डेली कर्रेंट अफेयर्स
73वें प्राइमटाइम एमी पुरस्कार 2021 की घोषणा, द क्राउन को उत्कृष्ट ड्रामा का पुरस्कार
73वां प्राइमटाइम एमी अवार्ड (Primetime Emmy Awards) 2021 की घोषणा हाल ही में की गयी थी. पुरस्कार समारोह 19 सितंबर, 2021 को लॉस एंजिल्स (Los Angeles), कैलिफोर्निया में आयोजित किया गया था. प्राइमटाइम एमी पुरस्कार, एक अमेरिकी पुरस्कार है जो टेलीविजन मनोरंजन के क्षेत्र में दिया जाता है.
2021 प्राइमटाइम एमी अवार्ड्स के मुख्य विजेता
- उत्कृष्ट ड्रामा सीरीज़: द क्राउन
- उत्कृष्ट हास्य श्रृंखला: टेड लास्सो
- उत्कृष्ट अभिनेता-कॉमेडी: जेसन सुदेकिस (टेड लास्सो)
- उत्कृष्ट अभिनेता-नाटक: जोश ओ’कोनोर
- उत्कृष्ट अभिनेत्री-कॉमेडी: जीन स्मार्ट (हैक्स)
- उत्कृष्ट अभिनेत्री-नाटक: ओलिविया कोलमैन (द क्राउन)
- उत्कृष्ट निर्देशक-कॉमेडी: लुसिआ एनिएलो (हैक्स)
- उत्कृष्ट निर्देशक-नाटक: जेसिका होब्स (द क्राउन)
चरण जीत सिंह चन्नी ने पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
चरण जीत सिंह चन्नी ने 20 सितम्बर को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. वे राज्य के 16वें मुख्यमंत्री बने हैं. राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने उन्हें चंडीगढ में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. उनके साथ दो वरिष्ठ विधायक सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली. वे राज्य के उप-मुख्यमंत्री भी होंगे.
श्री चन्नी को अमरिंदर सिंह के स्थान पर मुख्यमंत्री बनाया गया है. श्री अमरिंदर सिंह ने पार्टी द्वारा कथित रूप से अपमानित होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था.
चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता हैं. वे वर्तमान में चमकौर साहिब से पंजाब विधानसभा के सदस्य हैं. 2015 से 2016 के बीच वे पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे. वर्ष 2017 में वे तकनीकी शिक्षा व औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के मंत्री बनाये गये थे.
कई अमेरिकी अधिकारी हवाना सिंड्रोम से पीड़ित, जानिए क्या है हवाना सिंड्रोम
हाल के दिनों में कई अमेरिकी अधिकारी हवाना सिंड्रोम से पीड़ित हुए हैं. अमेरिकी सीआईए डायरेक्टर बिल बर्न्स हाल में भारत के दौरे पर थे. इस दौरे पर बर्न्स की टीम के एक सदस्य में हवाना सिंड्रोम के लक्षण दिखाई दिए हैं.
क्या है हवाना सिंड्रोम?
2016 में अमेरिकी खुफिया के कई अधिकारी और राजनयिक क्यूबा की राजधानी हवाना में थे. इस दौरान कई कर्मचारियों को मिचली, तेज सिरदर्द, थकान, चक्कर आने की दिक्कतें आने लगी. कई कर्मचारी को नींद की समस्या भी दिखी. इस सबका लंबे वक्त तक असर रहा. इस रहस्यमय बीमारी से प्रभावित कर्मचारियों में से तो कुछ तो ठीक हो गए लेकिन कई लोगों के सामान्य काम-काज भी महीनों तक प्रभावित रहे. इसे हवाना सिंड्रोम कहा गया.
अमेरिका इस रहस्यमय बीमारी के बारे में जांच करता रहा है. 2020 में अमेरिकी नेशनल एकेडमिक्स ऑफ़ साइंसेज ने हवाना सिंड्रोम का संभावित कारण डायरेक्टेड माइक्रोवेव रेडिएशन को बताया था. हालांकि यह अब तक साफ नहीं हो सका है कि ये इंसान की जान ले सकते हैं या स्थायी नुकसान पहुंचा सकते हैं.
