डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारतीय ग्राफिक कलाकार आनंद राधाकृष्णन को प्रतिष्ठित आइजनर पुरस्कार
भारतीय ग्राफिक कलाकार आनंद राधाकृष्णन को प्रतिष्ठित विल आइजनर कॉमिक इंडस्ट्री अवार्ड (Will Eisner Comic Industry Award) से सम्मानित किया गया है. उन्हें यह पुरस्कार “सर्वश्रेष्ठ चित्रकार / मल्टीमीडिया कलाकार- आंतरिक कला” (Best Painter/Multimedia Artist- interior art)” क्षेत्र में एक ग्राफिक नॉवल की कला और छवियों के निर्माता के लिए दिया गया है. राधाकृष्णन को यूके के कलरीस्ट जॉन पियर्सन (John Pearson) के साथ संयुक्त रूप से यह पुरस्कार दिया गया है.
आइजनर पुरस्कार: एक दृष्टि
आइजनर पुरस्कार प्रतिवर्ष दिए जाते हैं और इस पुरस्कार को कॉमिक्स की दुनिया में ऑस्कर के बराबर माना जाता है. आइजनर्स नाम के प्रसिद्ध लेखक और कलाकार विल आइजनर (Will Eisner) के सम्मान में दिया है. पुरस्कारों की घोषणा हर साल सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (San Diego Comic-Con) में की जाती है.
32वां ओलम्पियाड खेल 2020 टोक्यो में आयोजित किया जा रहा है
टोक्यो ओलंपिक 2020 (32वां ओलम्पियाड के खेल) का आयोजना 23 जुलाई से 8 अगस्त 2021 के बीच टोक्यो, जापान में किया जा रहा है. इन खेलों का उद्घाटन 23 जुलाई को जापान की राजधानी टोक्यो में नव-निर्मित नेशनल स्टेडियम में किया जायेगा. पढ़ें पूरा आलेख…»
किशोर न्याय-बाल देखभाल और संरक्षण संशोधन विधेयक 2021 पारित
राज्यसभा में ने 28 जुलाई को किशोर न्याय – बाल देखभाल और संरक्षण संशोधन विधेयक (Juvenile Justice Care & Protection of Children Amendment Bill) 2021 पारित कर दिया. लोकसभा इस विधेयक को पहले ही मंजूरी दे चुकी है. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह विधेयक अधिनियम का रूप लेगा.
किशोर न्याय-बाल देखभाल और संरक्षण संशोधन विधेयक: मुख्य बिंदु
यह विधेयक किशोर न्याय – बाल देखभाल और संरक्षण अधिनियम 2015 में संशोधन के लिए लाया गया था. इस विधेयक में बच्चों को न्याय और सहायता देने के प्रावधान किए गए है.
मामलों को जल्द निपटाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने में अपर जिला मजिस्ट्रेट सहित जिला मजिस्ट्रेट को दत्तकग्रहण आदेश जारी करने के लिए अधिकृत किया गया है.
इस विधेयक में बाल कल्याण समिति के सदस्यों की नियुक्ति के लिए पात्रता मानदंडों को परिभाषित करने और पहले से अपरिभाषित अपराधों को गंभीर अपराधों की श्रेणी में शामिल करने का प्रावधान किया गया है.
इस अधिनियम में कहा गया है कि केवल दीवानी अदालत द्वारा गोद लेने का आदेश जारी करने पर ही बच्चे को गोद लेना फाइनल हो जाता है.
देश में पहली बार गुजरात में छोटे विमानों और हेलीकॉप्टरों का उत्पादन शुरू किया जाएगा
देश में पहली बार गुजरात में छोटे विमानों और हेलीकॉप्टरों का उत्पादन शुरू किया जाएगा. इसके लिए राज्य के नागरिक उड्डयन विभाग ने निजी कंपनी एयरो फ्रेयर इंक के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं. कंपनी ने अमरेली एयर स्ट्रिप के पास एक निर्माण इकाई शुरू करने का काम शुरू कर दिया है.
यह इकाई अक्टूबर तक चालू होने की उम्मीद है. कंपनी का पहला विमान साल 2021 के अंत तक बाजार में आ सकता है. इसके लिए कंपनी पहले चरण में 150 करोड़ रुपए और उसके बाद में 500 करोड़ रुपए का निवेश करेगी. इसमें 2-सीटर, 4-सीटर, एयर एंबुलेंस, हेलीकॉप्टर और फिक्स्ड विंग ग्लाइडर का उत्पादन शुरू किया जाएगा.
कंपनी इन सभी विमानों के निर्माण के लिए सर्बिया, इटली, जर्मनी, स्लोवेनिया और अमेरिकी तकनीक का इस्तेमाल करेगी.
