Tag Archive for: Important Day-August

श्रावणी पूर्णिमा: विश्व संस्कृत दिवस

भारत में प्रतिवर्ष श्रावणी पूर्णिमा के दिन विश्व संस्कृत दिवस (World Sanskrit Day) के रूप में मनाया जाता है. इस वर्ष यानि 2021 में श्रावणी पूर्णिमा 22 अगस्त को था.

सन् 1969 में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के आदेश से केन्द्रीय तथा राज्य स्तर पर संस्कृत दिवस मनाने का निर्देश जारी किया गया था. तब से संपूर्ण भारत में संस्कृत दिवस श्रावण पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है.

श्रावणी पूर्णिमा का दिन इसीलिए चुना गया था क्योंकि प्राचीन भारत में इसी दिन शिक्षण सत्र शुरू होता था. इसी दिन वेद पाठ का आरंभ होता था तथा इसी दिन छात्र शास्त्रों के अध्ययन का प्रारंभ किया करते थे.

21 अगस्त: अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस

प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ (International Day of Remembrance and Tribute to the Victims of Terrorism) मनाया जाता है. आतंकवाद के शिकार हो गए और जीवित बचे लोगों की आवाज़ें सुनने और उन्हें अपनी आवाज़ बुलंद करने में सहयोग देने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है.

संयुक्त राष्ट्र ने इस दिवस को मनाये जाने की घोषणा 2017 में की थी. 21 अगस्त 2018 को पहला ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ मनाया गया था. इस वर्ष यानी 2021 में चौथा ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ मनाया गया.

21 अगस्त: विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को ‘विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस’ (World Senior Citizen’s Day) मनाया जाता है. यह दिवस बुजुर्गों को सम्मान देने के उद्देश्य से मनाया जाता है.

विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस का इतिहास

विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस को आधिकारिक तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन द्वारा स्थापित किया गया था. उन्होंने 19 अगस्त, 1988 को इस पर हस्ताक्षर किए थे, जिसे 21 अगस्त को वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में प्रकट किया गया था.

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में मनाने की घोषणा दिसंबर 1990 को की थी.

20 अगस्त 2021: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती (सद्भावना दिवस)

20 अगस्त 2021 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 77वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया. यह दिन साम्प्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को बढावा देने के लिए ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में भी मनाया जाता है.

श्री राजीव गांधी 1984 में माता इंदिरा गाँधी की हत्या के बाद देश के छठे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. वह 40 वर्ष की उम्र में भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने थे. उन्होंने 1989 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की.

21 मई 1991 को लिट्टे उग्रवादियों द्वारा श्रीपेरंबदूर में उनकी हत्या कर दी गई थी. उन्हें 1991 में देश के सर्वोच्च सम्मान भारत-रत्न से सम्मानित किया गया था.

19 अगस्त: विश्व मानवतावादी दिवस से संबंधित जानकारी

प्रत्येक वर्ष 19 अगस्त को ‘विश्व मानवतावादी दिवस’ (World Humanitarian Day- WHD) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य उन मानवीय कर्मियों को उचित सम्मान देना है, जिन्होंने मानव मात्र की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया है.

इस वर्ष यानी 2021 में WHD का मुख्य विषय (थीम) The Human Race है.

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2008 में यह दिवस मनाए जाने की शुरूआत की थी. यह दिवस 19 अगस्त को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इस दिन वर्ष 2003 को बगदाद में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर बमबारी हुई थी. इस बमबारी में इराक में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष दूत सर्जियो विएरा डी मेल्लो समेत 22 अन्य मानवतावादी कर्मी मारे गए थे.

15 अगस्त 2021: देशभर में 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया

देशभर में 15 अगस्त 2021 को 75वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली में ऐतिहासिक लालकिले की प्राचीर से लगातार 8वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्र को संबोधित किया.

राष्ट्र को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने अगले 25 वर्षों के लिए भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की और कई योजनाओं की घोषणा की.

प्रधानमंत्री के संबोधन के मुख्य बिंदु

  • प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विभाजन की पीड़ा कभी भुलाई नहीं जा सकती और सरकार ने 14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” घोषित किया है.
  • भारत प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्‍ट्रीय मास्‍टर प्‍लान शुरू करने जा रहा है. समग्र ढांचागत विकास की एक सौ लाख करोड़ रुपये की गतिशक्ति पहल से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्‍ध कराएं जाएंगे.
  • आजादी का अमृत महोत्सव 75 सप्ताह तक मनाया जाएगा. देश के हर कोने को जोड़ने के लिए उन्होंने 75 वंदे भारत एक्सप्रेस रेलगाड़ियों की घोषणा की.
  • केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में परिसीमन प्रक्रिया के पूरा होने के बाद विधानसभा चुनाव कराया जायेगा.
  • भारत 7 साल पहले 8 अरब डॉलर मूल्य का मोबाइल फोन आयात करता था, लेकिन अब देश 3 अरब डॉलर मूल्य के इन्हीं उपकरणों का निर्यात कर रहा है.
  • देश में उदारीकरण नीतियों को आगे बढ़ाने का परिणाम है कि आज रिकॉर्ड प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आ रहा है और देश का विदेशी मुद्रा भंडार भी नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है.

