EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
11-12 सितम्बर 2022

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

संयुक्त राष्ट्र मानव विकास सूचकांक 2021 जारी: भारत 132वें स्थान पर, नॉर्वे शीर्ष पर

संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) ने 9 सितम्बर को मानव विकास सूचकांक (Human Development Index- HDI) 2021 रिपोर्ट जारी की थी. इस सूचकांक में 191 देशों में भारत 132वें स्थान पर है. वर्ष 2020 के सूचकांक में भारत 131वें स्थान पर था.

इस सूचकांक में नॉर्वे शीर्ष पर रहा और उसके बाद आयरलैंड, स्विट्जरलैंड, हांगकांग और आइसलैंड का स्थान रहा.

HDI 2021 रिपोर्ट के मुख्य बिंदु

  • HDI 2021 रिपोर्ट में भारत का HDI मान 0.633 है, जो वैश्विक औसत 0.732 से कम है. वर्ष 2020 में भारत 0.645 HDI मान के साथ 131वें स्थान पर रहा था. रिपोर्ट के अनुसार इसके लिए जीवन प्रत्याशा में गिरावट को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है. भारत में जीवन प्रत्याशा 69.7 से घटकर 67.2 वर्ष हो गई है.
  • रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक मानव विकास सूचकांक की हालिया गिरावट की बड़ी वजह जीवन प्रत्याशा में वैश्विक गिरावट है, जो 2019 में 72.8 साल से घटकर 2021 में 71.4 साल हो गई.
  • भारत के पड़ोसियों में श्रीलंका (73वां), चीन (79वां), बांग्लादेश (129वां), और भूटान (127वां) भारत से ऊपर है, जबकि पाकिस्तान (161वां), नेपाल (143वां) और म्यांमार (149वां) की स्थिति बदतर है.
  • रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग 90 प्रतिशत देशों ने 2020 या 2021 में अपने HDI मूल्य में गिरावट दर्ज की है.

मानव विकास सूचकांक: एक दृष्टि

  • मानव विकास सूचकांक (HDI) रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) द्वारा प्रकाशित की जाती है. इस सूचकांक का उपयोग देशों को मानव विकास के आधार पर आंकने के लिए किया जाता है. यह जीवन प्रत्याशा, शिक्षा, और प्रति व्यक्ति आय संकेतकों का एक समग्र आंकड़ा है.
  • इस सूचकांक से इस बात का पता चलता है कि कोई देश विकसित है, विकासशील है, अथवा अविकसित. जिस देश की जीवन प्रत्याशा, शिक्षा स्तर एवं प्रति व्यक्ति आय अधिक होती है, उसे उच्च श्रेणी प्राप्त होती हैं.
  • पहला मानव विकास सूचकांक 1990 में भारतीय नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन और पाकिस्तानी अर्थशास्त्री महबूब उल हक के सहयोग से जारी किया गया था. तब से प्रत्येक वर्ष संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) द्वारा इसे जारी किया जाता है.

टीबी उन्मूलन के लिए प्रधानमंत्री तपेदिक मुक्त भारत अभियान की शुरुआत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 9 सितम्बर को प्रधानमंत्री तपेदिक मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी. इसका उद्देश्य वर्ष 2025 तक देश से टीबी उन्मूलन के मिशन को पुनर्जीवित करना है.

मुख्य बिन्दु

  • यह अभियान स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉक्टर भारती प्रवीण पवार की उपस्थिति में शुरू किया गया.
  • इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने नि-क्षय मित्र पोर्टल का भी शुभारंभ किया. यह पोर्टल टीबी का उपचार करा रहे लोगों को विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान करने का एक मंच प्रदान करेगा.
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2018 में दिल्ली टीबी सम्मेलन में वर्ष 2030 के सतत विकास लक्ष्य से पांच साल पहले देश में टीबी उन्‍मूलन करने का आह्वान किया था.

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की भारत यात्रा, दोनों देशों के बीच सात समझौते

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना 5-8 सितम्बर तक भारत की यात्रा पर थीं. अक्तूबर 2019 के बाद शेख हसीना की भारत की यह दूसरी यात्रा थी.

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री हसीना ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता की. दोनों नेताओं के नेतृत्व में भारत-बांग्‍लादेश प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हुई जिसमें आपसी साझेदारी की समीक्षा की गई.

द्विपक्षीय वार्ता के मुख्य बिन्दु

  • बैठक में सम्‍पर्क, ऊर्जा, जल संसाधन, व्‍यापार और निवेश, सीमा प्रबंधन और सुरक्षा, विकास साझेदारी, क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ.
  • दोनों नेताओं ने मैत्री सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्‍ट की पहली इकाई का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. परियोजना का निर्माण भारत रियायती वित्त पोषण योजना के अन्‍तर्गत किया जा रहा है.
  • दोनों देशों के बीच जल संसाधन, रेलवे, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के संबंध में सात समझौते हुए. इनमें प्रसार भारती और बांग्‍लादेश टेलीविजन के बीच प्रसारण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का समझौता शामिल है.
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कुशियारा नदी जल बंटवारे पर एक महत्वपूर्ण समझौता होने की घोषणा की. इससे भारत में दक्षिण असम और बांग्लादेश में सिलहट क्षेत्र को लाभ होगा.
  • बांग्‍लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भारत को बांग्‍लादेश का मित्र बताते हुए बांग्‍लादेश मुक्ति संग्राम में भारत के योगदान को याद किया.

बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान छात्रवृत्ति

बंगलादेश की प्रधानमंत्री ने इस यात्रा के दौरान एक बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान छात्रवृत्ति प्रदान की. यह छात्रवृत्ति पहली बार उन सैनिकों के वंशजों और भारतीय सशस्त्र बलों के अधिकारियों को प्रदान की गई, जो 1971 के ऐतिहासिक मुक्ति संग्राम के दौरान शहीद या गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

भारत और बांग्लादेश संबंध

  • बांग्लादेश और भारत के बीच चार हजार किलोमीटर से अधिक की अंतर्राष्ट्रीय सीमा लगती है. भारत के पांच राज्य असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल बांग्‍लादेश की सीमा से लगे हुए हैं.
  • 2015 में भूमि सीमा समझौते के ऐतिहासिक प्रोटोकॉल के तहत दोनों पक्षों के बीच भूमि सीमा को सौहार्दपूर्ण ढ़ंग से सुलझा गया है.
  • भारत में विदेशी पर्यटकों के आगमन में सबसे बड़ा हिस्सा बांग्लादेश का है.
  • दक्षिण एशिया में बांग्लादेश अब भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार और चौथा सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य के रूप में उभरा है.
  • पिछले पांच वर्षों में दोनों देशों के बीच  द्विपक्षीय व्यापार नौ अरब से बढ़कर अठारह अरब डॉलर का हो गया है.

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth II) का 8 सितम्बर को स्कॉटलैंड के बालमोरल कैसल में निधन हो गया. वे 96 वर्ष की थीं. वे 70 वर्षों से भी अधिक समय तक ब्रिटेन की महारानी रहीं. महारानी एलिजाबेथ के निधन पर दुनियाभर के नेताओं ने शोक-संवेदना प्रकट की हैं.

एलिजाबेथ द्वितीय: एक दृष्टि

  • महारानी एलिजाबेथ द्वितीय (एलिजाबेथ एलेक्जेंड्रा मैरी) का जन्म 1926 में किंग जॉर्ज VI और क्वीन एलिजाबेथ की पहली संतान के रूप में हुआ था.
  • वह अपने पिता किंग जॉर्ज VI की मृत्यु के बाद 25 साल की उम्र में 6 फरवरी, 1952 को सिंहासन पर बैठी थीं.
  • 2 जून, 1953 को उन्हें कनाडा और ऑस्ट्रेलिया सहित ब्रिटेन और अन्य क्षेत्रों की रानी के रूप में ताज पहनाया गया था.
  • वह कॉमनवेल्थ की प्रमुख और चर्च ऑफ इंग्लैंड की सुप्रीम गवर्नर भी थी. उन्होंने अपने शासनकाल के दौरान विंस्टन चर्चिल से लेकर लिज़ ट्रस तक ब्रिटेन के 14 प्रधानमंत्रियों को देखा.
  • 2015 में, महारानी एलिजाबेथ अपनी परदादी महारानी विक्टोरिया को पीछे छोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली ब्रिटिश सम्राज्ञी बनीं.
  • रानी की मृत्यु के बाद, उनके सबसे बड़े बेटे चार्ल्स, प्रिंस ऑफ वेल्स, तुरंत यूनाइटेड किंगडम के राजा और चौदह अन्य राष्ट्रमंडल क्षेत्रों के रूप में सिंहासन पर आसीन हुए.

चार्ल्‍स तृतीय को औपचारिक रूप से ब्रिटेन के नए सम्राट घोषित

ब्रिटेन में सेंट जेम्‍स पैलेस ने चार्ल्‍स तृतीय को औपचारिक रूप से ब्रिटेन का नया सम्राट घोषित किया. वरिष्ठ राजनेताओं, न्यायाधीशों और अधिकारियों की उत्तराधिकार परिषद ने 10 सितम्बर को बैठक में महारानी एलीजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद चार्ल्‍स तृतीय को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया.


नीरज चोपड़ा ज्यूरिख डायमंड लीग फाइनल जीतने वाले पहले भारतीय बने

भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ज्यूरिख डायमंड लीग फाइनल जीतने वाले पहले भारतीय हैं. नीरज चोपड़ा ने 8 सितम्बर को स्विट्जरलैंड में खेले गए  फाइनल में 88.44 मीटर जेवलिन फेंककर डायमंड लीग ट्रॉफी जीती थी.

इस प्रतियोगिता में चेक गणराज्य के जैकब वाडलेज दूसरे और जर्मनी के जूलियन वेबर तीसरे स्थान पर रहे.

