाव में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) 8 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही. यहाँ के मौजूदा मुख्‍यमंत्री अरविन्द केजरीवाल नई दिल्ली सीट से निर्वाचित हुए.

निर्वाचन आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की

भारतीय निर्वाचन आयोग ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है. मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने 6 जनवरी को इसकी घोषणा की. घोषणा के तहत दिल्ली के सभी 70 सीटों पर 8 फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को मतगणना किया जायेगा.

वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी 2020 को समाप्त हो रहा है. नियमानुसार उससे पहले ही चुनाव संपन्न कराकर नई विधानसभा का गठन करना होगा.

2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 54.34 प्रतिशत मतों के साथ 67 सीटें जीती थीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने केवल तीन सीटों पर विजय प्राप्‍त की थी. वहीं, कांग्रेस को एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली थी.

झारखंड के 11वें मुख्‍यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने शपथ ली, राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलाई

हेमंत सोरेन ने 29 दिसम्बर को झारखंड के 11वें मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस विधायक दल नेता आलमगीर आलम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने मंत्री पद की शपथ ली.

झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता हेमंत सोरेन राज्‍य में कांग्रेस और राष्‍ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन सरकार का नेतृत्‍व कर रहे हैं. 44 साल के हेमंत सोरेन को 24 दिसंबर को गठबंधन की ओर से विधायक दल का नेता चुना गया था. विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हेमंत सोरेन ने राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया था.

झारखंड में हाल ही में संपन्न हुए 81 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के महागठबंधन ने 47 सीटों पर विजय हासिल की थी. हेमंत सोरेन की पार्टी JMM को सबसे अधिक 30 सीटें मिली थीं. इसके अलावा प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) को इस चुनाव में 25 सीटें जीतने में सफल हुए थे.

झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना संपन्न, मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने इस्तीफा दिया

झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना 23 दिसम्बर को हुई. 81 सदस्‍यों की इस विधानसभा के लिए यहाँ 30 नवम्‍बर से 20 दिसम्‍बर तक पांच चरणों में मतदान हुए थे. इस चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस-राष्‍ट्रीय जनता दल गठबंधन ने 47 सीटें जीती हैं. इस प्रकार चुनाव पूर्व हुए इस गठबंधन ने बहुमत प्राप्त किया है. राज्य की विधानसभा में सरकार गठन को बहुमत के लिए 41 सीटों की जरूरत है.

इस चुनाव में सत्‍ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 25 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही. गठबंधन के घटक दलों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने 30 और कांग्रेस ने 16 सीटें जीती. दूसरी ओर झारखंड विकास मोर्चा (JVM) को 3 और ऑल झारखंड स्‍टूडेंस यूनियन (AJSU) को 2 सीटों पर सफलता मिली है. राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD), राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी- मार्क्सवादी लेनिनवादी (CPI-ML) एक-एक सीट जीतने में सफल रही.

मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने इस्तीफा दिया

झारखंड के मौजूदा मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने 23 दिसम्बर को अपने पद से इस्तीफा दिया. राज्य में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने लायक प्रयाप्त सीटें नहीं मिल पाने के कारण उन्होंने अपना इस्तीफा राज्‍यपाल द्रौपदी मुर्मू को सौंप दिया. राज्‍यपाल ने नयी सरकार के गठन तक उन्‍हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है. झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 05 जनवरी 2020 को समाप्‍त हो रहा है.

कर्नाटक में 15 सीटों के उपचुनावों की मतगणना संपन्न हुई, सत्तारूढ़ BJP ने बहुमत प्राप्त किया

कर्नाटक में विधानसभा की 15 सीटों के उपचुनावों की मतगणना 9 दिसम्बर को हुई. कांग्रेस और जनता दल सेक्‍यूलर से इस्‍तीफा दे चुके और अयोग्‍य करार दिये जा चुके 15 विधायकों की सीटों पर उपचुनाव के लिए यहाँ मतदान कराया गया था. इस उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 12, कांग्रेस ने 2 और निर्दलीय ने 1 सीट पर जीत दर्ज की.

यह परिणाम राज्य के मौजूदा मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्‍पा और BJP के लिए महत्‍वपूर्ण था, क्‍योंकि 225 सदस्‍यों की विधानसभा में बहुमत के लिए कम-से-कम 6 और सीटों की जरूरत थी.

मुख्‍यमंत्री येदियुरप्‍पा ने 29 जुलाई को विश्‍वास मतहासिल किया था. उस समय विधानसभा में विधायकों की प्रभावी संख्‍या 208 थी. जिसमें में भाजपा के 105, कांग्रेस के 66 और जनता दल सेक्‍यूलर के 34 सदस्‍य थे. इस चुनाव के पश्‍चात विधानसभा में विधायकों की संख्‍या 223 हो जायेगी, जिसमें नामांकिक सदस्‍य भी शामिल है.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का इस्तीफा, उद्धव ठाकरे अगले मुख्यमंत्री होंगे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 26 नवम्बर को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की. इससे पहले उप-मुख्यमंत्री अजित पवार ने भी अपने पद इस्तीफा दे दिया. उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को सौंपा.

फडणवीस ने राज्य विधानसभा में बहुमत नहीं होने के कारण इस्तीफा दिया है. राज्यपाल ने वैकल्पिक व्यवस्था होने तक देवेंद्र फडणवीस से कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने के लिए कहा है.

उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र विधान सभा में 27 नवम्बर को शक्ति परीक्षण कराने का आदेश दिया था. न्यायालय ने राजनीतिक दल शिवसेना, NCP और कांग्रेस की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया था.

कालिदास कोलंबकर को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई गयी

फडणवीस के इस्तीफे के बाद राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने BJP विधायक कालिदास कोलंबकर को प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलाई. इसके अलावा, राज्यपाल ने 27 नवम्बर को महाराष्ट्र विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है. इसमें प्रोटेम स्पीकर नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे.

‘महा विकास अघाड़ी’ गठबंधन का गठन

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे के बाद मुंबई में ‘महा विकास अघाड़ी’ गठबंधन का औपचारिक तौर पर गठन किया. इस गठबंधन का गठन शिवसेना, NCP, कांग्रेस और कुछ छोटे दलों की संयुक्त बैठक में किया गया.

उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे

इस बैठक में शिवसेनाप्रमुख उद्धव ठाकरे को नवगठित गठबंधन महा विकास अघाड़ी का नेता चुना गया. यह गठबंधन उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलकर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया.

उद्धव ठाकरे फिलहाल विधायक नहीं हैं. मुख्यमंत्री बनने के बाद 6 महीनों के भीतर ही उन्हें विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना जरूरी होगा. वे 28 नवंबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित एक समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

288 सीटों वाली विधानसभा में BJP 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी. शिवसेना ने 56, NCP ने 54 और कांग्रेस ने 44 सीटें जीती थीं. इस राज्य में सरकार बनाने के लिए 145 विधायकों के समर्थन की जरूरत है.

महाराष्‍ट्र में देवेन्‍द्र फडणवीस ने मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली

महाराष्‍ट्र में 23 नवम्बर को देवेन्‍द्र फडणवीस ने मुख्‍यमंत्री और अजित पवार ने उप-मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली. राज्‍यपाल भग‍त सिंह कोश्‍यारी ने दोनों नेताओं को मुम्‍बई में राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह राज्य में राष्‍ट्रपति शासन समाप्‍त करने के मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद आयोजित किया गया था. राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता अजित पवार ने अपने दल के कई विधायकों के समर्थन का आश्वासन दिया है.

शपथ ग्रहण से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता देवेन्‍द्र फडणवीस ने राज्‍यपाल भग‍त सिंह कोश्‍यारी से सरकार बनाने का दावा पेश किया था. उस दावे की पुष्टि करते हुए आदरणीय राज्‍यपाल ने राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद से राष्‍ट्रपति शासन वापस लेने अनुशंसा की थी. राष्‍ट्रपति शासन वापस लेने की मंजूरी के बाद राज्‍यपाल ने शपथ का निमंत्रण दिया था.

महाराष्‍ट्र में सरकार के गठन को लेकर जारी राजनीतिक गतिरोध को देखते हुए 12 नवम्बर को राज्‍य में राष्‍ट्रपति शासन लागू किया गया था. 288 सीटों वाली विधानसभा में BJP 105 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी. शिवसेना ने 56, NCP ने 54 और कांग्रेस ने 44 सीटें जीती थीं. इस राज्य में सरकार बनाने के लिए 145 विधायकों के समर्थन की जरूरत है.

महाराष्‍ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किये गए

देश के दो राज्य महाराष्‍ट्र और हरियाणा के विधानसभा सदस्यों के चुनाव की मतगणना के नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किये गए. इन दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को मतदान हुए थे.

महाराष्‍ट्र: 288 सदस्यों की महाराष्ट्र विधानसभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिवसेना गठबंधन ने 161 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया. यहाँ विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गठबंधन को 98 सीटें मिली. बाकी 29 सीटें छोटे दलों और निर्दलियों ने जीती. राज्य के मौजूदा मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर दक्षिण-पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए.

हरियाणा: हरियाणा विधानसभा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 40 सीटें जीतकर सबसे बड़ी राजनीतिक दल के रूप में उभरी है. यहाँ विपक्षी कांग्रेस ने 31, जननायक जनता पार्टी (JJP) ने 10, INLD ने 1 और अन्‍य ने 8 सीटें जीती हैं. 90 सदस्‍यों की इस विधानसभा में किसी भी दल ने बहुमत के लिए आवश्यक 46 सीटें जीतने में सफल नहीं हुई. यहाँ के मौजूदा मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल सीट से निर्वाचित हुए.

हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों की घोषणा

भारतीय निर्वाचन आयोग ने हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों की घोषणा कर दी है. इसकी घोषणा मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त सुनील अरोड़ा ने 21 सितम्बर को नई दिल्‍ली में की.

इन दोनों विधानसभाओं के लिए चुनाव 21 अक्‍टूबर को होंगे. मतगणना 24 अक्‍टूबर को की जाएगी. चुनाव की घोषणा के साथ ही दोनों राज्यों में तत्‍काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.

इन चुनावों में महाराष्‍ट्र विधानसभा की 288 और हरियाणा की 90 सीटों पर मतदान होगा. हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 2 नवम्‍बर को और महाराष्‍ट्र का 9 नवम्‍बर को समाप्‍त हो रहा है. महाराष्‍ट्र में आठ करोड़ नौ लाख मतदाता हैं जबकि हरियाणा में एक करोड़ 82 लाख मतदाता हैं.