राष्ट्रपति ने अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की यात्रा संपन्न की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13-19 अक्तूबर 2024 तक तीन अफ्रीकी देशों- अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की यात्रा पर थे. उन्होंने पहले अल्जीरिया, फिर मॉरिटानिया और आखिरी चरण में मलावी की यात्रा की थी. राष्ट्रपति मुर्मू इन तीन अफ्रीकी देशों की आधिकारिक यात्रा करने वाले पहली भारतीय राष्ट्रपति हैं.
अल्जीरिया
- राष्ट्रपति मुर्मू ने इस यात्रा के पहले चरण में 13 अक्तूबर को अल्जीरिया की राजधानी अल्जीयर्स पहुंची थीं.
- राष्ट्रपति मुर्मू ने अल्जीयर्स के एल मौराडिया पैलेस में अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्देलमदजीद तेब्बौने के साथ आधिकारिक वार्ता की और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की.
- अल्जीरिया के सिदी अब्देल्ला विज्ञान और प्रौद्योगिकी पोल विश्वविद्यालय ने राष्ट्रपति मुर्मू को राजनीति विज्ञान में मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया था.
- अल्जीरिया, अफ़्रीका के मघरेब क्षेत्र में स्थित एक देश है जिसकी राजधानी और सबसे अधिक आबादी वाला शहर अल्जीयर्स है.
- अल्जीरिया की सीमाएँ उत्तर-पूर्व में ट्यूनीशिया, पूर्व में लीबिया, दक्षिण में नाइजर और माली, दक्षिण-पश्चिम में मॉरिटानिया और पश्चिमी सहारा तथा पश्चिम में मोरक्को.
मॉरिटानिया
- तीन अफ्रीकी देशों की यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति मुर्मु ने मॉरिटानिया की यात्रा की थी. उन्होंने मॉरिटानिया के राष्ट्रपति मोहम्मद ऑल्द ग़जुआनी के साथ द्विपक्षीय बैठक की.
- इस अवसर पर दोनों देशों के बीच चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए. अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को मजबूत करने और आपसी हितों के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया.
- दूसरा समझौता दोनों देशों के विदेशी संबंधों के प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग के लिए और तीसरा राजनयिक और आधिकारिक पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा नियमों में छूट पर किया गया. चौथा समझौता 2024 से 2028 तक दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है.
- मॉरिटानिया एक इस्लामिक देश है जो अफ़्रीका में अटलांटिक महासागर के तट पर स्थित है. मॉरिटानियन फ्रांस का उपनिवेश था और 1960 में इसे स्वतंत्रता मिली.
- अफ्रीका के सहारा रेगिस्तान में बसा मॉरिटानिया एक बेहद गरीब देश है और इसकी आबादी का एक बड़ा हिस्सा खानाबदोश है.
- मॉरिटानिया में लौह अयस्क, तांबा और जिप्सम के साथ-साथ कुछ तेल संसाधनों के बड़े भंडार हैं.
मलावी
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी तीन अफ्रीकी देशों की आधिकारिक यात्रा के अंतिम चरण में 17 अक्टूबर को मलावी पहुंचीं थीं.
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मलावी के राष्ट्रपति डॉ. लाजरस मैक्कार्थी चकवेरा के साथ मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की.
- द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के बीच चार समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए. ये समझौते; कला एवं संस्कृति, युवा मामले, खेल और फार्मास्युटिकल सहयोग से संबंधित थे.
- मलावी दक्षिणपूर्वी अफ़्रीका में तंजानिया, मोज़ाम्बिक और ज़ाम्बिया से घिरा हुआ देश है. मलावी झील, जिसे न्यासा झील के नाम से भी जाना जाता है, मलावी के भौगोलिक क्षेत्र का लगभग पांचवां हिस्सा है.