EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
22-24 जनवरी 2024

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में राम लला की भव्य रूप में प्राण प्रतिष्ठा

अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में 22 जनवरी को राम लला की भव्य रूप में प्राण प्रतिष्ठा हुई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न किया.

मुख्य बिन्दु

  • उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लिया.
  • इस अवसर पर देश के सभी प्रमुख आध्यात्मिक और धार्मिक संप्रदायों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. विभ‍िन्‍न जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भी भागीदारी की.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम लला की प्राण प्रतिष्‍ठा के बाद मंदिर परिसर में जटायु की प्रतिमा का अनावरण किया. कुबेर टीला में पुनरोद्धार किए गए शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की.
  • राम लला की भव्य रूप में प्राण प्रतिष्ठा पौष शुक्ल द्वादशी विक्रम संवत 2080 अभिजीत मुहूर्त और समय दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर हुई.
  • प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम काशी के गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ के निर्देशन में और प्रसिद्ध विद्वान लक्ष्मीकांत दीक्षित के द्वारा संपन्न कराया गया.

विदेश मंत्री के नाईजीरिया यात्रा: नाईजीरिया संयुक्‍त आयोग की बैठक

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर हाल ही में नाईजीरिया की यात्रा पर थे. भारत-नाईजीरिया संयुक्‍त आयोग की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नाईजीरिया के लागोस पहुंचे थे. इस यात्रा के दौरान उन्‍होंने पश्चिम अफ्रीका में नियुक्त भारतीय राजदूतों के साथ बैठक भी की थी.

मुख्य बिन्दु

  • विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने 22 जनवरी को नाईजीरिया के विदेश मंत्री यूसुफ तुग्गर के साथ भारत-नाईजीरिया संयुक्‍त आयोग की बैठक की सहअध्‍यक्षता की थी.
  • बैठक में भारत और नाइजीरिया दोनों देश अपने नागरिकों के बीच आपसी सम्‍पर्क मजबूत करने और ऊर्जा, आवागमन तथा अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढाने पर सहमत हुए.
  • डॉ0 जयशंकर ने कहा कि विश्‍व में फिर से संतुलन की स्थिति और बहुध्रुवीयता को बढावा देने के साथ-साथ स्वाभाविक विविधता की पुर्नस्‍थापना आज वैश्विक एजेण्‍डा है.

तुर्किये ने स्वीडन के नाटो की सदस्यता से संबंधित प्रस्ताव की पुष्टि की

तुर्किये की संसद ने स्वीडन के नाटो की सदस्यता से संबंधित प्रस्ताव की पुष्टि 23 जनवरी को कर दी. तुर्किये के राष्‍ट्रपति तैयप एर्दोगन के सत्तारूढ गठबंधन के बहुमत वाली आम सभा ने 55 के मुकाबले 287 मतों से इस प्रस्‍ताव को मंजूरी दी. स्वीडन ने नाटो में शामिल होने के लिए 2022 में प्रस्ताव रखा था.

मुख्य बिन्दु

  •  नाटो के महासचिव जेन्‍स स्‍टॉलटेनबर्ग ने भी तुर्किये के इस कदम का स्वागत करते हुए हंगरी से भी स्‍वीडन के प्रस्ताव को मंजूरी देने का अनुरोध किया है.
  • अमेरिका ने स्वीडन और फिनलैंड को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (NATO) मे शामिल करने के लिए 9 अगस्त 2022 को अनुमोदन किया था.
  • यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई की प्रतिक्रिया में स्‍वीडन और फिनलैंड ने नैटो की सदस्‍यता के लिए आवेदन किया था. जबकि, रूस इसके खिलाफ दोनों देशों को लगातार चेतावनी देता आ रहा है.
  • तुर्की ने शुरू में नैटो संगठन में इन नॉर्डिक देशों के प्रवेश का विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि दोनों देश कुर्द अलगाववादियों को आश्रय दे रहे हैं.

उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) क्या है?

नाटो या NATO, North Atlantic Treaty Organization (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) का संक्षिप्त रूप है. यह 30 यूरोपीय और उत्तरी अमरीकी देशों का एक सैन्य गठबन्धन है जो रूसी आक्रमण के खिलाफ दूसरे विश्वयुद्ध के बाद 1949 में बनाया गया था. इसका मुख्यालय ब्रुसेल्स (बेल्जियम) में है. नाटो सदस्य देशों ने सामूहिक सुरक्षा की व्यवस्था बनाई है, जिसके तहत बाहरी हमले की स्थिति में सदस्य देश सहयोग करते हैं.

नाटो के सदस्य देश

मूल रूप से नाटो में 12 सदस्य (फ्रांस, बेल्जियम, लक्जमर्ग, ब्रिटेन, नीदरलैंड, कनाडा, डेनमार्क, आइसलैण्ड, इटली, नार्वे, पुर्तगाल और संयुक्त राज्य अमेरिका) थे जो अब बढ़कर 30 हो गए हैं.

नाटो के अन्य सदस्य देश: ग्रीस, तुर्की, जर्मनी, स्पेन, चेक गणराज्य, हंगरी, पोलैंड, बुल्गारिया, एस्टोनिया, लातविया, लिथुआनिया, रोमानिया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, अल्बानिया, क्रोएशिया, मोंटेनेग्रो, उत्तर मैसेडोनिया (2020 मे शामिल), स्वीडन (2022 प्रस्तावित) और फिनलैंड (2022 प्रस्तावित).


राष्ट्रपति ने 19 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024 से सम्मानित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 22 जनवरी को नई दिल्ली में 19 बच्चों को वर्ष 2024 के प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया. पुरस्कार पाने वालों में नौ बालक और दस बालिकाएं हैं.

मुख्य बिन्दु

  • हर साल, भारत सरकार 5 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (पीएमआरबीपी)’ प्रदान करके उनकी असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देती है. राष्ट्रपति प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक पदक और एक प्रमाण पत्र देते हैं.
  • पुरस्कार के लिए नामांकन भारत सरकार के पुरस्कार पोर्टल (www.awards.gov.in) पर ऑनलाइन मोड में भेजे गए थे. कुल 1879 बच्चों ने आवेदन किया था जिनमें से 1597 को विचार के लिए उपयुक्त पाया गया. पुरस्कार विजेताओं का चयन महिला एवं बाल विकास मंत्री की अध्यक्षता में राष्ट्रीय चयन समिति द्वारा किया गया.
  • इस वर्ष के पुरस्कार विजेताओं में बहादुरी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और नवाचार की श्रेणी में एक-एक बच्चा, सामाजिक सेवा की श्रेणी में चार, खेल की श्रेणी में पांच और कला तथा संस्कृति की श्रेणी में सात बच्चे शामिल हैं.

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2024 के पुरस्कार विजेता

क्र. सं.नामराज्यश्रेणी
आदित्य विजय ब्रम्हणे (मरणोपरांत)महाराष्ट्रबहादुरी
अनुष्का पाठकउत्तर प्रदेशकला एवं संस्कृति
अरिजीत बनर्जीपश्चिम बंगालकला एवं संस्कृति
अरमान उबरानीछत्तीसगढ़कला एवं संस्कृति
हेतवी कांतिभाई खिमसुरियागुजरातकला एवं संस्कृति
इशफाक हामिदजम्मू एवं कश्मीरकला एवं संस्कृति
मोहम्मद हुसैनबिहारकला एवं संस्कृति
पेंड्याला लक्ष्मी प्रियातेलंगानाकला एवं संस्कृति
सुहानी चौहानदिल्लीनवाचार
आर्यन सिंहराजस्थानविज्ञान एवं प्रौ.
अवनीश तिवारीमध्य प्रदेशसमाज सेवा
गरिमाहरियाणासमाज सेवा
ज्योत्सना अख्तरत्रिपुरासमाज सेवा
सय्याम मजूमदारअसमसमाज सेवा
आदित्य यादवउत्तर प्रदेशखेल
चार्वी एकर्नाटकखेल
जेसिका नेयी सरिंगअरूणाचल प्रदेशखेल
लिन्थोई चनांबममणिपुरखेल
आर सूर्य प्रसादआंध्र प्रदेशखेल

