डेली कर्रेंट अफेयर्स
विराट कोहली सबसे तेजी से 23000 रन बनाने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बने
भारतीय कप्तान विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेजी से 23000 रन बनाने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बन गये हैं. उन्होंने यह कीर्तिमान 2 सितंबर को इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में बनाया। विराट कोहली ने अपनी 490वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की। विराट कोहली ने जेम्स एंडरसन की गेंद पर चौका लगाते हुए यह उपलब्धि हासिल की.
विराट कोहली ने अपने करियर की शुरूआत 18 अगस्त 2008 को श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय मैच से की थी। उन्होंने अबतक 12,169 रन वनडे में, 3159 रन टी20 में और 7671 रन टेस्ट क्रिकेट में बनाये हैं। विराट ने अब तक 27 टेस्ट और 43 वनडे शतक बना चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय मैच में सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा रन
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 34357 रन सचिन तेंदुलकर के नाम है. उनके बाद कुमार संगकारा (28016) और रिकी पोंटिंग (27483) का नंबर है. कोहली सातवें नंबर पर है जबकि छठे नंबर पर राहुल द्रविड़ (24208) हैं.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 23,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज
विराट कोहली (490), सचिन तेंदुलकर (522), रिकी पोंटिंग (544), जैक्स कैलिस (551), कुमार संगकारा (568), राहुल द्रविड़ (576), महेला जयवर्धने (645)
तालिबान ने मुल्ला हिबतुल्ला अखुंदजादा को अफगानिस्तान का सर्वोच्च नेता घोषित किया
तालिबान ने मुल्ला हिबतुल्ला अखुंदजादा को अफगानिस्तान का सर्वोच्च नेता घोषित किया है. उसके अंतर्गत एक प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति देश का संचालन करेगा. अखुंदजादा नई सरकार का नेता भी होगा. तालिबान ने विभिन्न प्रांतों और जिलों के लिए गवर्नरों, पुलिस प्रमुखों और पुलिस कमांडरों की नियुक्ति पहले ही कर दी है.
ईरान के मॉडल के आधार पर सरकार बनाने का निर्णय
तालिबान ने ईरान के मॉडल के आधार पर सरकार बनाने का निर्णय किया है. नये सरकार में सर्वोच्च नेता देश का अध्यक्ष होगा और वह सर्वोच्च राजनीतिक तथा धार्मिक पदाधिकारी होगा जो राष्ट्रपति से भी ऊपर होगा.
भारतीय नौसेना के लिए स्वदेश-निर्मित नेवल एंटी-ड्रोन सिस्टम बनाने का समझौता
भारतीय नौसेना ने भारत इलेक्ट्रोनिक्स लिमिटेड (BEL) के साथ अपना पहला स्वदेश-निर्मित नेवल एंटी-ड्रोन सिस्टम (NADS) बनाने का समझौता किया है. यह समझौता 31 अगस्त को नौसेना और अनुसन्धान और विकास संगठन (DRDO) के अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ. इस एंटी-ड्रोन सिस्टम को रक्षा DRDO ने विकसित किया है और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित किया गया है.
एंटी-ड्रोन सिस्टम क्या है?
एंटी-ड्रोन सिस्टम काउंटर अनमैन्ड एयरक्राफ्ट प्रणाली पर काम करते हैं. ये सिस्टम दुश्मन ड्रोन्स और मानव-रहित हवाई उपक्रम या किसी भी प्रणाली का पता लगाते हैं और उन्हें रोक सकते हैं. यह देश के सशस्त्र बलों में शामिल होने वाला पहला स्वदेशी रूप से विकसित एंटी-ड्रोन सिस्टम होगा.
एंटी ड्रोन सिस्टम का निर्माण इस तरह की तकनीक से बनाया गया है कि वह इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल, इंफ्रारेड सेंसर, रडार और रेडियो फ्रीक्वेंसी की मदद से ड्रोन को डिटेक्ट कर उसे पूरी तरह से जाम कर दे.
लद्दाख ने हिम तेंदुए को राज्य पशु और ब्लैक-नेकेड क्रेन को राज्य पक्षी घोषित किया
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में हिम तेंदुए (पैंथर यूनिका) को राज्य पशु और काले गर्दन वाले क्रेन (ग्रस निक्रिकोलिस) को राज्य पक्षी घोषित किया गया है. इस संबंध में लद्दाख प्रशासन के वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण ने एक अधिसूचना जारी की है.
