डेली कर्रेंट अफेयर्स
अमरीकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट 2021 का समापन
अमरीकी ओपन टेनिस (The US Open Tennis) 2021 टूर्नामेंट का 13 सितम्बर को समापन हो गया. यह प्रतियोगिता 24-13 सितम्बर तक अमेरिका के न्यूयॉर्क में खेला गया था.
पुरुष एकल: पुरुष सिंगल्स का खिताब रूस के दानिल मेदवेदेव ने जीता. फाइनल में उन्होंने सर्विया के नोवाक जोकोविच को हराकर यह खिताब जीता.
महिला एकल: ब्रिटेन की उभरती युवा खिलाड़ी इम्मा राडुकानु महिला सिंगल्स की विजेता बनीं. उन्होंने फाइनल में कनाडा की युवा खिलाड़ी लेलाह फर्नांडिस को पराजित किया. 18 वर्षीय राडुकानु 17 वर्षों में किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की खिलाडी है. इससे पहले 2004 में 17 वर्ष की आयु में मारिया शारापोवा ने विम्बलडन खिताब जीता था.
पुरूष डबल्स: पुरूषों के डबल्स का खिताब अमरीका के राजीव राम और ब्रिटेन के जॉय सेलिसबरी की जोड़ी ने जीता. इस जोड़ी ने फाइनल में ब्रिटेन की जेमी मरे और ब्राजी के ब्रूनो सोअर्स की जोड़ी को हराया.
महिला डबल्स: महिला डबल्स का ख़िताब चीन की झांग शुआई और ऑस्ट्रेलिया की साम स्तोसुर की जोड़ी ने जीता. फाइनल में इस जोड़ी ने अमरीका की कोको गाउफ और केटी मैक्नली को हराया.
मिक्सड डबल्स: मिक्सड डबल्स का खिताब ब्रिटेन के जॉय सेलिसबरी और अमरीका की डिजायरे क्रॉजि़क की जोड़ी ने जीता. इस बीच, जॉय सेलिसबरी किसी ग्रेंड स्लैम में दो डबल्स खिताब जीतने वाले ब्रिटेन के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने मिक्स्ड डबल्स के साथ-साथ पुरुष डबल्स खिताब भी जीता.
भूपेन्द्र पटेल ने गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
भूपेन्द्र पटेल ने 13 सितम्बर को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वह प्रदेश के 17वें मुख्यमंत्री होंगे. राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत उन्हें शपथ दिलाई. वह अहमदाबाद की घाटलोदिया विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं.
इससे पहले गुजरात के मौजूदा मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने 11 सितम्बर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. जिसके बाद भूपेन्द्र पटेल को भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया था. पटेल ने राजभवन जाकर राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया था.
ड्रोन के सहयोग से औषधि वितरण ‘मेडिसिन्स फ्रॉम द स्काई’ योजना की शुरुआत
भारत में ड्रोन के सहयोग से औषधि वितरण (मेडिसिन्स फ्रॉम द स्काई) योजना की शुरुआत की गयी है. इसकी शुरुआत केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 11 सितम्बर को तेलंगाना के विकराबाद में की.
मुख्य बिंदु
- यह योजना तेलंगाना सरकार की पहल पर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने विश्व आर्थिक मंच, नीति आयोग, हैल्थनैट ग्लोबल के सहयोग से चलाई जा रही है.
- इस योजना के तहत वैक्सीन और अन्य औषधियां ड्रोन के जरिये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाई जाएंगी. पहली खेप में परियोजना के सहयोगी भागीदार ब्लू डार्ट एक्सप्रेस द्वारा निर्मित स्काईएयर मोबिलिटी के जरिये पांच किलोग्राम वैक्सीन का पैकेट तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया.
- देश में अपनी किस्म की इस पहली परियोजना में ड्रोन के इस्तेमाल से पांच सौ मीटर के सामान्य दृष्टिमार्ग से आगे तक औषधियां पहुंचाने की संभावना का पता लगाया जाएगा.
- ड्रोन 40 किलोमीटर दूर तक निर्धारित स्थान को वस्तु पहुंचा सकता है और इस की क्षमता 15 किलो होगी.
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच ‘टू प्लस टू’ मंत्री स्तरीय वार्ता आयोजित की गयी
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच 11 सितम्बर को नई दिल्ली में ‘टू प्लस टू’ मंत्री स्तरीय वार्ता आयोजित की गयी थी. इस वार्ता में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री जयशंकर जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से वहाँ के विदेश मंत्री मारिस पायने और रक्षा मंत्री पीटर डटन ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था.
बैठक में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में अफगानिस्तान, हिंद-प्रशांत महासागर में समुद्री सुरक्षा, बहुपक्षीय सहयोग और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई.
‘टू प्लस टू’ मंत्री स्तरीय वार्ता: एक दृष्टि
‘टू प्लस टू’ मंत्री स्तरीय वार्ता में दोनों देशों के दो-दो मंत्री (रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री) एक वार्ता बैठक में हिस्सा लेते हैं. जून 2020 में भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन के दौरान भारत-ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक बनाने के लिए दोनों देशों के रक्षा और विदेश मंत्रियों के बीच यह मंत्रिस्तरीय वार्ता आयोजित की जा रही है.