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरान्त भारत रत्न से अलंकृत किया जायेगा

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरान्त भारत रत्न से अलंकृत किया जायेगा. राष्ट्रपति भवन ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी थी.

मुख्य बिन्दु

  • इसकी घोषणा कर्पूरी ठाकुर की 24 जनवरी को उनकी 100वीं जयंती से पहले की गई. कर्पूरी ठाकुर एक जाने-माने सामाजवादी नेता थे.
  • कर्पूरी ठाकुर बिहार के पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री थे. उनकी पहचान अति पिछड़ा वर्ग के बड़े नेता के तौर पर होती है. बिहार की राजनीति में ग़रीब गुरबों की सबसे बड़ी आवाज़ बन कर उभरे थे.
  • 24 जनवरी, 1924 को समस्तीपुर के पितौंझिया (अब कर्पूरीग्राम) में जन्में कर्पूरी ठाकुर बिहार में एक बार उपमुख्यमंत्री, दो बार मुख्यमंत्री और दशकों तक विधायक और विरोधी दल के नेता रहे.
  • 1952 की पहली विधानसभा में चुनाव जीतने के बाद वे बिहार विधानसभा का चुनाव कभी नहीं हारे.
  • 1967 में पहली बार उपमुख्यमंत्री बनने पर उन्होंने अंग्रेजी की अनिवार्यता को खत्म कर दिया था. उन्होंने राज्य में उर्दू को दूसरी राजकीय भाषा का दर्जा दिया.
  • आर्थिक तौर पर ग़रीब बच्चों की स्कूल फी को माफ़ करने का काम भी उन्होंने किया था. वो देश के पहले मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने अपने राज्य में मैट्रिक तक मुफ्त पढ़ाई की घोषणा की थी.
  • 1971 में मुख्यमंत्री बनने के बाद किसानों को बड़ी राहत देते हुए उन्होंने गैर लाभकारी जमीन पर मालगुजारी टैक्स को बंद कर दिया.

एशिया में सबसे बडे उड्डयन प्रदर्शनी विंग्‍स इंडिया-2024 का हैदराबाद में आयोजन

एशिया में अब तक के सबसे बडे उड्डयन प्रदर्शनी ‘विंग्‍स इंडिया-2024’ का आयोजन 18 से 21 जनवरी तक का हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर किया गया था. इसका शुभारंभ केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ने किया था. विंग्‍स इंडिया-2024 की थीम था- अमृतकाल में भारत को विश्‍व के साथ जोडना.

इस द्विवार्षिक कार्यक्रम का आयोजन भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और भारतीय उद्योग मंडल परिसंघ (फिक्‍की) के साथ किया था.

विंग्‍स इंडिया के दौरान नई पीढी के विमानों का प्रदर्शन के साथ-साथ सहयोगी उड़ान सेवाएं, सहायक उद्योग और पर्यटन क्षेत्र में की गई प्रगति दर्शायी गई.


24 जनवरी: अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस

प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को ‘अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस’ (International Day of Education) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य शांति और विकास में शिक्षा की भूमिका को रेखांकित करना है.

अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस 2024 का मुख्य विषय (theme) ‘स्थायी शांति के लिए सीखना’ (learning for lasting peace) है.


24 जनवरी: राष्‍ट्रीय बालिका दिवस

प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को राष्‍ट्रीय बालिका दिवस (National Girl Child Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्‍य समाज में लोगों के बीच बेटियों के अधिकार को लेकर जागरूकता पैदा करना और बेटियों को सामाजिक व आर्थिक विकास के नए अवसर मुहैया कराना है.

