डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत और अमरीका के बीच चौथी टू प्लस टू वार्ता, प्रधानमंत्री की अमरीकी राष्ट्रपति के साथ शिखर बैठक
भारत और अमरीका के बीच चौथी ‘टू प्लस टू वार्ता’ 11 अप्रैल को वाशिंगटन में हुई थी. इस वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने जबकि अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था. इस वर्ष की टू-प्लस-टू मन्त्रिस्तरीय वार्ता दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुई.
मुख्य बिंदु
- इस वार्ता में दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय स्थिरता और कानून का शासन बढाने की प्रतिबद्धता दोहराई. भारत के खिलाफ आतंकवाद को हथियार के रूप में इस्तेमाल किए जाने की कुछ देशों की नीति पर भी चर्चा हुई.
- भारत के अंतरिक्ष विभाग और अमेरिका के रक्षा विभाग ने ‘स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस’ समझौता पूरा कर लिया है. डिफेंस स्पेस और डिफेंस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी समझौता हुआ है.
- यूक्रेन में जारी संघर्ष और उससे उत्पन्न स्थिति के बारे में बातचीत हुई. भारत बातचीत और कूटनीति का पक्षधर है तथा हिंसा तत्काल समाप्त करना चाहता है.
- भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए आवश्यक ऊर्जा रूस से खरीदता है. डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत की एक महीने की खरीद यूरोप की एक दिन की खरीद से कम होगी.
- भारत, अमरीका के महत्वपूर्ण रक्षा मंचों को हासिल करता रहेगा, क्योंकि अमरीका भारत को हिंद प्रशांत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण रक्षा उत्पादक देश मानता है.
- सभी देश, विशेष रूप से रूस से जुडे देश रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर युद्ध समाप्त करने के लिए दबाव डालें. भारत को यूक्रेन चुनौती से निपटने के बारे में अपने फैसले खुद करने होंगे.
भारत-अमरीका के मन्त्रियों की टू-प्लस-टू वार्ता
भारत-अमरीका के मन्त्रियों की पहली टू-प्लस-टू वार्ता सितंबर 2018 में नई दिल्ली में हुई थी. उस समय अमरीका के तत्कालीन विदेश मंत्री माइकल पॉम्पियो और रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन के साथ बातचीत करने भारत आये थे. उसके बाद से अब तक इस वार्ता के तीन दौर हो चुके हैं.
प्रधानमंत्री की अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ शिखर बैठक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति जो. बाइडेन ने 11 अप्रैल को बैठक की थी. यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई थी. यह शिखर बैठक भारत और अमरीका के विदेश और रक्षा मंत्रियों की ‘टू प्लस टू वार्ता’ से पहले हुई थी.
इस बैठक में दोनों नेताओं ने कोविड महामारी, वैश्विक आर्थिक बहाली, जलवायु गतिविधि, दक्षिण एशिया और हिंद प्रशांत क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों और यूक्रेन की स्थिति जैसे कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया.
कॉमलवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में होगा
कॉमलवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) 2026 का आयोजन ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में होगा. कॉमनवेल्थ गेम्स फेड्रेशन ने यह जानकारी 12 अप्रैल को दी.
मुख्य बिंदु
- खेलों का आयोजन मार्च 2026 में विक्टोरिया राज्य के मेलबर्न, जीलोंग, बेंडिगो, बेलार्ट और जिप्सलैंड में होगा. खेलों का उद्घाटन समारोह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा.
- शुरुआत में टी20 क्रिकेट सहित 16 खेलों को इन खेलों के लिए चुना गया है और इसी साल अन्य खेलों को भी इस सूची में जोड़ा जाएगा.
- ऑस्ट्रेलिया में 2026 में होने वाले खेल इस बहु खेल प्रतियोगिता का 23वां सत्र होगा. पहले खेलों का आयोजन 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में किया गया था.
- ऑस्ट्रेलिया पांच बार राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी कर चुका है. ऑस्ट्रेलिया ने इसके अलावा 1938 में सिडनी, 1962 में पर्थ, 1982 में ब्रिसबेन और 2018 में गोल्ड कोस्ट में इन खेलों की मेलबानी की थी. विक्टोरिया में 2004 में बेंडिगो में राष्ट्रमंडल युवा खेलों का आयोजन किया गया था.