मुख्य बिंदु
जिस तरह से भारत का राष्ट्रीय पशु बाघ और राष्ट्रीय पक्षी मोर है उसी तरह हर राज्य का अपना प्रतीक चिन्ह होता है.
काली गर्दन वाला क्रेन पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर का भी राज्य पक्षी और हंगुल राज्य पशु था, जिसमें लद्दाख भी शामिल था. केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर का राज्य पक्षी को लेकर अभी कोई घोषणा नहीं हुई है जबकि हंगुल (कश्मीरी हिरण) राज्य पशु है.
काली गर्दन वाली क्रेन (सारस), भारत में केवल लद्दाख में पाया जाता है. इसकी ऊंचाई लगभग 1.35 मीटर होती है. इसके पंखों का फैलाव लगभग 2-2.5 मीटर और इसका वजन लगभग 6-8 किलोग्राम होता है, जिसके सिर पर एक चमकदार लाल मुकुट होता है.
भारत में हिम तेंदुओं का निवास स्थान पश्चिमी और पूर्वी हिमालय का पहाड़ी क्षेत्र है. वे मुख्य रूप से लद्दाख, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में पाए जाते हैं.
बांग्लादेशी वैज्ञानिक व पाकिस्तानी अर्थशास्त्री सहित पांच को रमन मैग्सेसे पुरस्कार
वर्ष 2021 का रमन मैग्सेसे पुरस्कार (Raman Magsaysay Award) के लिए बांग्लादेश की वैक्सीन वैज्ञानिक डॉ. फिरदौसी कादरी और पाकिस्तान के अर्थशास्त्री मोहम्मद अमजद साकिब सहित पांच लोगों को चुना गया है.
डॉ. फिरदौसी और साकिब के अलावा इस सूची में फिलीपींस के मत्स्य एवं सामुदायिक पर्यावरणविद रॉबर्टो बैलोन, मानवीय कार्यों एवं शरणार्थी सहायता के क्षेत्र में काम करने वाले अमेरिकी नागरिक स्टीवन मंसी और इंडोनेशिया के खोजी पत्रकार वॉचडॉक शामिल हैं. विजेताओं को मनीला के रमन मैग्सेसे पुरस्कार केंद्र में 28 नवंबर को एक समारोह में इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
वैक्सीन वैज्ञानिक 70 वर्षीय डॉ कादरी को वयस्कों, बच्चों और शिशुओं के लिए हैजा रोधी मुंह से दिया जाने वाला सस्ता टीका और टाइफाइड का टीका विकसित करने का श्रेय है.
64 वर्षीय पाकिस्तानी साकिब ने पहला ब्याज मुक्त माइक्रोफाइनेंस कार्यक्रम ‘अखूवत’ विकसित किया है. साकिब को पाकिस्तान में सबसे बड़ा माइक्रोफाइनेंस संस्थान बनाने का श्रेय है.
रेमन मैग्सेसे पुरस्कार
रेमन मैग्सेसे पुरस्कार को एशिया का नोबेल पुरस्कार माना जाता है. यह पुरस्कार एशिया के उन व्यक्तियों और संस्थाओं को दिया जाता है, जिन्होंने गरीबी उन्मूलन और समाज के विकास में असाधारण योगदान दिया है. फ़िलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रेमन मैग्सेसे की याद में यह पुरस्कार 1957 में शुरू किया गया था.
अब तक 53 भारतीयों को यह पुरस्कार मिल चुका है. पहला अवॉर्ड 1958 में विनोवा भावे को दिया गया था.
श्रीलंका में गंभीर खाद्य संकट, आर्थिक आपातकाल की घोषणा
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने देश में आर्थिक आपातकाल (Economic Emergency in Sri Lanka) की घोषणा की है. देश की मुद्रा के मूल्य में भारी गिरावट के कारण खाद्य कीमतों में तेजी आने के बाद बढ़ती मुद्रास्फीति को रोकने के लिए श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने यह कदम उठाया है.
‘राष्ट्रपति राजपक्षे ने चावल और चीनी सहित आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी को रोकने के लिए सार्वजनिक सुरक्षा अध्यादेश के तहत आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी. 2 सितम्बर से आपातकाल लागू हो गया है.
सरकार ने एक पूर्व सेना जनरल को आवश्यक सेवाओं के आयुक्त के रूप में नियुक्त किया है. इस आयुक्त के पास व्यापारियों और खुदरा विक्रेताओं द्वारा जमा किए गए खाद्य स्टॉक को जब्त करने और उनकी कीमतों को रेगुलेट करने की शक्ति होगी.
