डेली कर्रेंट अफेयर्स
वाराणसी में अन्तरराष्ट्रीय रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 जुलाई को वाराणसी में नवनिर्मित अन्तरराष्ट्रीय रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन किया. शिवलिंग के आकार में निर्मित यह भवन जापान के सहयोग से बनाया गया है. इसके लिए जापान ने 186 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है.
- इसका शिलान्यास दिसंबर 2015 में जापान के पीएम शिंजो अबे के भारत यात्रा के दौरान किया गया था. इस दौरान उन्होंने भारत को बुलेट ट्रेन की भी सौगात दी थी.
- डिजाइन जापान की कंपनी ओरिएंटल कंसल्टेंट ग्लोबल ने किया है और निर्माण का काम भी जापान की फुजिता कॉरपोरेशन नाम की कंपनी ने किया है. रुद्राक्ष में छोटा जैपनीज गार्डन बनाया गया है.
- इस अंतरराष्ट्रीय सेंटर में लगभग 1,200 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है.
भूटान में भीम-UPI भुगतान प्रणाली की शुरुआत
भूटान में भीम-UPI भुगतान प्रणाली की शुरुआत हुई है. इसकी शुरुआत केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भूटान के वित्त मंत्री के साथ संयुक्त रूप से की. इससे भूटान की यात्रा करने वाले भारत के पर्यटकों और व्यापारियों को लाभ होगा.
यह भुगतान प्रणाली एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL), भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) की अंतर्राष्ट्रीय शाखा, भूटान की रॉयल मॉनीटरी अथॉरिटी (RMA) के साथ साझेदारी में शुरू की गई थी.
भूटान अपने QR कोड (Quick Response) हेतु UPI मानकों को अपनाने वाला पहला देश है. व्यापारिक स्थलों पर BHIM-UP स्वीकृति प्राप्त करने वाला सिंगापुर के बाद यह दूसरा देश भी है.
भूटान एकमात्र ऐसा देश बन गया है जो रुपे कार्ड (RuPay Cards) जारी करने और स्वीकार करने के साथ-साथ भीम-यूपीआई को भी स्वीकार करेगा.
BHIM-UPI क्या है?
BHIM-UPI, Bharat Interface for Money-Unified Payments Interface का संक्षिप्त रूप है. इसे भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) द्वारा विकसित किया गया है. यह मोबाइल फोन के माध्यम से सीधे बैंक के माध्यम से ई-भुगतान भुगतान प्रणाली है.
रुपे कार्ड क्या है?
रुपे (RuPay) भारत में अपनी तरह का पहला घरेलू डेबिट और क्रेडिट कार्ड भुगतान नेटवर्क है. इस कार्ड का उपयोग सिंगापुर, भूटान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), बहरीन और सऊदी अरब में लेन-देन के लिये भी किया जा सकता है.
भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम
यह एक गैर-लाभकारी संगठन है, जिसका उद्देश्य भारत में संपूर्ण बैंकिंग प्रणाली को भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक भुगतान के लिये बुनियादी ढाँचा तथा निपटान प्रणाली प्रदान करना है.
2026 में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी भारत को दिया गया
2026 में आयोजित होने वाले विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी भारत को दिया गया है. विश्व बैडमिंटन महासंघ (BWF) ने इसकी घोषणा 14 जुलाई को की.
- भारत को 2023 में सुदीरमन कप का आयोजन करना था, लेकिन BWF ने इस विश्व मिश्रित टीम चैंपियनशिप की मेजबानी चीन को सौंपने का फैसला किया है.
- BWF ने चीन में कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए 2021 के सुदीरमन कप को चीन के शुजोऊ की जगह फिनलैंड के वांता में आयोजित करने का फैसला किया.
- भारत ने 2026 में BWF विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी स्वीकार कर ली है. यह दूसरा अवसर होगा जबकि भारत विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा. इससे पहले 2009 में हैदराबाद में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन हुआ था.
विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाडी
- पीवी सिंधू वर्तमान में महिला एकल की विश्व चैंपियन है. सिंधू ने इस प्रतियोगिता में दो रजत और दो कांस्य पदक भी जीते हैं.
- बी साई प्रणीत ने 2019 में स्विट्जरलैंड के बासेल में पुरुष एकल में विश्व चैंपियनशिप का पदक जीता था.
- साइना नेहवाल ने 2015 और 2017 में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता था
- अश्विनी पोनप्पा और ज्वाला गुट्टा ने 2011 में लंदन में महिला युगल में कांस्य पदक हासिल किया था.
नेपाल में नवनियुक्त प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने मंत्रिमंडल का गठन किया
नेपाल में नवनियुक्त प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने पांच सदस्यीय मंत्रिमंडल का गठन किया है. श्री देउबा ने 13 जुलाई को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी. राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी.
शेर बहादुर देउबा नेपाली कांग्रेस के नेता हैं. उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अगले प्रधानमंत्री के पद पर नियुक्त किया गया है. नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली द्वारा भंग की गई प्रतिनिधि सभा को बहाल करते हुए श्री देउबा को प्रधानमंत्री नियुक्त करने का आदेश दिया था.
देउबा पांचवीं बार नेपाल के प्रधानमंत्री बने हैं. इससे पहले, देउबा ने जून 2017 से फरवरी 2018, जून 2004 से फरवरी 2005, जुलाई 2001 से अक्टूबर 2002 और सितंबर 1995 से मार्च 1997 तक चार बार नेपाल के प्रधान मंत्री के रूप में कार्य किया था.
