EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
5 फरवरी 2020

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

G-7 ने कोरोना वायरस को रोकने के लिए साथ मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की

विश्व के सात शीर्ष औद्योगिक देशों के समूह G-7 ने कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूरोपीय संघ और चीन के साथ मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की है. इस बारे में 4 फरवरी को जर्मनी, ब्रिटेन और फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक हुई. इसमें यात्रा नियमन, एहतियाती उपायों और इस वायरस के बारे में आगे अनुसंधान के प्रयासों में समन्वय के प्रयास किये गये.

कोरोना वायरस से अब तक चीन के मुख्‍य इलाके में लगभग 20500 और मुख्‍य इलाके से बाहर 192 लोग संक्रमित हैं. अब तक चीन में 427 लोगों की और चीन से बाहर दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है. बढ़ते वैश्विक प्रयासों और अमरीका तथा चीन की बातचीत के बाद चीन इस वायरस से निपटने और इस संबंध में विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन के शोध अभियान में अमरीकी विशेषज्ञों को शामिल करने के प्रस्‍ताव पर सहमत हो गया है.

संयुक्‍त अरब अमारात में प्राकृतिक गैस की सबसे बड़ी खोज

संयुक्‍त अरब अमारात (UAE) ने अबूधाबी और दुबई के साथ लगने वाली सीमा के पास 80 ट्र‍िलियन घनफुट प्राकृतिक गैस के विशाल भंडार की खोज की है. नया गैस क्षेत्र पांच हजार वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है और संयुक्‍त अरब अमारात में प्राकृतिक गैस की सबसे बड़ी खोज है.

जेबेल अली गैस क्षेत्र की खोज से संयुक्‍त अरब अमारात प्राकृतिक गैस के मामले में आत्‍मनिर्भर हो जाएगा वह अगले 50 वर्षों के अपने विकास कार्यक्रमों के अनुरूप विकास परियोजनाओं के अगले चरण की तैयारी कर सकेगा.


‘क्लासिकल स्वाइन फीवर’ से बचाने के लिए कारगर टीका विकसित किया गया

घरेलू वैज्ञानिकों ने सूअरों को घातक ‘क्लासिकल स्वाइन फीवर’ (CSF) से बचाने के लिए एक नया और कारगर टीका विकसित किया है. यह संक्राम बुखार सूअरों के लिए जानलेवा साबित होता है और इससे देश में इनकी संख्या गिर रही है और सालाना अरबों रुपये का नुकसान होता है. वर्ष 2019 की पशुगणना के अनुसार भारत में सूअरों की संख्या वर्ष 2007 के एक करोड़ 11.3 लाख की तुलना में 90.6 लाख रह गई है.

इस टीका का विकास उत्तर प्रदेश में ICAR-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IBRI) द्वारा किया गया है. यह मौजूदा टीके की तुलना में काफी सस्ता होगा. स्वाइन फीवर का मौजूदा घरेलू टीके 15-20 रुपये प्रति खुराक और कोरिया से आयातित टीका 30 रुपये प्रति खुराक का है. इसकी तुलना में नया टीका केवल दो रुपये में है. मौजूदा वैक्सीन की दो खुराक की जगह नये टीके की बस एक खुराक ही एक वर्ष में देनी होगी.

IBRI के अनुसार क्लासिकल स्वाइन बुखार (CSF) को नियंत्रित करने के लिए टीकाकरण पर्याप्त नहीं हो रहा है. जिसके कारण सूअरों की मृत्यु दर काफी ऊंची है और देश को लगभग 4.29 अरब रुपये की वार्षिक हानि होती है. विशेषज्ञों के अनुसार देश में टीकों की दो करोड़ खुराक की वार्षिक आवश्यकता है जबकि उपलब्धता केवल 12 लाख खुराक की ही है.


ISRO ने स्कूली छात्रों के लिए यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम का दूसरा संस्करण शुरू किया

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने 3 फरवरी को ‘युवा विज्ञानी कार्यक्रम- युविका’ (ISRO Young Scientist Programme) 2020 शुरू किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली छात्रों को अंतरिक्ष की जानकारी और उसकी टेकनोलॉजी की समझ को विकसित करना है.

