EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
25-27 सितंबर  2024

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

विश्व के शक्तिशाली देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर

ऑस्ट्रेलिया के एक संस्थान, लोवी इन्स्टिटयूट थिंक टैंक ने हाल ही में एशिया में शक्तिशाली देशों की एक सूची ‘एशिया पावर इंडेक्स 2024’ जारी की थी.  इस सूची में भारत को एशिया में तीसरा सबसे बड़ा शक्तिशाली देश बताया गया है.

मुख्य बिन्दु

  • वर्ष 2024 के इस सूची में भारत ने जापान को पीछे छोड़ा है. इस इंडेक्स में अब केवल अमेरिका एवं चीन ही भारत से आगे है. रूस तो पहले ही इस इंडेक्स में भारत से पीछे हो चुका है.
  • वर्ष 2023 के इंडेक्स में भारत को 36.3 अंक प्राप्त हुए थे जो वर्ष 2024 के इंडेक्स में 2.8 अंक बढ़कर 39.1 हो गया एवं भारत इस इंडेक्स में चौथे स्थान से तीसरे स्थान पर आ गया है.
  • आर्थिक क्षमता, सैन्य (मिलिटरी) क्षमता, अर्थव्यवस्था में लचीलापन, भविष्य में संसाधनों की उपलब्धता, कूटनीतिक, राजनयिक एवं आर्थिक सम्बंध एवं सांस्कृतिक प्रभाव जैसे मापदंडों पर उक्त 27 देशों एवं क्षेत्रों का आंकलन कर विभिन्न देशों को इस इंडेक्स में स्थान प्रदान किया गया है.
  • उक्त इंडेक्स में अमेरिका, 81.7 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर है. चीन 72.7 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर है. जापान को 38.9 अंक, ऑस्ट्रेलिया को 31.9 अंक एवं रूस को 31.1 अंक प्राप्त हुए.
  • यूक्रेन युद्ध के कारण, एशियाई क्षेत्र में रूसी शक्ति और प्रभाव में गिरावट आई है क्योंकि रूस के अधिकतर  संसाधनों और समय का उपयोग यूक्रेन में युद्ध की लिया किया जा रहा है.

ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (GII) 2024 में भारत 39वें स्थान पर

विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO) ने 26 सितंबर 2024 को वैश्विक नवाचार सूचकांक (ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स) का 17वां संस्करण जारी किया था. इसमें देशों को उनके नवाचार गुणों के आधार पर रैंकिंग दी गई है.

GII 2024 रैंकिंग: मुख्य बिन्दु

  • ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (GII) 2024 रैंकिंग में 133 वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में भारत 39वें स्थान पर पहुंच गया है.
  • पिछले, 2023 संस्करण में भारत का विश्व में 40वां स्थान था. पिछले नौ वर्षों में भारत की रैंकिंग में 42 पायदान का सुधार हुआ है. 2015 में इस सूचकांक में भारत का स्थान 81वां था.
  • स्विट्जरलैंड ने इस साल भी सूचकांक में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है जबकि अफ्रीकी देश अंगोला सबसे निचले स्थान,133 पर है.
  • वैश्विक नवाचार सूचकांक, 2007 से हर साल विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO) द्वारा प्रकाशित किया जाता है. वर्ष 2024 में 17वां संस्करण जारी किया गया.
  • GII 2024 में 133 अर्थव्यवस्थाओं के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया.
  • विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO) के अनुसार GII 2024 में शीर्ष पाँच देश- स्विट्ज़रलैंड, स्वीडन, संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर हैं.

विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO): एक दृष्टि

  • WIPO संयुक्त राष्ट्र की 15 विशिष्ट एजेंसियों में से एक है. इसकी स्थापना 1967 में संयुक्त राष्ट्र की विशेष एजेंसी के रूप में की गई थी. WIPO का मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में है. इसके 193 सदस्य देश हैं.
  • इस संगठन की स्थापना के 1967 के कन्वेंशन के अनुसार हुई थी.  यह संस्था दुनिया भर में बौद्धिक संपदा को बढ़ावा देता है और सरकारों, व्यवसायों और समाज को बौद्धिक संपदा के लाभों का एहसास कराने में मदद करता है.

हरिनी अमरसूर्या श्रीलंका के नए प्रधानमंत्री नियुक्त किए गए

श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने देश के प्रधानमंत्री के तौर पर हरिनी अमरसूर्या को नियुक्त किया है. हरिनी अमरसूर्या को श्रीलंकाई राष्ट्रपति दिसानायके ने प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई.