नीलमणि फुकन को 56वें ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया
असमी भाषा के प्रसिद्ध कवि नीलमणि फुकन को 11 अप्रैल को गुवाहाटी में 56वें ज्ञानपीठ पुरस्कार (Gyanpeeth Award) से सम्मानित किया गया.
ज्ञानपीठ पुरस्कार चयन समिति ने 56वें और 57वें ज्ञानपीठ पुरस्कार (Gyanpeeth Award) की घोषणा दिसम्बर 2021 में की थी. वर्ष 2020 के लिए असमिया साहित्यकार नीलमणि फूकन को तथा वर्ष 2021 के लिए कोंकणी साहित्यकार दामोदर मौउजो (Damodar Maujo) को दिए जाने की घोषणा की गयी थी. पढ़ें पूरा आलेख…»
भारत ने स्वदेशी टैंक रोधी मिसाइल हेलिना का सफल परीक्षण किया
भारत ने 11 अप्रैल को स्वदेशी टैंक रोधी मिसाइल हेलिना (HELINA) का सफल परीक्षण किया था. यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO), भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना (IAF) के वैज्ञानिकों की एक टीम ने राजस्थान के पोखरण में किया था.
- इस परीक्षण में हेलिना का उड़ान परीक्षण एक उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) से किया गया था. इस परीक्षण में एक नकली टैंक लक्ष्य को शामिल किया गया था.
- स्वदेशी विकसित हेलिना टैंक रोधी मिसाइल, हैलिकॉप्टर से दागी जाने वाली दुनिया के अत्याधुनिक टैंक रोधी हथियारों में से एक है.
- इस मिसाइल की अधिकतम मारक क्षमता 7 किलोमीटर है. इसे रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला (DRDL) हैदराबाद द्वारा विकसित किया गया है.
पाकिस्तान में शहबाज शरीफ ने 23वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली
पाकिस्तान में 11 अप्रैल को शहबाज शरीफ ने 23वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. उन्हें सीनेट के अध्यक्ष सादिक संजरानी ने शपथ दिलाई. इससे पहले पाकिस्तान की संसद ने विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार शहबाज शरीफ को देश का नया प्रधानमंत्री चुना था.
शहबाज शरीफ, पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) पार्टी के प्रमुख और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ के भाई हैं. उन्हें 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में 174 वोट मिले.
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो जाने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद से हटा दिया गया था. इमरान खान पाकिस्तान के इतिहास में ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्हें अविश्वास प्रस्ताव से पद से हटाया गया है. 1947 में पाकिस्तान की आजादी के बाद से देश का कोई भी प्रधानमंत्री पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाया है.
2021-22 में भारत में सोने के आयात में 33.34 प्रतिशत की वृद्धि
पिछले वित्त वर्ष 2021-22 में भारत में सोने के आयात में 33.34 प्रतिशत बढ़कर 46.14 अरब डॉलर पर पहुंच गया. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2020-21 में भारत का सोने का आयात 34.62 अरब डॉलर रहा था. लेकिन वित्त वर्ष 2021-22 में सोने का आयात बढ़ने से देश का व्यापार घाटा बढ़कर 192.41 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो एक साल पहले 102.62 अरब डॉलर रहा था.
मुख्य बिंदु
- चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है. भारत में सोने का आयात मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए किया जाता है.
- वित्त वर्ष 2021-22 में रत्न एवं आभूषणों का निर्यात करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 39 अरब डॉलर पर पहुंच गया.
- रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में देश का चालू खाते का घाटा बढ़कर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 2.7 प्रतिशत या 23 अरब डॉलर पर पहुंच गया.
- अप्रैल, 2021 से फरवरी, 2022 के दौरान मात्रा के लिहाज से सोने का आयात 842.28 टन रहा.
- भारत ज्यादातर सोना, स्विट्जरलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, दक्षिण अफ्रीका, पेरू और घाना से आयात करता है.