युविका 2020 के लिए 24 फरवरी, 2020 तक www.isro.gov.in पर आवेदन किए जा सकते हैं. यह कार्यक्रम गर्मियों के छुट्टियों के दौरान दो सप्ताह 11 मई से 22 मई 2020 तक चलेगा.

इसरो का युविका कार्यक्रम 2019 में शुरू किया गया था. 2020 में इस कार्यक्रम का दूसरा संस्करण है. इस कार्यक्रम का मकसद बच्चों को स्पेस टक्नोलॉजी, स्पेस साइंस जैसी चीजों के बारे में जागरूक करना है.

योग्यता

जिन स्टूडेंट्स ने आठवीं की परीक्षा पास कर ली है और नौवीं में पढ़ाई कर रहे हैं, वह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सीबीएसई, आईसीएसई और राज्‍य पाठ्यक्रम को मिलाकर हर राज्‍य/केंद्र शासित प्रदेश से तीन विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा.

चयन

उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए किया जाएगा. इसके लिए 24 फरवरी तक ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया चलेगी. 8वीं के प्राप्त मार्क्स और एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज में प्रदर्शन के आधार स्टूडेंट्स का चयन होगा.


गोपाल बागले को श्रीलंका में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया

वरिष्ठ राजनयिक गोपाल बागले को श्रीलंका में भारत का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया. भारतीय विदेश सेवा अधिकारी बागले श्रीलंका में तरणजीत सिंह संधू की जगह लेंगे. तरणजीत सिंह संधू को अमेरिका में भारतीय राजदूत नियुक्त किया गया है. बागले इस समय प्रधानमंत्री कार्यालय में कार्यरत हैं.

हर्षवर्धन श्रृंगला भारत के विदेश सचिव

अमेरिका में निवर्तमान राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला ने 31 जनवरी को भारत के विदेश सचिव का पदभार संभाला था. उन्होंने विजय गोखले का स्थान लिया है. अमेरिका में नए उच्‍चायुक्‍त बने तरणजीत सिंह संधू इससे पहले जुलाई 2013 से जनवरी 2017 तक वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास में मिशन के उप प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं.


73वें बाफ्टा पुरस्कार 2020 की घोषणा, सैम मेंडेस की फिल्म “1917” को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार

73वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म एंड टेलीविज़न आर्ट्स अवॉर्ड्स (BAFTA) पुरस्कारों की घोषणा 2 फरवरी को की गयी. पुरस्कार समारोह का आयोजन रॉयल अल्बर्ट हॉल, लंदन में किया गया था. यह पुरस्कार हर साल ब्रिटिश सिनेमा घरों में प्रदर्शित किसी भी देश की फीचर फिल्म और वृत्त-चित्रों को दिया जाता है. 73वें बाफ्टा पुरस्कारों में सैम मेंडेस की फिल्म “1917” को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया गया.

बाफ्टा पुरस्कार 2020 के प्रमुख विजेताओं की सूची

  • सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म: 1917
  • उत्कृष्ट ब्रिटिश फिल्म: 1917
  • सर्वश्रेष्ठ निर्देशक: सैम मेंडेस (1917)
  • सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री: रेनी ज़ेल्वेगर (Judy)
  • सर्वश्रेष्ठ अभिनेता: जॉकिन फोनिक्स (Joker)

4 फरवरी: विश्व कैंसर दिवस

प्रत्येक वर्ष 4 फ़रवरी को विश्व कैंसर दिवस (World Cancer Day) मनाया जाता है. यह दिवस कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इस रोग के प्रति लोगों को शिक्षित करने के उद्देश्य से दुनिया भर में मनाया जाता है. कैंसर बेहद खतरनाक एवं जानलेवा बीमारी है. दुनियाभर में इस बीमारी से सबसे ज्यादा मौतें होती हैं.

विश्व कैंसर दिवस की शुरुआत यूनियन फॉर इंटरनेशनल कैंसर कंट्रोल (UICC) के द्वारा की गयी थी. 4 फरवरी 2000 को कैंसर के खिलाफ पेरिस में विश्व कैंसर सम्मेलन हुआ जहां यह तय हुआ कि हर साल चार फरवरी को कैंसर के खिलाफ जागरुकता फैलाने के लिए इस दिवस को मनाया जाएगा.