RBI ने मडगाम अर्बन कोऑपरेटिव बैंक का लाइसेंस रद्द किया
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने गोवा स्थित मडगाम अर्बन कोऑपरेटिव बैंक कंपनी लिमिटेड (Madgaum Urban Cooperative Bank Co. Ltd) का लाइसेंस रद्द कर दिया है. बैंक की वित्तीय स्थिति और वर्तमान जमा कर्ताओं को पूरा भुगतान कर पाने में सक्षम नहीं होने के कारण इस बैंक का लाइसेंस रद्द किया गया है.
मुख्य बिंदु
RBI के अनुसार मडगाम अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के पास पर्याप्त पूंजी और कमाई की संभावना नहीं है. वह बैंक नियमन कानून, 1949 के विभिन्न प्रावधानों का अनुपालन करने में विफल रही है. RBI के मुताबिक गोवा के ऑफिस ऑफ रजिस्ट्रार ऑफ कोऑपरेटिव सोसाइटीज से भी बैंक को बंद करने और उसके लिए एक परिसमापक नियुक्त करने का आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है.
रिजर्व बैंक ने कहा कि लगभग 99 फीसदी जमा कर्ताओं की जमा राशि बीमा और ऋण गारंटी निगम (DICGC) से प्राप्त हो जाएगी. बैंक का जमा कर्ता पांच लाख रुपए तक की अपनी जमाराशि का बीमा दावा हासिल करने का हकदार होगा. अगर रकम इससे ज्यादा है, तब भी डिपॉजिटर को 5 लाख तक की ही बीमा राशि मिलेगी.
हाल ही में सरकार ने ग्राहकों को 90 दिन के भीतर बीमा की रकम देने को मंजूरी दी थी. इस बदलाव के बाद उन जमा कर्ताओं को राहत मिलेगी, जिनकी रकम किसी न किसी वजह से बंद या लाइसेंस रद्द किए गए बैंकों में फंस जाती है.
नारियल विकास बोर्ड संशोधन विधेयक-2021 राज्यसभा में पारित
नारियल विकास बोर्ड संशोधन विधेयक (Coconut Development Board Amendment Bill) -2021 राज्यसभा में पारित हो गया. इस विधेयक में नारियल विकास बोर्ड अधिनियम-1979 में संशोधन किया गया है. संशोधन का मुख्य उद्देश्य नारियल की खेती के क्षेत्र का विस्तार तथा किसानों को विपणन की सुविधा उपलब्ध कराना है ताकि वे लाभांवित हो सके.
विधेयक के मुख्य बिंदु
विधेयक में नारियल विकास बोर्ड के अध्यक्ष पद को गैर शासकीय बनाया गया है अर्थात अध्यक्ष कोई सरकारी अधिकारी नहीं होगा. इन व्यवस्थाओं से नारियल की खेती करने वाले किसानों को काफी लाभ मिलेगा.
संशोधन के बाद आंध्र प्रदेश और गुजरात भी बोर्ड में अपने प्रतिनिधि नामित कर सकेंगे जिस कारण बोर्ड के सदस्यों की संख्या भी चार से बढकर छह हो गई है.
नारियल विकास बोर्ड (Coconut Development Board)
नारियल विकास बोर्ड (CBD) भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के तहत एक कानूनी निकाय है. इसकी स्थापना 12 जनवरी 1981 को हुई थी. इसका मुख्यालय कोच्चि, केरल में स्थित है. यह नारियल और नारियल से संबंधित उत्पादों के व्यापक विकास के लिए जिम्मेदार है.
मेडिकल शिक्षा में अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षण की घोषणा
सरकार ने शिक्षा सत्र- 2021-22 से, स्नातक और स्नातकोत्तर मेडिकल और दंत पाठ्यक्रमों में अखिल भारतीय कोटा योजना में, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्गों को 10 प्रतिशत और अन्य पिछडे वर्गों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है.
इस फैसले से आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लगभग 550 विद्यार्थी एमबीबीएस में और लगभग 1000 विद्यार्थी स्नात्कोत्तर पाठ्यक्रम में दाखिला ले सकेंगे.
अखिल भारतीय कोटा योजना की शुरुआत 1986 में की गई थी. इसे किसी दूसरे राज्य में स्थित अच्छे मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के इच्छुक विद्यार्थियों को बिना निवास प्रमाणपत्र के, मैरिट के आधार पर दाखिला लेने का अवसर प्रदान करने के लिए शुरू किया गया था.
अखिल भारतीय कोटे में कुल उपलब्ध अंडर ग्रेज्युएट सीटों का 15 प्रतिशत और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेज्युएशन की उपलब्ध कुल सीटों का 50 प्रतिशत शामिल है.
