डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारतीय रिजर्व बैंक ने देश में वित्तीय समावेश के आंकलन के लिए FI इंडैक्स की शुरूआत की
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने देश में वित्तीय समावेश के आंकलन के लिए एक सम्पूर्ण वित्तीय समावेश सूचकांक (Financial Inclusion Index – FI Index) की शुरूआत की है. RBI ने एक वक्तव्य में कहा कि FI इंडैक्स हर वर्ष जुलाई में प्रकाशित किया जाएगा.
मार्च 2021 को समाप्त अवधि के लिए वार्षिक FI इंडैक्स 53.9 दर्ज हुआ है. मार्च 2017 को समाप्त अवधि के लिए ये आंकड़ा 43.4 था.
FI-इंडैक्स: एक दृष्टि
- FI-इंडैक्स की परिकल्पना एक बहुपक्षीय सूचकांक के रूप में की गई है जिसमें सरकार और विभिन्न क्षेत्रीय नियामकों के साथ मिलकर बैंकिंग, निवेश, बीमा, डाक तथा बीमा क्षेत्र से जुड़े ब्यौरे को शामिल किया जाएगा.
- इस सूचकांक में वित्तीय समावेश के पहलुओं पर जानकारी को 0 से लेकर 100 तक एक एकाकी मापदण्ड के माध्यम से दर्शाया जाएगा, जहां 0 की रीडिंग सम्पूर्ण वित्तीय बहिष्करण के लिए होगी और 100 की रीडिंग सम्पूर्ण वित्तीय समावेश के लिए होगी.
- FI-इंडैक्स के तीन प्रमुख पहलु हैं. 35 प्रतिशत महत्व वित्तीय सेवाओं तक पहुंच को दिया गया है. सेवाओं के उपयोग को 45 प्रतिशत महत्व दिया है और गुणवत्ता को 20 प्रतिशत. इन तीन प्रमुख पहलुओं को कुल 97 विभिन्न सूचकों के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा.
- ये सूचकांक वित्तीय सेवाओं तक पहुंच की सरलता, सेवाओं की उपलब्धता और उपयोग तथा सेवाओं की गुणवत्ता पर भी आधारित होगा.
- गुणवत्ता का पैमाना इस सूचकांक का एक विशिष्ट पहलु है जिसमें वित्तीय साक्षरता, उपभोक्ता सुरक्षा और सेवाओं में असमानताओं और कमियों के आधार पर वित्तीय समावेश की गुणवत्ता को दर्शाया जाएगा.
- ये सूचकांक बिना किसी आधार वर्ष के गठित किया गया है और वित्तीय समावेश की ओर कई वर्षों से सभी पक्षधरों द्वारा किए गए संयुक्त प्रयासों को दर्शाता है.
तालिबान ने अफगानिस्तान की सत्ता पर कब्जा किया
अफगानिस्तान की सत्ता पर एक बार फिर से चरमपंथी संगठन तालिबान ने कब्जा कर लिया है. 20 साल की लंबी लड़ाई के बाद पूरे अफगानिस्तान पर तालिबान का कब्ज़ा हो चुका है. काबुल में राष्ट्रपति भवन पर कब्जा करने के साथ ही उसने युद्ध समाप्ति की घोषणा की. इससे पहले अफगानिस्तान के राष्ट्रपति मोहम्मद अशरफ गनी ने राष्ट्र छोड़ दिया.
भारत और अमेरिका समेत कई देश अपने नागरिकों और राजनयिक कर्मचारियों को निकालने के लिए विशेष अभियान चला रहे हैं. अमेरिका ने अपने सभी राजनयिक कर्मचारियों को काबुल हवाई अड्डे पहुंचा दिया है जहाँ से उन्हें छोटे छोटे समूहों में अमेरिका रवाना किया जा रहा है.
तालिबान दूसरी बार अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज हुआ है. पहली बार अफगानिस्तान में तालिबान 1990 के बाद आया था और इसके करीब छह वर्ष (1996-2001) बाद तालिबान अफगानिस्तान के कंधार समेत काफी हिस्से में आ गया था. उस वक्त केवल तीन इस्लामिक देशों ने ही इस सरकार को मान्यता दी थी, जिनमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल था.
तालिबान क्या है?
तालिबान एक सुन्नी इस्लामिक आधारवादी आन्दोलन है जिसकी शुरूआत 1994 में दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में हुई थी. यह इस्लामिक कट्टपंथी राजनीतिक आंदोलन हैं. इसकी सदस्यता पाकिस्तान तथा अफ़ग़ानिस्तान के मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों को मिलती है.
1996 से लेकर 2001 तक अफगानिस्तान में तालिबानी शासन के दौरान मुल्ला उमर देश का सर्वोच्च धार्मिक नेता था. उसने खुद को हेड ऑफ सुप्रीम काउंसिल घोषित कर रखा था.
