डेली कर्रेंट अफेयर्स
जी-4 संगठन के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक न्यूयॉर्क में आयोजित की गयी
जी-4 संगठन के सदस्य देशों (भारत, ब्राजील, जर्मनी और जापान) के विदेश मंत्रियों की बैठक 22 सितम्बर को न्यूयॉर्क में आयोजित की गयी थी. इस बैठक में भारत के एस जयशंकर, ब्राजील के कार्लोस एलबर्टो फ्रैंको रांका, जर्मनी के हेको मास और जापान के तोशीमित्शू मोटेगी ने हिस्सा लिया था. जी-4 के मंत्रियों ने विस्तारित सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए एक-दूसरे की दावेदारी के प्रति समर्थन दोहराया.
बैठक के मुख्य बिंदु
- इस बैठक में सदस्य देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) को अधिक विधि सम्मत, प्रभावी और प्रतिनिधिक बनाने के लिए तत्काल सुधार की जरूरत पर जोर दिया.
- इन मंत्रियों ने बैठक के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा कि सुरक्षा परिषद में सुधारों को अब रोका नहीं जा सकता.
- सुरक्षा परिषद को उभरती जटिलताओं तथा अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के समक्ष आ रही चुनौतियों से निपटने के लिए स्थायी और अस्थायी सदस्यों की संख्या बढ़ानी होगी, तभी परिषद अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वाह कर सकेगी.
जी-4 क्या है?
भारत, जापान, जर्मनी और ब्राजील ने मिलकर जी-4 (G4) नामक समूह बनाया है. ये देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यता के लिये एक-दूसरे का समर्थन करते हैं.
एयर मार्शल वीआर चौधरी वायुसेना के नए प्रमुख होंगे, आरकेएस भदौरिया का स्थान लेंगे
एयर मार्शल विवेक राम चौधरी भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख होंगे. वर्तमान में वह उप-प्रमुख पद पर कार्यरत हैं. वह मौजूदा वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया का स्थान लेंगे जो 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं. वह देश के 27वें वायुसेना प्रमुख होंगे.
अपने करियर के दौरान वीआर चौधरी को उनकी सेवा के लिए 2004 में वायुसेना मेडल, 2015 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2021 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है.
विवेक राम चौधरी वायुसेना के कुछ बेहद अहम मिशन का हिस्सा रहे हैं. उन्हीं में से ऑपरेशन मेघदूत और ऑपरेशन सफेद सागर शामिल हैं.
ऑपरेशन मेघदूत सियाचिन में भारतीय सशस्त्र सेना का पाकिस्तान के खिलाफ सफल अभियान रहा है. इसके चलते ही भारतीय सेना ने कश्मीर के सियाचिन ग्लेशियर पर पूरी तरह से नियंत्रण हासिल कर लिया था. इस अभियान को 13 अप्रैल 1984 की सुबह को अंजाम दिया गया था. इसमें वायु सेना ने अहम भूमिका निभाई थी. चौधरी इस ऑपरेशन का हिस्सा थे.
ऑपरेशन सफेद सागर भी थल सेना के साथ वायु सेना का संयुक्त अभियान था. 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान इसकी जिम्मेदारी सेना को सौंपी गई थी. इसका मकसद नियंत्रण रेखा के साथ कारगिल सेक्टर में भारतीय चौकियों को पाकिस्तान के कब्जे से खाली कराना था. पाकिस्तानी सैनिकों ने इन पर धोखे से कब्जा जमा लिया था. इसमें भी विवेक राम चौधरी की बड़ी भूमिका रही थी.
पंकज आडवाणी ने आईबीएसएफ 6-रेड स्नूकर विश्वकप जीता
आईबीएसएफ 6-रेड स्नूकर विश्वकप (Red Snooker World Cup) का ख़िताब भारत के शीर्ष स्नूकर और बिलियर्ड्स खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने जीत लिया है. इस प्रतियोगिता के फाइनल में उन्होंने पाकिस्तान के बाबर मसीह (Babar Masih) को पराजित कर इस ख़िताब के विजेता बने. यह पंकज आडवाणी का 24वां विश्व खिताब है. यह विश्वकप दोहा में आयोजित किया गया था.
इससे पहले पंकज आडवाणी ने लगातार दूसरी बार एशियाई स्नूकर चैंपियनशिप खिताब अपने नाम किया था. उन्होंने फाइनल में ईरान के आमिर सरखोश को हराया था.
