EduDose
  • होम
  • सामान्यज्ञान
  • करेंट अफेयर्स
  • गणित
  • तर्कशक्ति
  • कंप्यूटर
  • अंग्रेजी
  • मॉक टेस्ट
  • टुडेज जीके
  • Menu Menu

डेली कर्रेंट अफेयर्स
25 नवम्बर 2019

लेटेस्ट कर्रेंट अफेयर्स और क्विज 〉

यूपीएससी, एसएससी, बैंक, रेलवे सहित केंद्र एबं राज्य सरकारों द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिता परीक्षा के लिए उपयोगी.

भारत ने बांग्लादेश से क्रिकेट टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती, पहला ‘दिन-रात’ का मैच गुलाबी गेंद से खेला गया

भारत ने बांग्लादेश के साथ खेले गये 2 मैचों की क्रिकेट सीरीज 2-0 से जीत ली है. कोलकाता में खेले गये इस सीरीज के दूसरे और अंतिम मैच में भारत ने बांग्लादेश को एक पारी और 46 रन से हराकर सीरीज 2-0 से जीती. ईशांत शर्मा को इस मैच में ‘मैन ऑफ द मैच’ और पूरे सीरीज के लिए मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया.

इस सीरीज का दूसरा मैच कोलकाता के ईडन गार्डेंस में गुलाबी गेंद से ‘दिन-रात’ (Day Night) में खेला गया था. भारत और बांग्लादेश दोनों टीमों का यह पहला Day-Night टेस्ट मैच था.

इस जीत के साथ ही भारत ने घरेलू मैदान पर लगातार बारहवीं जीत दर्ज की. यह भारत की पारी के अंतर से लगातार चौथी जीत भी थी. भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला विश्‍व का पहला देश है.

इस सीरीज का पहला टेस्ट मैच इंदौर में खेला गया था. भारत ने इस मैच में पारी और 130 रन से जीता था. भारत ने बांग्लादेश को दोनों टेस्ट में पारी और रनों से अंतर से पराजित किया. इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम को भी रांची और पुणे टेस्ट में पारी और रनों के अंतर से पराजित किया था.

अपना पहला डे-नाइट टेस्ट खेल रही टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने 136 रन की पारी खेली और वे गुलाबी गेंद से टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.

ISSF विश्‍वकप निशानेबाजी फाइनल्‍स 2019: पदक तालिका में भारत शीर्ष पर

ISSF विश्‍वकप निशानेबाजी फाइनल्‍स (ISSF World Cup Final) 2019 प्रतियोगिता 17 से 23 नवम्बर तक चीन के पुतियान में खेला गया.

इस प्रतियोगिता में भारत के मनु भाकर और इलावेनिल वालारिवन ने 21 नवम्बर को स्‍वर्ण पदक जीता. मनु भाकर ने महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण हासिल किया. मनु भाकर, हीना सिद्धू के बाद से विश्व कप में दस मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण जीतने वाली दूसरी भारतीय निशानेबाज़ बन गयी हैं.

मनु भाकर के अलावा भारत की एलावेनिल वालारियन ने महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में स्वर्ण पदक जीता. एलावेनिल ने ताइवान की लिन यिंग शिन को पराजित किया.

एयर राइफल प्रतियोगिता में युवा दिव्यांश ने स्वर्ण पदक जीता. दिव्यांश ने पुरुषों की 10 मीटर वर्ग में पहला स्थान हासिल किया. हंगरी के इस्तवान पेनी को रजत और स्लोवाकिया के पैट्रिक जेनी को कांस्य पदक मिला.

इस प्रतियोगिता में भारत तीन स्वर्ण जीतकर पदक तालिका में शीर्ष पहले स्थान पर जबकि 2 स्वर्ण 1 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ चीन दूसरे स्थान पर रहा.


राष्‍ट्रपति भवन में राज्‍यपालों और उप-राज्‍यपालों का 50वां वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया

देश के राज्‍यपालों और उप-राज्‍यपालों का सम्‍मेलन राष्‍ट्रपति भवन नई दिल्ली में 23 से 24 नवम्बर तक आयोजित किया गया. इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के राज्यपाल और केन्द्र शासित प्रदेशों के उप-राज्यपाल ने भाग लिए जिनमें पहली बार पदभार संभालने वाले 17 राज्यपाल/उपराज्यपाल भी शामिल थे.

इस सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया. यह राष्‍ट्रपति भवन में आयोजित 50वां और श्रीकोविंद की अध्‍यक्षता में तीसरा सम्‍मेलन था. सम्‍मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी हिस्सा लिया.

