डेली कर्रेंट अफेयर्स
कोविड महामारी में अनाथ हुए बच्चों की मदद के लिए ‘प्रधानमंत्री केयर्स बाल-योजना’
कोविड महामारी में अनाथ हुए बच्चों की मदद के लिए प्रधानमंत्री केयर्स बाल-योजना की घोषणा की गयी है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 29 मई को इस योजना के अंतर्गत कई कल्याणकारी कदमों को मंजूरी दी. इन बच्चों को निशुल्क शिक्षा और 23 वर्ष की आयु होने पर दस लाख रुपये दिए जाएंगे.
योजना के मुख्य बिंदु
- वे सभी बच्चे, जो अपने माता-पिता या कानूनी अभिभावक या दत्तक माता-पिता महामारी के कारण खो चुके हैं, उन सभी की प्रधानमंत्री केयर्स बाल-योजना के जरिये मदद की जाएगी.
- प्रत्येक बच्चे के लिये 10 लाख रुपये का एक विशेष कोष बनाया जायेगा. इस कोष में 18 वर्ष की आयु तक पीएम केयर्स फंड द्वारा योगदान दिया जायेगा. लाभार्थी बच्चों को 18 वर्ष की आयु से 23 वर्ष पूर्ण होने तक पांच वर्ष के लिये मासिक सहायता धनराशि दी जायेगी.
- 23 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर लाभार्थी को उसके पेशेवर या व्यक्तिगत उपयोग के लिये 10 लाख रुपये की पूरी राशि हस्तांतरित कर दी जायेगी.
- दस वर्ष से कम आयु के बच्चों को केन्द्रीय विद्यालयों या निजी विद्यालयों में प्रवेश दिया जायेगा. जबकि 11 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को सैनिक्स विद्यालयों या नवोदय सहित अन्य आवासीय विद्यालयों में शिक्षा प्रदान करने का प्रावधान किया गया है.
- सभी लाभार्थी बच्चों का पांच लाख रूपये स्वास्थ्य बीमा भी आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत कराया जायेगा. जिसके प्रीमियम का भुगतान पीएम केयर्स फंड द्वारा किया जाना है.
अमेरिका ने रूस के साथ ‘ओपन स्काई संधि’ में पुनः शामिल नहीं होने का फैसला किया
अमेरिका ने रूस के साथ ‘ओपन स्काई संधि’ (Open Skies Treaty) में पुनः शामिल नहीं होने का फैसला किया है. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन प्रशासन ने 28 मई को इस बात की जानकारी रूस को दी.
अमेरिका ने रूस को यह स्पष्टीकरण ऐसे समय दिया है जब राष्ट्रपति जो बाइडन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 16 जून को जिनेवा, स्विट्जरलैंड में बैठक करने वाले हैं.
अमेरिका ने रूस पर जासूसी का आरोप लगते हुए संधि से अलग हुआ था
इस संधि से अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका को अलग कर लिया था. अमेरिका ने मई 2020 में संधि तोड़ते हुए रूस पर आरोप लगाया था कि वो संधि के बहाने से टोह लेने की कोशिश कर रहा था. दरअसल साल 2017 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बात पर नाराज हो गए थे कि एक रूसी विमान ने गोल्फ कोर्स पर उड़ान भरी थी.
दोनों देश INF संधि से अलग हो चुके हैं
साल 2019 में भी दोनों ही देश Intermediate-Range Nuclear Forces (INF) संधि से अलग हो चुके हैं. इस संधि के तहत दोनों देशों ने मध्यम दूरी के घातक हथियारों को नष्ट करने का करार किया था ताकि परमाणु हथियारों की दौड़ रोकी जा सके.
खुला आसमान संधि (OST) क्या है?
खुला आकाश समझौता (Open Skies Treaty) या OST अमेरिका और रूस सहित 35 देशों के बीच ‘हवाई निगरानी’ (Aerial Surveillance Flights) के लिए एक संधि है. इस संधि में नाटो के सदस्य भी संधि में शामिल हैं. इस संधि पर वर्ष 2002 में हस्ताक्षर किए गए थे. इस संधि का उद्देश्य आपसी समझ को बढ़ाना है और सभी प्रतिभागियों में विश्वास उत्पन्न करता है.
