Tag Archive for: ILO

ILO डेटाबेस: सामाजिक सुरक्षा देने के मामले में भारत विश्व में दूसरे स्थान पर

  • अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के डेटाबेस (ILO-STAT) के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा देने के मामले में भारत, चीन के बाद दूसरे स्थान पर है.
  • लोगों को सामाजिक सुरक्षा देने के मामले में भारत ने पिछले एक दशक में जबरदस्त कामयाबी प्राप्त की है.
  • भारत में वर्तमान में 94 करोड़ लोग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आ गए हैं यानी देश की कुल 64.3 प्रतिशत आबादी कम से कम एक सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ अवश्य ले रही है.
  • भारत का सामाजिक सुरक्षा कवरेज 2015 में महज 19 प्रतिशत था जो 2025 में बढ़कर 64.3 प्रतिशत पर पहुंच गया है.
  • ILO के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ हुंगबो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों और मजदूर वर्ग के लिए भारत की जन केंद्रित कल्याणकारी नीतियों की प्रशंसा की है.

सामाजिक सुरक्षा क्या है?

  • सामाजिक सुरक्षा, व्यक्तियों और परिवारों को जोखिमों और अस्थिरता से बचाने के लिए सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली नीतियों और कार्यक्रमों का एक समूह है.
  • यह मुख्य रूप से गरीबी और सामाजिक बहिष्कार से सुरक्षा प्रदान करता है, साथ ही स्वास्थ्य देखभाल और आय सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है.
  • आईएलओ के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा के नौ घटक हैं:
  1. गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच,
  2. बीमारी की स्थिति में आय सुरक्षा,
  3. बेरोजगारी सुरक्षा,
  4. वृद्धावस्था पेंशन,
  5. रोजगार के दौरान चोट से सुरक्षा,
  6. परिवार और बच्चों के लिए लाभ,
  7. मातृत्व लाभ,
  8. विकलांगता लाभ, और
  9. परिवार में कमाने वाले की मृत्यु होने पर विधवाओं और आश्रित बच्चों को उत्तरजीवी लाभ.

अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO)

  • अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) संयुक्त राष्ट्र की विशिष्ट संस्था है. इसका कार्य अंतर्राष्ट्रीय श्रम मानकों को निर्धारित करके सामाजिक और आर्थिक न्याय को आगे बढ़ाना है.
  • इसकी स्थापना सन् 1919 में वर्साय की संधि के द्वारा हुई थी. 1945 में संयुक्त राष्ट्र की स्थापित होने के बाद यह संयुक्त राष्ट्र की पहली विशेष एजेंसी बन गई.

ILO ने वर्ल्ड एम्प्लॉयमेंट एंड सोशल आउटलुक 2022 रिपोर्ट जारी की

अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने हाल ही में ‘वर्ल्ड एम्प्लॉयमेंट एंड सोशल आउटलुक’ (WESO) 2022 रिपोर्ट जारी की थी. इस रिपोर्ट में 2022 और 2023 के लिए व्यापक श्रम बाजार अनुमानों का विश्लेषण किया गया है. रिपोर्ट में दुनिया भर में श्रम बाजार में सुधार का आकलन किया गया है.

मुख्य बिदु

  • ILO ने इस रिपोर्ट में, 2022 में श्रम बाजार में सुधार के लिए अपने पूर्वानुमान को घटा दिया है. 2022 में वैश्विक श्रम बल की भागीदारी दर COVID-19 महामारी शुरू होने से पहले 2019 की तुलना में 1.2 प्रतिशत नीचे रहने का अनुमान है.
  • 2019 में 186 मिलियन की तुलना में 2022 में वैश्विक बेरोजगारी का स्तर 207 मिलियन होने का अनुमान है.
  • 2022 में वैश्विक स्तर पर काम करने के कुल घंटे पूर्व-महामारी स्तर से 2% कम होने का अनुमान है, और यह 52 मिलियन पूर्णकालिक नौकरियों के नुकसान के बराबर है.

भारत को अन्तर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के संचालक मंडल की अध्यक्षता मिली

भारत को अन्तर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के संचालक मंडल की अध्यक्षता मिली है. श्रम सचिव अपूर्व चंद्र को ILO के संचालक मंडल के अध्यक्ष के लिए चुना गया है. वह इस पद पर अक्टूबर 2020 से जून 2021 तक रहेंगे. 35 साल बाद भारत को ILO के संचालक मंडल की अध्यक्षता मिली है.

अन्तर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) क्या है?

अंतर्राष्‍ट्रीय श्रम संगठन (International Labour Organization) संयुक्‍त राष्‍ट्र की एजेंसी है. यह अन्तर्राष्ट्रीय श्रम मानक तय करती है. यह संगठन अंतरराष्ट्रीय आधारों पर मजदूरों तथा श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए नियम बनाता है. 1969 में इसे विश्व शांति के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.

संचालक मंडल ILO का शीर्ष कार्यकारी निकाय है. यह निकाय नीतियों, कार्यक्रमों, एजेंडा, बजट और महानिदेशकों का चुनाव करती है. वर्तमान में ILO के 187 सदस्य हैं. ILO का मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में है.

28 अप्रैल: विश्व कार्यस्थल स्वास्थ्य एवं सुरक्षा दिवस

प्रत्येक वर्ष 28 अप्रैल को दुनियाभर में ‘विश्व कार्यस्थल स्वास्थ्य एवं सुरक्षा दिवस’ (World Day for Safety and Health at Work) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य कार्यस्थलों पर कर्मकारों के सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की ओर ध्यान आकर्षित करना है.

2020 का मुख्य विषय (थीम)

इस वर्ष यानी 2020 में विश्व कार्यस्थल स्वास्थ्य एवं सुरक्षा दिवस का मुख्य विषय (थीम) ‘Stop the Pandemic : Safety and Health At work Can Save Lives’ है. यह मुख्य रूप से ‘COVID-19’ महामारी पर केंद्रित है.

अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO): एक दृष्टि

  • विश्व कार्यस्थल स्वास्थ्य एवं सुरक्षा दिवस को मनाये जाने की घोषणा अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने की थी. इसे प्रतिवर्ष 2003 से मनाया जा रहा है.
  • ILO संयुक्त राष्ट्र की एकमात्र त्रि-पक्षीय संस्था है. यह श्रम मानक निर्धारित करने, नीतियाँ को विकसित करने एवं सभी महिलाओं तथा पुरुषों के लिये सभ्य कार्य को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम तैयार करने हेतु 187 सदस्य देशों की सरकारों, नियोक्ताओं और श्रमिकों को एक साथ लाता है.
  • ILO की स्थापना 29 अक्टूबर 1919 को की गयी थी. इसका मुख्यालय स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में है. इसके कुल 187 सदस्य हैं.