यह सम्मेलन राज्यपालों और उपराज्यपालों के लिए विचारों का आदान-प्रदान करने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने के साथ-साथ प्रत्येक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश की विशिष्ट एवं विविध आवश्यकताओं और उनके अनुकूल सर्वोत्तम अंतर्राष्ट्रीय प्रथाओं को अपनाने का अवसर प्रदान करता है.

राज्‍यपाल संघीय ढांचे के सुचारू रूप से संचालन के लिए एक महत्‍वपूर्ण संवैधानिक अधिकारी जो केन्‍द्र और राज्‍य सरकारों के बीच सेतु के रूप में काम करते हैं. राज्‍य की जनता राज्‍यपालों को संविधान के, आदर्शों के और मूल्‍यों के कस्‍टोडियन के रूप में देखती है.


आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की छठी बैठक ‘मीटिंग प्लस’ (ADMM Plus) बैंकाक में आयोजित की गयी

आसियान और कुछ अन्‍य देशों के रक्षा मंत्रियों की छठी बैठक ‘मीटिंग प्लस’ (ASEAN Defence Ministers Meeting- ADMM Plus) हाल ही में थाइलैण्‍ड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित की गयी थी. राजनाथ सिंह ने इस बैठक में भारत का प्रत्निधित्व किया था.

  • इस बैठक में आसियान के दस देशों के अलावा जापान, अमेरिका, चीन जैसे आठ देश भी अधिक व्यावहारिक रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए इस बैठक में भाग लिए. इस बैठक के क्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ‘मीटिंग प्लस’ (ADMM Plus) तथा रक्षा एवं सुरक्षा 2019 प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया था.
  • ADMM Plus बैठक के एजेंडे के तहत श्री सिंह ने म्यामांर के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल सीन विन के साथ मिलकर ‘हैंडबुक ऑन मिलिट्री मेडिसीन फोर आसियान’ भी जारी किया था.
  • रक्षामंत्री सिंह ने आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की छठी बैठक को सम्‍बोधित किया. इस अवसर पर उन्‍होंने अन्‍तर्राष्‍ट्रीय समुदाय का आह्वान किया कि वे आतंकवादियों के ठिकानों और नेटवर्क को नष्‍ट कर उनके वित्‍तीय स्रोत को समाप्‍त कर तथा उनकी आवाजाही पर रोक लगाकर क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित बनाए.

भारत-सिंगापुर रक्षा मंत्री संवाद
बैंकॉक की इस यात्रा के दौरान श्री राजनाथ सिंह ने चौथे भारत-सिंगापुर रक्षा मंत्री संवाद की सह अध्यक्षता की. उन्होंने सिंगापुर के उप-प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री हेंग स्वीकिट से वार्ता की. इस वार्ता में रक्षामंत्री ने भारत और सिंगापुर की सशस्त्र सेनाओं के बीच बढ़ते संयुक्त अभ्यासों पर संतोष व्यक्त किया. दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग बढाने पर जोर दिया.

रक्षामंत्री ने दक्षिण चीन सागर और हिंद प्रशांत क्षेत्र को लेकर भारत का दृष्टिकोण स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि भारत के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र का अभिप्राय मुक्त, समावेशी और स्थिर क्षेत्र से है, जो सुरक्षित समुद्र, व्यापार संपर्क और आसियान देशों के बीच तालमेल से जुड़ा हो.

इंडिया राईजिंग सम्‍मेलन
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस बैंकाक यात्रा के दौरान इंडिया राईजिंग सम्‍मेलन में हिस्सा लिया. इस सम्मेलन का आयोजन भारतीय वाणिज्य संघ ने किया था. सम्मलेन को संबोधित करते हुए उन्होंने 2025 तक भारत के 26 अरब डॉलर के रक्षा उद्योग के लक्ष्‍य को प्राप्‍त करने की बात कही.

श्री सिंह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में भारत का रक्षा निर्यात लगभग छह गुना बढ़ा है. रक्षा मंत्री ने कहा कि 2025 तक एयरोस्‍पेस और रक्षा साजोसामान तथा सेवाओं के क्षेत्र में दस अरब डॉलर के निवेश की संभावना है.


वैश्विक जैव भारत सम्मेलन नई दिल्‍ली में आयोजित किया गया

वैश्विक जैव भारत सम्मेलन (Global Bio-India Summit) 21 से 23 नवम्बर 2019 तक नई दिल्‍ली में आयोजित किया गया. बायोटेक्नोलोजी पर आयोजित इस सम्मेलन में 25 देशों और भारत के 15 से अधिक राज्‍यों के लगभग तीन हजार प्रतिनिधियों ने भाग लिया.

