EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
17-18 दिसम्बर 2021

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

भूटान ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को सर्वोच्‍च नागरिक सम्मान से सम्‍मानित करने का निर्णय लिया

भूटान ने अपने राष्‍ट्रीय दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को देश के सर्वोच्‍च नागरिक पुरस्‍कार ‘नगदग पेल गि खोरलो या द ऑर्डर ऑफ द ड्रक ग्‍याप्‍लो’ से सम्‍मानित करने का निर्णय लिया है. भूटान नरेश जिग्‍मे खेसर नामग्‍याल वांगचुक ने इस की घोषणा 17 दिसम्बर को की. भूटान के प्रधानमंत्री डॉक्‍टर लोटे छेरिंग हैं.

प्रधानमंत्री को कई अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्‍मानित किया गया है

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को कई देशों ने अपने सर्वोच्‍च नागरिक पुरस्‍कारों से सम्‍मानित किया है. इसी तरह कुछ गैर सरकारी संगठनों और फाउंडेशनों ने भी उन्‍हें प्रतिष्ठित पुरस्‍कारों से सम्‍मानित किया है.

  • संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण सम्‍मान ‘चैंपियंस ऑफ अर्थ द अवार्ड’: प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च पर्यावरण सम्‍मान ‘चैंपियंस ऑफ अर्थ द अवार्ड’ से भी सम्‍मानित किए जा चुके हैं.
  • दक्षिण कोरिया में सियोल शांति पुरस्कार: फरवरी 2019 में उन्‍हें दक्षिण कोरिया में सियोल शांति पुरस्कार से भी सम्‍मानित किया गया था.
  • सऊदी और अफगानिस्‍तान का सर्वोच्‍च नागरिक सम्मान: 2016 में उन्‍हें सऊदी अरब ने (अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद का आदेश) और अफगानिस्‍तान ने गाजी अमीर अमानुल्लाह खान का राज्य आदेश से सम्मानित किया था
  • फलस्तीन का सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर’: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फलस्तीन ने अपना सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कॉलर’ से फरवरी 2017 में सम्मानित किया था. यह सम्मान विदेशी मेहमानों को दिया जाने वाला फलस्तीन का सर्वश्रेष्ठ सम्मान है.
  • रूस का सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’: रूस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश का सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ (Order of Saint Andrew the Apostle) देने की घोषणा 12 अप्रैल को की है.
  • मालदीव का ‘द मोस्ट ऑनरेलबल ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’: मालदीव ने 8 जून 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘द मोस्ट ऑनरेलबल ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन’ सम्मान से सम्मानित किया.
  • UAE का ऑर्डर ऑफ ज़ायद: संयुक्‍त अरब अमारात (UAE) ने 2019 में प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान ‘ऑर्डर ऑफ ज़ायद’ (Order of Zayed) से सम्‍मानित किया था.
  • अमेरिका का ‘लीजन ऑफ मैरिट’ सम्मान: तत्कालीन अमरीकी राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प ने 2020 में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को प्रतिष्ठित ‘लीजन ऑफ मैरिट’ (Legion of Merit) सम्मान प्रदान किया था. लीजन ऑफ मेरिट सम्मान अमेरिका के सर्वोच्च सम्मानों में से एक है.
  • ग्‍लोबल गोलकीपर अवॉर्ड: प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को पहली बार फिलिप कोर्डिनेट प्रेंडेंशनल अवॉर्ड विल एंड मेरिंडा गेट्स फाउंडेशन द्वारा ग्‍लोबल गोलकीपर अवॉर्ड और कैंब्रिज एनर्जी रिसर्च एसोसिएट्स द्वारा ग्‍लोबल एनर्जी एंड एनवायरमेंट लीडरशिप अवॉर्ड भी मिला है.

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना को 5 साल बढ़ाने की मंजूरी

सरकार ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) को वर्ष 2021-22 से पांच वर्ष बढ़ाकर वर्ष 2025-26 तक करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. यह मंजूरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 15 दिसम्बर को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में दी गयी थी. इस योजना पर कुल लागत 93,068 करोड़ रुपए आने का अनुमान है. इससे करीब 22 लाख किसानों को फायदा होगा, जिसमें 2.5 लाख अनुसूचित जाति और 2 लाख अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसान हैं.