OST में शामिल देश की सेना को किसी अन्य सदस्य देश की हवाई सीमा में अल्प सूचना पर एक निश्चित संख्या में निगरानी उड़ानों का संचालन करने की अनुमति देता है. संधि के तहत निगरानी विमान सैन्य प्रतिष्ठानों और गतिविधियों की जानकारी और तस्वीरें एकत्र कर सकता है.
OST संधि पर अब तक 35 देश हस्ताक्षर कर चुके हैं. किर्गिस्तान संधि पर हस्ताक्षर करने वाला 35वां देश है.
न्यू स्टार्ट संधि
ओपन स्काई संधि से भारत और रूस के अलग हो जाने के बाद दोनों परमाणु शक्तियों के बीच केवल एक मुख्य हथियार नियंत्रण संधि है जिसका नाम ‘न्यू स्टार्ट संधि’ है. यह संधि इस साल की शुरुआत में समाप्त होनी थी लेकिन जो बाइडन के अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर पद ग्रहण करने के बाद इसे पांच साल के लिए विस्तारित करने पर विचार कर रहा है.
नई सामरिक शस्त्र न्यूनीकरण संधि (Strategic Arms Reduction Treaty- START) अमेरिका और रूस के बीच सामरिक हथियारों में कमी लाने तथा उन्हें सीमित करने संबंधी एक संधि है.
युवा लेखकों को परामर्श देने के लिए प्रधानमंत्री योजना ‘YUVA’ की शुरूआत
शिक्षा मंत्रालय ने युवा लेखकों को परामर्श देने के लिए प्रधानमंत्री योजना ‘YUVA’ (Prime Minister’s Scheme for Mentoring Young Authors) की शुरूआत की. यह 30 साल से कम आयु वाले युवा लेखकों को प्रशिक्षित करने के लिए एक लेखक परामर्श कार्यक्रम है.
YUVA योजना क्या है?
‘YUVA’ का का पूरा नाम ‘Young, Upcoming and Versatile Authors’ है. युवा लेखकों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बारे में लिखने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप है. श्री मोदी ने युवा पीढी से स्वतंत्रता सेनानियों और स्वाधीनता संग्राम से जुडी घटनाओं के बारे में लिखने का आह्वान किया था.
योजना की रूप-रेखा
‘YUVA’ योजना में एक अखिल भारतीय प्रतियोगिता द्वारा 75 लेखकों का चयन किया जाएगा. इन लेखकों को पांडुलिपियां तैयार करने के लिए प्रख्यात लेखकों द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा. 12 जनवरी 2022 को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर इन पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा.
भारत और अमेरिका के विदेश मंत्री की बैठक
विदेशमंत्री एस जयशंकर ने अमरीका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन से के साथ 28 मई को वाशिंगटन में वार्ता बैठक की. बैठक में द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं तथा क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा हुई. दोनों नेताओं ने हिन्द -प्रशांत और क्वाड समूह के साथ-साथ अफगानिस्तान, म्यांमा और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया.
इस बैठक में भारत-अमरीका टीका साझेदारी पर भी चर्चा हुई जिसका उद्देश्य टीके की उपलब्धता बढ़ाना और इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करना था. इससे अब भारत में एस्ट्राजेनेका COVID-19 वैक्सीन ‘Covishield’ के निर्माण में वृद्धि होगी. इस वैक्सीन का विकास ब्रिटिश-स्वीडिश जैव-प्रौद्योगिकी कंपनी ने ‘ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका’ ने किया है, जिसका निर्माण भारत में सीरम इंस्टिट्यूट कर रही है.
