EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
16-18 जून 2024

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

50वां G-7 शिखर सम्‍मेलन इटली आयोजित किया गया, IMEC परियोजना के लिए सहमति

50वां G-7 शिखर सम्‍मेलन (50th G7 summit) 13 से 15 जून 2024 तक इटली के अपूलिया में आयोजित किया गया था. बैठक में जी 7 के सदस्य देशों संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जो बिडेन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, कनाडा के प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो, यूनाइटेड किंगडम के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़, और मेजबान इटली के प्रधान मंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने भाग लिया.

मुख्य बिन्दु

  • जी 7 शिखर बैठक में सदस्य देशों ने रूसी आक्रमण के खिलाफ लड़ाई में यूक्रेन का समर्थन किया. शिखर सम्मेलन के दौरान, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ एक 10-वर्षीय सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए.
  • समझौते के तहत संयुक्त राज्य अमेरिका यूक्रेन को आधुनिक हथियार और गोला-बारूद प्रदान करेगा, लेकिन वह यूक्रेन में अमेरिकी सेना भेजकर रूस के साथ युद्ध में यूक्रेन की मदद नहीं करेगा.
  • G7 देश रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के बाद जब्त की गई रूसी संपत्तियों से ब्याज का उपयोग करके यूक्रेन को 50 बिलियन डॉलर का ऋण प्रदान करने पर भी सहमत हुए.
  • अगली 51वीं शिखर बैठक 2025 में कैनानास्किस, अल्बर्टा, कनाडा में आयोजित की जाएगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने आउटरीच सत्र में भाग लिया

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस शिखर सम्मेलन में भाग लिया था. इस शिखर सम्मेलन में भारत की 11वीं और श्री मोदी की लगातार पांचवीं भागीदारी थी.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली के प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर पर आउटरीच सत्र में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था.
  • सम्मेलन से अलग श्री मोदी ने जी-7 देश के नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय बैठकें की थी.
  • प्रधानमंत्री  मोदी ने इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की और यूनाइटेड किंगडम के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक के साथ चर्चा की.

आउटरीच सत्र क्या है?

  • जी 7 मेजबान देश को आउटरीच सत्र में भाग लेने के लिए अन्य देशों या बहुपक्षीय संस्थानों को आमंत्रित करने का अधिकार है जहां किसी विशेष मुद्दे या कई वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाती है.
  • G7 के आउटरीच सत्र में भाग लेने का निमंत्रण पाने वाले पहले भारतीय प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (वर्ष 2003) थे.
  • इस बार (2024 में), इटली ने अल्जीरिया, अर्जेंटीना, ब्राजील, भारत, जॉर्डन, केन्या, मॉरिटानिया, ट्यूनीशिया, तुर्किये और UAE को आमंत्रित किया था. इन देशों के अलावा अफ्रीकी विकास बैंक, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन, संयुक्त राष्ट्र और विश्व बैंक के प्रमुखों को भी आमंत्रित किया गया था.

IMEC परियोजना के लिए सहमति

  • शिखर सम्मेलन में G-7 देशों ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) जैसी विशिष्ट अवसंरचना परियोजना के लिए अपनी सहमति जताई.
  • दिल्ली में भारत द्वारा आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान IMEC ढांचे को अंतिम रूप दिया गया था. इस पहल का उद्देश्य एशिया, मध्य पूर्व और पश्चिमी देशों के बीच एकीकरण को बढ़ावा देना है.
  • IMEC की योजना सऊदी अरब, भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोप को जोड़ने वाली सड़कों, रेलवे और शिपिंग मार्गों का एक व्यापक नेटवर्क स्थापित करने की है.
  • विशेष रूप से इसे चीन की बेल्ट एंड रोड पहल (BRI) के जवाब में IMEC को सहयोगी देशों द्वारा अपने रणनीतिक प्रभाव को बढ़ाने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है.
  • BRI चीन की एक प्रमुख अवसंरचना परियोजना है जो दक्षिण पूर्व एशिया, मध्य एशिया, रूस और यूरोप को चीन से जोड़ती है.

G7 संगठन: तथ्यों पर एक दृष्टि

G7 सात सबसे अधिक औद्योगिकीकरण वाले लोकतांत्रिक देशों का एक अनौपचारिक समूह है. जी 7 समूह, 1973 के अरब इजरायली युद्ध के बाद अरब देशों द्वारा कच्चे पेट्रोलियम तेल की कीमतों में वृद्धि के बाद फ्रांस की पहल पर बनाया गया था. G7  में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और अमरीका सदस्य देश हैं.