भारत का पहला परमाणु मिसाइल ट्रैकिंग जहाज INS ध्रुव को नौसेना में शामिल किया गया
भारत के पहले उपग्रह और बैलिस्टिक (परमाणु) मिसाइल ट्रैकिंग जहाज ‘ध्रुव’ को 10 सितम्बर को नौसेना में शामिल कर लिया गया. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की उपस्थिति में विशाखापत्तनम में इस जहाज को शामिल किया गया. 10,000 टन वजनी इस जहाज में लंबी दूरी तक परमाणु बैलिस्टिक मिसाइलों को ट्रैक करने की क्षमता है.
INS ध्रुव: एक दृष्टि
INS ध्रुव का विकास रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन (NTRO) के सहयोग से हिंदुस्तान शिपयार्ड ने किया है. निर्माण की शुरुआत के दौरान इस जहाज का नाम वीसी-11184 दिया गया था. इसकी लंबाई 175 मीटर, बीम 22 मीटर, ड्राफ्ट छह मीटर है और यह 21 समुद्री मील की गति प्राप्त कर सकता है.
- इस तरह के जहाज का संचालन करने वाला भारत छठा देश बन गया है. इससे पहले ऐसे जहाजों का संचालन केवल फ्रांस, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस और चीन द्वारा किया जाता था.
- यह दुश्मन पनडुब्बियों की विस्तृत जानकारी का पता लगाने के लिए समुद्र तल का नक्शा बनाने की क्षमता रखता है. यह अत्याधुनिक सक्रिय स्कैन एरे रडार या एईएसए से लैस है, जो भारत पर नजर रखने वाले जासूसी उपग्रहों की निगरानी के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में मिसाइल परीक्षणों की निगरानी के लिए विभिन्न स्पेक्ट्रम को स्कैन करने की क्षमता रखता है.
- आईएनएस ध्रुव भारतीय नौसेना को तीनों आयामों- सतह के नीचे, सतह और हवा में बेहतर सैन्य संचालन की योजना बनाने में मदद करेगा
- यह भारतीय शहरों और सैन्य प्रतिष्ठानों की ओर जाने वाली दुश्मनों की मिसाइलों के लिए एक प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के रूप में कार्य करेगा. यह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री जानकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण साधन होगा.
- यह मिसाइल को ट्रैक करने के साथ-साथ पृथ्वी की निचली कक्षा में सैटेलाइटों की निगरानी भी करेगा. लंबी दूरी तक परमाणु बैलिस्टिक मिसाइलों को ट्रैक करने की क्षमता होने से भारत की एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता बढ़ेगी.
- जमीनी जंग के बीच चीन और पाकिस्तान समुद्री रास्ते का इस्तेमाल करते हुए भारत पर नौसैनिक शिप से बैलिस्टिक मिसाइल दाग सकते हैं. ऐसे में भारत का यह ट्रैकिंग और सर्विलांस शिप भारत की जमीनी सीमा को किसी मिसाइल या एयरक्राफ्ट के हमले से सुरक्षित करेगा.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
जापान और वियतनाम ने सहयोग बढ़ाने के समझौते पर हस्ताक्षर किये
जापान और वियतनाम ने सहयोग बढ़ाने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं जिसके तहत जापान में बने रक्षा उपकरण और टेक्नोलॉजी वियतनाम को निर्यात किए जा सकेंगे. जापान के रक्षा मंत्री नोबुओ किशि ने हनोई में इस समझौते पर हस्ताक्षर किये.
IAEA के प्रमुख राफेल ग्रोसी ईरान में वार्ता करेंगे
अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रोसी ईरान में वार्ता करेंगे. वे ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के नये प्रमुख मोहम्मद एस्लामी से भेंट करेंगे. IAEA के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक अगले सप्ताह होनी है. इस वार्ता का उद्देश्य ईरान द्वारा कथित परमाणु संवर्धन मामले पर ईरान और पश्चिमी देशों के बीच गतिरोध समाप्त करना है.
प्रधानमंत्री ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी. यह विश्वविद्यालय महान स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद् राजा महेंद्र प्रताप सिंह के सम्मान में स्थापित किया जा रहा है. उन्होंने 1915 में काबुल से प्रथम विश्व युद्ध के दौरान निर्वासन में भारत सरकार के रूप में कार्य किया था. उन्होंने 1940 में जापान में भारत के कार्यकारी बोर्ड का भी गठन किया. वह 1911 में बाल्कन युद्ध का हिस्सा थे. उन्हें “आर्यन पेशवा” के नाम से भी जाना जाता है.
प्रधानमंत्री ने सरदारधाम भवन का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में अत्याधुनिक सरदारधाम भवन का उद्घाटन किया. इसमें ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लड़कों और लड़कियों के लिए पुस्तकालय, छात्रावास, कैरियर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं और एक बहुउद्देशीय सभागार शामिल हैं.