‘आरबीआई रिटेल डायरेक्ट’ स्कीम की घोषणा की गयी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ‘आरबीआई रिटेल डायरेक्ट’ (RBI Retail Direct) स्कीम की घोषणा की है. इस योजना के जरिए निवेशकों को सरकारी सिक्योरिटीज में एक ही स्थान पर निवेश की सुविधा मिल जाएगी. रिटेल निवेशक रिजर्व बैंक के पास रिटेल डायरेक्ट गिल्ट खाता (RDG Account) खोल सकते हैं.
सरकारी सिक्योरिटीज में रिटेल पार्टनरशिप बढ़ाने के लिए सरकार ने ‘द आरबीआई रिटेल डायरेक्ट सुविधा’ का भी ऐलान किया था.
इस प्लान का उद्देश्य सिक्योरिटीज सिक्योरिटीज की पहुंच में सुधार लाना है. साथ ही रिटेल निवेशकों की ऑनलाइन पहुंच का भी विस्तार किया जाएगा.
RBI के इस स्कीम के तहत ऑनलाइल पोर्टल रजिस्टर्ड यूजर को सरकारी प्रतिभूतियों के प्राथमिक निर्गम के अलावा एनडीएस-ओएम तक पहुंच उपलब्ध कराएगा. एनडीएस-ओएम यानि सेकंडरी बाजार में सरकारी प्रतिभूतियों में कारोबार के लिए आरबीआई की स्क्रीन आधारित इलेक्ट्रॉनिक ऑर्डर के मिलान की प्रणाली से है.
भारत के सहयोग से नेपाल में दूसरी सबसे बड़ी परियोजना शुरू की गयी
नेपाल ने अपने पूर्वी हिस्से में 679 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना के विकास के लिए भारत की सतलज जल विद्युत निगम (SJVN) के साथ 1.3 अरब डॉलर का समझौता किया है. यह भारत द्वारा शुरू किया गया दूसरा बड़ा उद्यम होगा.
इस परियोजना में कुल 679 मेगावाट क्षमता वाली लोवर अरुण जलविद्युत परियोजना भारत द्वारा शुरू की गई दूसरी बड़ी परियोजना है.
इससे पहले भारत ने 1.04 अरब अमेरिकी डॉलर लागत वाली 900 मेगावाट क्षमता की अरुण-3 जलविद्युत परियोजना शुरू की थी. इस परियोजना को बनाओ, रखो, चलाओ और सौंपो (BOOT) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा.
शंघाई सहयोग संगठन परिषद के विदेश मंत्रियों की बैठक
शंघाई सहयोग संगठन परिषद के विदेश मंत्रियों की बैठक 14 जुलाई को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में आयोजित की गयी थी.
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इस बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. इस बैठक में अफगानिस्तान सरकार के प्रतिनिधि विदेश मंत्री मोहम्मद हनीफ अतमर भी शामिल हुए थे.
इस वर्ष शंघाई सहयोग संगठन परिषद के गठन के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं. विदेश मंत्रियों की इस बैठक में इस वर्ष संगठन की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इसकी उपलब्धियों पर विचार किया गया.
बैठक में शंघाई सहयोग संगठन परिषद के राष्ट्राध्यक्षों की आगामी बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गयी और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया.
पूर्व क्रिकेटर यशपाल शर्मा का निधन
पूर्व क्रिकेट खिलाडी यशपाल शर्मा का 13 जुलाई को निधन हो गया. श्री शर्मा 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य थे.
यशपाल ने भारतीय क्रिकेट के विकास में काफी योगदान दिया. वह राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ता भी रहे. यशपाल ने वर्ष 1978 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला वनडे और 1979 में इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेला था. यशपाल शर्मा को सात साल के अंतराल में कभी कोई गेंदबाज वनडे क्रिकेट में शून्य पर आउट नहीं कर सका.
यशपाल शर्मा ने भारत के लिए कुल 37 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 1606 रन बनाए. इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए 42 वनडे मैच भी खेले, जिनमें कुल 883 रन बनाये थे.
15 जुलाई: विश्व युवा कौशल दिवस
प्रत्येक वर्ष 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस (World Youth Skills Day) मनाया जाता है. युवाओं को अधिक से अधिक कौशल विकास के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है.
विश्व युवा कौशल दिवस 2021 की थीम
इस वर्ष यानी 2021 के विश्व युवा कौशल दिवस की थीम (विषय)- ‘Reimagining Youth Skills Post Pandemic’ है.
इतिहास
विश्व युवा कौशल दिवस को मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 11 नवंबर 2014 को की गयी थी. पहली बार 15 जुलाई 2015 को यह दिवस मनाया गया था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
टोक्यो ओलंपिक 2020
टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत के 22 राज्यों के 119 एथलीट 18 खेल विधाओं में 130 करोड़ भारतीयों का प्रतिनिधित्व करेंगे. यह ओलंपिक में भारत के एथलीटों का अब तक का सबसे बड़ा दल होगा. इसका आयोजन, 23 जुलाई से 8 अगस्त, 2021 तक टोक्यो, जापान में किया जायेगा. इससे पहले, यह 2020 में होने वाला था, लेकिन COVID-19 महामारी के कारण इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था.
ब्रिक्स देशों के पर्यटन मंत्रियों की बैठक
ब्रिक्स देशों के पर्यटन मंत्रियों की बैठक 13 जुलाई को आयोजित की गयी थी. बैठक की अध्यक्षता भारत के पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने की थी. बैठक में जिम्मेदार और टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटन बुनियादी ढांचे में निवेश, पर्यटन उद्यमों और मानव संसाधन विकास के बीच निकट संपर्क को बढ़ावा देने के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया.
प्रधानमंत्री ने वाराणसी में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 जुलाई को अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में करीब 15.83 अरब रूपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी.