रूस, चीन, यूरोप सहित कई एशियाई देशों में तैनात अमेरिकी खुफिया अधिकारियों के साथ भी ऐसा हो चुका है. कुछ अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इसके हवाना सिंड्रोम के पीछे रूसी खुफिया एजेंसी का हाथ है. हालांकि अमेरिकी सरकार ने इस सिंड्रोम को लेकर आधिकारिक तौर पर अभी तक किसी भी देश का नाम नहीं लिया है.
भारत, वैश्विक नवाचार सूचकांक की रैंकिंग में 46वें स्थान पर
ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (Global Innovation Index) 2021 हाल ही में जारी किया गया था. इस रैंकिंग में भारत ने पिछले वर्ष की रैंकिंग की अपेक्षा दो स्थान का सूधार करते हुए 46वां स्थान प्राप्त किया है. इस सूचकांक में पिछले कई वर्ष से भारत की स्थिति में सुधार हो रहा है. 2015 में वह 81वें स्थान पर था और इस वर्ष 46वें स्थान पर आ गया है.
ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स 2021 में स्विट्ज़रलैंड, स्वीडन, संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और दक्षिण कोरिया क्रमशः शीर्ष स्थान पर रहे
भारत के रैंकिंग में सुधार का कारण
स्टार्टअप व्यवस्था और निजी तथा सार्वजनिक अनुसंधान संगठनों के प्रभावशाली कार्यों के कारण वैश्विक नवाचार सूचकांक में भारत की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है. परमाणु ऊर्जा, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विभाग जैसे वैज्ञानिक विभागों ने भी देश में नवाचारों की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
विश्व बौद्धिक संपदा संगठन
ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स, विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (World Intellectual Property Organization- WIPO) द्वारा प्रतिवर्ष जारी किया जाता है. यह संयुक्त राष्ट्र की 15 विशिष्ट एजेंसियों में से एक है. WIPO 1967 में स्थापित किया गया था. भारत WIPO का सदस्य है.
ब्रिगेडियर एसवी सरस्वती को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार
ब्रिगेडियर एसवी सरस्वती को राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से सम्मनित किया गया है. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने 20 सितम्बर को उन्हें यह सम्मान दिया.
ब्रिगेडियर एसवी सरस्वती सैन्य नर्सिंग सेवा की उप-महानिदेशक हैं. उन्हें नर्स प्रशासक के रूप में सैन्य नर्सिंग सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है.
जानी-मानी ऑपरेशन थ्रिएटर नर्स ब्रिगेडियर सरस्वती ने तीन हजार से अधिक लोगों का जीवन बचाने और आपात शल्य चिकित्सा में सहायता की. उन्होंने अपने करियर के दौरान कई रेजिडेंट, ऑपरेशन रूम नर्सिंग प्रशिक्षुओं और सहायक स्टाफ को प्रशिक्षण दिया.
विश्व बैंक ने की अपनी ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ रिपोर्ट के प्रकाशन को बंद किया
विश्व बैंक समूह ने अनियमितताओं के आरोपों के कारण अपनी ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस’ (Ease of doing business) रिपोर्ट के प्रकाशन को बंद करने का फैसला किया है.
डूइंग बिजनेस 2018 और 2020 पर डेटा अनियमितताओं की सूचना मिलने के बाद विश्व बैंक समूह प्रबंधन के कार्यकारी निदेशक मंडल द्वारा यह निर्णय लिया गया. डेटा अनियमितताओं की जांच में चीन की रैंकिंग को बढ़ाने के लिए शीर्ष बैंक अधिकारियों द्वारा दबाव डाला गया था.
ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस 2020 की रैंकिंग में भारत 14 पायदान की छलांग लगाकर 63वें स्थान पर पहुंच गया है. इसने 2014 से 2019 के बीच पांच वर्षों में 79 पदों का सुधार किया है.