मुख्य बिन्दु

  • राष्ट्रपति दिसानायके ने प्रधानमंत्री अमरसूर्या को न्याय, शिक्षा, स्वास्थ्य और निवेश जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी है.
  • श्रीलंका के मंत्रिमंडल में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत कुल 4 सदस्य है. ये श्रीलंका के इतिहास का सबसे छोटा मंत्रिमंडल है.
  • हरिनी श्रीलंका के प्रधानमंत्री पद पर काबिज होने वाली तीसरी महिला हैं. उनसे पहले सिरिमाओ बंडारनायके (3 बार) और चंद्रिका कुमारतुंगा (1 बार) देश की महिला प्रधानमंत्री रह चुकी हैं.
  • श्रीमती हरिनी अमरसूर्या श्रीलंका की 16वीं प्रधान मंत्री हैं. सांसद बनने से पहले सामाजिक कार्यकर्ता और एक यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रह चुकी हैं.
  • 54 वर्षीय श्रीमती हरिनी अमरसूर्या 1991 से 1994 तक हिंदू कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा थीं. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातक की उपाधि प्राप्त की हैं.
  • श्रीलंकाई राष्ट्रपति दिसानायके ने 24 सितम्बर को संसद भंग कर दी थी. देश में अब संसदीय चुनाव 14 नवंबर को कराए जाएंगे. श्रीलंका में 225 सदस्यीय एकसदनीय संसद है जिसका कार्यकाल पाँच वर्ष का होता है.
  • श्रीलंका की पिछली संसद साल 2020 के अगस्त में गठित की गई थी. यानी कि इस संसद को निर्धारित समय से 11 महीने पहले ही भंग कर दिया गया है.
  • प्रधानमंत्री अमरसूर्या और राष्ट्रपति दिसानायके दोनों ही नेशनल पीपुल्स पावर (NPP) के सांसद है.
  • श्रीलंका में चुनाव जीतने के बाद अनुरा दिसानायके ने 24 सितम्बर को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी. दिसानायके ने 6 बार श्रीलंका के पीएम रह चुके मौजूदा राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को हराया था.

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अमेरिकी यात्रा: डेलवेयर में 6ठा क्वाड शिखर सम्मेलन

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 21 से 23 सितम्बर तक अमेरिका की यात्रा पर थे. वे 6ठे क्वाड शिखर सम्मेलन (6th Quad Summit) 2024 में भाग लेने के मुख्य प्रयोजन से वहाँ गए थे. यह सम्मेलन अमरीका के डेलवेयर में आयोजित किया गया था.

क्वाड शिखर सम्मेलन 2024

  • 6ठा क्वाड शिखर सम्मेलन 21 सितमबर को डेलवेयर के विल्मिंगटन में आयोजित किया गया. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूएस राष्ट्रपति जो बिडेन, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानी और जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा शामिल थे.
  • क्वाड नेताओं ने अगले वर्ष ‘क्वाड-एट-सी शिप ऑब्जर्वर मिशन’ शुरू करने की भी बात कही. जिसका उद्देश्य परस्पर सहयोग में सुधार करना और समुद्री सुरक्षा को बढ़ाना है.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, मुक्त और समावेशी बनाना क्वाड देशों की साझा प्राथमिकता है.
  • 7वां क्वाड शिखर सम्मेलन (7th Quad Summit) 2025 भारत में आयोजित होगा.

क्वाड कैंसर मूनशॉट

क्वाड इंडो-पसिफिक क्षेत्र में कैंसर से होने वाली मौतों की संख्या कम करने के लिए एक सामूहिक कोशिश के तहत क्वाड कैंसर मूनशॉट लॉन्च किया गया. शुरुआत में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर पर फोकस किया जाएगा. क्वाड कैंसर मूनशॉट से आने वाले दशकों में कई जानें बचा लिए जाने की उम्मीद है.

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए नई क्षेत्रीय समुद्री पहल (MAITRI)

भारत, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए नई क्षेत्रीय समुद्री पहल (MAITRI) के उद्घाटन संगोष्ठी की मेजबानी करेगा. पहली MAITRI कार्यशाला 2025 में भारत द्वारा आयोजित की जाएगी. MAITRI पहल, हाल ही में संपन्न क्वाड समूह की छठी शिखर स्तरीय बैठक के प्रमुख परिणामों में से एक थी.

इस पहल का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाते हुए अंतर-संचालन और समुद्री सुरक्षा में सुधार करना है.