PMKSY योजना 2015 में शुरू की गई थी. खेती में किसानों को पानी की कमी को दूर करने के लिए इस योजना को शुरू किया गया था. इस योजना का उद्देश्य देश में सिंचाई प्रणाली में निवेश को आकर्षित करना, देश में खेती योग्य भूमि का विकास और विस्तार करना, पानी की बर्बादी को कम करना, पानी की बचत करने वाली तकनीकों को लाना है.

मुख्य बिंदु

  • PMKSY के दो मुख्य घटक हैं- त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम (AIBP) और हर खेत को पानी (HKKP).
  • इस योजना में त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम (AIBP) के तहत शामिल नई परियोजनाओं सहित 60 चल रहीं परियोजनाओं को पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा.
  • AIBP, केंद्र सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है. इसका उद्देश्य सिंचाई परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना है. इसके अंतर्गत 2021-26 के दौरान कुल अतिरिक्त सिंचाई क्षमता को 13.88 लाख हेक्टेयर तक करना है.
  • हर खेत को पानी (HKKP) कार्यक्रम का उद्देश्य है कि सुनिश्चित सिंचाई के तहत खेती योग्य भूमि का विस्तार हो. इसके तहत सतही जल स्रोतों के माध्यम से अतिरिक्त 4.5 लाख हेक्टेयर रकबे को सिंचाई के दायरे में लाया जायेगा.

देश की पहली हरित हाइड्रोजन माइक्रोग्रिड परियोजना की शुरुआत

भारत में पहली हरित हाइड्रोजन माइक्रोग्रिड परियोजना की हाल ही में शुरुआत हुई है. यह परियोजना आंध्र प्रदेश में सिम्हाद्री (विशाखापत्तनम के पास) शुरू की गयी है. इसकी शुरुआत नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (NTPC) लिमिटेड द्वारा की गयी है.

मुख्य बिंदु

  • हरित हाइड्रोजन माइक्रोग्रिड परियोजना के प्रारूप को NTPC द्वारा डिज़ाइन किया गया है. इससे पहले NTPC ने तेलंगाना के रामागुंडम् में भारत के सबसे बड़े फ्लोटिंग सोलर प्लांट के विकास का काम शुरू किया था.
  • यह बड़े पैमाने पर हाइड्रोजन ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं में से एक है. यह वर्ष 2070 तक कार्बन न्यूट्रल बनने के भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है.
  • परियोजना के पास स्थापित फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट से इनपुट पावर लेकर उन्नत 240 kW सॉलिड ऑक्साइड इलेक्ट्रोलाइज़र का उपयोग कर हाइड्रोजन का उत्पादन किया जाएगा.
  • दिन के दौरान उत्पादित हाइड्रोजन को उच्च दबाव पर संग्रहीत किया जाएगा और 50 किलोवाट ठोस ऑक्साइड ईंधन सेल (या SOFC) का उपयोग करके विद्युतीकृत किया जाएगा. SOFC एक विद्युत रासायनिक रूपांतरण उपकरण है जो ईंधन के ऑक्सीकरण द्वारा सीधे विद्युत उत्पन्न करता है.

ग्रीन हाइड्रोजन और राष्ट्रीय हाइड्रोजन ऊर्जा मिशन (NHM)

ग्रीन हाइड्रोजन पवन और सौर जैसे अक्षय ऊर्जा स्रोतों द्वारा संचालित इलेक्ट्रोलाइज़र का उपयोग करके जल को हाइड्रोजन और ऑक्सीजन में विभाजित करके उत्पादित किया जाता है.

केंद्रीय बजट (2021-22) ने ऊर्जा स्रोत के रूप में राष्ट्रीय हाइड्रोजन ऊर्जा मिशन (NHM) की घोषणा की है. स्वच्छ वैकल्पिक ईंधन विकल्प के लिये हाइड्रोजन पृथ्वी पर सबसे प्रचुर तत्त्वों में से एक है.


बांग्लादेश का 50वां विजय दिवस: राष्‍ट्रपति कोविंद ने विशेष अतिथि के रूप में हिस्सा लिया

बांग्लादेश ने अपना 50वां विजय दिवस 16 दिसम्बर को मनाया था. भारत के राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने इस समारोह में हिस्‍सा लिया था. राष्‍ट्रपति कोविंद ने बांग्‍लादेश के राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद अब्‍दुल हमीद के निमंत्रण पर इस कार्यक्रम में हिस्‍सा लिया था. श्री कोविंद राष्‍ट्रीय परेड ग्राउंड में विजय दिवस समारोह में विशेष अतिथि थे.

