Tag Archive for: Important Day-August

14 अगस्त 2024: तीसरा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया

14 अगस्त 2024 को भारत में  तीसरा “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” मनाया गया था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त 2021 को 75वें स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में इस दिवस को मनाने की घोषणा की थी.

इस दिवस को मनाने का उद्देश्य भारत की वर्तमान और भावी पीढ़ियों को विभाजन के दौरान लोगों द्वारा सही गई यातना और वेदना का स्मरण दिलाना है.

ब्रिटिश शासन से मुक्ति के साथ ही भारत का विभाजन हुआ था और पाकिस्तान अस्तित्व में आया था. धर्म के आधार पर भारत के विभाजन के पश्चात बड़े पैमाने पर हिंसा की घटनाएँ हुई, जिसके कारण लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा और असंख्य लोग हिंसा में मारे गये. उन लोगों के संघर्ष और बलिदान की याद में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तौर पर मनाने का निर्णय लिया गया.

13 अगस्त: विश्व अंगदान दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 13 अगस्त को विश्व अंगदान दिवस (World Organ Donation Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य सामान्य मनुष्य को मृत्यु के बाद अंगदान करने के लिए प्रोत्साहित करना हैं. जागरूकता की कमी के कारण, लोगों के मन में अंगदान के बारे में भय और मिथक विद्यमान हैं.

अंगदान में अंगदाता के अंगों जैसे कि हृदय, लीवर (यकृत), गुर्दे, आंत, फेफड़े, और अग्न्याशय का दान उसकी मृत्यु के पश्चात ज़रूरतमंद व्यक्ति में प्रत्यारोपित करने के लिए किया जाता है.

27 नवम्बर को राष्ट्रीय अंगदान दिवस मनाया जाता है

27 नवम्बर को भारत में राष्ट्रीय अंगदान दिवस मनाया जाता है. 27 नवम्बर 2023 को राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (नोट्टो) ने देश में 14वां अंगदान दिवस (14th Organ Donation Day) मनाया था.

भारत सरकार ने 1994 में ‘मानव अंग प्रत्यारोपण अधिनियम’ पारित किया था. इस अधिनियम का उद्देश्य मानव अंग व्यापार को रोकना तथा मृत्यु के बाद अंगदान को बढ़ावा देना था. 2011 में इस अधिनियम में संशोधन किया गया था.

12 अगस्त: विश्‍व हाथी दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को विश्‍व हाथी दिवस (World Elephant Day) मनाया जाता है. एशियाई और अफ्रीकी हाथियों की घटती संख्‍या की ओर तत्‍काल ध्‍यान आकृष्‍ट करने के लिए यह दिवस 2012 से मनाया जा रहा है.

विश्व हाथी दिवस 2024 का विषय (theme) है ‘प्रागैतिहासिक सौंदर्य, धार्मिक प्रासंगिकता और पर्यावरणीय महत्व को व्यक्त करना’ (Personifying Prehistoric Beauty, Theological Relevance, and Environmental Importance).

वर्ष 2011 में ‘एलीफैंट रिइंट्रोडक्शन फाउंडेशन’ (Elephant Reintroduction Foundation) और कनाडाई फिल्म निर्माता पेट्रीसिया सिम्स एवं माइकल क्लार्क द्वारा विश्व हाथी दिवस की कल्पना की गई थी. पहला विश्व हाथी दिवस 12 अगस्त, 2012 को मनाया गया था.

वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (WWF) के हालिया आंकड़ों के अनुसार विश्व में लगभग 4,40,000 हाथी हैं.

भारत में हाथियों का संरक्षण

एशियाई हाथी की तीन उप-प्रजातियाँ हैं: भारतीय, सुमात्रन तथा श्रीलंकन. भारत में हाथी को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (Wildlife (Protection) Act, 1972) की अनुसूची 1 में शामिल करते हुए भारतीय वन्यजीव कानून के तहत उच्चतम संभव संरक्षण प्रदान किया गया है. सरकार ने वर्ष 2011 में भारतीय हाथी को देश का राष्ट्रीय विरासत पशु घोषित किया था.

12 अगस्त: अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (International Youth Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य युवाओं के मुद्दों और उनकी बातों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है.

इस वर्ष यानी 2024 में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस का मुख्य विषय (थीम) “क्लिक्स से प्रगति तक: सतत विकास के लिए युवा डिजिटल रास्ते।” (From Clicks to Progress: Youth Digital Pathways for Sustainable Development.) है.

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1999 में यह दिवस मनाये जाने का फैसला किया था. अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन पहली बार साल 2000 में किया गया था. संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 1985 को ‘अंतरराष्ट्रीय युवा वर्ष’ घोषित किया था.

