स्वदेशी एयर ड्रॉपेबल कंटेनर ‘ADC-150’ के सफल परीक्षण
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और भारतीय नौसेना ने हाल ही में एयर ड्रॉपेबल कंटेनर ‘ADC-150’ के चार सफल इन-फ्लाइट (उड़ान के दौरान) परीक्षण किए थे.
यह परीक्षण भारतीय नौसेना की लॉजिस्टिक (रसद) क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक बहुत बड़ी कामयाबी है.
ADC-150 क्या है?
- ADC-150 (Air Droppable Container-150) भारत में ही डिजाइन और विकसित किया गया एक विशेष कंटेनर है.
- यह कंटेनर अपने साथ अधिकतम 150 किलोग्राम तक का पेलोड (वजन/सामान) ले जाने में सक्षम है.
- इसका मुख्य काम तटों से हजारों किलोमीटर दूर, गहरे समुद्र (Blue Waters) में तैनात नौसैनिक जहाजों तक हवा के रास्ते आपातकालीन मदद पहुंचाना है.
- इस प्रोजेक्ट को मुख्य रूप से DRDO की अलग-अलग लैब ने मिलकर बहुत कम समय में तैयार किया है.
परीक्षण से संबंधित मुख्य बिन्दु
- ये परीक्षण नौसेना के ‘पी-8आई’ (P-8I Poseidon) समुद्री गश्ती विमान से गोवा के तट से दूर समुद्र के ऊपर किए गए.
- परीक्षण के दौरान विमान से इस कंटेनर को अलग-अलग ऊंचाइयों और अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में गिराया गया प्रत्येक बार यह कंटेनर सटीक रूप से अपने लक्ष्य (समुद्र में तैनात जहाज के पास) तक पहुंचा.
नौसेना के लिए क्यों महत्वपूर्ण?
- कई बार समुद्र के बीच गश्त लगा रहे जहाजों में कोई तकनीकी खराबी आ जाती है या उन्हें मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में जहाज को वापस बंदरगाह लाना संभव नहीं होता.
- ADC-150 के जरिए अब P-8I विमान सीधे आसमान से स्पेयर पार्ट्स (कलपुर्जे), जरूरी उपकरण, जीवन रक्षक दवाइयां और अन्य आपातकालीन सामग्री को पैराशूट की मदद से सीधे जहाजों तक सुरक्षित पहुंचा सकेंगे.