नीरज चोपड़ा: एक दृष्टि

नीरज चोपड़ा भारत के लिए ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले ट्रैक और फील्ड एथलीट हैं. उन्होंने टोक्यो ओलिंपिक 2020 (2021 में आयोजित) में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था. यह इस ओलिंपिक में भारत का एकमात्र स्वर्ण पदक था.

2018 राष्ट्रमंडल खेलों और 2018 एशियाई खेलों में वे उद्घाटन ध्वजवाहक थे. दोनों खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक जीत था.


10 सितम्बर: विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस

प्रत्येक वर्ष 10 सितम्बर को दुनियाभर में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस (World Suicide Prevention Day) मनाया जाता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 2004 में औपचारिक रूप से इसे दिवस के रूप मे मान्यता दी थी.

विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान है कि 8 लाख लोग हर साल आत्महत्या से मर जाते हैं, यानि हर 40 सेकेंड में एक व्यक्ति आत्महत्या से मरता है. इससे 25 गुना लोग आत्महत्या का प्रयास भी करते हैं.

देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज

अहमदाबाद में केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन

अहमदाबाद में 10-11 सितम्बर को केंद्र-राज्य विज्ञान सम्मेलन आयोजित किया गया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मेलन को संबोधित किया. अपने संबोधन में उन्होंने भारत को अनुसंधान और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए ठोस प्रयास करने का आह्वान किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का नया भारत जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है.

नौसेना तारागिरि युद्धपोत का जलावतरण करेगी

नौसेना स्वदेश में निर्मित नीलगिरि श्रेणी के राडार से बचने में सक्षम तारागिरि युद्धपोत का जलावतरण करने जा रही है. इस युद्धपोत का निर्माण नौसेना के लिए मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने किया है. तारागिरी युद्धपोत 149 मीटर लंबा और 17.8 मीटर चौड़ा है. यह पोत दो गैस टर्बाइनों और दो मुख्य डीजल इंजनों के संयोजन से संचालित होता है. तारागिरी को एकीकृत निर्माण प्रणाली से बनाया गया है.

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-द्वितीय के सम्मान में भारत में राजकीय शोक

ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ-द्वितीय के सम्मान में 11 सितम्बर को भारत में एक दिन का राजकीय शोक रखा जा रहा है. उनका 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. देश भर में आज सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज झुका रहेगा और मनेारंजन का कोई भी सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा.

ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय डेयरी परिसंघ के विश्‍व डेयरी सम्‍मेलन

अंतर्राष्ट्रीय डेयरी परिसंघ के विश्‍व डेयरी सम्‍मेलन 2022 का आयोजन ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्‍सपो सेंटर और मार्ट में 12-15 सितम्बर तक किया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इस सम्‍मेलन उद्घाटन करेंगे. इस सम्‍मेलन में वैश्विक और भारतीय डेयरी हितधारकों सहित शीर्ष डेयरी उद्यमी, विशेषज्ञ, किसान और नीति योजनाकार भाग लेंगे. सम्‍मेलन की थीम है – पोषण और आजीविका के लिए डेयरी.

प्रधानमंत्री ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गहर स्‍टोर के साथ बातचीत की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गहर स्‍टोर के साथ फोन पर बातचीत की. दोनों नेताओं ने विकासशील देशों में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए जलवायु वित्‍त सहयोग सहित परस्‍पर हित के अंतरराष्‍ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की.

8 सितंबर तक सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 6.48 लाख करोड़ रुपए तक

मौजूदा वित्त वर्ष में 8 सितंबर तक सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 6.48 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है. यह संग्रह पिछले वर्ष की इस अवधि के संग्रह की तुलना में 35.6 प्रतिशत अधिक है. इस वर्ष 1 अप्रैल से 8 सितंबर के दौरान 1.19 हजार करोड़ रुपए के आयकर रिफंड जारी किए गए हैं. यह पिछले वर्ष की समान अवधि के रिफंड के मुकाबले 65 प्रतिशत अधिक है.

राष्ट्रपति ने जम्‍मू-कश्‍मीर से श्री गुलाम अली को राज्यसभा के लिए नामित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जम्‍मू-कश्‍मीर से श्री गुलाम अली को राज्यसभा के लिए नामित किया है. राष्ट्रपति ने उन्हें केन्द्रीय मंत्रीपरिषद की सलाह पर नामित किया है. श्री अली गुर्जर मुस्लिम समुदाय से हैं. यह पहली बार है, जब जम्मू कश्मीर के गुर्जर मुस्लिम समुदाय के किसी व्यक्ति को मनोनीत सदस्य के रूप में उच्च सदन में भेजा गया है.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
June 16, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 13-15 जून 2026

June 13, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 10-12 जून 2026

June 10, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 07-09 जून 2026

June 7, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 04-06 जून 2026

June 4, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 01-03 जून 2026

May 31, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 30-31 मई 2026

May 29, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-29 मई 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top