Tag Archive for: Important Days- May

29 मई: अन्तर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति-रक्षक दिवस

प्रत्येक वर्ष 29 मई को अन्तर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति-रक्षक दिवस (International Day of United Nations Peacekeepers) मनाया जाता है. यह दिन उन सभी को समर्पित है, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में कार्य किया है.

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 29 मई को अन्तर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति-रक्षक दिवस को मनाने का प्रस्ताव 2003 में पारित किया था. 1948 में 29 मई के दिन ही पहला संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन स्थापित किया गया था। इस शांति रक्षा मिशन की स्थापना युद्धविराम समझौते की निगरानी के लिए की गई थी.

वर्ष 2021 की थीम

इस वर्ष यानी 2021 के अन्तर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति-रक्षक दिवस का मुख्य विषय (थीम)- ‘The road to a lasting peace: Leveraging the power of youth for peace and security’ है.

शांति रक्षक अभियानों में भारत की भूमिका

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक विभिन्न शांति रक्षक अभियानों में, 1948 से अब तक 3,737 शांतिरक्षकों की जान गई हैं जिसमें से 163 भारत के हैं. यह आंकड़ा किसी भी देश के मुकाबले सबसे अधिक है. इस समय भारत संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षकों के मामले में योगदान करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश है.

25 मई: विश्व थायराइड दिवस

प्रत्येक वर्ष 25 मई को दुनियाभर में ‘विश्व थायराइड दिवस’ (World Thyroid Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य थायराइड की रोकथाम और इसके उपचार के तरीकों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है.

वर्ष 2008 में अमेरिकन थायराइड एसोसिएशन (ATA) और यूरोपियन थायराइड एसोसिएशन (ETA) ने प्रत्येक वर्ष 25 मई को विश्व थायराइड दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी. पहली बार विश्व थायराइड दिवस 25 मई 2009 को मनाया गया था.

थायराइड (थायराइड ग्रंथि) क्या है?

  • थायराइड सबसे बड़ी अंतःस्रावी ग्रंथियों में से एक हैं. यह गर्दन में स्थित तितली के आकार की ग्रंथि है. थायराइड ग्रंथि (ग्लैंड) थ्योरिकसिन नाम का हार्मोन बनाती है.
  • थायराइड हार्मोन स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके द्वारा उत्पादित हार्मोन शरीर के महत्वपूर्ण कार्यों को प्रभावित करता है. ये हार्मोन शरीर के मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है.
  • थायराइड हार्मोन के बढ़ने से हाइपरथायरायडिज्म होता है. आहार में उचित आयोडीन स्तर बनाए रखने और कच्ची गोइट्रोजेनिक सब्जियों के उपयोग को सीमित करने से थायराइड रोगों से बचने में मदद मिलती है.
  • पुरुषों के मुकाबले महिलाएं थायराइड का ज्यादा शिकार होती हैं. देश में हर 10वां व्यक्ति इस बीमारी से जूझ रहा है.

22 मई को ‘अन्तर्राष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस’ मनाया गया

प्रत्येक वर्ष 22 मई को ‘अन्तर्राष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस’ (International Day for Biological Diversity) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य प्राकृतिक एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में जैव-विविधता के महत्व के प्रति जागरुकता बढाना है.

अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 2021 की थीम

इस वर्ष यानी 2021 के अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस का मुख्य विषय (Theme) ‘We’re part of the solution’ है.

जैव-विविधता क्या है?