इस सम्मेलन का आयोजन केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग और इसकी जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (BIRAC) द्वारा कान्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के सहयोग से किया गया था. इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य देश में निवेश को आकर्षित करना था.

इस सम्मेलन में देश-विदेश से आए विशेषज्ञों और इस क्षेत्र से जुड़ी छोटी-बड़ी कंपनियों ने बायो-मैन्युफैक्च रिंग, क्लीनिकल ट्रायल और दवाइयों की खोज के क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया.


24 नवम्बर: गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस

24 नवम्बर को सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी का शहीदी दिवस है. सिखों के 8वें गुरु हरिकृष्ण राय जी की अकाल मृत्यु हो जाने की वजह से गुरु तेगबहादुर जी को गुरु बनाया गया था।

गुरु तेग बहादुर जी ने देश के अधिकांश भागों में गुरु नानक देवजी की शिक्षाओं का प्रचार किया था. गुरु तेग बहादुर जी ने 111 शबद और 15 रागों की रचना की थी और उनकी शिक्षाओं और रचनाओं को गुरु ग्रंथ साहिब में शामिल किया गया है.

1675 में इस्लाम कबूल नहीं करने पर मुगल शासक औरंगज़ेब के आदेश से गुरु तेग बहादुर जी को यातनाएं देने के बाद उनका सिर कलम कर दिया गया था.

औरंगज़ेब ने दिल्ली के चांदनी चौक पर गुरु साहिब के शीश को काटने का हुक्म दिया था और गुरु साहिब ने हंसते-हंसते अपना शीश कटाकर बलिदान दे दिया. इसलिए गुरु तेगबहादुरजी की याद में उनके शहीदी स्थल पर एक गुरुद्वारा स‍ाहिब बना है, जिसका नाम गुरुद्वारा शीश गंज साहिब है.

देश-दुनिया: एक दृष्टि

सामयिक घटनाचक्र डेलीडोज

नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड पर प्रतिबंध: केन्द्र सरकार ने नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड और उसके सभी समूहों, गुटों और मोर्चों पर प्रतिबंध पांच वर्ष के लिये बढ़ा दिया है. गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा है कि नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड जनवरी 2015 से हिंसा में हुई 19 नागरिकों की हत्या में शामिल था.

U-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप: 15 वर्ष से कम आयु की एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप चीनी ताइपे के ताईचुंग में खेला जा रहा है. इस चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने कल 6 स्वर्ण पदक जीते. 48 किलोग्राम भार वर्ग में जापान के दाईकी ओगावा को हराकर आकाश ने स्वर्ण पदक जीता. ग्रीको रोमन श्रेणी में अंकित गुलिया ने कजाकिस्तान के कोर्गानॉफ को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया. 75 किलोग्राम भारवर्ग में चिराग धलिया ने स्वर्ण जीता. लड़कियों में सलोनी, बबली और कोमल ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाए.

G-20 देशों के विदेश मंत्रियों की शिखर बैठक: G-20 देशों के विदेश मंत्रियों की शिखर बैठक जापान के नगोया में आयोजित किया गया. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने हिस्सा लिया. बैठक में मुक्‍त व्‍यापार, सतत विकास और अफ्रीकी देशों के आर्थिक विकास में सहयोग पर विचार-विमर्श हुआ. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शिखर बैठक से अलग जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्‍सु मोतेगी से बातचीत की.

होम मासिक करेंट अफेयर्स टेस्ट जीके टेस्ट
June 30, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 28-30 जून 2026

June 27, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 22-27 जून 2026

June 22, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 19-21 जून 2026

June 19, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 16-18 जून 2026

June 16, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 13-15 जून 2026

June 13, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 10-12 जून 2026

June 10, 2026

📝 डेली करेंट अफेयर्स: 07-09 जून 2026

अंतिम 12 माह का करेंट अफेयर्स

जनवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
फरवरी 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मार्च 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अप्रैल 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
मई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जून 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
जुलाई 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अगस्त 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
सितम्बर 2024पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
अक्टूबर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
नवम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
दिसम्बर 2023पढ़ें 〉टेस्ट दें 〉
  © Copyright - edudose.com
  • Link to Facebook
  • Link to X
  •   Privacy Policy
  • About |Contact
Scroll to top Scroll to top Scroll to top