EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
5-6 सितम्बर 2022

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

तिरुवनंतपुरम में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 30वीं बैठक, जानिए क्या है क्षेत्रीय परिषद

दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 30वीं बैठक 3 सितम्बर को तिरुवनंतपुरम में हुई थी. इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की. बैठक में, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और दक्षिण के अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप के केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासकों ने भी भाग लिया.

क्षेत्रीय परिषद (Zonal Council) और उनके सदस्य

क्षेत्रीय परिषदें, केन्द्र एवं राज्यों के बीच आपसी मतभेदों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष विचार-विमर्शों तथा परामर्शों के माध्यम से सुलझाने के लिए एक मंच प्रदान करती है.

वर्तमान में, भारत में छः क्षेत्रीय परिषद (उत्तरी, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी) हैं. पांच क्षेत्रीय परिषद (उत्तरी, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी) का गठन 1957 में राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 के अंतर्गत हुआ था. उत्तर-पूर्वी परिषद का गठन 1971 के उत्तर-पूर्वी परिषद अधिनियम द्वारा हुआ था. गृह मंत्री सभी क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष होते हैं.

  1. उत्तरी क्षेत्रीय परिषद: इसमें हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान राज्य, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और संघ राज्य क्षेत्र चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख शामिल हैं.
  2. मध्य क्षेत्रीय परिषद: इसमें छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश राज्य शामिल हैं.
  3. पूर्वी क्षेत्रीय परिषद: इसमें बिहार, झारखंड, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल राज्य शामिल हैं.
  4. पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद: इसमें गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र राज्य और संघ राज्य क्षेत्र दमन-दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली शामिल है.
  5. दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद: इसमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, राज्य और संघ राज्य क्षेत्र पुद्दुचेरी शामिल हैं.
  6. उत्तर-पूर्वी परिषद: असम, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय, त्रिपुरा और सिक्किम शामिल हैं.

SBI की रिपोर्ट: भारत 2029 तक विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की हाल के रिपोर्ट में, भारत के 2029 तक विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाने का अनुमान लगाया गया है. यह रिपोर्ट भारतीय स्टेट बैंक के ग्रुप मुख्य आर्थिक सलाहकार सौम्य कांति घोष ने तैयार की है.

  • रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा वृद्धि दर पर भारत 2027 में जर्मनी और संभवतः 2029 में जापान से आगे निकल जाएगा.
  • रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में 2014 के बाद से काफी ढांचागत बदलाव हुए हैं और इस समय वह ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.
  • वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के अनुमानों से पता चलता है कि भारत इस वर्ष वार्षिक आधार पर डॉलर के संदर्भ में ब्रिटेन से आगे निकल गया है. अब भारत, अमरीका, चीन, जापान और जर्मनी से ही पीछे रह गया है.
  • श्रीमती सीतारामन ने कहा कि एक दशक पहले भारत सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान और ब्रिटेन पांचवें स्थान पर था.

कैबिनेट ने ‘LCA तेजस मार्क 2’ मल्टीरोल फाइटर जेट विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दी

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (CCS) ने ‘LCA तेजस मार्क-2’ मल्टीरोल फाइटर जेट (Multirole fighter jet) विकसित करने की परियोजना को 2 सितम्बर मंजूरी दी थी. इसे 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरा किया जाएगा.

LCA (लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट) तेजस मार्क-2: एक दृष्टि

  • तेजस मार्क-2, तेजस मार्क-1 स्वदेशी विमान का अधिक सक्षम और शक्तिशाली संस्करण है. तेजस मार्क-1, एक एकल इंजन और अत्यधिक गति वाला मल्टीरोल सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है, जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा निर्मित किया गया है.
  • तेजस मार्क-2 में 98 किलोन्यूटन थ्रस्ट क्लास का शक्तिशाली GE-414 इंजन लगाया गया है जो तेजस मार्क 1 के जीई-404 इंजन से अधिक क्षमता रखता है.
  • तेजस मार्क-1 की तुलना में तेजस मार्क- 2 का वजन थोड़ा ज्यादा होगा. तेजस मार्क-1 जहां 13.5 टन का है, वहीं मार्क-2 17.5 टन का है.
  • तेजस 2.0 जेट का पहला हाई-स्पीड परीक्षण 2023 में शुरू होगा और उत्पादन 2025 के आसपास शुरू होने की उम्मीद है.
  • तेजस हवाई युद्ध और आक्रामक हवाई ऑपरेशन के लिए एक शक्तिशाली जेट है, जिसमें टोही और एंटी-शिप ऑपरेशन इसकी ताकत है.