बैठक के बाद श्री ब्लिंकेन ने कहा कि अमरीका और भारत वर्तमान समय की अति महत्वपूर्ण चुनौतियों पर मिलकर काम कर रहे हैं, जिसका प्रभाव हमारे नागरिकों के जीवन पर पड़ता है. उन्होंने कहा कि अमरीका और भारत कोविड महामारी और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से मुकाबले के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर विभिन्न चुनौतियों से निपटने के लिए क्वाड तथा संयुक्त राष्ट्र के विभिन्न संस्थानों के माध्यम से मिलकर काम कर रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र ने तीन भारतीय शांति सैनिक को सम्मानित करने की घोषणा की
संयुक्त राष्ट्र ने विश्व के 129 सैन्य, पुलिस और नागरिक कर्मियों को प्रतिष्ठित पदक से सम्मानित की घोषणा की है. इन्हें ड्यूटी के दौरान साहस और बलिदान के लिए मरणोपरांत संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया जायेगा.
सम्मानित किये गये शांति सैनिकों में से तीन भारतीय शांति सैनिक हैं. ये भारतीय सैनिक कॉर्पोरल युवराज सिंह, नागरिक शांति रक्षक इवान माइकल पिकार्डो और मूलचंद यादव हैं.
युवराज सिंह दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन (UNMISS) में सेवारत थे, जबकि इवान माइकल पिकार्डो UNAMISS के साथ एक नागरिक शांति रक्षक के रूप में जुड़े थे. मूलचंद यादव इराक में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMI) से जुड़े थे. इन तीनों भारतीय शांतिरक्षकों ने 2020 में संयुक्त राष्ट्र (UN) के शांति अभियानों में सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए थे.
भारत संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना में वर्दीधारी कर्मियों का पांचवां सबसे बड़ा योगदानकर्ता है.
30 मई: गोवा स्थापना दिवस
प्रत्येक वर्ष 30 मई को गोवा अपना स्थापना दिवस (Goa Statehood Day) मनाता है. यह दिवस गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. 1987 में इसी दिन गोवा को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था. पढ़ें पूरा आलेख…»
29 मई: अन्तर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति-रक्षक दिवस
प्रत्येक वर्ष 29 मई को अन्तर्राष्ट्रीय संयुक्त राष्ट्र शांति-रक्षक दिवस मनाया जाता है. यह दिन उन सभी को समर्पित है, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में कार्य किया है. पढ़ें पूरा आलेख…»
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
तटरक्षक बल के गश्ती पोत ‘सजग’ का जलावतरण
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भारतीय तटरक्षक बल के गश्ती पोत ‘सजग’ का जलावतरण किया और इसे समुद्री सुरक्षा के लिए राष्ट्र को समर्पित किया. सजग का निर्माण गोवा शिपयार्ड लिमिटेड ने किया है. सरकार की मेक इन इंडिया लक्ष्य दृष्टि के अनुरूप देश में निजी यार्ड सहित विभिन्न पोत कारखानों में भारतीय तटरक्षक जहाजों का निर्माण किया जा रहा है.
IPL के बाकी मैच UAE में कराने का फैसला
BCCI ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाकी मैच सितम्बर और अक्तूबर महीनों में संयुक्त अरब अमारात (UAE) में कराने का फैसला किया है. covid-19 संक्रमण के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था.
CRPF के महानिदेशक कुलदीप सिंह को NIA के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक कुलदीप सिंह को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. श्री सिंह वाईसी मोदी के सेवानिवृत्त होने के बाद इस महीने की 31 तारीख को यह अतिरिक्त पदभार ग्रहण करेंगे.
त्सांग यिन-हंग ने दुनिया की सबसे तेज एवरेस्ट चढ़ाई का रिकॉर्ड बनाया
हांगकांग की महिला पर्वतारोही त्सांग यिन-हंग (Tsang Yin-hung) ने दुनिया की सबसे तेज एवरेस्ट चढ़ाई का रिकॉर्ड बनाया है. 44 वर्षीय त्सांग ने 23 मई को 25 घंटे 50 मिनट के रिकॉर्ड समय में 8,848.86 मीटर माउंट एवरेस्ट को फतह किया.
RAW और IB के प्रमुख को सेवा विस्तार
रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के प्रमुख सामंत कुमार गोयल और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के प्रमुख अरविंद कुमार को उनकी सेवाओं में एक साल का विस्तार दिया गया. गोयल, 30 जून को समाप्त होने वाले मौजूदा कार्यकाल से एक वर्ष की अवधि के लिए RAW के सचिव बने रहेंगे.