21 सितम्बर: अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 21 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस (International Day of Peace) मनाया जाता है. इस दिन को शांति के लिए समर्पित किया गया है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय संघर्षों और झगड़ों पर विराम लगाना और शांति के आदर्शों को बढाना है. अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस 2021 का मुख्य विषय (थीम) ‘एक न्यायसंगत और सतत विश्व के लिए बेहतर पुनर्प्राप्ति’ (Recovering Better for an Equitable and Sustainable World) है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
जलवायु परिवर्तन पर विश्व के नेताओं के साथ संयुक्त राष्ट्र महासचिव की बैठक
जलवायु परिवर्तन पर विश्व के नेताओं के साथ संयुक्त राष्ट्र महासचिव की बैठक वर्चुअल माध्यम से 20 सितम्बर को आयोजित की गयी थी. पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इस बैठक में उन्होंने विकसित देशों से जलवायु परिवर्तन की रोकथाम के लिए पैरिस समझौते के अंतर्गत विकासशील देशों को सहयोग करने का वायदा पूरा करने को कहा है.
नगालैंड में झूम खेती को हतोत्साहित करने के लिए अनुदान
केन्द्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने पूरक वन्यीकरण कोष प्रबंधन और नियोजन प्राधिकरण के अंतर्गत नगालैंड को पुर्नवास के लिये और झूम खेती को हतोत्साहित करने के लिए केन्द्र की ओर से 20 करोड़ रुपए के विशेष अनुदान की घोषणा की है.
IMF अफगानिस्तान को दी जाने वाले राशि पर रोक लगाई
अफगानिस्तान में बढ़ती राजनीतिक अनिश्चितता के बीच अन्तर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने उसे दी जाने वाले राशि पर रोक लगा दी है. IMF और विश्व बैंक ने अफगानिस्तान को ऋण देने पर भी रोक लगा दी है. उनके अलावा वित्तीय कार्रवाई कार्य बल ने भी अपने 39 सदस्य देशों से तालिबान की परिसंपत्तियों पर रोक लगाने को कहा है.
वैक्सीन मैत्री अगले महीने शुरू की जाएगी
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि वैक्सीन मैत्री अगले महीने शुरू की जाएगी. भारत को-वैक्स के लिए अपनी प्रतिबद्धता निभाने के वास्ते वैक्सीन मैत्री के अंतर्गत इनका निर्यात फिर शुरू करेगा. को-वैक्स कार्यक्रम, नवाचार गठबंधन (गावी) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सह-नेतृत्व में चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य कोविड- रोधी टीकों के विकास और उत्पादन को बढावा देना है.
2019 में किसानों की आय में 59 प्रतिशत वृद्धि
देश में 2019 में किसानों की आय में 59 प्रतिशत वृद्धि हुई है. ये जानकारी ग्रामीण भारत के कृषि परिवार, भूमि तथा मवेशियों की स्थिति संबंधी आकलन सवेक्षण में दी गई है. ये सर्वेक्षण 2019 में जनवरी से दिसंबर तक आयोजित किया गया था.
लेह में शांति सम्मेलन आयोजित किया गया
केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख की राजधानी लेह में 21 सितम्बर को 11वाँ अंतर्राष्ट्रीय शांति सम्मेलन आयोजित किया गया. इसे अखिल भारतीय मानवाधिकार, स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय परिषद और महाबोधि अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था.
सऊदी अरब के विदेश मंत्री भारत की यात्रा पर
सउदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान भारत की यात्रा पर हैं. उन्होंने इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की. इससे पहले विदेश मंत्री डॉ.एस. जयशंकर ने सउदी अरब के विदेश मंत्री से बातचीत की थी.
रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सत्तारूढ़ युनाईटेड रसिया पार्टी को बहुमत
रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सत्तारूढ़ युनाईटेड रसिया पार्टी ने संसद में फिर बहुमत हासिल कर लिया है. 2016 में हुए संसदीय चुनाव में यूनाइटेड रसिया पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहा था. चुनाव परिणाम दर्शाते हैं कि श्री व्लादिमीर पुतिन कि लोकप्रियता बनी हुई है. लोग उन्हें पश्चिमी देशों के समक्ष मजबूती से खड़े रहने और राष्ट्रीय गौरव बहाल करने का श्रेय देते हैं.
