EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
27-28 मार्च 2022

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

चीन के विदेश मंत्री वांग यी की भारत यात्रा

चीन के विदेश मंत्री वांग यी 25-26 मार्च की भारत यात्रा पर थे. उन्होंने इस यात्रा के दौरान नई दिल्‍ली में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ वार्ता बैठक की. इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हुई.

मुख्य बिंदु

  • बैठक में दोनों नेताओं ने व्यापक और महत्वपूर्ण एजेंडे पर चर्चा की. बैठक में अफगानिस्‍तान और यूक्रेन सहित प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ. आपसी संबंधों में शिक्षा, यात्रा और वाणिज्य सहित विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की गई.
  • डॉ. जयशंकर ने कहा चीन के साथ संबंधों में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है. उन्‍होंने कहा कि भारत स्‍थायी और भरोसेमंद संबंध चाहता है, लेकिन सामान्य स्थिति बहाल होने के लिए सीमा पर शांति और स्थिरता कायम होना आवश्यक है.
  • चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने दोनों देशों के बीच सामान्‍य स्थिति बहाल करने की इच्‍छा व्‍यक्‍त की.

भारत ने एक वर्ष में 400 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात किया

भारत ने चालू वित्त वर्ष 2021-22 में 400 बिलियन डॉलर के वस्तुओं का निर्यात कर नया रिकॉर्ड बनाया है. यह पिछले साल से 37 फीसदी अधिक है. भारत ने इससे पहले 2018-19 में सबसे ज्यादा 330.07 बिलियन डॉलर मूल्य के वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात कर रिकॉर्ड बनाया था.

मुख्य बिंदु

भारत के प्रमुख निर्यात उत्पाद: पेट्रोलियम, इलेक्ट्रॉनिक, इंजीनियरिंग, चमड़ा, कॉफी, प्लास्टिक, सभी टेक्सटाइल के रेडिमेड कपड़े, मांस, डेयरी उत्पाद, समुद्र से अर्जित उत्पाद और तंबाकू थे.

यह पहली बार है जब भारत ने वस्तुओं के निर्यात (merchandise exports) में 400 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया है. भारत ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 650 बिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा था. इसमें से सेवाओं के निर्यात का लक्ष्य 250 बिलियन डॉलर था और वस्तुओं के निर्यात का लक्ष्य 400 बिलियन डॉलर तय किया गया था.


वर्ष 2022 का एबेल पुरस्कार डेनिस पार्नेल सुलिवन को देने की घोषणा

वर्ष 2022 का एबेल पुरस्कार (Abel Prize) अमेरिकी गणितज्ञ डेनिस पार्नेल सुलिवन को देने की घोषणा हाल ही में की गयी है. इन्हें यह सम्मान टोपोलॉजी (topology), विशेष रूप से इसके ज्यामितीय, बीजीय और गतिशील पहलुओं में उनके योगदान के लिए दिया गया है.

एबेल पुरस्कार (Abel Prize): एक दृष्टि

  • एबेल पुरस्कार प्रत्येक वर्ष गणित के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियों के लिए नॉर्वे के राजा द्वारा प्रदान किया जाता है. यह गणित का नोबेल पुरस्कार से भी जाना जाता है.
  • यह पुरस्कार नार्वेजियन अकादमी ऑफ साइंस एंड लेटर्स (Norwegian Academy of Science and Letters) द्वारा ओस्लो में प्रदान किया जाता है.
  • इस पुरस्कार की स्थापना के लिए नील्स हेनरिक एबेल मेमोरियल फंड की स्थापना 1 जनवरी, 2002 को नॉर्वे में की गई थी.
  • इस पुरस्कार के तहत 60 लाख नार्वेजियन क्रोनर (6 Million Norwegian Kroner) अर्थात 7 लाख 76 हजार अमेरिकी डॉलर के समतुल्य पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है.

प्रथम एबेल पुरस्कार

पहला एबेल पुरस्कार वर्ष 2003 में फ्रांस के गणितज्ञ जीन-पियर सेर को दिया गया था.