राष्‍ट्रपति कोविंद ने इस यात्रा के दौरान बांग्‍लादेश के साथ शिष्‍टमंडल स्‍तर की बैठक की, जिसमें आपसी हित के विभिन्‍न मुद्दों पर चर्चा हुई. उनकी यात्रा के दौरान बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और वहां के विदेश मंत्री एके अब्‍दुल मोमिन राष्ट्रपति से मिलने गये थे.

उन्‍होंने आज बांग्‍लादेश के मुक्ति योद्धाओं, 1971 युद्ध के भारतीय वीरों, प्रख्यात नागरिकों, भारतीय समुदाय के लोगों तथा बांग्‍लादेशी समाज के विभिन्‍न वर्गों के लोगों से बातचीत की.

राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान कई महत्‍वपूर्ण घोषणाएं हुई. इनमें ढाका में लिबरेशन वॉर संग्रहालय को बंगबंधु बापू डिजिटल प्रदर्शनी उपहार में देने, और दिल्ली विश्वविद्यालय में बंगबंधु चेयर के पहले व्यक्ति की घोषणा शामिल है.

मुख्य बिंदु

भारत और बांग्लादेश, 16 दिसम्‍बर को पाकिस्‍तान पर विजय उत्‍सव के रूप मनाते हैं. 1971 में हमारी संयुक्‍त सेनाओं के समक्ष पाकिस्‍तान की सेना ने समर्पण किया था, जिसकी परिणति बांग्‍लादेश की स्‍वतंत्रता के रूप में हुई थी.

बांग्लादेश के साथ भारत के संबंध ‘पड़ोसी पहले’ और ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के मुख्य स्तंभों में से एक है. दोनों देशों के बीच व्यापार, संपर्क, ऊर्जा, बिजली, जल संसाधन, सीमा प्रबंधन, रक्षा और सुरक्षा, संस्कृति तथा लोगों से लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत और बहुआयामी आपसी सहयोग है.


फॉर्मूला वन रेसर लुईस हैमिल्टन को ‘नाइटवुड’ की उपाधि दी गई

सात बार के फॉर्मूला वन चैंपियन लुईस हैमिल्टन को ब्रिटेन के राजघराने की तरफ से ‘नाइटवुड’ की उपाधि दी गई. उन्हें मोटरस्पोर्ट्स में उनके योगदान के लिए 15 दिसम्बर को प्रिंस ऑफ़ वेल्स की तरफ से यह सम्मान मिला. उन्हें लंदन के विंड्सर कासल में प्रिंस चार्ल्स ने यह सम्मान दिया. हैमिल्टन यह सम्मान पाने वाले अब ब्रिटेन के इकलौते अश्वेत ड्राइवर हैं.

हैमिल्टन चौथे फॉर्मूला वन रेसर बन गए हैं जिन्हें ब्रिटेन में सर की मानद उपाधि से नवाजा गया है. उनसे पहले जैक ब्राभम, स्टर्लिंग मोस और जैकी स्टीवर्ट को यह उपाधि मिल चुकी है.

लुईस हैमिल्टन

ब्रिटेन के 36 वर्षीय लुईस हैमिल्टन ब्रिटिश फॉर्मूला वन में मर्सिडीज के रेसिंग ड्राइवर हैं. उनके नाम पर 103 रेस जीतने का रिकॉर्ड है और वह सर्वाधिक सात चैंपियनशिप जीतने के मामले में दिग्गज माइकल शूमाकर के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर काबिज हैं. हैमिल्टन हाल ही में संपन्न अबू धाबी ग्रां प्री 2021 में दुसरे स्थान पर रहे थे जिससे आठवीं चैंपियनशिप जीतने में नाकाम रहे.


भारत सरकार ने चिप बनाने के लिए 76 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले बोर्ड उत्पादन के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को मंजूरी दी है. PLI योजना में अगले 5 से 6 वर्षों में देश में सेमीकंडक्टर निर्माण में 76,000 करोड़ रुपये के निवेश का खाका तैयार किया गया है.

मुख्य बिंदु

इस योजना का उद्देश्य देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को बढ़ावा देना है. इस योजना में बड़े पैमाने पर ऑटोमोबाइल विनिर्माण, ऑटो घटक निर्माण और इलेक्ट्रिक वाहन इकोसिस्टम डेवलपर्स भी शामिल हैं. इससे माइक्रोचिप्स के डिजाइन, निर्माण, पैकिंग और टेस्टिंग में मदद मिलेगी और एक कंप्लीट इकोसिस्टम विकसित होगा.