10 अगस्त: विश्‍व जैव ईंधन दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 10 अगस्‍त को ‘विश्‍व जैव ईंधन दिवस’ (World Biofuel Day) मनाया जाता है. इसका उद्देश्‍य पांरपरिक जीवाश्‍म ईंधनों के विकल्‍प के रूप में गैर-जीवाश्‍म ईंधनों के महत्‍व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है. जैव ईंधन पर्यावरण के अनुकूल ईंधन हैं और इसके उपयोग से कार्बन उत्सर्जन कम करने की वैश्विक चिंताओं का समाधान होगा.

इस वर्ष यानि 2024 में विश्‍व जैव ईंधन दिवस का विषय (थीम) ‘टिकाऊ जैव ईंधन: हरित भविष्य को बढ़ावा देना’ (Sustainable Biofuels: Fueling a Greener Future) है.

9 अगस्त: अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस

प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस (International Day of the World’s Indigenous Peoples) के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस, आदिवासी आबादी के अधिकारों को बढ़ावा देने और उनकी सुरक्षा के उद्देश्य से मनाया जाता है.

23 दिसंबर 1994 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित कर 9 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस मनाने का निर्णय लिया था. दुनिया भर में पहला अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस 9 अगस्त 1995 को मनाया गया था.

विश्व के लगभग 70.5 प्रतिशत आदिवासी लोग एशिया में रहते हैं, इसके बाद 16.3 प्रतिशत अफ्रीका में, 11.5 प्रतिशत लैटिन अमेरिका में रहते हैं. विश्व की जनसंख्या में लगभग 6.2 प्रतिशत हिस्सा आदिवासी लोगों का है. विश्व की अत्यंत गरीब आबादी का लगभग 19 प्रतिशत आदिवासी हैं.

2024 अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस का विषय (थीम)

2024 अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस का विषय (थीम) ‘स्वैच्छिक अलगाव और प्रारंभिक संपर्क में आदिवासी  लोगों के अधिकारों की रक्षा’ (Protecting the Rights of Indigenous Peoples in Voluntary Isolation and Initial Contact) है.

7 अगस्त 2024: 10वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी

प्रत्येक वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (National Handloom Day) मनाया जाता है. इस दिवस का उद्देश्य हथकरघा उद्योग के महत्व एवं आमतौर पर देश के सामाजिक आर्थिक योगदान में इसके महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना और हथकरघा को बढ़ावा देना, बुनकरों की आय को बढ़ाना और उनके गौरव में वृद्धि करना है.

हथकरघा दिवस मनाने के लिए 7 अगस्‍त का दिन भारतीय इतिहास में विशेष महत्‍व का होने के कारण चुना गया है. इसी दिन 1905 में ब्रिटिश सरकार द्वारा बंगाल के विभाजन के विरोध में स्‍वदेशी आंदोलन शुरू हुआ था. इस दिन कोलकाता के टाउनहॉल में एक महा जनसभा में स्वदेशी आंदोलन की औपचारिक रूप से शुरुआत की गई थी.

भारत सरकार ने इसी की याद में हर वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में घोषित किया था. पहला राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 2015 में मनाया गया था. 7 अगस्त 2024 को 10वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया गया.

6 अगस्त 2024: हिरोशिमा पर परमाणु बमबारी की 79वीं वर्षगांठ

प्रत्येक वर्ष 6 अगस्त को हिरोशिमा दिवस (Hiroshima Day) और जापान में शांति दिवस के रूप में मनाया जाता है. 1945 में द्वितीय विश्व युद्ध (World War II) के दौरान जापान के हिरोशिमा पर इसी दिन परमाणु बम गिराया गया था. इसे मानव इतिहास में काला दिन भी कहा जाता है. इसे दिवस के रूप में इसलिए मनाया जाता है, ताकि दुनिया इस तबाही से कुछ सीख ले. 6 अगस्त 2024 को जापानी शहर पर परमाणु बमबारी की 79वीं वर्षगांठ है.

हिरोशिमा दिवस: मुख्य तथ्यों पर एक दृष्टि

  • अमेरिका दुनिया का इकलौता देश है, जिसने मानव इतिहास में सबसे बड़ा नरसंहार करने वाले परमाणु बमों का इस्तेमाल किया है.
  • द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका ने 6 अगस्त 1945 को जपान के हिरोशिमा नामक नगर में ‘लिटिल बॉय’ नामक यूरेनियम गिराया था. यह बम उस समय का सबसे शक्तिशाली बम माना जाता था.
  • हिरोशिमा को तबाह करने के बाद अमेरिका ने 9 अगस्त 1945 को नागासाकी पर ‘फैट मैन’ नामक प्लूटोनियम बम गिराया.
  • हिरोशिमा नगर जापान के होन्शु द्वीप में स्थित है जबकि नागासाकी क्यूशू द्वीप में स्थित है.