13 अगस्त: विश्व अंगदान दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 13 अगस्त को विश्व अंगदान दिवस (World Organ Donation Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य सामान्य मनुष्य को मृत्यु के बाद अंगदान करने की प्रतिज्ञा दिलाने के लिए प्रोत्साहित करना हैं. जागरूकता की कमी के कारण, लोगों के मन में अंगदान के बारे में भय और मिथक विद्यमान हैं.

अंगदान में अंगदाता के अंगों जैसे कि हृदय, लीवर (यकृत), गुर्दे, आंत, फेफड़े, और अग्न्याशय का दान उसकी मृत्यु के पश्चात ज़रूरतमंद व्यक्ति में प्रत्यारोपित करने के लिए किया जाता है.

27 नवम्बर को राष्ट्रीय अंगदान दिवस मनाया जाता है

27 नवम्बर को भारत में राष्ट्रीय अंगदान दिवस मनाया जाता है. 27 नवम्बर 2020 को राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (नोट्टो) ने देश में 11वां अंगदान दिवस (11th Organ Donation Day) मनाया था.

भारत सरकार ने 1994 में ‘मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम’ पारित किया था. इस अधिनियम का उद्देश्य मानव अंग व्यापार को रोकना तथा मृत्यु के बाद अंगदान को बढ़ावा देना था. 2011 में इस अधिनियम में संशोधन किया गया था.

12 अगस्त: विश्‍व हाथी दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को विश्‍व हाथी दिवस (World Elephant Day) मनाया जाता है. इस दिवस का आयोजन हाथियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाता है.

एशियाई और अफ्रीकी हाथियों की घटती संख्‍या की ओर तत्‍काल ध्‍यान आकृष्‍ट करने के लिए यह दिवस 2012 से मनाया जा रहा है. वर्ष 2011 में ‘एलीफैंट रिइंट्रोडक्शन फाउंडेशन’ (Elephant Reintroduction Foundation) और कनाडाई फिल्म निर्माता पेट्रीसिया सिम्स एवं माइकल क्लार्क द्वारा विश्व हाथी दिवस की कल्पना की गई थी. पहला विश्व हाथी दिवस 12 अगस्त, 2012 को मनाया गया था.

वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (WWF) के हालिया आंकड़ों के अनुसार विश्व में लगभग 4,40,000 हाथी हैं.

भारत में हाथियों का संरक्षण

एशियाई हाथी की तीन उप-प्रजातियाँ हैं: भारतीय, सुमात्रन तथा श्रीलंकन. भारत में हाथी को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (Wildlife (Protection) Act, 1972) की अनुसूची 1 में शामिल करते हुए भारतीय वन्यजीव कानून के तहत उच्चतम संभव संरक्षण प्रदान किया गया है. सरकार ने वर्ष 2011 में भारतीय हाथी को देश का राष्ट्रीय विरासत पशु घोषित किया था.

12 अगस्त: अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (International Youth Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य युवाओं के मुद्दों और उनकी बातों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है.

इस वर्ष यानी 2021 में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस का मुख्य विषय (थीम) “खाद्य प्रणालियों में बदलाव: धरती और मानव स्‍वास्‍थ्‍य के लिए युवा नवाचार” है.

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1999 में यह दिवस मनाये जाने का फैसला किया था. अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन पहली बार साल 2000 में किया गया था. संयुक्त राष्ट्र संघ ने 1985 में अंतरराष्ट्रीय युवा वर्ष घोषित किया गया था.

अंतरराष्‍ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा कार्य और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने नई दिल्‍ली में वर्ष 2017-18 और 2018-19 के राष्‍ट्रीय युवा पुरस्‍कार प्रदान किये. पुरस्‍कार में पदक, प्रमाण पत्र और एक लाख रुपये और संगठन को पदक और प्रमाण पत्र के साथ तीन लाख रुपये दि‍ये जाते हैं.

10 अगस्त: विश्‍व सिंह दिवस से संबंधित जानकारी

प्रत्येक वर्ष 10 अगस्त को विश्‍व सिंह दिवस (World Lion Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों में शेरों के संरक्षण को बढावा देने के लिए जागरूक करना है.