  • जैव-विविधता (Biological Diversity) पृथ्वी पर मौजूद जीव-जंतुओं की प्रजातियों में पाई जाने वाली विभिन्न प्रकार की विभिन्नताएं या विशेषताएं ही जैव-विविधता कहलाती है.
  • जैव-विविधता के कारण ही पृथ्वी पर मौजूद जीव-जंतुओं के खाद्य पदार्थों का संतुलन बना हुआ है. जैवविविधता हमारे वस्त्र, औषधि निर्माण, पृथ्वी की सुंदरता के लिए भी उपयोगी है.
  • अन्तर्राष्ट्रीय जैव-विविधता दिवस के दिन विशेष तौर पर वनों की सुरक्षा, संस्कृति, जीवन कला, वस्त्र-भोजन, औषधीय पौधों के महत्व आदि को प्रदर्शित करके जैव-विविधता के महत्व एवं उसके न होने पर होने वाले खतरों के बारे में जागरूक किया जाता है.
  • संयुक्त राष्ट्र ने सन् 2010 को जैव-विविधता का अन्तर्राष्ट्रीय वर्ष घोषित किया था.

अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस का इतिहास

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 20 दिसंबर 2000 को एक प्रस्ताव पारित करके 22 मई को अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के रूप में मनाये जाने का संकल्प लिया था.

21 मई: विश्व सांस्कृतिक विविधता दिवस

प्रत्येक वर्ष 21 मई को ‘विश्व सांस्कृतिक विविधता दिवस’ (World Day for Cultural Diversity) मनाया जाता है. इस दिवस को संवाद और विकास के लिए सांस्कृतिक विविधता का विश्व दिवस (World Day for Cultural Diversity for Dialogue and Development) भी कहा जाता है. यह दिवस अंतर सांस्कृतिक संवाद, विविधता और समावेशन के महत्त्व को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है.

दिसंबर 2002 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 मई को संवाद और विकास के लिए सांस्कृतिक विविधता का विश्व दिवस के रूप में घोषित किया था.

21 मई: आतंकवाद विरोधी दिवस, राजीव गांधी की पुण्यतिथि

भारत में प्रत्येक वर्ष 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस (Anti-Terrorism Day) मनाया जाता है. यह दिवस पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के दिन मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य युवाओं को आतंकवाद और हिंसा के पथ से दूर रखना, शांति और मानवता का संदेश फैलाना, लोगों को जागरूक करना, एकता को बढ़ावा देना, युवाओं में देशभक्ति जगाना और आम लोगों की पीड़ा को उजागर करना है.

आतंकवाद विरोधी दिवस का इतिहास

21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आयोजित एक रैली के दौरान भारत के 6ठे प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी. उनकी हत्या LTTE (श्रीलंकाई तमिल अलगाववादी संगठन) की महिला सुसाइड बॉम्बर ने की थी. इस हमले के बाद ही 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस के तौर पर मनाने का फैसला किया गया था.

21 मई: अन्तर्राष्ट्रीय चाय दिवस, संयुक्त राष्ट्र ने भारत की पहल पर घोषित किया है


प्रत्येक वर्ष 21 मई को अन्तर्राष्ट्रीय चाय दिवस (International Tea Day) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य चाय मजदूरों की काम की स्थिति, मजदूरों के अधिकार, दिहाड़ी, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चर्चा को भी प्रोत्साहित करना है.

वर्ष 2019 तक देश के पांच प्रमुख चाय उत्पादक देश चीन, भारत, केन्या, वियतनाम और श्रीलंका के अलावा मलावी, तंजानिया, बांग्लादेश, यूगांडा, इंडोनेशिया और मलयेशिया सहित कई देशों में है यह दिवस मनाया जाता था.

अन्तर्राष्ट्रीय चाय दिवस का इतिहास

वर्ष 2004 में मुंबई में हुई व्यापार संघों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों की बैठक में ‘अन्तर्राष्ट्रीय चाय दिवस’ मनाने का फैसला लिया गया था. पहली बार यह दिवस 15 दिसंबर, 2005 को मनाया गया था. वर्ष 2020 से यह दिवस 21 मई को मनाया जाने लगा.

भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 मई को यह दिवस घोषित किया
  • भारत की सिफारिश पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 मई को अन्तर्राष्ट्रीय चाय दिवस घोषित किया है. यह दिवस को मनाने का प्रस्ताव भारत ने अक्टूबर 2015 में मिलान में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय खाद्य और कृषि संगठन (FAO) की बैठक के दौरान रखा था.
  • दरअसल चाय उत्पादन का मौसम मई माह में शुरू होता है, जिस कारण भारत ने इस दिवस को 15 दिसम्बर की जगह मई माह में मनाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र को दिया था.
  • इससे पहले भारत की पहल पर ही 21 जून का दिन अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए तय किया गया था.

20 मई 2021 को चौथा विश्व मधुमक्खी दिवस मनाया गया

प्रत्येक वर्ष 20 मई को संपूर्ण विश्व में ‘विश्व मधुमक्खी दिवस’ (World Bee Day) मनाया जाता है. मानवीय गतिविधियों के कारण मधुमक्खी और अन्य परागणकों जैसे तितलियों, चमगादड़ और हमिंग-बर्ड का जीवन खतरे में है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य मधुमक्खी और अन्य परागणकों के महत्व, तथा संरक्षण के बारे में जागरूकता बढ़ाना है.

विश्व मधुमक्खी दिवस 2021 की थीम

इस वर्ष यानी 2021 में विश्व मधुमक्खी दिवस का मुख्य विषय (थीम)- ‘Bee Engaged – Build Back Better for Bees’ है.

एंटोन जनसा के जन्म दिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है

यह दिवस 18वीं शताब्दी में आधुनिक मधुमक्खी पालन की तकनीक का नेतृत्व करने वाले एंटोन जनसा (Antone Jansa) के जन्म दिन (20 मई) के उपलक्ष्य में मनाया जाता है.

विश्व मधुमक्खी दिवस का इतिहास

स्लोवेनिया के बीकीपर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र के सम्मुख 20 मई को प्रतिवर्ष विश्व मधुमक्खी दिवस’ मनाने का प्रस्ताव रखा गया था. इस प्रस्ताव को 7 जुलाई, 2017 को इटली में आयोजित संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन के सत्र में अनुमोदित किया गया था.

पहला ‘विश्व मधुमक्खी दिवस’ 20 मई 2018 को मनाया गया था. इस वर्ष यानी 2020 में तीसरा विश्व मधुमक्खी दिवस मनाया गया.

18 मई: विश्व एड्स वैक्सीन दिवस

दुनिया भर में 18 मई को विश्व एड्स वैक्सीन दिवस (World AIDS Vaccine Day) मनाया जाता है. इस दिन को HIV वैक्सीन जागरुकता दिवस के रूप में जाता है. इस मौके पर एड्स की प्रभावी और सुरक्षित वैक्सीन की तलाश के लिए एक साथ काम कर रहे वैज्ञानिक, स्वास्थ्य पेशेवर और वॉलेंटियर का शुक्रिया अदा किया जाता है.

विश्व एड्स वैक्सीन दिवस का इतिहास

विश्व एड्स दिवस की परिकल्पना अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के मोर्गन स्टेट यूनिवर्सिटी में 18 मई, 1997 को दिए भाषण से आई. क्लिंटन ने दुनिया को नए लक्ष्य निर्धारित करने और अगले दशक के अंदर एड्स की वैक्सीन विकसित करने की चुनौती दी थी. इसके नतीजे में उनके भाषण का वर्षगांठ मनाने के लिए पहली बार विश्व एड्स वैक्सीन दिवस 18 मई, 1998 को मनाया गया.

विश्व एड्स वैक्सीन दिवस का थीम

इस वर्ष यानी 2021 के विश्व एड्स वैक्सीन दिवस का थीम ‘वैश्विक एकजुटता, साझा जिम्मेदारी’ रखा गया है.