सबमिट ऑफ़ द फ्यूचर

  • प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा के तीसरे दिन न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘सबमिट ऑफ़ द फ्यूचर’ को संबोधित किया था. इसका विषय था बेहतर कल के लिए बहुपक्षीय समाधान.
  • इस सम्मेलन के पांच स्तंभों में शामिल है- सतत विकास, अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, युवा और भावी पीढ़ियां और वैश्विक शासन में परिवर्तन.

द्विपक्षीय बैठक

  • इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कई द्विपक्षीय बैठक की. 21 सितम्बर को प्रधानमंत्री मोदी ने अमरीकी राष्ट्रपति जो. बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. श्री बाइडेन ने इसका आयोजन डेलवेयर में अपने आवास पर किया.
  • प्रधानमंत्री ने अमरीका के डेलवेयर में, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के साथ द्विपक्षीय बैठक की.
  • प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत के युवराज शेख-सबाह-अल-खालिद-अल-सबाह के साथ भी बातचीत की. दोनों नेताओं ने औषधि, खाद्य प्रसंस्‍करण, टेक्‍नोलॉजी, ऊर्जा और अन्‍य क्षेत्रों में भारत और कुवैत के संबंधों में नई जान डालने के उपायों पर विचार किया.
  • इसके बाद प्रधानमंत्री ने फलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्‍बास के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. श्री मोदी ने गजा में मानवीय स्थिति पर गहरी चिंता प्रकट की और फलिस्‍तीन के लोगों को भारत की निरंतर सहायता का संकल्‍प दोहराया.

सेमीकंडक्टर विनिर्माण

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत में नया सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के बारे में ऐतिहासिक समझौते का स्वागत किया है.
  • प्रस्तावित सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक संवेदन, संचार और विद्युत इलेट्रॉनिक्स, नई पीढी के दूरसंचार और हरित ऊर्जा एप्लिकेशन्‍स पर ध्‍यान केन्द्रित करेगा.
  • भारत-अमरीका सेमीकंडक्‍टर विनिर्माण के क्षेत्र में यह अपनी तरह का पहला समझौता है.
  • यह पहला मौका है जब अमरीकी सेना ने भारत के इन उच्‍च तकनीकों के साथ साझेदारी करने की सहमति जताई है.
  • राष्‍ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से इसे काफी अहम माना जा रहा है क्‍योंकि इसे आधुनिक युद्ध लड़ने में मदद मिलेगी.

भारत ने समुद्री जैव विविधता संधि पर हस्ताक्षर किए

भारत ने समुद्री जैव विविधता की रक्षा के लिए एक अंतरराष्ट्रीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. भारत सरकार की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 25 सितंबर 2024 को न्यूयॉर्क में स्थित संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘बायोड़ायवर्सिटी बियॉन्ड़ नेशनल ज्यूरिस्डि़क्शन एग्रीमेंट’ (BBNJ) समझौते पर हस्ताक्षर किए.

BBNJ समझौता: मुख्य बिन्दु

  • BBNJ समझौता उच्च समुद्र क्षेत्र में देशों के अधिकारों को स्थापित करने का प्रयास करता है ताकि देशों के बीच संघर्ष से बचा जा सके.
  • इस अंतरराष्ट्रीय संधि पर मार्च 2023 में सहमति बनी थी और सदस्य देशों द्वारा हस्ताक्षर के लिए खोला गया था.
  • सदस्य देशों के पास समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए सितंबर 2025 तक का समय है और इस समझौते पर कम से कम 60 देशों द्वारा पुष्टि होने के बाद ही लागू होगा.
  • 2 जुलाई 2024 को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक बैठक में BBNJ समझौते को मंजूरी दी थी.
  • भारत में BBNJ समझौते के प्रावधानों को लागू करने वाला नोडल मंत्रालय केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय होगा.

BBNJ समझौते के उद्देश्य

  • यह समझौता खुले समुद्र में समुद्री जैव विविधता की रक्षा करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से समुद्री संसाधनों (तेल और गैस, मछली, खनिज, आदि) का निरंतर उपयोग करने के लिए तंत्र का एक सेट प्रदान करता है.
  • यह किसी भी देश को उच्च समुद्रों पर समुद्री संसाधनों पर विशेष अधिकार का दावा करने से रोकता है.
  • समझौते का उद्देश्य क्षेत्र-आधारित प्रबंधन उपकरणों के माध्यम से और पर्यावरणीय प्रभाव आकलन के संचालन के लिए नियम स्थापित करके समुद्री पर्यावरण पर प्रभाव को कम करना है.
  • यह सतत विकास लक्ष्य संख्या ’14- पानी के नीचे जीवन को प्राप्त करना’ में भी मदद करेगा.

समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन

  • समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन वर्ष 1994 को लागू हुआ था. यह समुद्र में एक तटीय देश द्वारा समुद्री संसाधनों के उपयोग के संबंध में नियम और विनियम निर्धारित करता है. यह प्रादेशिक जल, विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र और उच्च समुद्र को परिभाषित करता है.
  • एक तटीय देश का क्षेत्रीय जल देश के महाद्वीपीय शेल्फ से 12 समुद्री मील की दूरी तक निर्धारित किया गया है. इस सीमा के भीतर, देश, सिद्धांत रूप में, किसी भी कानून को लागू करने, किसी भी उपयोग को विनियमित करने और किसी भी संसाधन का दोहन करने के लिए स्वतंत्र हैं.
  • तटीय देश के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (EEZ) को उसके महाद्वीपीय शेल्फ से 200 समुद्री मील तक फैले समुद्र के एक क्षेत्र के रूप में परिभाषित किया गया है. EEZ के भीतर, देश को पानी, समुद्र तल और क्षेत्र के उप-मिट्टी में पाए जाने वाले प्राकृतिक समुद्री संसाधनों (तेल और गैस, खनिज, मछली, आदि) का दोहन करने का अधिकार है.
  • उच्च समुद्र क्षेत्र, समुद्र में स्थित वे जल क्षेत्र जो किसी तटीय देश के क्षेत्रीय जल क्षेत्र और विशेष आर्थिक क्षेत्र से परे हैं.

27 सितम्बर: विश्व पर्यटन दिवस से संबंधित जानकारी

प्रत्येक वर्ष के 27 सितम्बर को विश्व पर्यटन दिवस (World Tourism Day) मनाया जाता है. आज के ही दिन 1980 में विश्‍व पर्यटन संगठन (United Nations World Tourism Organization- UNWTO) का संविधान लागू हुआ था. यह दिवस पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है.

पर्यटन दिवस 2024 का मेजबान देश

संयुक्त राष्ट्र ने जॉर्जिया (Georgia) को इस वर्ष यानि 2024 में पर्यटन दिवस का मेजबान देश चुना है. भारत को 2019 में पर्यटन दिवस का मेजबान देश चुना गया था जिसमें भारत ने पहली बार विश्‍व पर्यटन दिवस का अधिकृत आयोजन किया था.

पर्यटन दिवस 2024 की थीम

पर्यटन दिवस 2024 का मुख्य विषय (थीम)- ‘पर्यटन और शांति’ (Tourism and Peace) है.

पर्यटन दिवस: एक दृष्टि

विश्व पर्यटन संगठन का अधिनियम इसी दिन से अस्तित्व में आया था.

वर्ष 2019 में विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या एक अरब 20 करोड़ से अधिक थी जो कि वर्ष 2030 तक यह संख्या एक अरब 80 करोड़ हो जाने का अनुमान है.

भारत के पर्यटन की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में करीब 6 फीसदी भागीदारी है.

भारत सरकार अपने 7,500 किलोमीटर लंबे तटीय क्षेत्र के साथ ‘क्रूज टूरिज्म’ को बढ़ावा देने की नीति पर जोर दे रही है.


सितम्बर माह का अंतिम बृहस्पतिवार: विश्व समुद्री दिवस

प्रत्येक वर्ष सितम्बर माह के अंतिम बृहस्पतिवार को “विश्व समुद्री दिवस” (World Maritime Day) के रूप में मनाया जाता है. इस वर्ष यानी 2024 में यह दिवस 26 सितम्बर को मनाया गया. इस दिवस के मनाने के उद्देश्य समुद्री सुरक्षा तथा समुद्री उद्योग पर प्रकाश डालना है.

विश्व समुद्री दिवस 2024 की थीम

  • इस वर्ष विश्व समुद्री दिवस का विषय (थीम) ‘भविष्य की दिशा में आगे बढ़ना: सुरक्षा सर्वप्रथम!’ (Navigating the future: safety first!) है.
  • पहली बार इस दिवस को 1978 में मनाया गया था. यह दिवस अंतरराष्ट्रीय सामुद्रिक संगठन (IMO) द्वारा मनाया जाता है. IMO की स्थापना संयुक्त राष्ट्र की एक विशिष्ट एजेंसी के रूप में वर्ष 1959 में हुई थी. इसका मुख्यालय लंदन में है.
  • विश्व का लगभग 80% व्यापार समुद्र के माध्यम से होता है. यह कम लागत वाला परिवहन प्रदान करता है और इस प्रकार सतत समुद्री विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है.

देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज

न्यूनतम वेतन दर में बढ़ोतरी की घोषणा

केंद्र सरकार ने न्यूनतम वेतन दर में बढ़ोतरी करने की घोषणा की है. संशोघन के बाद ए श्रेणी के क्षेत्रों में अकुशल कामगारों के लिए न्‍यूनतम भुगतान राशि 783 रुपए प्रतिदिन, अर्द्धकुशल कामगारों के लिए पारिश्रमिक 868 रुपए, कुशल, लिपिक और निरस्‍त्र गार्ड के लिए 954 रुपए प्रतिदिन और अत्‍यधिक कुशल कामगारों और सशस्‍त्र गार्ड के लिए 1035 रुपए प्रतिदिन निर्धारित किया गया है.

न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के 28वें मुख्य न्यायाधीश

न्यायमूर्ति सुरेश कुमार कैत ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के 28वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली है. उन्होंने न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा का स्थान लिया, जो मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य कर रहे थे.

भारत एथेनॉल का दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक

नई दिल्ली में 26 मार्च को दो दिवसीय भारत चीनी और जैव-ऊर्जा सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन को संबोधित करते हुए खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भारत एथेनॉल का दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता बन गया है.

समरकंद में 9वीं AIIB बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक

9वीं एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक 25-26 सितंबर 2024 को उज्बेकिस्तान की राजधानी समरकंद में आयोजित की गई थी. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया.

प्रवासी भारतीयों की शिकायतों को दूर करने के लिए हैदराबा में ‘प्रवासी प्रजावाणी’ काउंटर

तेलंगाना सरकार खाड़ी देशों के श्रमिकों और प्रवासी भारतीयों की शिकायतों को दूर करने के लिए हैदराबाद में एक ‘प्रवासी प्रजावाणी’ काउंटर खोली है. प्रवासी प्रजावाणी प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी जो प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान और उन्‍हें सहायता प्रदान करेगी.

इजराइल के हवाई हमले में हिजबुल्‍ला का शीर्ष कमांडर मुहम्‍मद हुसैन सरूर मारा गया

लेबनान की राजधानी बेरूत में इजराइल के हवाई हमले में आतंकी संगठन हिजबुल्‍ला का शीर्ष कमांडर मुहम्‍मद हुसैन सरूर मारा गया. वह क्रूज मिसाइलों सहित इजराइल पर अनेक हवाई हमलों का जिम्‍मेदार था. मुहम्‍मद हुसैन ने लेबनान में ड्रोन विनिर्माण इकाइयां स्‍थापित करने में भी भूमिका निभाई थी जिनमें से कुछ बेरूत में रिहायशी इमारतों के नीचे हैं.

AD ने भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए 7 प्रतिशत वृद्धि दर का अनुमान लगाया

एशियाई विकास बैंक (ADB) ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट ‘एशियाई विकास आउटलुक’ में, 2024-25 में भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए 7 प्रतिशत और 2025-26 में 7.2 प्रतिशत की वृद्धि दर का अनुमान लगाया है. ADB का पूर्वानुमान विश्व बैंक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के 2024-25 में भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए 7 प्रतिशत की वृद्धि के पूर्वानुमान के अनुरूप है.

इंडिया A टीम ने इंडिया C टीम को हराकर दलीप ट्रॉफी जीता

2024-25 सत्र का दलीप ट्रॉफी इंडिया A टीम ने जीता है. मयंक अग्रवाल के नेतृत्व में फाइनल इंडिया A टीम ने अपने इंडिया C टीम को हराकर दलीप ट्रॉफी के 61वें संस्करण का विजेता बना. दलीप ट्रॉफी, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित चार दिवसीय प्रमुख घरेलू प्रथम श्रेणी मैच है.

अमेरिका ने 297 भारतीय पुरावशेषों को वापस करने पर सहमति व्यक्त की

अमेरिका ने देश में भारत से चोरी किए गए या तस्करी द्वारा लायी गई 297 भारतीय पुरावशेषों को भारत वापस करने पर सहमति व्यक्त की है. भारत को लौटाई जाने वाली कुछ कलाकृतियाँ 21 सितंबर 2024 को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति जो बिडेन को विलमिंगटन, डेलावेयर में आयोजित एक बैठक के दौरान प्रदर्शित की गईं. प्रधानमंत्री मोदी 21-23 सितंबर 2024 तक संयुक्त राज्य अमेरिका की तीन दिवसीय राजकीय  यात्रा पर थे.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
July 4, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 01-03 जुलाई 2026

June 30, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-30 जून 2026

June 27, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 22-27 जून 2026

June 22, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 19-21 जून 2026

June 19, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 16-18 जून 2026

June 16, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 13-15 जून 2026

June 13, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 10-12 जून 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top