भारत और रूस के नौसेना के बीच समुद्री अभ्यास ‘INDRA NAVY’ का आयोजन किया गया
भारत और रूस के नौसेना के बीच 28 से 29 जुलाई तक समुद्री अभ्यास ‘INDRA NAVY’ का आयोजन किया गया था. इसका आयोजन बाल्टिक सागर में किया गया था. यह INDRA NAVY का 12वां संस्करण था.
इस युद्ध-अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच आपसी ताल-मेल और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना तथा समुद्री सुरक्षा के लिए आपसी समझ को विकसित करना था.
समुद्री अभ्यास ‘INDRA NAVY’
समुद्री अभ्यास ‘INDRA NAVY’ भारत और रूस के बीच एक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास है. यह अभ्यास “INDRA NAVY” दोनों नौसेनाओं के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक संबंध का प्रतीक है.
इंद्र नौसेना अभ्यास की शुरुआत वर्ष 2003 में हुई थी. भारतीय वायु सेना ने 2014 में रूसी वायु सेना के साथ अभ्यास ‘एविया इंद्र’ में भाग लिया था. 2017 में पहली बार त्रि-सेवा अभ्यास का आयोजन किया गया था.
भारत के 14 बाघ अभयारण्यों को बेहतर संरक्षण के लिए वैश्विक CA/TS मान्यता
भारत के 14 बाघ अभयारण्यों को ग्लोबल कंजर्वेशन एश्योर्ड / टाइगर स्टैंडर्ड्स (Conservation Assured / Tigers Standards) की मान्यता मिली है. जिन 14 बाघ अभयारण्यों को मान्यता दी गई है उनमें असम के मानस, काजीरंगा और ओरंग, मध्य प्रदेश के सतपुड़ा, कान्हा और पन्ना, महाराष्ट्र के पेंच, बिहार में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, उत्तर प्रदेश के दुधवा, पश्चिम बंगाल के सुंदरबन, केरल में परम्बिकुलम, कर्नाटक के बांदीपुर टाइगर रिजर्व और तमिलनाडु के मुदुमलई और अनामलई टाइगर रिजर्व शामिल हैं.
कंजर्वेशन एश्योर्ड / टाइगर स्टैंडर्ड्स (CA/TS) को टाइगर रेंज कंट्रीज (TRC) के वैश्विक गठबंधन द्वारा मान्यता संबंधी उपकरण के रूप में स्वीकार किया गया है और इसे बाघों एवं संरक्षित क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा विकसित किया गया है.
CA/TS विभिन्न मानदंडों का एक सेट है, जो बाघ से जुड़े स्थलों को इस बात को जांचने का मौका देता है कि क्या उनके प्रबंधन से बाघों का सफल संरक्षण संभव होगा.
1-7 अगस्त: विश्व स्तनपान सप्ताह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष अगस्त के पहले सप्ताह 1 अगस्त से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है. इस वर्ष (2021) के स्तनपान सप्ताह की थीम (मुख्य विषय)- “सुरक्षित स्तनपान: एक साझा जिम्मेदारी” है. पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
दूसरा भारत-अमरीका सेवा शिखर सम्मेलन
दूसरा भारत-अमरीका सेवा शिखर सम्मेलन 31 जुलाई को आयोजित किया गया था. सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि वर्ष 2001 में सेवा क्षेत्र से कुल निर्यात 17 अरब अमरीकी डॉलर का था जबकि 2020-21 में ये निर्यात बढ़कर 205 अरब अमरीकी डॉलर का हो गया हैं.
डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में कमलप्रीत कौर ने फाइनल में
टोक्यो ओलंपिक 2020 के डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में कमलप्रीत कौर ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. कमलप्रीत भारत की ओर से रिकॉर्ड स्कोर करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं.
भारत अगस्त, 2021 में UNSC का अध्यक्ष पद संभालेगा
भारत अगस्त, 2021 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का अध्यक्ष पद संभालेगा. नियमों के अनुसार, हर सदस्य देश अंग्रेजी वर्णानुक्रम के अनुसार बारी-बारी से एक महीने के लिए अध्यक्षता करता है. भारत 1 जनवरी 2021 को UNSC का अस्थायी सदस्य बना था.
भारत और इंडोनेशिया के बीच CORPAT नौसैनिक अभ्यास
भारत और इंडोनेशिया के बीच CORPAT नौसैनिक अभ्यास का 36वां संस्करण 30 और 31 जुलाई 2021 को हिंद महासागर में आयोजित किया गया था. इसका मूल उद्देश्य वाणिज्यिक शिपिंग, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और वैध समुद्री गतिविधियों के संचालन के लिए हिंद महासागर क्षेत्र को सकुशल और सुरक्षित रखना है.
