डेली कर्रेंट अफेयर्स
जलवायु और पर्यावरण पर सहयोग के लिए भारत और अमेरिका ने CAFMD संवाद शुरू किया
भारत और अमेरिका ने ‘क्लाइमेट एक्शन एंड फाइनेंस मोबिलाइजेशन डायलॉग’ (Climate Action and Finance Mobilization Dialogue – CAFMD) शुरू किया है. इस संवाद की शुरुआत नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु मंत्री भूपेंद्र यादव और श्री जॉन केरी, जलवायु के लिए अमेरिका के विशेष राष्ट्रपति दूत ने की. यह संवाद, जलवायु और पर्यावरण पर भारत-अमेरिका द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है.
CAFMD संवाद भारत-अमेरिका जलवायु और स्वच्छ ऊर्जा एजेंडा 2030 साझेदारी के तहत शुरू किया गया है. यह संवाद, पेरिस जलवायु समझौते के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कार्यों को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति बाईडेन द्वारा की गई घोषणा की पृष्ठभूमि में शुरू की गई है.
मद्रास उच्च न्यायालय ने राजमार्गों पर तय गति सीमा को रद्द किया
मद्रास उच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार की राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर तय की गई गति सीमा को रद्द कर दिया है. न्यायालय ने 2018 की उस अधिसूचना को रद्द किया है जिसमें एक्सप्रेसवे पर 120 किमी/घंटा, राष्ट्रीय राजमार्गों पर 100 किमी/घंटा, जबकि एम 1 श्रेणी के वाहनों के लिए गति सीमा 60 किमी/घंटा निर्धारित की गई थी. हाई कोर्ट का यह आदेश एक अपील पर दिया है.
न्यायालय ने कहा कि, अधिक गति मृत्यु का मुख्य कारण है और अधिकांश दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार है. इस तथ्य को जानने के बावजूद, सरकार ने वाणिज्यिक कारणों सहित विभिन्न कारणों से गति सीमा बढ़ा दी है. इससे अधिक मौतें हो रही हैं. इसका हवाला देते हुए यह अधिसूचना रद्द की गई है.
15 सितम्बर: अभियंता दिवस, एम विश्वेश्वरैया की जन्म तिथि
प्रत्येक वर्ष 15 सितंबर को देश में अभियन्ता दिवस (Engineer’s Day) के रूप में मनाया जाता है. भारत सरकार द्वारा 1968 में विश्वेश्वरैया की जन्म तिथि को ‘अभियंता दिवस’ घोषित किया गया था. यह दिवस भारत के महान अभियन्ता एवं भारतरत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की याद में मनाया जाता है. पढ़ें पूरा आलेख…»
15 सितम्बर: अन्तर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस से संबंधित महत्त्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 15 सितम्बर को अन्तर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस लोगों के लोकतंत्र को याद रखने का अवसर प्रदान करता है. अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस 2021 का मुख्य विषय “भविष्य के संकटों का सामना करने में लोकतांत्रिक लचीलापन को मजबूत करना” है. पढ़ें पूरा आलेख…»
14 सितंबर: हिंदी दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष के 14 सितंबर को हिंदी दिवस (Hindi Diwas) के रूप में मानया जाता है. 1949 में इसी दिन भारत की संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी गई हिंदी को भारत गणराज्य की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया था. पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया था. भारत में आधिकारिक भाषा के तौर पर हिंदी और अंग्रेजी भाषा का उपयोग किया जाता है. पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
अग्नि-5 का पहला उपयोगकर्ता परीक्षण किया जायेगा
भारत परमाणु सक्षम अग्नि-5 मिसाइल का पहला उपयोगकर्ता परीक्षण 23 सितंबर को करेगा. 6,000 किमी रेंज की यह मिसाइल एक लॉन्च में कई लक्ष्यों को नष्ट करने की क्षमता रखती है. इस मिसाइल के सफल परीक्षण के बाद भारत की गिनती उन 8 देशों में हो जाएगी, जिनके पास इंटरकॉन्टिनेंटल बालिस्टिक मिसाइल यानी ICBM है.
जापान में नए प्रधानमंत्री के लिए चुनाव
जापान में नए प्रधानमंत्री के लिए 29 सितंबर को मतदान होगा. वर्तमान प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा के प्रधानमंत्री पद की दौड से स्वयं को अलग करने की घोषणा के बाद तारो कोनो को प्रधानमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है.
उत्तर कोरिया ने लम्बी दूरी की एक नई क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया
उत्तर कोरिया ने लम्बी दूरी की एक नई क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया है. यह मिसाइल जापान के अधिकतर हिस्से पर वार करने में सक्षम है. अमरीकी सेना ने कहा कि उत्तर कोरिया का वह परीक्षण अंतरराष्ट्रीय समुदाय और पडोसी जापान के लिए खतरा है.
ईरान ने IAEA को अपने निगरानी कैमरों में नये मैमोरी कार्ड लगाने की अनुमति दी
ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) को अपने संवदेनशील परमाणु स्थलों पर निगरानी कैमरों में नये मैमोरी कार्ड लगाने की अनुमति दे दी है. ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रमुख मोहम्मद इस्लामी ने IAEA के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी के साथ तेहरान में हुई बैठक के बाद यह घोषणा की.
प्रधानमंत्री UNGA के 76वें सेशन को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 और 25 सितंबर को क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेने अमेरिका जाएंगे. इसके बाद वह 25 सितंबर को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 76वें सेशन के हाई लेवल सेगमेंट को संबोधित करेंगे.
IOC ने उत्तर कोरिया को बीजिंग ओलंपिक से निलंबित किया
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने उत्तर कोरिया को 2022 बीजिंग ओलंपिक से निलंबित कर दिया है. यह निर्णय COVID-19 महामारी का हवाला देते हुए टोक्यो खेलों में एक टीम भेजने से इनकार करने के लिए लिया गया है.