विश्व कैंसर दिवस 2020 की थीम

विश्व कैंसर दिवस को एक थीम, अभियान के साथ मनाया जाता है. पहले इस दिवस पर हर साल एक नयी थीम हुआ करती थी, लेकिन 2016 से हर तीन साल एक ही थीम रखने का फैसला लिया गया. वर्ष (2019-2021) अभियान की थीम ‘मैं हूं और मैं रहूंगी/रहूंगा’ (I Am and I Will) है.

हर साल 76 लाख लोगों की कैंसर से मौत

वर्तमान में, विश्व में हर साल 76 लाख लोगों की मौत कैंसर से होती है. इनमें से 40 लाख लोगों की मौत समय से पहले हो जाती है. वर्ष 2025 तक, कैंसर के कारण समय से पहले होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर प्रति वर्ष 60 लाख होने का अनुमान है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वर्ष 2025 तक कैंसर के कारण समय से पहले होने वाली मौतों में 25 प्रतिशत कमी का लक्ष्य रखा है. WHO ने चेतावनी दी है कि 2040 तक कम और मध्‍यम आय वाले देशों में कैंसर के मामले 81 प्रतिशत तक बढ़ जायेंगे क्‍योंकि वहां रोकथाम और देखभाल के लिए निवेश का अभाव है.

भारत में हर साल 7 लाख लोगों की मौत कैंसर से होती है. यहाँ 40 फीसद कैंसर सिर्फ तंबाकू के सेवन से होता है. पुरुषों में सबसे ज्यादा फेफड़े के कैंसर और महिलाओं में स्तन कैंसर का जोखिम रहता है.

कैंसर से बचाव

कैंसर से बचाव संतुलित भोजन, साफ-सफाई, नियमित व्यायाम और ध्रुमपान से दूर रहकर किया जा सकता है. कैंसर के मामलों में मौत की सबसे बड़ी वजह देर से ईलाज शुरु करना माना जाता है.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

भारत लगातार तीसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड के फाइनल में: भारत ने ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को 10 विकेट से हरा दिया. भारतीय टीम लगातार तीसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड के फाइनल में पहुंची है. पाकिस्तान से जीत के लिए मिले 173 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने बगैर कोई विकेट गंवाए 35.2 ओवर में हासिल कर लिया.

11वीं रक्षा प्रदर्शनी 2020: उत्‍तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में 5 फरवरी से ‘रक्षा प्रदर्शनी 2020’ शुरू हो रही है. हर दूसरे वर्ष होने वाली यह 11वीं रक्षा प्रदर्शनी है. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे. 70 से ज्‍यादा देश इसमें हिस्‍सा लेंगे. ये प्रदर्शनी सबसे बड़ी अन्तर्राष्ट्रीय रक्षा प्रदशर्नियों के अनुरूप होगी.

श्रीलंका में राष्‍ट्रगान केवल सिंहली भाषा में: श्रीलंका सरकार ने कहा है कि 5 फरवरी को कोलम्‍बो में आयोजित होने वाले मुख्‍य स्‍वतंत्रता दिवस समारोह में राष्‍ट्रगान केवल सिंहली भाषा में गाया जाएगा. जबकि पुरानी परम्‍परा के अनुसार इसे तमिल में भी गाया जाता था. प्रांतीय समारोहों में तमिल भाषा में भी राष्‍ट्रगान गाने की अनुमति होगी.

स्वीडन के बोरास में गोल्डन गर्ल चैम्पियनशिप: भारत की जूनियर और युवा मुक्केबाजों ने स्वीडन के बोरास में गोल्डन गर्ल चैम्पियनशिप में 6 स्वर्ण सहित कुल 14 पदक अपने नाम किए. जूनियर महिला टीम ने पांच स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता. युवा टीम ने एक स्वर्ण और चार कांस्य पदक हासिल किए. जूनियर वर्ग में भाग लेने वाली हरियाणा की प्राची धनखड़ को ‘सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज’ का खिताब दिया गया.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
June 30, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-30 जून 2026

June 27, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 22-27 जून 2026

June 22, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 19-21 जून 2026

June 19, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 16-18 जून 2026

June 16, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 13-15 जून 2026

June 13, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 10-12 जून 2026

June 10, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 07-09 जून 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top