5 सितम्बर: अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस, मदर टेरेसा की पुण्यतिथि

प्रत्येक वर्ष 5 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस (International Day of Charity) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दुनिया भर में व्यक्तियों, धर्मार्थ, परोपकारी दान संबंधी गतिविधियों के लिए जागरूकता बढ़ाना है. यह दिवस उपेक्षित और वंचितों के अधिकारों को भी बढ़ावा देता है और संघर्ष की स्थितियों में मानवता के संदेश को फैलाता है.

मदर टेरेसा की पुण्यतिथि

  • संयुक्त राष्ट्र महासभा ने यह दिवस मदर टेरेसा की पुण्यतिथि 05 सितंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा वर्ष 2012 में की थी.
  • मदर टेरसा (मदर मैरी टेरेसा बोजाक्सिहु), कलकत्ता के सेंट टेरेसा के रूप में कैथोलिक चर्च में सम्मानित,एक अल्बानियाई-भारतीय थी. उन्होंने 1948 में स्वेच्छा से भारतीय नागरिकता ले ली थी.
  • मदर टेरेसा को “गरीबी और संकट” से उबरने में उनके योगदान के लिए 1979 में शांति का नोबेल पुरस्कार दिया गया था. उन्हें ‘बीसवीं सदी की फ्लोरेंस नाइटिंगेल’ भी कहा जाता है.

30 अगस्त: राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस

प्रत्येक वर्ष 30 अगस्त को राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस (National Small Industry Day) मनाया जाता है. यह दिवस छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने और बेरोज़गारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनाया जाता है.

लघु उद्योग वे उद्योग हैं, जो छोटे पैमाने पर किये जाते हैं जिनमें 10 से 50 लोग काम करते हों. सरकार द्वारा जारी हाल की परिभाषा के अनुसार लघु उद्योग इकाई ऐसा औद्योगिक उपक्रम है, जहाँ संयंत्र एवं मशीनरी में निवेश 1 करोड़ रुपये से अधिक न हो, किन्तु कुछ मद, जैसे- हौजरी, हस्त-औजार, दवाइयों व औषधि, लेखन सामग्री मदें और खेलकूद का सामान आदि में निवेश की सीमा 5 करोड़ रुपये तक है.

29 अगस्त: राष्‍ट्रीय खेल दिवस, मेजर ध्यानचंद का जन्म-दिन

प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस (National Sports Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिन सुप्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. उनका जन्म इसी दिन 1905 में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में हुआ था.

राष्ट्रीय खेल दिवस 2023 का थीम ‘खेल समावेशी और फिट समाज के लिये एक संबल’ (Sports are an enabler to an inclusive and fit society) था.

मेजर ध्यानचंद: एक दृष्टि

  • मेजर ध्यानचंद ने भारत को ओलंपिक में 3 स्वर्ण पदक दिलवाए थे. भारत ने 1932 में 37 मैच में 338 गोल किए, जिसमें 133 गोल ध्यानचंद ने किए थे.
  • दूसरे विश्व युद्ध से पहले ध्यानचंद ने 1928 (एम्सटर्डम), 1932 (लॉस एंजिल्स) और 1936 (बर्लिन) में लगातार तीन ओलंपिक में भारत को हॉकी में स्वर्ण पदक दिलाए.
  • 1956 में ध्यानचंद को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया.

29 अगस्त: परमाणु परीक्षण के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस

प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को परमाणु परीक्षण के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day against Nuclear Tests) मनाया जाता है. इसका उद्देश्य परमाणु हथियारों से होने वाले नुकसान एवं उनके दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरुक करना है.

दिसम्बर, 2009 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में 29 अगस्त को परमाणु परीक्षण के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में घोषित किया गया था. पहली बार यह दिवस वर्ष 2010 में मनाया गया था.

कजाकिस्तान में 1991 में सोवियत संघ (USSR) नियंत्रित सेमिपालाटिंस्क परमाणु परीक्षण स्थल के समापन की 18वीं वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए कजाकिस्तान द्वारा इस प्रस्ताव की शुरुआत की गई थी.

यह दिन किसी भी देश द्वारा सभी प्रकार के परमाणु हथियारों के परीक्षण और इसके उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की तात्कालिकता पर प्रकाश डालता है.