डिज़ाइन लिंक्ड इंसेंटिव (Design Linked Incentive – DLI) योजना के तहत, सरकार सेमीकंडक्टर, सिस्टम और आईपी कोर, इंटीग्रेटेड सर्किट (IC), सिस्टम ऑन चिप्स (SoC), चिपसेट और सेमीकंडक्टर लिंक्ड डिज़ाइन की 100 घरेलू कंपनियों को सहायता प्रदान करेगी. यह योजना पात्र व्यय के 50 प्रतिशत तक प्रोत्साहन की पेशकश करेगी.

भारत में सतत सेमीकंडक्टर विकसित करने और पारिस्थितिकी तंत्र प्रदर्शित करने के लिए दीर्घकालिक रणनीतियों को चलाने के लिए सरकार एक स्वतंत्र ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ भी स्थापित करेगी.


16 दिसम्बर: विजय दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 16 दिसम्बर को पूरे देश में विजय दिवस (Vijay Diwas) मनाया जाता है. यह दिवस वर्ष 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में मिली जीत का जश्न मनाने के लिए मनाया जाता है. इस वर्ष 16 दिसम्बर 2021 को विजय दिवस की 50वीं वर्षगांठ है. 1971 में आज ही के दिन पाकिस्‍तान के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एएके नियाजी ने 93 हजार सैनिकों के साथ सफेद झंडे दिखाते हुए भारत के पूर्वी सैन्‍य कमांडर लेफ्टि‍नेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के नेतृत्‍व वाली भारतीय सेना और मुक्तिवाहिनी की संयुक्‍त कमान के समक्ष आत्‍मसमर्पण कर दिया था.

देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज

वाराणसी में अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 दिसम्बर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्‍तरप्रदेश के वाराणसी में अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन की अध्यक्षता की. प्रधानमंत्री ने महापौरों से अपने शहर को जीवंत, स्‍वच्‍छ और सुन्‍दर बनाने का आग्रह किया.

भारत और फ्रांस के बीच तीसरा वार्षिक रक्षा संवाद

भारत और फ्रांस के बीच तीसरा वार्षिक रक्षा संवाद 17 दिसम्बर को नई दिल्‍ली में होगा. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षामंत्री सुश्री फ्लो‍रेंस पार्ली संवाद में भाग लेंगे.

2020-21 में देश में अब तक का सबसे अधिक वार्षिक निवेश

वित्‍तीय वर्ष 2020-21 में देश में 81.97 अरब डॉलर का प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश हुआ है. यह अब तक का सबसे अधिक वार्षिक निवेश है. सिंगापुर, मॉरीशस, अमरीका, नीदरलैंड्स और जापान से अधिक प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश मिला. सबसे अधिक निवेश कम्‍प्‍यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर क्षेत्र में किया गया. इसके बाद सेवा, व्‍यापार और दूर संचार क्षेत्र आते हैं.

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत और पोलैंड संधि को मंजूरी दी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आपराधिक मामलों में पारस्परिक कानूनी सहायता पर भारत और पोलैंड संधि को मंजूरी दी है. इस संधि का उद्देश्य पारस्परिक कानूनी सहायता के माध्यम से अपराधों की जांच और अभियोजन में भारत के साथ-साथ पोलैंड की क्षमता और प्रभावशीलता को बढ़ाना है.

महिलाओं के लिए शादी की न्यूनतम उम्र 21 करने का प्रस्ताव

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने महिलाओं के लिए शादी की न्यूनतम उम्र 18 से बढ़ाकर 21 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. वर्तमान में पुरुषों के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 21 वर्ष है लेकिन महिलाओं के लिए यह 18 वर्ष है. सरकार अब योजना को अमल में लाने के लिए बाल विवाह निषेध अधिनियम, विशेष विवाह अधिनियम और हिंदू विवाह अधिनियम में संशोधन करने पर विचार करेगी.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
June 13, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 10-12 जून 2026

June 10, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 07-09 जून 2026

June 7, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 04-06 जून 2026

June 4, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 01-03 जून 2026

May 31, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 30-31 मई 2026

May 29, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-29 मई 2026

May 28, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 25-27 मई 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top