प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की इथियोपिया की यात्रा

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 15 से 18 दिसम्बर 2025 तक तीन देशों जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की यात्रा पर थे. यात्रा के दूसरे चरण में श्री मोदी 16-17 दिसंबर को इथियोपिया की आधिकारिक यात्रा पर थे. यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा इथियोपिया की पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा थी.

द्विपक्षीय वार्ता के मुख्य बिन्दु

  • प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. इस वार्ता में दोनों देशों के बीच संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने पर सहमति बनी.
  • दोनों देशों के बीच आठ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए. इथियोपिया के विदेश मंत्रालय में एक आधुनिक डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए भारत सहयोग करेगा.
  • इथियोपियाई छात्रों के लिए ICCR छात्रवृत्तियों की संख्या दुगुनी करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे क्षेत्रों में विशेष पाठ्यक्रमों की घोषणा की गई.
  • रक्षा निर्यात और भारतीय सेना द्वारा इथियोपियाई सैनिकों को प्रशिक्षण के लिए नए समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.

सर्वोच्च नागरिक सम्मान

इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद ने पीएम मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ (Great Honor Nishan of Ethiopia) से सम्मानित किया. यह सम्मान भारत-इथियोपिया संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए दिया गया.

संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया

पीएम मोदी ने इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया. वे ऐसा करने वाले दुनिया के 18वें नेता बने.

भारत-इथियोपिया संबंध

  • भारत ने 1948 में इथियोपिया के साथ कूटनीतिक संबंध स्थापित किए थे.
  • भारत और इथियोपिया के बीच 2,000 साल पुराने संबंध हैं. पहली शताब्दी में भारतीय व्यापारी सोने और हाथी दांत के बदले रेशम और मसालों का व्यापार करने इथियोपिया के प्राचीन बंदरगाहों पर जाते थे.
  • 1941 में इथियोपिया को इतालवी कब्जे से मुक्त कराने के लिए भारतीय सैनिकों ने इथियोपियाई लोगों के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी.
  • भारत, इथियोपिया में सबसे बड़े विदेशी निवेशकों में से एक है. 675 से अधिक भारतीय कंपनियों ने वहां लगभग 5 बिलियन डॉलर (₹41,000 करोड़ से अधिक) का निवेश किया है.
  • भारतीय कंपनियां मुख्य रूप से कृषि, कपड़ा, फार्मास्यूटिकल्स, विनिर्माण और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं.
  • भारत ने इथियोपिया के ब्रिक्स (BRICS) में शामिल होने और अफ्रीकी संघ (African Union) को G20 का स्थायी सदस्य बनाने का पुरजोर समर्थन किया है.