एड्स (AIDS)

  • एड्स (AIDS) का पूरा नाम Acquired Immune Deficiency Syndrome है. यह Human immunodeficiency viruses (HIV) के संक्रमण से होता है. एक ऐसी बीमारी है, जिसमें मनुष्य का प्रतिरक्षा प्रणाली (संक्रमण से लड़ने की क्षमता) कम हो जाती है.
  • HIV इसी प्रतिरक्षा प्रणाली कि कोशिकाओं पर हामला कर इसे कमजोर करता है. यह कोशिकाएं एक प्रकार कि श्वेत रक्त कोशिकाएं होती है जिन्हे CD4 सेल्स भी कहा जाता है.
  • HIV के केवल शरीर में प्रवेश से आपको एड्स नहीं हो जाता. जिस व्यक्ति को HIV है, उसे एड्स होने की संभावना ज्यादा रहती है. HIV संक्रमण तब होता है जब एक सामान्य व्यक्ति HIV संक्रमित व्यक्ति के रक्त के संपर्क में आता है.

18 मई को अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस मनाया गया

प्रत्येक वर्ष 18 मई को अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस (International Museum Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य आम जनता में संग्रहालयों के प्रति जागरुकता फैलाना और उन्हें संग्रहालयों में जाकर अपने इतिहास को जानने के प्रति जागरुक बनाना है.

अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय परिषद (ICOM) द्वारा इस दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. ICOM दुनियाभर के सभी देशों की संस्कृति और सभ्यता के संरक्षण के लिए कटिबद्ध है. इसकी स्थापना 1977 में की गई थी.

अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस 2021 की थीम

अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय परिषद प्रत्येक वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस को मनाने के लिए एक खास विषय (थीम) बनाता है. इस वर्ष यानी 2021 में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस की थीम- ‘संग्रहालयों का भविष्य: पुनर्प्राप्ति और पुनर्कल्पना’ (The Future of Museums: Recover and Reimagine)
है.

इतिहास

संयुक्त राष्ट्र ने संग्रहालयों की विशेषता और उनके महत्व को समझते हुए 18 मई को ‘अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय 1983 में लिया था.

17 मई: विश्व हाइपरटेंशन दिवस

प्रत्येक वर्ष 17 मई को विश्व हाइपरटेंशन दिवस (World Hypertension Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य पूरी दुनिया के लोगों को इसके बारे में जागरूक करना है.

विश्व हाइपरटेंशन दिवस 2021 की थीम

इस वर्ष यानी 2021 में ‘विश्व हाइपरटेंशन दिवस’ का मुख्य विषय (थीम)- ‘Measure Your Blood Pressure Accurately, Control It, Live Longer’ है.

हाइपरटेंशन क्या है?

  • हाइपरटेंशन (हाई ब्लड प्रेशर) एक गंभीर चिकित्सा स्थिति है जो हार्ट-अटैक, स्ट्रोक, किडनी फेल और अंधेपन के जोखिम को बढ़ाती है. यह दुनिया भर में समय से पूर्व होने वाली मौत के प्रमुख कारणों में से एक है.
  • WHO के अनुसार दुनियाभर में 1.13 बिलियन लोगों को हाइपरटेंशन है. हाइपरटेंशन के मुख्य कारण में खराब खान-पान, व्यायाम न करना, शराब और तंबाकू का सेवन करना माना जाता है.
  • हाई ब्लड प्रेशर से बचने के लिए सोडियम, पोटेशियम, कैल्शियम और मैग्नीशियम युक्त खाद्य पदार्थ लेना लाभकारी होता है.

17 मई: विश्व दूरसंचार दिवस, ITU की स्थापना की स्मृति में मनाया जाता है

प्रत्येक वर्ष 17 मई को विश्व दूरसंचार दिवस (World Information Society Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य इंटरनेट और नई प्रौद्योगिकियों द्वारा लाया गया सामाजिक परिवर्तनों की वैश्विक जागरूकता बढ़ाना है.

विश्व दूरसंचार दिवस 2021 की थीम

इस वर्ष यानी 2021 में विश्व दूरसंचार दिवस का मुख्य विषय (थीम) ‘चुनौतीपूर्ण समय में डिजिटल परिवर्तन को तेज करना’ (Accelerating Digital Transformation in challenging times) है.