इस वित्त वर्ष देश का कुल निर्यात 750 अरब अमरीकी डॉलर का अनुमान

सरकार ने कहा है कि इस वित्त वर्ष (2022-23) में देश का कुल निर्यात 750 अरब अमरीकी डॉलर को पार कर जाएगा. पिछले वर्ष यह 676 अरब अमरीकी डॉलर था. इस दौरान वस्तु निर्यात 450 अरब डॉलर जबकि सेवा क्षेत्र में निर्यात 300 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है.

मुख्य बिन्दु

  • इस साल अगस्त में निर्यात 33 अरब अमेरिकी डॉलर पर स्थिर रहा, जबकि अप्रैल से अगस्त के दौरान निर्यात 192 अरब अमरीकी डॉलर रहा जो पिछले वर्ष की तुलना में 17.1 प्रतिशत अधिक है.
  • चालू वित्त वर्ष के पांच महीनों में, भारत के आयात में 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढकर 318 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया.
  • कोयला और पेट्रोलियम के आयात में वृद्धि हुई है और यह अर्थव्यवस्था के लिए अच्‍छा संकेत है क्योंकि देश का 25 प्रतिशत आयात उपभोक्ता वस्तुओं के लिए है, जबकि 75 प्रतिशत आयात कच्चे माल के लिए है.

लेह में पहली माउंटेन बाइसिकल विश्‍व कप प्रतियोगिता

भारत में पहली बार माउंटेन बाइसिकल विश्‍व कप (UCI Mountain Bike Eliminator World Cup) प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन 4 सितम्बर से लद्दाख की राजधानी लेह में किया जा रहा है.

मुख्य बिन्दु

  • यह प्रतियोगिता दुनिया भर के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाली दस पेशेवर साइकिलिंग दौड़ की श्रृंखला का एक हिस्सा है.
  • यह आयोजन लद्दाख प्रशासन और भारतीय साइक्लिंग एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है. इस आयोजन में बीस अंतरराष्ट्रीय, 55 राष्ट्रीय और स्थानीय साइकिल चालक भाग लेंगे.
  • लद्दाख के उपराज्यपाल आरके माथुर ने लेह मेन बाजार में क्रॉस कंट्री एलिमिनेटर हीट और फाइनल को हरी झंडी दिखाई.

उद्योगपति सायरस मिस्त्री का सड़क दुर्घटना में निधन

उद्योगपति और टाटा संस के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री का मुंबई के पास सड़क हादसे में निधन हो गया. मिस्त्री की उम्र 54 साल थी.

सायरस मिस्त्री को 2011 में रतन टाटा के उत्तराधिकारी के तौर पर चुना गया था. सायरस के पिता पालोंजी मिस्त्री भी बड़े उद्योगपति थे.

सायरस मिस्त्री के पास आयरलैंड की नागरिकता थी और वह भारत के स्थायी नागरिक थे. उनकी मां आयरलैंड में पैदा हुई थी, जिसके चलते उन्हें वहां की नागरिकता मिली थी.


5 सितंबर: शिक्षक दिवस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्‍णन का जन्मदिवस, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस (Teachers Day) के रूप में पर मनाया जाता है. यह दिवस देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्‍णन के जन्मदिवस के अबसर पर मनाया जाता है. शिक्षक दिवस मानाने की शुरुआत 1962 से हुई थी.

राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

  • शिक्षक दिवस के मौके पर देश में हर साल शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित करने की परंपरा है. इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 46 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया.
  • राष्‍ट्रीय शिक्षक पुरस्‍कार प्राथमिक, माध्‍यमिक और उच्‍च शिक्षा मुहैया कराने वाले स्‍कूल के शिक्षकों को दिया जाता है. यह पुरस्‍कार उन श्रेष्‍ठ शिक्षकों को दिये गये हैं, जिन्‍होंने अपनी प्रतिबद्धता से न केवल स्‍कूली शिक्षा के स्‍तर में सुधार किये, बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी बेहतर बनाया.
  • पुरस्‍कार स्‍वरूप एक रजत पदक, एक प्रमाण-पत्र और पचास हजार रुपये प्रदान किया जाता है. शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पहली बार 1958 में शुरू किए गए थे.

डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन: एक दृष्टि

  • डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितम्बर, 1888 को हुआ था. वे देश के पहले उप-राष्ट्रपति (1952-1962) और दूसरे राष्ट्रपति (1962-1967) रहे.
  • डॉ. राधाकृष्णन, सी राजगोपालाचारी तथा सीवी रमण देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ पाने वाले प्रथम व्यक्ति थे. यह सम्मान 1954 में दिया गया था. उन्हें 1963 में ब्रिटिश रॉयल आर्डर ऑफ़ मेरिट से सम्मानित किया गया था.

5 सितम्बर: अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस, मदर टेरेसा की पुण्यतिथि

प्रत्येक वर्ष 5 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस (International Day of Charity) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दुनिया भर में व्यक्तियों, धर्मार्थ, परोपकारी दान संबंधी गतिविधियों के लिए जागरूकता बढ़ाना है. यह दिवस उपेक्षित और वंचितों के अधिकारों को भी बढ़ावा देता है और संघर्ष की स्थितियों में मानवता के संदेश को फैलाता है.

मदर टेरेसा की पुण्यतिथि

  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने यह दिवस मदर टेरेसा की पुण्यतिथि 05 सितंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा वर्ष 2012 में की थी.
  • मदर टेरसा (मदर मैरी टेरेसा बोजाक्सिहु), कलकत्ता के सेंट टेरेसा के रूप में कैथोलिक चर्च में सम्मानित,एक अल्बानियाई-भारतीय थी. उन्होंने 1948 में स्वेच्छा से भारतीय नागरिकता ले ली थी.
  • मदर टेरेसा को “गरीबी और संकट” से उबरने में उनके योगदान के लिए 1979 में शांति का नोबेल पुरस्कार दिया गया था. उन्हें ‘बीसवीं सदी की फ्लोरेंस नाइटिंगेल’ भी कहा जाता है.

देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज

हैदराबाद मुक्ति दिवस कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति

संस्कृति मंत्रालय ने हैदराबाद मुक्ति दिवस कार्यक्रमों के आयोजन  की अनुमति दे दी है. इसका आयोजन 17 सितम्बर  से अगले एक वर्ष तक के लिए होगा. इन आयोजनों का उद्देश्य संस्थान की मुक्ति और भारतीय संघ में विलय के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वालों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करना है.

36वां राष्ट्रीय खेल, 29 सितम्बर से गुजरात में शुरू होगा

बहुप्रतीक्षित 36वां राष्ट्रीय खेल, 29 सितम्बर से गुजरात में शुरू होगा. यह देश का सबसे बड़ा खेल आयोजन. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अहमदाबाद में इन खेलों का गान और शुभंकर जारी करेंगे.

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मंगोलिया और जापान की यात्रा पर

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 5-9 सितम्बर तक मंगोलिया और जापान की की यात्रा पर हैं. भारत के किसी रक्षामंत्री की मंगोलिया की यह पहली यात्रा है. श्री राजनाथ सिंह, मंगोलिया के राष्ट्रपति श्री यू खुरेलसुख से मुलाकात करेंगे. वे वहां के रक्षामंत्री लेफ्टिनेंट जनरल सैखानबयार के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. जापान यात्रा के दौरान तोक्यो में टू प्‍लस टू मंत्रिस्तरीय वार्ता में भाग लेंगे.

गैसटेक सम्‍मेलन मिलान में आयोजित किया जा रहा है

तरल प्राकृतिक गैस (LNG) पर केन्द्रित गैसटेक सम्‍मेलन इटली के मिलान में आयोजित किया जा रहा है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी इस सम्‍मेलन में हिस्‍सा लेंगे. गैसटेक LNG पर केन्द्रित दुनिया का सबसे बड़ा सम्‍मेलन है.

सैफ अंडर-17 फुटबाल चैंपियनशिप

सैफ अंडर-17 फुटबाल चैंपियनशिप 5-14 सितम्बर तक कोलंबो में में खेला जा रहा है. 5 सितम्बर को, मौजूदा चैंपियन भारत का मुकाबला भूटान से होगा. फाइनल मैच 14 सितम्‍बर को खेला जाएगा.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
June 13, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 10-12 जून 2026

June 10, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 07-09 जून 2026

June 7, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 04-06 जून 2026

June 4, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 01-03 जून 2026

May 31, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 30-31 मई 2026

May 29, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-29 मई 2026

May 28, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 25-27 मई 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top