य‍ह दिन केन्‍द्रीय महिला और बाल विकास मंत्रालय द्वारा 2008 से प्रति वर्ष मनाया जाता है. राष्‍ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर लड़कियों की सुरक्षा, शिक्षा, लिंग अनुपात, स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर अलग-अलग तरह के अभियान चलाए जाते हैं.


24 जनवरी 2024 को उत्तर प्रदेश ने अपना 75वाँ स्थापना दिवस मनाया

प्रत्येक वर्ष 24 जनवरी को उत्‍तर प्रदेश अपना स्‍थापना दिवस (Uttar Pradesh Diwas) मनाता है. 1950 में इसी दिन उत्तर प्रदेश को यह नाम मिला था. 24 जनवरी 2024 को उत्तर प्रदेश ने अपना 75वाँ स्थापना दिवस मनाया.

उत्तरप्रदेश: एक दृष्टि

उत्तरप्रदेश भारत का सबसे अधिक जनसंख्या (लगभग 20 करोड़) वाला राज्य है. यह 1 अप्रैल 1937 को ब्रिटिश शासन के दौरान संयुक्त प्रान्त आगरा व अवध के रूप में स्थापित किया गया था. ब्रिटिश शासनकाल में इसे यूनाइटेड प्रोविंस कहा जाता था जो कि 1950 में बदलकर उत्तर प्रदेश हो गया. 9 नवंबर 2000 को, उत्तरप्रदेश से अलग कर एक नया राज्य उत्तराखंड बनाया गया था.

देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 78वें सत्र के अध्यक्ष भारत यात्रा पर

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 78वें सत्र के अध्यक्ष डेनिस फ्रांसिस, विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर के निमंत्रण पर 22-26 जनवरी तक यात्रा पर हैं. श्री फ्रांसिस की यात्रा के दौरान, आपसी हित के महत्वपूर्ण बहुपक्षीय मुद्दों पर विदेश मंत्री के साथ बातचीत का कार्यक्रम है.

मान सिंह ने हांगकांग में एशियाई मैराथन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत

भारत के मान सिंह ने 22 जनवरी को हांगकांग में एशियाई मैराथन चैंपियनशिप में दो घंटे 14 मिनट और 19 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया है. भारतीय मैराथन धावक ने चीन के हुआंग योंगझेंग को 65 सेकंड के अंतर से हराया.

अखिल भारतीय ‘हमारा संविधान, हमारा सम्मान’ अभियान का शुभारंभ

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भारतीय गणतंत्र के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में 24 जनवरी को नई दिल्ली में वर्ष भर चलने वाले अखिल भारतीय ‘हमारा संविधान, हमारा सम्मान’ अभियान का शुभारंभ किया. इस अभियान का उद्देश्य भारत के संविधान में निहित सिद्धांतों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता की पुष्टि करना और राष्ट्र को बांधने वाले साझा मूल्यों का उत्‍सव मनाना है.

भारत का शेयर बाजार विश्‍व का चौथा सबसे बडा इक्विटी मार्केट बना

भारत का शेयर बाजार पहली बार हांगकांग को पीछे छोडकर विश्‍व का चौथा सबसे बडा इक्विटी मार्केट बन गया है. ब्‍लूमबर्ग की ओर से संकलित आंकडों के अनुसार भारतीय शेयर बाजार में सूचीबद्ध शेयरों का कुल मूल्‍य 4.33 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया. जबकि हांगकांग के शेयर बाजार में यह आकडा 4.29 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर था.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
July 7, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 04-06 जुलाई 2026

July 4, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 01-03 जुलाई 2026

June 30, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-30 जून 2026

June 27, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 22-27 जून 2026

June 22, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 19-21 जून 2026

June 19, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 16-18 जून 2026

June 16, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 13-15 जून 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top