एबेल पुरस्कार से सम्मानित भारतीय

श्रीनिवास एसआर वर्धन एक मात्र भारतीय गणितज्ञ हैं जिन्हें वर्ष 2007 में इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.


बिजली की खपत की दृष्टि भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा देश

भारत विश्‍व में बिजली की खपत की दृष्टि से तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है. देश में विद्युत मांग हर वर्ष 4.7 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है.

मुख्य तथ्यों पर एक दृष्टि

  • देश ने कोयला आयात में उल्लेखनीय कटौती की है. वित्त वर्ष (2020-21) में 163 मिलियन टन गैर कोकिंग कोयले का आयात किया गया था जो इस अवधि में घटकर लगभग 125 मिलियन टन रह गया.
  • देश में बिजली की मांग में वृद्धि के बावजूद घरेलू कोयला उत्‍पादन में पर्याप्‍त बढ़ोत्‍तरी दर्ज की गई है. जनवरी 2022 तक घरेलू कोयला आधारित विद्युत उत्‍पादन पिछली अवधि की तुलना में आठ खरब यूनिट से अधिक हुआ है. पिछले वित्‍त वर्ष में इसी अवधि में सात खरब यूनिट से अधिक विद्युत उत्‍पादन हुआ था.
  • जनवरी 2022 तक उर्जा क्षेत्र में प्रयोग में लाए जाने वाले गैर कोकिंग कोयले का आयात 7.87 प्रतिशत गिरकर 22.73 मिलियन टन रहा.

देश ने 50 हजार से अधिक गांवों को ‘ओडीएफ प्‍लस’ बनाने की उपलब्धि हासिल की

देश ने 50 हजार से अधिक गांवों को खुले में शौच मुक्त- ‘ओडीएफ प्‍लस’ बनाने की उपलब्धि हासिल की है. तेलंगाना में सर्वाधिक 13960 से अधिक गांव ओडीएफ प्‍लस हैं. इसके  बाद तमिलनाडु और मध्य प्रदेश में ओडीएफ प्‍लस गांवों की संख्‍या सबसे अधिक है.

संबंधित तथ्य

  • ओडीएफ प्‍लस वह गांव होते हैं जो खुले में शौच मुक्‍त होने के साथ-साथ ठोस और तरल कचरे का प्रभावी ढंग से प्रबंधन भी करते हैं.
  • स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण का द्वितीय चरण फरवरी 2020 में शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्‍य देश के सभी गांवों को वर्ष 2024 के अंत तक खुले में शौच मुक्‍त करना है.
  • खुले में शौच मुक्‍त बनाने के मिशन में गोबरधन योजना, धूसर जल यानि ग्रे वाटर प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन और बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट प्रबंधन सहित कई घटक हैं.
  • खुले में शौच मुक्‍त गांवों की प्रगति दर्शाने के लिए उन्‍हें आकांक्षी, अग्रसर और आदर्श तीन श्रेणियों में बांटा गया है. इस वर्गीकरण ने स्वस्थ प्रतिस्पर्धी की भावना पैदा की है और संपूर्ण स्वच्छता को तेजी से लागू करने के लिए लोगों की भागीदारी भी बढ़ी है.

नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए RBI  ने रिज़र्व बैंक इनोवेशन हब की शुरुआत की

भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने रिज़र्व बैंक इनोवेशन हब (RBIH) की स्थापना की है. इसका उद्घाटन RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास ने 25 मार्च को बंगलूरू में किया था.