13 अप्रैल: जलियांवाला बाग हत्याकांड, खालसा पंथ की स्थापना
प्रत्येक वर्ष 13 अप्रैल को राष्ट्र, जलियांवाला बाग हत्याकांड (Jallianwala Bagh Massacre) की बरसी पर शहीदों को नमन करता है. इसी दिन ही सन 1919 में ब्रिटिश आर्मी का ब्रिगेडियर जनरल डायर ने अमृत्सर के जलियांवाला बाग में निहत्थी भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चलवा दी थीं. इस जघन्य हत्याकांड में 1000 से भी ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी. 13 अप्रैल 1922 को इस निर्मम हत्याकांड के 103 वर्ष पूरे हो गए हैं. पढ़ें पूरा आलेख…»
12 अप्रैल: अंतरराष्ट्रीय मानव अंतरिक्ष उड़ान का दिवस
प्रत्येक वर्ष 12 अप्रैल को पूरे विश्व में ‘अंतरराष्ट्रीय मानव अंतरिक्ष उड़ान का दिवस’ (International Day of Human Space Flight) मनाया जाता है. यह दिवस अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर मानवता के लिए अंतरिक्ष युग की शुरूआत करने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. इस दिन को सोवियत संघ में कॉस्मोनॉटिक्स दिवस (Cosmonautics Day) के रूप में मनाया जाता है. 2001 से अमेरिका इस दिन को ‘विश्व अंतरिक्ष पार्टी’ (World Space Party) के रूप में मना रहा है. 12 अप्रैल 1961 को सोवियत नागरिक यूरी गगारिन ने पहली मानव अंतरिक्ष उड़ान भरी थी.
13 अप्रैल: सियाचिन दिवस, सियाचिन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 13 अप्रैल को सियाचिन दिवस (Siachen Day) मनाया जाता है. आज ही के दिन 1984 में लद्दाख के सियाचिन में भारतीय सेना को विजय मिली थी. इस ग्लेशियर पर भारतीय सेना ने पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ कर तिरंगा फहराया था. सेना के इसी जज्बे और जोश को सलाम करने के मकसद से यह दिवस मनाया जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
हर्षवर्धन श्रृंगला को जी20 शिखर सम्मेलन 2023 का मुख्य समन्वयक नियुक्त किया गया
पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, 2023 में भारत की जबानी में आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए समन्वयक नियुक्त किया गया है. श्रृंगला 30 अप्रैल को विदेश सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं. इसके बाद वह समन्वयक का पद संभालेंगे. इसके साथ केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भारत के जी-20 शेरपा के रूप में काम करना जारी रखेंगे.
UGC ने दो पूर्णकालिक डिग्री प्राप्त करने की अनुमति दी
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) विद्यार्थियों को एक साथ दो पूर्णकालिक डिग्री प्राप्त करने की अनुमति दे दी है. आयोग के अध्यक्ष प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने यह जानकारी दी. विद्यार्थी एक ही विश्वविद्यालय या अलग-अलग विश्वविद्यालयों से एक साथ नियमित या ऑनलाइन मोड पर दो शैक्षणिक पाठ्यक्रम कर सकते हैं.
मनोज सोनी यूपीएससी के नए अध्यक्ष नियुक्त
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के मौजूदा सदस्य डॉ मनोज सोनी को इस संस्था का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. डॉ सोनी को यूपीएससी के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार जोशी की जगह नियुक्त किया गया है.
नीदरलैंड्स ने चौथी बार FIH जूनियर महिला हॉकी विश्व कप जीता
नीदरलैंड्स ने चौथी बार FIH जूनियर महिला हॉकी विश्व कप जीत लिया है. दक्षिण अफ्रीका के पॉचेस्ट्रूम में 12 अप्रैल को हुए फाइनल में नीदरलैंड्स ने जर्मनी को 3-1 से पराजित किया. इससे पहले इंग्लैंड ने कांस्य पदक के लिए खेले गए मैच में 2-2 से ड्रॉ के बाद शूट-आउट में भारत को 3-0 से हराया.
पहला लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया जाएगा
भारत रत्न स्वर्गीय लता मंगेशकर की याद में उनके परिवार ने लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार शुरू किया है. ये पुरस्कार हर साल 24 अप्रैल को मास्टर दीनानाथ मंगेशकर की पुण्यतिथि पर देश की किसी ऐसी शख्सियत को दिया जाएगा जिन्होंने पूरा जीवन देश और समाज की निस्वार्थ सेवा में समर्पित कर दिया हो. इस साल पहला लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया जाएगा.
