डेली कर्रेंट अफेयर्स
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स: भारत 83वें स्थान पर, जापान और सिंगापुर शीर्ष स्थान पर
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स (Henley Passport Index) 2022 रिपोर्ट हाल ही में जारी की गयी थी. 199 देशों की इस पासपोर्ट रैंकिंग रिपोर्ट में भारत 83वें स्थान पर है. भारत की रैंकिंग में पिछले रैंकिंग रिपोर्ट से 7 स्थान का सूधार हुआ है. इस सूचकांक में शीर्ष तीन स्थानों पर एशियाई देश हैं. ये तीन देश जापान, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया हैं. पढ़ें पूरा आलेख…»
भारत ने ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के उन्नत संस्करण का सफल परीक्षण किया
भारत ने 11 जनवरी को समुद्र से समुद्र तक मार करने वाली ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के उन्नत संस्करण का सफलतापूर्वक परीक्षण किया था. यह परीक्षण नौसेना के INS विशाखापत्तनम पोत से किया गया था. इस परीक्षण में मिसाइल ने अपने लक्ष्य पर सफल प्रहार किया.
ब्रह्मोस एक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है. इसका नाम ‘ब्रह्मोस’ भारत के ब्रह्मपुत्र और रूस के मोस्कवा नदियों को जोड़ कर रखा गया है. ब्रह्मोस में पहले चरण में इस्तेमाल होने वाला प्रणोदक (propellant) ठोस ईंधन है और दूसरे चरण में प्रयुक्त होने वाला तरल ईंधन है. यह मैक 2.0 से 2.8 की अधिकतम गति प्राप्त कर सकता है.
पहली बार मानव में सूअर के हृदय का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया गया
पहली बार मानव में सूअर के हृदय का सफलतापूर्वक प्रत्यारोपण किया गया है. यह प्रत्यारोपण अमेरिका के यूनिवर्सिटी आफ मैरीलैंड मेडिकल स्कूल के शल्य चिकित्सक डॉ. बार्टले ग्रिफिथ ने की. इस प्रत्यारोपण में 57 साल के एक व्यक्ति में आनुवंशिक रूप से परिवर्तित एक सूअर का दिल प्रत्यारोपण किया गया.
अमेरिका के दवा नियामक (FDA) ने इस सर्जरी के लिए 31 दिसम्बर 2021 को मंजूरी दी थी. सूअर के दिल के प्रत्यारोपण की यह आपात मंजूरी 57 साल के पीड़ित व्यक्ति डेविड बेनेट की जान बचाने के लिए अंतिम उपाय के रूप में दी गयी थी.
इस प्रत्यारोपण से हृदय की गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लाखों लोग के दिल के प्रत्यारोपण का नया रास्ता खुल गया है. यह शल्य चिकित्सा पशुओं के अंगों के इंसान में प्रत्यारोपण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी.
बेनेट का परंपरागत रूप से होने वाले हृदय प्रत्यारोपण नहीं हो सकता था, इसलिए अमेरिकी चिकित्सकों ने यह बड़ा फैसला लेकर सूअर का दिल प्रत्यारोपित कर दिया.
भारत और ब्रिटेन ने व्यापार समझौते के लिए वार्ता शुरू की
भारत और ब्रिटेन ने व्यापार समझौते के लिए वार्ता शुरू की है. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय व्यापार मामलों की मंत्री एनी-मेरी ट्रेवलियन के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि दोनों देशों को आशा है कि वार्ता एक साल में या उससे कुछ अधिक समय में संपन्न हो जाएगी.
उन्होंने कहा कि समग्र आर्थिक भागीदारी के बारे में मुक्त व्यापार समझौते पर व्यापक बातचीत दोनों देशों के संबंधों के बीच एक महत्वपूर्ण कदम है. श्री गोयल ने कहा कि पर्यटन, प्रौद्योगिकी स्टार्ट-अप शिक्षा, जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा.
12 जनवरी 2022: स्वामी विवेकानंद की 159वीं जयंती, राष्ट्रीय युवा दिवस
12 जनवरी 2022 को भारत के महान आध्यात्मिक गुरु स्वामी विवेकानंद की 159वीं जयंती थी. इस दिन को ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ (National Youth Day) के रुप में मनाता जाता है. अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा दिसम्बर, 1999 में की गयी थी. स्वामी विवेकानंद ने विश्व को वेदांत और योग के भारतीय दर्शन से अवगत कराया था. उठो, जागो, और ध्येय की प्राप्ति तक रूको मत… पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
तमिलनाडु में 11 नए सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से तमिलनाडु में 11 नए सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों का लोकार्पण किया. श्री मोदी ने चेन्नई में केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान के नए परिसर का भी उद्घाटन किया. चिकित्सा महाविद्यालयों के निर्माण पर लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की लागत आई है.
भारत और कोरिया द्विपक्षीय व्यापार वार्ता
भारत और कोरिया ने द्विपक्षीय व्यापार वार्ता की. यह वार्ता मुख्य रूप से व्यापार घाटे पर केंद्रित थी. इस वार्ता में दोनों देशों ने निवेश संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की. 2018 में भारत-कोरिया द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब डॉलर का था. भारत कोरिया के खिलाफ व्यापार घाटे का सामना कर रहा है. 2008-09 में व्यापार घाटा 5 अरब डॉलर और 2020-21 में 8 बिलियन डालर था.
जिनेवा में अमेरिका और रूसी अधिकारियों की वार्ता
अमेरिका और रूसी अधिकारियों ने जिनेवा में यूक्रेन सम्बन्धी तनाव सहित कई मुद्दों पर चर्चा की. अमेरिका और अन्य पश्चिमी देश को यूक्रेन पर रूसी आक्रमण का भय है. यूक्रेन को अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों का समर्थन प्राप्त है. यूक्रेन का गठन सोवियत संघ के विघटन के बाद हुआ था. रूस ने यूक्रेन सीमा पर हजारों सैनिकों को तैनात किया है. जिससे दोनों देशों के बीच शीत युद्ध शुरू हो गया.
भारत की सबसे उम्रदराज भालू गुलाबो का निधन
भारत की सबसे उम्रदराज मादा स्लॉथ भालू, जिसका नाम गुलाबो था, का मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान और चिड़ियाघर में निधन हो गया. गुलाबो देश का सबसे पुराना सुस्त भालू था. 40 साल की उम्र में उनका निधन हो गया.
पूर्व जज इंदु मल्होत्रा की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय पैनल
सर्वोच्च न्यायालय ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की हाल की पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा उल्लंघन की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है. इस कमेटी की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज जस्टिस इंदु मल्होत्रा करेंगी.
पियरे-ओलिवियर गौरींचस IMF के अगले मुख्य अर्थशास्त्री
फ्रांस के अर्थशास्त्री पियरे-ओलिवियर गौरींचस को अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के अगले मुख्य अर्थशास्त्री के रूप में नामित किया गया है. वह गीता गोपीनाथ की जगह लेंगे, जो फंड की मुख्य अर्थशास्त्री के रूप में सेवा करने वाली पहली महिला हैं. गोपीनाथ 21 जनवरी 2022 से IMF के पहले उप प्रबंध निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे.