मुख्य बिंदु

  • इसे कंपनी अधिनियम, 2013 की धारा 8 के तहत 100 करोड़ रुपए का प्रारंभिक पूंजी योगदान के साथ एक कंपनी के रूप में स्थापित किया गया है. यह RBI की पूर्ण स्वामित्त्व वाली सहायक कंपनी है.
  • RBIH की स्थापना देश में नवाचारों को बढ़ावा देने और प्रोत्साहित करने के लिए की गई है. यह हब देश के वित्तीय नवाचार क्षेत्र में स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र, BFSI क्षेत्र, अकादमिक और नियामकों जैसे हितधारकों के बीच सामंजस्य लाने की भी तलाश करेगा.
  • इस हब के लिए एक स्वतंत्र बोर्ड का गठन किया गया है. एस गोपालकृष्णन को इस हब का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. बोर्ड में शिक्षाविदों के साथ-साथ उद्योग जगत को भी शामिल किया गया है.
  • यह हब विभिन्न स्टार्ट-अप को प्रोत्साहित करेगा. यह विभिन्न क्षेत्रों में चुनौतियों की पहचान करने और उन्हें हल करने के लिए सरकारी विभागों, मंत्रालयों के साथ सहयोग करेगा.

नीति आयोग का निर्यात तैयारी सूचकांक 2021 जारी: गुजरात लगातार दूसरी बार शीर्ष पर

नीति आयोग ने 25 मार्च को को ‘निर्यात तैयारी सूचकांक’ (Export Preparedness Index) 2021 जारी किया था. यह इस सूचकांक का दूसरा संस्करण था जो प्रतिस्पर्धात्मकता संस्थान (Institute of Competitiveness) के सहयोग से जारी की गई थी.

मुख्य बिंदु

  • यह सूचकांक राज्यों की उनकी निर्यात क्षमता और प्रदर्शन के संदर्भ में उनकी तैयारी का आकलन करता है.
  • इस सूचकांक के अनुसार, 78.86 फीसदी निर्यात तैयारियों के साथ गुजरात लगातार दूसरी बार पहले पायदान पर है, जबकि महाराष्ट्र 77.14 के साथ दूसरे स्थान पर है. वहीं तीसरे स्थान पर कर्नाटक है.
  • इस सूचकांक के अनुसार, शीर्ष पांच स्थानों में तमिलनाडु और हरियाणा को भी जगह दी गई है. जबकि सूची में उत्तर प्रदेश छठे और मध्य प्रदेश सातवें स्थान पर है. इसके बाद पंजाब, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान और दिल्ली का स्थान है.

मार्च का अंतिम शनिवार: 16वां अर्थ ऑवर मनाया गया

प्रत्येक वर्ष मार्च के अंतिम शनिवार (last Saturday of March) को ‘अर्थ ऑवर’ (Earth Hour) मनाया जाता है. इस वर्ष 26 मार्च 2022 को पूरे विश्व में अर्थ ऑवर मनाया गया. इसका उद्देश्य ऊर्जा की बचत कर धरती को सुरक्षित रखना है. इस मौके पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों के लोग 8:30 बजे से 9:30 बजे तक अपने घरों की लाइटें बंद करके ऊर्जा की बचत करते हैं.

अर्थ ऑवर 2022 का मुख्य विषय (थीम) ‘हमारे भविष्य को आकार दें’ (Shape Our Future) था. अर्थ ऑवर लोगों के लिए जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई करने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा जमीनी स्तर का आंदोलन है. इस अवसर पर विश्व भर में लोगों को एक घंटे के लिए गैर-आवश्यक उपकरणों की बिजली बंद करने का आवाहन किया जाता है.

अर्थ ऑवर को वर्ष 2007 में वर्ल्ड वाइड फण्ड फॉर नेचर द्वारा शुरू किया गया था. अर्थ ऑवर के द्वारा पर्यावरण सुरक्षा तथा जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने के प्रति प्रतिबद्धता प्रकट की जाती है.


27 मार्च: विश्व रंगमंच दिवस

प्रत्येक वर्ष 27 मार्च को विश्व रंगमंच दिवस (World Theatre Day) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस के दिन जाने-माने रंगकर्मी द्वारा रंगमंच और संस्कृति विषय पर अन्तर्राष्ट्रीय रंगमंच संदेश व्यक्त किया जाता है.