विश्व युवा तीरंदाजी चैम्पियनशिप: भारतीय तीरंदाजों ने 8 स्वर्ण समेत कुल 15 पदक जीते
16वां विश्व युवा तीरंदाजी चैम्पियनशिप (World Archery Youth Championships) 2021 प्रतियोगिता का 15 अगस्त को समापन हो गया. यह प्रतियोगिता 10-15 अगस्त तक पोलैंड में आयोजित किया गया था. इस टूर्नामेंट में भारतीय तीरंदाजों ने रिकर्व राउंड में 8 स्वर्ण सहित 2 रजत 5 कांस्य सहित कुल 15 पदक अपने नाम किए. पदक तालिका में भारत पहले स्थान पर रहा. फ्रांस और मेक्सिको क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे.
महिलाओं की अंडर-18 रिकर्व स्पर्धा की पिछले साल की विजेता कोमालिका बारी ने अंडर-21 का खिताब भी अपने नाम किया. कोमालिका के अलावा भारत ने अंडर-21 रिकर्व टीम इवेंट में भी स्वर्ण जीता. इसके अलावा भारत ने मिश्रित स्पर्धा का स्वर्ण भी अपने नाम किया. बिशाल चांगमई ने अंडर-18 पुरुष रिकर्व तो मंजिरी मनोज ने महिलाओं की स्पर्धा में कांस्य पदक जीता.
HAL ने ‘हिंदुस्तान -228’ विमान के ‘ग्राउंड रन और लो स्पीड टैक्सी ट्रायल’ को पूरा किया
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने ‘हिंदुस्तान -228’ (VT-KNR) विमान के ‘ग्राउंड रन और लो स्पीड टैक्सी ट्रायल’ (LSTT) को सफलतापूर्वक पूरा किया है. DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) ‘टाइप सर्टिफिकेशन’ के लिए यह ट्रायल किया गया है.
यह विमान HAL के कानपुर केन्द्र में 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का हिस्सा था. यह भारत में मेड-इन-इंडिया नागरिक विमानन के लिए एक प्रमुख मील का पत्थर है. यह क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है.
भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) को समर्थन देने के लिए हिंदुस्तान -228 विमान का निर्माण किया जा रहा है. इस विमान का उपयोग सिविल संचालकों और राज्य सरकारों द्वारा प्रशिक्षण, रखरखाव आदि सहित अपने अंतर-राज्यीय संपर्क के लिए सफलतापूर्वक किया जा सकता है.
हिंदुस्तान-228: एक दृष्टि
हिंदुस्तान-228 (Hindustan-228) 19 सीटों वाला मल्टीरोल यूटिलिटी विमान है. इसका निर्माण भारत के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने किया है. HAL एक सरकारी स्वामित्व वाली एयरोस्पेस और रक्षा उपकरण निर्माता कंपनी है.
इस नागरिक संस्करण का उपयोग एयर एम्बुलेंस, VIP परिवहन, यात्री परिवहन, कार्गो परिवहन, क्लाउड सीडिंग, उड़ान निरीक्षण भूमिकाओं और मनोरंजक गतिविधियों जैसे पैरा जंपिंग, फोटोग्राफी के लिए किया जा सकता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
उच्चतम न्यायालय ने महिलाओं को NDA प्रवेश परीक्षा देने की अनुमति दी
उच्चतम न्यायालय ने महिलाओं को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) प्रवेश परीक्षा देने की अनुमति दी है. न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और ऋषिकेश रॉय की खंडपीठ ने महिला उम्मीदवारों को NDA परीक्षा में बैठने की अनुमति देने की मांग करने वाली याचिका के संदर्भ में यह अंतरिम आदेश दिया. याचिका में संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 16 और 19 के उल्लंघन के मुद्दे पर प्रकाश डाला गया.
सुरक्षा से सम्बद्ध मंत्रीमंडलीय समिति की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा से सम्बद्ध मंत्रीमंडलीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में अफगानिस्तान की स्थिति के बारे में विचार विमर्श किया गया. बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉक्टर पी.के. मिश्रा, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, कैबिनेट सचिव राजीव गौबा और विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला उपस्थित थे.
भारत और बहरीन की नौसेना का समुद्री साझेदारी अभ्यास
भारतीय नौसेना और बहरीन की नौसेना के बीच फारस की खाड़ी में समुद्री साझेदारी अभ्यास शुरू हो रहा है. इससे पहले भारतीय नौसेना और बहरीन नौसेना टीमों के बीच एक समन्वय और संचालन योजना सम्मेलन भी आयोजित किया गया.
ज़ाम्बिया में विपक्षी नेता हकैंडे हिचिलेमा ने राष्ट्रपति चुनाव जीता
ज़ाम्बिया में, विपक्षी नेता यूनाइटेड पार्टी फॉर नेशनल डेवलपमेंट के हकैंडे हिचिलेमा ने देश के 2021 के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की है. वह पैट्रियटिक फ्रंट के मौजूदा राष्ट्रपति एडगर लुंगु का स्थान लेंगे.
हर्षित राजा शतरंज में भारत के 69वें ग्रैंडमास्टर
पुणे के 20 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी हर्षित राजा शतरंज में भारत के 69वें ग्रैंडमास्टर बन गए हैं. उन्होंने बील मास्टर्स ओपन 2021 में ग्रैंडमास्टर बनने की उपलब्धि हासिल की. ग्रैंडमास्टर (GM) की उपाधि विश्व शतरंज संगठन FIDE द्वारा शतरंज खिलाड़ियों को दिया जाता है.