विश्व दूरसंचार दिवस का इतिहास

17 मई 1865 को अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (International Telecommunication Union- ITU) की स्थापना की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है. 17 मई 1969 को पहली बार विश्व दूरसंचार दिवस मनाया जाता था.

16 मई: सिक्किम स्थापना दिवस, 1975 में भारतीय गणराज्य का 22वां राज्य बना

प्रत्येक वर्ष 16 मई को सिक्किम स्थापना दिवस (Sikkim Establishment Day) मनाया जाता है. सिक्किम, 1975 में इसी दिन भारतीय गणराज्य का 22वां राज्य बना था. इस वर्ष यानी 2021 में इस राज्य ने अपना 46वां स्थापना दिवस मनाया.

सिक्किम से संबंधित संवैधानिक तथ्य

भारतीय संविधान के 35वें संशोधन से सिक्किम को भारतीय गणराज्य में 22वें सह-राज्य के रूप में शामिल किया गया था. सिक्किम को पूर्ण राज्य का दर्जा 36वें संविधान संशोधन से दिया गया.

सिक्किम का संक्षिप्त इतिहास

  1. सिक्किम में राजशाही की स्थापना वर्ष 1642 में हुई थी. यहां पर चोग्याल वंश का शासन था. इसके बाद 1890 में ब्रिटिश इंडिया के अंतर्गत सिक्किम को ‘प्रोटेक्टोरेट स्टेट’ बनाया गया.
  2. भारत की स्वतंत्रता के समय वर्ष 1947 में सिक्किम की भारत के साथ संधि हुई, जिसके अंतर्गत सिक्किम की रक्षा, संचार और विदेश मामले भारत की ओर से देखा जाना तय हुआ.
  3. 1975 में हुए जनमत संग्रह के बाद इस राज्य का विलय भारत में हुआ और 16 मई 1975 को भारतीय गणराज्य का 22वां राज्य बना था.

सिक्किम: मुख्य तथ्य

  • अंगूठे के आकार का यह राज्य पश्चिम में नेपाल, उत्तर और पूर्व में चीनी तिब्बत क्षेत्र और दक्षिण-पूर्व में भूटान से घिरा हुआ है. भारत का पश्चिम बंगाल राज्य इसके दक्षिण में है.
  • अंग्रेज़ी, नेपाली, लेप्चा, भूटिया, लिंबू तथा हिन्दी इसकी आधिकारिक भाषाएँ हैं, परन्तु शासकीय कार्य में अंग्रेज़ी का ही प्रयोग होता है.
  • हिन्दू धर्म और वज्रयान बौद्ध धर्म यहाँ के प्रमुख धर्म है.
  • सिक्किम की राजधानी और सबसे बड़ा शहर ‘गंगटोक’ है.
  • जनसंख्या के मामले में भारत का सबसे छोटा राज्य और क्षेत्रफल के मामले में गोआ के पश्चात दूसरा सबसे छोटा राज्य है.
  • इसका क्षेत्रफल 7,096 वर्ग किलोमीटर है.
  • सिक्किम का ‘राज्य पशु’ लाल पांडा, ‘राज्य पक्षी’ लाल तीतर, ‘राज्य फूल’ नोबल डेंड्रोबियम और ‘राज्य वृक्ष’ रोडोडेंड्रोन है.
  • सिक्किम भारत का पहला ऑर्गेनिक राज्य है. 2016 में, सिक्किम विश्व में पहला पूर्ण जैविक राज्य बना था.
  • काजी लेंडुप दोरजी भारतीय गणराज्य में शामिल हुए इस राज्य के पहले मुख्यमंत्री थे.
  • चीन के साथ भारत का सबसे पहला खुला जमीनी रास्ता ‘नाथू ला दर्रा’ सिक्किम में ही है.
  • सिक्किम में विश्व की तीसरी सबसे ऊंची चोटी कंचनजंगा भी है.