हाल के सर्वेक्षण के अनुसार विश्व में शेरों की संख्या घटकर लगभग 20,000 हो गई है. इसकी संख्‍या सभी ओर से सिमटती जा रही है, जबकि भारत में लगातार संरक्षण के कारण इनकी संख्‍या में लगातार वृद्धि होते हुए ही देखा जा रहा है. भारत चार रॉयल बंगाल टाइगर, भारतीय तेंदुआ, बादल तेंदुआ और हिम तेंदुआ के साथ एशियाई शेर का घर है.

पहला विश्व शेर दिवस 2013 में मनाया गया था. दरअसल, विश्व शेर दिवस डेरेक और बेवर्ली जौबर्ट के दिमाग की उपज था, जो कि एक पति-पत्नी की टीम थी. उन्होंने जंगल में रहने वाली बड़ी बिल्लियों की रक्षा के लिए एक बैनर के तहत नेशनल ज्योग्राफिक और बिग कैट इनिशिएटिव जैसी पहल एक साथ शुरू की थी.

8 अगस्त 2021: ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ की 79वीं वर्षगांठ

8 अगस्त 2021 को ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ (अगस्त क्रांति दिवस) की 79वीं वर्षगांठ (79th Quit India Movement) मनाई गयी. आज से 79 साल पहले 1942 में आज ही के दिन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने बंबई अधिवेशन में ‘भारत छोड़ो प्रस्ताव’ को मंजूरी दी थी, इससे स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए एक बड़े आंदोलन का मार्ग प्रशस्त हुआ था.

8 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने ब्रिटिश शासन खत्म करने का बिगुल बजाया था. इसकी नींव मुंबई के गोवलिआ टैंक, यानि की अगस्त क्रांति मैदान में रखी गयी थी. क्रिप्स मिशन की असफलता के बाद गांधी जी ने मुंबई में गोवालिया टैंक मैदान में अपने भाषण में ‘करो या मरो’ का आह्वान किया था.

भारत छोड़ो आंदोलन की घोषणा के एक दिन बाद ही महात्‍मा गांधी और अन्‍य कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था. बड़े नेताओं की गिरफ्तारी के दौरान जयप्रकाश नारायण और राममनोहर लोहिया जैसे दूसरे पंक्ति के नेताओं ने आंदोलन में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई. भारत छोड़ो आंदोलन 1947 में भारत के एक संप्रभु राष्ट्र बनने से पहले आयोजित अंतिम प्रमुख सविनय अवज्ञा आंदोलन था.

प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं को अहमदनगर किले में कैद किया गया था

भारत छोड़ो आन्‍दोलन में महाराष्‍ट्र के अहमदनगर किले की विशेष भूमिका रही है. भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान बारह प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं को इसी किले में कैद कर रखा गया, जिनमें पंडित जवाहरलाल नेहरू भी शामिल थे. यहीं पर उन्होनें अपना लोकप्रिय ‘द डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ ग्रंथ लिखा. सन 2003 में, भारतीय पुरातत्वशास्त्र सर्वेक्षण ने अहमदनगर किले को राष्ट्रीय महत्व का स्मारक घोषित किया.

गांधीजी को आगा खान पॅलेस में रखा गया था

भारत छोड़ो आन्‍दोलन का आरम्भ मुंबई में करने के पश्चात महात्मा गांधीजी को हिरासत में लेकर पुणे के आगा खान पॅलेस में रखा गया. उनके साथ उनकी पत्नी कस्तुरबा तथा उनके नीजी सचिव महादेव देसाई भी थे. इस दौरान कस्तुरबा तथा देसाई का यहीं पर देहान्त हुआ, उनकी समाधियां आगा खान पॅलेस में स्थित है.

7 अगस्त: राष्ट्रीय हथकरघा दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (National Handloom Day) मनाया जाता है. इस दिवस का उद्देश्य हथकरघा उद्योग के महत्व एवं आमतौर पर देश के सामाजिक आर्थिक योगदान में इसके महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना और हथकरघा को बढ़ावा देना, बुनकरों की आय को बढ़ाना और उनके गौरव में वृद्धि करना है.

हथकरघा दिवस मनाने के लिए 7 अगस्‍त का दिन भारतीय इतिहास में विशेष महत्‍व का होने के कारण चुना गया है. इसी दिन 1905 में ब्रिटिश सरकार द्वारा बंगाल के विभाजन के विरोध में स्‍वदेशी आंदोलन शुरू हुआ था. इस दिन कोलकाता के टाउनहॉल में एक महा जनसभा में स्वदेशी आंदोलन की औपचारिक रूप से शुरुआत की गई थी.

भारत सरकार ने इसी की याद में हर वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में घोषित किया था. पहला राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 2015 में मनाया गया था. 7 अगस्त 2021 को 7वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया गया.