गठन: वर्ष 1975 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति वैलेरी जिस्कार्ड डी एस्टेइंग के आह्वान पर विश्व के सर्वाधिक औद्योगीकृत, लोकतांत्रिक एवं गैर-समाजवादी 6 राष्ट्रों- फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन, इटली, जर्मनी, एवं जापान ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में एक बैठक का आयोजन किया जिसमें इस समूह का गठन हुआ.

कनाडा सदस्य बना: वर्ष 1976 में कनाडा को इस समूह में शामिल कर लिया गया. कनाडा की सहभागिता के पश्चात यह समूह ‘G7’ के नाम से जाना जाने लगा.

रूस सदस्य बना: वर्ष 1994 में ‘G7’ में रूस के शामिल होने से यह समूह ‘G8’ के नाम से जाना गया.

रूस निलंबित: 27 मार्च, 2014 को इस संगठन से रूस को अनिश्चित काल के लिए निलंबित कर दिया गया. अब यह समूह पुनः ‘G7’ के नाम से जाना जाने लगा है.

मुख्यालय: ‘G7’ एक अनौपचारिक संगठन है जिसका कोई मुख्यालय अथवा सचिवालय नहीं है. इसके अध्यक्ष का चयन रोटेशन प्रणाली के आधार पर होता है.

अर्थशास्त्र: ‘G7’ देश में विश्व की जनसंख्या का 10.3% लोग रहते हैं. सदस्य देशों की GDP विश्व के GDP का 32.2% है, जबकि विश्व के निर्यात में 34.1% तथा आयात में 36.7% हिस्सा है.


सिरिल रामफोसा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति पुनः निर्वाचित

सिरिल रामफोसा दक्षिण अफ्रीका के पुनः राष्ट्रपति चुने गए हैं. दक्षिण अफ्रीकी संसद ने 14 जून 2024 को 7वीं संसद की नेशनल असेंबली की पहली बैठक में सिरिल रामफोसा को राष्ट्रपति चुना.

मुख्य बिन्दु

  • अफ्रीका में हाल ही में हुए राष्ट्रपति चुनाव में 30 साल से सत्तारुड  अफ्रीकी कांग्रेस को बहुमत नहीं मिला था. रामफोसा अफ्रीकी राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष हैं.
  • राजनीतिक गतिरोध को समाप्त करने के लिए मुख्य विपक्षी दल और अन्य दलों के अफ्रीकी कांग्रेस की व्यापक सहमति बनी है.
  • अफ्रीकी राष्ट्रीय कांग्रेस के सांसद मदुमसेनी एनटुली ने राष्ट्रपति पद के लिए रामफोसा के नाम का प्रस्ताव रखा और मुख्य न्यायाधीश रेमंड जोंडो की अध्यक्षता में हुई प्रक्रिया के दौरान इंकाथा फ्रीडम पार्टी के नेता और सांसद वेलेंकोसिनी हलाबिसा ने समर्थन किया.
  • 1994 में दक्षिण अफ्रीका में हुए पहले लोकतांत्रिक चुनाव के बाद से अफ्रीकी राष्ट्रीय कांग्रेस प्रमुख राजनीतिक ताकत रही है.
  • रामफोसा ने पहली बार 15 फरवरी 2018 और इसके बाद 22 मई 2019 को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी. दक्षिण अफ़्रीकी राष्ट्रपति को पाँच वर्ष की अवधि के लिए चुना जाता है.

18 जून: ऑटिस्टिक प्राइड डे, ऑटिज्म से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 18 जून को ‘ऑटिस्टिक प्राइड डे’ (Autistic Pride Day) मनाया जाता है. इसका उद्देश्य यह जागरुकता लाना है कि ऑटिज्म कोई रोग नहीं बल्कि स्नायु तंत्र का विकार है जिसके कारण व्यक्ति के व्यवहार और सामाजिक संपर्क में असंतुलन आ जाता है.

ऑटिस्टिक प्राइड डे 2024 का थीम ‘मुखौटा उतारना’ (Taking the Mask Off) है.

इस दिन को एक इंद्रधनुष अनंत प्रतीक द्वारा दर्शाया जाता है, जो ऑटिस्टिक लोगों की अनंत संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है.

इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष 2 अप्रैल को ‘विश्व ऑटिज्म दिवस’ मनाया जाता है. यह संयुक्त राष्ट्र के 7 आधिकारिक स्वास्थ्य विशिष्ट दिनों में से एक है.

ऑटिज्म क्या है?

यह एक न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर है जो बातचीत और दूसरे लोगों से व्यवहार करने की क्षमता को सीमित कर देता है. हर एक बच्चे में इसके अलग-अलग लक्षण होते हैं. कुछ बच्चे बहुत जीनियस होते हैं. कुछ को सीखने-समझने में भी परेशानी होती है. 40 प्रतिशत ऑटिस्टिक बच्चे बोल नहीं पाते. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के मुताबिक 160 में से एक बच्चा ऑटिस्टिक है.


17 जून: विश्व मरुस्थलीकरण रोकथाम दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 17 जून को ‘विश्व मरुस्थलीकरण रोकथाम दिवस’ (World Day to Combat Desertification and Drought) मनाया जाता है. इस दिवस का उद्देश्य अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग से बंजर और सूखे के प्रभाव का मुकाबला करने के लिए जन जागरुकता को बढ़ावा देना है.

विश्व मरुस्थलीकरण रोकथाम दिवस 2024 की थीम

इस वर्ष यानी 2024 में इस दिवस का मुख्य विषय (थीम)– ‘भूमि के लिए एकजुट. हमारी विरासत. हमारा भविष्य’ (United for Land. Our Legacy. Our Future) है.

विश्व मरुस्थलीकरण रोकथाम दिवस का इतिहास

वर्ष 1994 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने मरुस्थलीकरण रोकथाम कन्वेंशन के कार्यान्वयन के लिए विश्व मरुस्थलीकरण रोकथाम और सूखा दिवस की घोषणा की थी. पहला विश्व मरुस्थलीकरण रोकथाम दिवस (WDCD) वर्ष 1995 से मनाया गया था.

मरुस्थलीकरण क्या है?

मरुस्थलीकरण जमीन के अनुपजाऊ हो जाने की प्रक्रिया है. जलवायु परिवर्तन तथा मानवीय गतिविधियों समेत अन्य कई कारणों से शुष्क, अर्द्ध-शुष्क और निर्जल अर्द्ध-नम इलाकों की जमीन मरुस्थल या रेगिस्तान में बदल जाती है. इससे जमीन की उत्पादन क्षमता में कमी और ह्रास होता है.

वर्तमान में समस्त विश्व के कुल क्षेत्रफल का 20 प्रतिशत मरुस्थलीय भूमि के रूप में है. जबकि सूखाग्रस्त भूमि कुल वैश्विक क्षेत्रफल का एक तिहाई है.

मरुस्थलीकरण भारत की प्रमुख समस्या

वर्तमान परिप्रेक्ष्य में मरुस्थलीकरण भारत की प्रमुख समस्या बनती जा रही है. भारत का 29.32 फीसदी क्षेत्र मरुस्थलीकरण से प्रभावित है. इसमें से 82 प्रतिशत हिस्सा केवल आठ राज्यों राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू एवं कश्मीर, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में हैं.

मरुस्थलीकरण से निवारण के उपाय

वनीकरण को प्रोत्साहन इस समस्या से निपटने में सहायक हो सकता है, कृषि में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक उर्वरकों का प्रयोग सूखे को कम करता है. फसल चक्र को प्रभावी रूप से अपनाना और सिंचाई के नवीन और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाना जैसे बूंद-बूंद सिंचाई, स्प्रिंकलर सिंचाई आदि.


15 जून: विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस

प्रत्येक वर्ष 15 जून को दुनिया भर में ‘विश्व बुजुर्ग दुर्व्‍यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस’ (World Elder Abuse Awareness Day) मनाया जाता है. यह दिवस बुजुर्गों के साथ होने वाले दुर्व्‍यवहार की रोकथाम के लिए लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है.

इस वर्ष यानी 2024 में बुजुर्ग दुर्व्‍यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस ‘आपातकालीन स्थितियों में वृद्ध व्यक्तियों पर ध्यान केंद्रित करना’ (Spotlight on Older Persons in Emergencies) थीम पर मनाया गया.

संयुक्त राष्ट्र ने दिसंबर 2011 में इस दिवस को मान्यता दी थी. पहला ‘विश्व बुजुर्ग दुर्व्‍यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस’ 15 जून 2012 को मनाया गया था.

देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज

फौजदारी न्‍याय व्‍यवस्‍था के क्रियान्‍वयन में भारत की प्रगति विषय पर सम्मेलन

सरकार ने फौजदारी न्‍याय व्‍यवस्‍था के क्रियान्‍वयन में भारत की प्रगति विषय पर कोलकाता में 16 जून को एक सम्‍मेलन आयोजित किया. सम्मेलन का उद्देश्य तीन नए फौजदारी कानूनों की विशेषताओं को उजागर करना है. इनमें पिछले वर्ष बने भारतीय न्‍याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्‍य अधिनियम शामिल हैं. ये कानून इस वर्ष पहली जुलाई से लागू हो जाएंगे.

लद्दाख में लोकप्रिय हेमिस महोत्सव शुरु

लद्दाख में, लोकप्रिय हेमिस महोत्सव 16 जून से शुरु हो रहा है. यह उत्‍सव गुरु पद्मसंभव की जयंती पर आयोजित किया जाता है. इस अवसर पर प्रार्थना की जाती है, मुखौटा नृत्‍य किए जाते हैं. महोत्‍सव को देखने के लिए बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग लद्दाख पहुंचते हैं.

भारत और अमरीका के बीच उभरती प्रौद्योगिकी पहल पर वार्षिक बैठक

भारत और अमरीका के बीच महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पहल पर दूसरी वार्षिक बैठक 17-18 जून को नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है. बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अमरीका के राष्‍ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलेवन दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों की समीक्षा करेंगे.

मई में देश के कपडा़ निर्यात में 2.59 प्रतिशत की वृद्धि

वर्ष मई महीने में देश के कपडा़ निर्यात में 2.59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इस अवधि के दौरान भारत से वस्‍त्र निर्यात में भी 9.84 प्रतिशत की बढोतरी हुई है. मई में भारत का कुल निर्यात बढकर 68.29 अरब अमरीकी डॉलर हो गया.

श्रुति वोरा तीन सितारा ग्रां प्री प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय घुड़सवार

श्रुति वोरा, घुड़सवारी में तीन सितारा ग्रां प्री प्रतियोगिता जीतने वाली पहली भारतीय घुड़सवार बन गई हैं. श्रुति ने स्लोवेनिया के लिपिका शहर में आयोजित एफ.ई.आई. ड्रेसेज विश्व कप प्रतियोगिता जीती. श्रुति वोरा ने अपने घोड़े मैग्नीमस पर सवार होकर मोल्दोवा की तातियाना एंटोनेंको और ऑस्ट्रिया की जूलियन जेरिच को पीछे छोड़ा.

17वीं यूरो कप फुटबॉल चैंपियनशिप जर्मनी में शुरू

17वीं यूईएफए यूरोपीय फुटबॉल चैंपियनशिप या यूरो कप 15 जून से 15 जुलाई 2024 तक जर्मनी में खेला जा रहा है. 16वें यूरो कप का चैंपियन इटली है, उसने फाइनल में इंग्लैंड को हराया था. यूरो कप का आयोजन यूरोपीय फुटबॉल शासी निकाय यूनियन ऑफ यूरोपियन फुटबॉल एसोसिएशन (यूईएफए) द्वारा हर चौथे साल आयोजित किया जाता है.

कुवैत में विनाशकारी दुर्घटना में 41 भारतीय की मौत

कुवैत में अहमदी गवर्नरेट के मंगफ़ क्षेत्र में एक श्रमिक आवास सुविधा में 12 जून 2024 को विनाशकारी आग लग गई. इस दुर्घटना में 41 भारतीय सहित 49 श्रमिकों की मौत हो गई. ये श्रमिक कुवैती कंपनी एनबीटीसी के लिए काम करते थे.

मध्य प्रदेश में ‘पीएम श्री पर्यटन हवाई सेवा’ का उद्घाटन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अंतर-राज्य हवाई सेवा सुविधा ‘पीएम श्री पर्यटन हवाई सेवा’ का उद्घाटन किया. पीएम श्री पर्यटन हवाई सेवा एक अंतर्राज्यीय हवाई सेवा है जो राज्य के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को हवाई मार्ग से जोड़ती है.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
July 7, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 04-06 जुलाई 2026

July 4, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 01-03 जुलाई 2026

June 30, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-30 जून 2026

June 27, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 22-27 जून 2026

June 22, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 19-21 जून 2026

June 19, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 16-18 जून 2026

June 16, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 13-15 जून 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top