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को ‘SDG Progress Award’ से सम्मानित किया गया
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को ‘SDG Progress Award’ से सम्मानित किया गया है. उन्हें यह सम्मान गरीबी समाप्त करने, और शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है. यह पुरस्कार संयुक्त राष्ट्र के Sustainable Development Solutions Network (SDSN) द्वारा प्रदान किया गया.
SDSN क्या है?
Sustainable Development Solutions Network (SDSN) सतत विकास हेतु व्यावहारिक समाधान को बढ़ावा देने के लिये वैश्विक वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञता जुटाता है, जिसमें सतत विकास लक्ष्यों (SDG) और पेरिस जलवायु समझौते का कार्यान्वयन भी शामिल है. SDSN संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, बहुपक्षीय वित्तपोषण संस्थानों, निजी क्षेत्र और नागरिक समाज के साथ मिलकर काम करता है. SDSN की स्थापना 2012 में संयुक्त राष्ट्र महासचिव के तत्वावधान में की गई थी.
23 सितम्बर: अन्तर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस
प्रत्येक वर्ष 23 सितम्बर को अन्तर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस मनाया जाता है. जो लोग सुन या बोल नहीं सकते उनके हाथों, चेहरे और शरीर के हाव-भाव से बातचीत की भाषा को सांकेतिक भाषा (Sign Language) कहा जाता है. अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस-2021 का विषय (थीम)– ‘हम मानवाधिकारों के लिए हस्ताक्षर करते हैं’ (We sign for human rights) है. इस दिवस को मनाए जाने का प्रस्ताव विश्व बधिर संघ (World Federation of the Deaf) ने रखा था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
भारत और UAE के बीच व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता वार्ता
भारत और संयुक्त अरब अमारात (UAE) के बीच 23 सितम्बर को व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता वार्ता का पहला दौर नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है. वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और संयुक्त अरब अमारात के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी ने इस वार्ता की औपचारिक शुरूआत की थी.
वैश्विक कोविड सम्मेलन
22 सितम्बर को वैश्विक कोविड सम्मेलन आयोजित किया गया था. सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि इस वर्ष की शुरूआत में भारत ने वैक्सीन उत्पादन को 95 अन्य देशों और संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षकों के साथ साझा किया और पूरा विश्व भी एक परिवार की तरह महामारी की दूसरी लहर के दौरान भारत के साथ खड़ा रहा.
सार्क के विदेश मंत्रियों की बैठक रद्द
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) के विदेश मंत्रियों की 25 सितम्बर को न्यूयॉर्क में होने वाली बैठक रद्द हो गई है. यह बैठक न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के मौके पर आयोजित होनी थी. नेपाल इस बैठक का मेजबान देश था.
भारत में दो और समुद्र तटों को ‘ब्लू फ्लैग’ प्रमाणन
भारत में दो और समुद्र तटों को ‘ब्लू फ्लैग’ प्रमाणन प्राप्त हुआ है. ये समुद्र तट तमिलनाडु में कोवलम और पुडुचेरी में ईडन हैं. दो समुद्र तटों के जुड़ने से भारत में ऐसे समुद्र तटों की कुल संख्या 10 हो गई है. ब्लू फ्लैग सर्टिफिकेशन एक अंतरराष्ट्रीय इको-लेवल टैग है.
ZEE एंटरटेनमेंट और सोनी पिक्चर्स का विलय
ZEE एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के विलय को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गयी है. जी एंटरटेनमेंट की 47.07 फीसदी हिस्सेदारी होगी, जबकि सोनी इंडिया की संयुक्त कंपनी में 52.93 फीसदी हिस्सेदारी होगी. विलय के बाद, सोनी इंडिया के पास विलय की गई कंपनी में अधिकांश निदेशकों को नियुक्त करने का अधिकार होगा.
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव जीता
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी ने राष्ट्रीय संसदीय चुनाव जीत लिया है. इस जीत के साथ वह अपने तीसरे कार्यकाल कार्यकाल के लिए कनाडा के प्रधानमंत्री होंगे. जस्टिन ट्रूडो 2015 से सत्ता में हैं.
भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय अभ्यास ‘समुद्र शक्ति’
भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय अभ्यास ‘समुद्र शक्ति’ का तीसरा संस्करण 20 सितंबर से 22 सितंबर तक आयोजित किया गया था.