पहला अन्तर्राष्ट्रीय रंगमंच संदेश फ्रांस की जीन काक्टे ने दिया था, जबकि वर्ष 2002 में यह संदेश भारत के प्रसिद्ध रंगकर्मी गिरीश कर्नाड द्वारा दिया गया था.

विश्व रंगमंच दिवस को मनाने का प्रस्ताव ‘इंटरनेशनल थियेटर इंस्टीट्यूट’ (International Theatre Institute) द्वारा 1961 में किया गया था.

देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की आवाजाही पुनः शुरू

भारत से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन 26 मार्च से फिर शुरू हो गया है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कोविड महामारी के कारण मार्च 2020 में नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोक दी थी.

ज़ोजिला दर्रा आम नागरिकों के लिए खोला गया

श्रीनगर-करगिल-लेह राजमार्ग पर ज़ोजिला दर्रा आम नागरिकों के लिए फिर खोल दिया गया है. ज़ोजिला दर्रा लद्दाख में 11650 फुट की ऊँचाई पर स्थित है.

IIT हैदराबाद ने स्मार्ट वेंटिलेटर ‘जीवन लाइट’ विकसित किया

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान- IIT हैदराबाद ने कम लागत वाला, लिथियम आयन बैटरी से संचालित, लाने-ले जाने में सुविधाजनक तथा इंटरनेट से चलने में सक्षम वेंटिलेटर विकसित किया है. इस स्मार्ट वेंटिलेटर का नाम ‘जीवन लाइट’ है. इस वेंटिलेटर को किसी भी स्मार्टफोन से ऐप के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है.

बिम्सटेक शिखर सम्मेलन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को वीडियो कांफ्रेंस के माध्‍यम से बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. बिम्‍सटेक का वर्तमान अध्‍यक्ष श्रीलंका, शिखर सम्‍मेलन की मेजबानी करेगा.

विदेश मंत्री मॉलदीव की आधिकारिक यात्रा पर कल शाम

विदेश मंत्री एस जयशंकर 26-27 मार्च को मॉलदीव की आधिकारिक यात्रा पर हैं. उन्होंने मॉलदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद के साथ वार्ता की. एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में डॉ जयशंकर ने कहा कि हमारे मजबूत संबंध दोनों देशों के लोगों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए कटिबद्ध हैं. श्री जयशंकर, राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह से भी मिलेंगे.

पीवी सिंधु और एचएस प्रणय स्विस ओपन बैडमिंटन के फाइनल में

भारत की पीवी सिंधु और एचएस प्रणय स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में क्रमशः महिला और पुरूष सिंगल्‍स फाइनल में पहुंच गए हैं. महिला सिंगल्‍स सेमीफाइनल में सिंधु ने थाइलैंड की सुपानिदा केटथोंग को पराजित किया. पुरूष सिंगल्‍स सेमीफाइनल में प्रणय ने इंडोनेशिया के एंथनी सिनि‍सुका गिंटिंग को हराया.

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को 6 महीने के लिए बढ़ाया गया

केंद्र सरकार ने ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ (PMGKAY) को 6 महीने सितम्बर 2022 तक के लिए बढ़ा दिया है. यह योजना 2020 में कोविड-19 महामारी के बाद शुरू की गई थी. इस योजना के तहत लगभग 80 करोड़ लाभार्थियों प्रति व्यक्ति प्रति माह 5 किलो अनाज मुफ्त दिया जाता है.

सांडों की दौड़ कार्यक्रम मंगलुरु कम्बाला का आयोजन

वार्षिक मंगलुरु कम्बाला का पांचवां संस्करण 26 और 27 मार्च 2022 को कर्णाटक के बांगरा कुलूर में आयोजित किया गया. यह कर्नाटक में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली सांडों की दौड़ है. यह दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में स्थानीय तुलुवा जमींदारों द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम है.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
June 16, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 13-15 जून 2026

June 13, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 10-12 जून 2026

June 10, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 07-09 जून 2026

June 7, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 04-06 जून 2026

June 4, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 01-03 जून 2026

May 31, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 30-31 मई 2026

May 29, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-29 मई 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top