श्रीलंका में हाल के दिनों में, गिरती स्थानीय मुद्रा और COVID-19 महामारी द्वारा संचालित उच्च वैश्विक बाजार कीमतों के कारण अधिकांश आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं. इस साल अमेरिकी डॉलर के मुकाबले श्रीलंकाई रुपया 7.5 फीसदी गिरा है. इसे देखते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका ने हाल ही में ब्याज दरों में वृद्धि की है.
विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट
बैंक के आंकड़ों के अनुसार, श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भंडार जुलाई के अंत में गिरकर 2.8 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया. नवंबर 2019 में जब सरकार ने सत्ता संभाली थी, तब यह 7.5 अरब अमेरिकी डॉलर था.
1 से 30 सितंबर: राष्ट्रीय पोषण माह
1 से 30 सितंबर तक के माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है. इस दौरान कई स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिसमें सबसे प्रमुख है बच्चे का पोषण युक्त स्वास्थ्य. यह आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में मनाया जाएगा.
पोषण अभियान (POSHAN Abhiyaan)
पोषण अभियान गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली मां, बच्चों और किशोरियों के लिए पोषण संबंधी परिणामों में सुधार के लिए भारत सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है. यह अभियान अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 8 मार्च 2018 को शुरू किया गया था. पोषण (POSHAN) का पूर्ण रूप ‘Prime Minister’s Overarching Scheme for Holistic Nutrition’ है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
रूस में बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘ZAPAD 2021’ आयोजित किया जा रहा है
बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘ZAPAD 2021’ का आयोजन 3 से 16 सितंबर तक रूस के निजनी में किया जा रहा है. भारतीय सेना के 200 जवानों की एक टुकड़ी इस अभ्यास में हिस्सा ले रहा है.
टेलीविजन कलाकार सिद्धार्थ शुक्ला का निधन
जानेमाने टेलीविजन कलाकार सिद्धार्थ शुक्ला का असामयिक निधन हो गया है. वे 40 वर्ष के थे. उन्होंने टीवी सीरियल ‘बालिका वधू’, ‘जाने पहचाने से ये अजनबी’ और लव यू जिंदगी जैसे टीवी कार्यक्रमों में काम किया था.
अप्रैल से जून की अवधि में 22.53 अरब डॉलर का कुल विदेशी निवेश
इस वर्ष अप्रैल से जून की अवधि में देश में 22 अरब 53 करोड़ डॉलर का कुल विदेशी निवेश हुआ जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में हुये 11 अरब 84 करोड़ डॉलर के निवेश की तुलना में 90 प्रतिशत अधिक है.
अगस्त में GST का कुल संग्रह एक लाख 12 हजार करोड रूपये
अगस्त 2021 में वस्तु और सेवा कर (GST) का कुल संग्रह एक लाख 12 हजार करोड रूपये से अधिक हुआ है. पिछले वर्ष अगस्त में प्राप्त GST राजस्व के मुकाबले इस अगस्त महीने में 30 प्रतिशत अधिक GST राजस्व प्राप्त हुआ है और इसी अवधि में घरेलू लेनदेन से प्राप्त होने वाला राजस्व 27 प्रतिशत अधिक है.
बिम्सटेक देशों के कृषि विशेषज्ञों की 8वीं बैठक
भारत ने बहुक्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल (बिम्सटेक) देशों के कृषि विशेषज्ञों की 8वीं बैठक की वर्चुअल मेज़बानी की. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्र ने बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल, श्रीलंका, म्यांमां और थाईलैंड के कृषि मंत्रालयों के विशेषज्ञों ने बैठक में हिस्सा लिया.
पहली तिमाही में भारत की GDP वृद्धि दर 20.1%
सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2021 की पहली तिमाही में भारत की GDP वृद्धि दर 20.1% रही
प्रधानमंत्री ने स्वामी प्रभुपाद की 125वीं जयंती पर स्मारक सिक्के जारी किये
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामी प्रभुपाद की 125वीं जयंती के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 125 रूपए के विशेष स्मारक सिक्के जारी किये. स्वामी प्रभुपाद ने इस्कॉन की स्थापना की थी, जिसे हरे कृष्ण आंदोलन के रूप में भी जाना जाता है.
