डेली कर्रेंट अफेयर्स
वित्त वर्ष 2022-23 के लिए केन्द्रीय आम बजट का सार
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने 1 फरवरी को लोकसभा में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए आम बजट (Union Budget) पेश किया था. यह बजट 39.44 लाख करोड़ रुपये का था. इस बजट के अनुसार सरकार को सबसे अधिक कमाई उधार व अन्य देनदारियों से होगी. इसकी कुल कमाई में 35 फीसदी हिस्सेदारी होगी. अगले वित्त वर्ष में सरकार की पूरी कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में खर्च होगा.
इस बार के बजट में सरकार की चार प्राथमिकताएं हैं:
- पीएम गतिशक्ति
- समावेशी विकास
- उत्पादकता में वृद्धि और निवेश
- ऊर्जा परिवर्तन और जलवायु कार्य योजना तथा निवेश का वित्तपोषण
वित्त वर्ष 2021-22 का आर्थिक सर्वेक्षण संसद में पेश किया गया
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने 31 जनवरी को संसद के दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण 2022 पेश किया. इससे पहले राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया था.
आर्थिक सर्वेक्षण 2021-22: मुख्य बिंदु
- 2022-23 में देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में 8 से 8.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हो सकती है. 2020-21 में GDP वृद्धि -7.3 प्रतिशत थी. 2021-22 में GDP वृद्धि वृद्धि दर 9.2 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है, जो दुनिया की समस्त बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सर्वाधिक है.
- 2020-21 में कृषि क्षेत्र में 3.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी. 2021-22 में इस क्षेत्र के 3.9 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है. चालू वर्ष में, खरीफ सत्र के लिए खाद्यान्न उत्पादन करीब 150 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर आने का अनुमान है.
- 2020-21 में औद्योगिक क्षेत्र में वृद्धि दर -7 प्रतिशत वृद्धि ही थी लेकिन 2021-22 में यह 11.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है.
- 2020-21 में सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर -8.4 प्रतिशत थी जो 2021-22 में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है.
- सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSB) का कुल शुद्ध लाभ 2020-21 के पहले छह महीनों के दौरान 14,688 करोड़ रुपये से बढ़कर 2021-22 की पहली छमाही में 31,144 करोड़ रुपये हो गया है.
सर्जियो मातारेला इटली के दोबारा राष्ट्रपति चुने गए
सर्जियो मातारेला को इटली का दोबारा राष्ट्रपति चुन लिया गया है. वह पहली बार 2015 में राष्ट्रपति बने थे. अब उन्हें दोबारा 7 साल के कार्यकाल के लिए चुना गया है. उन्हें कुल 1,009 मतों में से उन्हें 759 मत मिले. मातारेला के नाम पर दक्षिणपंथी और वामपंथियों समेत ज्यादातर पार्टियां राजी थीं. इटली में राष्ट्रपति चुनाव 24 जनवरी से 29 जनवरी, 2022 के बीच रोम में संपन्न हुआ था.
इटली में राष्ट्रपति
इटली में राष्ट्रपति का कार्यकाल 7 साल का होता है. भारत की तरह ही इटली में भी राष्ट्रपति की भूमिका आमतौर पर रस्मी ही होती है. हालांकि, राष्ट्रपति के पास संसद भंग करने, नया प्रधानमंत्री चुनने और पार्टियों के कमजोर गठबंधनों को सरकार बनाने की अनुमति ना देने जैसी कई बड़ी शक्तियां होती हैं.
ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट: नडाल ने पुरुष और बार्टी ने महिला एकल खिताब जीता
ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट (Australian Open) 2022 प्रतियोगिता 9 जनवरी से 30 जनवरी तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में खेला गया था.
पुरुष एकल
ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट 2022 के पुरुष एकल का खिताब स्पेन के राफेल नडाल ने जीत लिया है. 30 जनवरी को खेले गये फाइनल में नडाल ने रूस के डेनियल मेदवेदेव को हराकर इस प्रतियोगिता का विजेता बना.
यह राफेल नडाल का 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब था. इस जीत के साथ वह सर्वाधिक ग्रैंडस्लैम जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी हो गए हैं. इससे पहले नडाल ने 2020 में फ्रैंच ओपन में अपना 20वां खिताब जीता था. स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने 20 ग्रैंड स्लैम जीते हैं.
महिला एकल
ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी ने यूएस की डेनियल कोलिन्स (Danielle Collins) को हराकर महिला एकल का खिताब अपने नाम किया. बार्टी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए यह ग्रैंड स्लैम खिताब 44 वर्ष बाद जीता है. उनसे पहले 1978 में यह खिताब क्रिस्टीन ओ नील ने जीता था.
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 के विजेताओं की सूची:
पुरुष एकल: राफेल नडाल
महिला एकल: एशले बार्टी
पुरुष युगल: थानासी कोकिनाकिस और निक किर्जियोस
महिला युगल: बारबोरा क्रेजीकोवा और केटरीना सिनियाकोवा
मिश्रित युगल: क्रिस्टिना मलादेनोविक और इवान डोडिग
पीआर श्रीजेश को वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर का पुरस्कार
भारतीय पुरुष हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश को वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर (World Games Athlete of the Year) 2021 का पुरस्कार दिया गया है. वह यह पुरस्कार जीतने वाली रानी रामपाल (Rani Rampal) के बाद दूसरे भारतीय हैं. भारतीय महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल अपने प्रदर्शन के लिए यह सम्मान जीतने वाली पहली भारतीय बनीं. उन्हें 2019 में सम्मानित किया गया था.
17 देशों के कुल 24 एथलीटों को व्यक्तिगत या टीम के प्रदर्शन के आधार पर वार्षिक पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया था. स्पेन के अल्बर्टो गिनेस लोपेज़ (Alberto Ginés López) और इटली के वुशु खिलाड़ी मिशेल जिओर्डानो (Michele Giordano) उप-विजेता रहे. अक्टूबर में FIH स्टार्स अवार्ड्स में, श्रीजेश को 2021 के लिए गोलकीपर ऑफ द ईयर चुना गया था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम
वित्त मंत्रालय में प्रधान आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल ने कहा है कि पिछले छह वर्षों में भारत में स्टार्ट-अप संस्कृति में भारी उछाल आया है. श्री सान्याल ने कहा कि अमेरिका और चीन के बाद भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है.
जनवरी, 2022 में GST राजस्व संग्रह 1.38 लाख करोड़ रुपये
जनवरी, 2022 में वस्तु और सेवाकर (GST) राजस्व संग्रह 1.38 लाख करोड़ रुपये का हुआ है. जिसमें सीजीएसटी 24.674 हजार करोड़ रुपये, एसजीएसटी 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक, आईजीएसटी 72 हजार करोड़ रुपये से अधिक और उपकर नौ हजार 674 करोड़ रुपये है. अप्रैल 2021 के महीने में सबसे ज्यादा मासिक जीएसटी संग्रह 1.39 लाख करोड़ रुपये रहा था.
भारतीय तटरक्षक बल का 46वां स्थापना दिवस
भारतीय तटरक्षक बल ने 1 फरवरी को 46वां स्थापना दिवस मनाया. दुनिया में चौथे सबसे बड़े तटरक्षक के रूप में बल ने भारतीय तटों को सुरक्षित रखने और भारत के समुद्री क्षेत्रों में नियमों को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
