डेली कर्रेंट अफेयर्स
वी नारायणन इसरो के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए
- श्री वी नारायणन को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का नया अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है.
- केंद्रीय कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने हाल ही में इसकी घोषणा की थी. वे 14 जनवरी को कार्यभार ग्रहण करेंगे. वे इसरो के मौजूदा अध्यक्ष एस सोमनाथ का स्थान लेंगे.
- तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में एक साधारण किसान परिवार में जन्मे डॉ. नारायणन अभी केरल के वलियामाला में इसरो के द्रव प्रणोदन प्रणाली केंद्र (एलपीएससी) के निदेशक हैं.
- डॉ. नारायणन IIT-खड़गपुर के पूर्व छात्र हैं. रॉकेट और अंतरिक्ष यान प्रणोदन क्षेत्र में विशिष्ट वैज्ञानिक के रूप में उन्हें लगभग चार दशकों का अनुभव है.
चर्चा में: ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (hMPV)
- चीन के बाद भारत में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (hMPV) के कुछ मामलों की पुष्टि के बाद यह हाल के दिनों में चर्चा में रहा है.
- स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार HMPV कोई नया वायरस नहीं है. इसे पहली बार 2001 में पहचाना गया था और यह कई वर्षों से पूरी दुनिया में फैल रहा है.
- अमेरिकन लंग एसोसिएशन के अनुसार, ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (hMPV) एक सामान्य श्वसन वायरस (common respiratory virus) है जो ऊपरी श्वसन संक्रमण (जैसे सर्दी) का कारण बनता है.
- यह एक मौसमी बीमारी है जो आमतौर पर सर्दियों और शुरुआती वसंत में होती है, जो RSV और फ्लू के समान है. इस बीमारी की पहचान 2001 में नीदरलैंड के वैज्ञानिकों ने की थी.
- hPMV संक्रमित व्यक्ति के साथ निकट संपर्क या वायरस से संक्रमित क्षेत्र के संपर्क में आने से यह बीमारी फैलती है. hMPV के लक्षण सामान्य सर्दी जैसे हैं.
नाड़ी तरंगिनी- CDSCO से मंजूरी प्राप्त करने वाला भारत का पहला आयुर्वेदिक चिकित्सा उपकरण
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में नाड़ी तरंगिनी उपकरण का उल्लेख किया था और इसकी प्रशंसा की थी. इसके बाद यह उपकरण चर्चा में आ गया था.
- ‘नाड़ी तरंगिणी’ आयुर्वेदिक पल्स डायग्नोस्टिक उपकरण है जिसे पुणे के हिंजेवाड़ी की आत्रेय इनोवेशन्स कंपनी ने बनाया है.
- यह उपकरण भारत का पहला आयुर्वेदिक चिकित्सा उपकरण है जिसे CDSCO (सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन) से मंजूरी मिली है. CDSCO देश में सौंदर्य प्रसाधन, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के लिए राष्ट्रीय नियामक है.
- नाड़ी तरंगिणी को डॉ. अनिरुद्ध जोशी ने IIT बॉम्बे में छह साल से अधिक समय तक शोध के बाद विकसित किया है.
- नाड़ी तरंगिणी से नाड़ी की जांच करने पर 22 आयुर्वेदिक मानकों वाली 10 पेज की रिपोर्ट मिलती है. नाड़ी तरंगिणी की एक्यूरेसी लगभग 85 फीसदी है.
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपने पद से इस्तीफा दिया
- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने सत्ताधारी लिबरल पार्टी के नेता पद और प्रधानमंत्री पद से 6 जनवरी को इस्तीफ़ा दे दिया है. वह 2015 में 44 साल की उम्र में कनाडा के प्रधानमंत्री बने थे.
- हालांकि, लिबरल पार्टी के नए नेता चुने जाने तक ट्रूडो प्रधानमंत्री बने रहेंगे. कनाडा में इसी साल अक्टूबर से पहले चुनाव होने हैं.
- कनाडा में खलिस्तान समर्थक नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या मामले में जस्टिन ट्रूडो द्वारा भारत पर आरोप लगाए जाने के कारण पिछले कुछ अरसे से भारत और कनाडा के रिश्तों में कड़वाहट आ चुकी है.
- भारत ने इस आरोप से इनकार किया था. इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच संबंध बद से बदतर होते चले गए.
- कनाडा की आबादी में सिख 2.1 फ़ीसदी हिस्सेदारी रखते हैं. पिछले 20 सालों में कनाडा के सिखों की आबादी दोगुनी हुई है.
- भारत सरकार कनाडा को खालिस्तानी अलगाववादियों पर कार्रवाई करने के लिए कहती रही है. ट्रूडो सरकार अपने वोट बैंक की राजनीति को ध्यान में रखते हुए खालिस्तान पर नरम है.
इंडोनेशिया BRICS समूह का पूर्ण सदस्य बना
- इंडोनेशिया को BRICS समूह का पूर्ण सदस्य स्वीकार कर लिया गया है. इसकी घोषणा BRICS समूह के वर्तमान अध्यक्ष देश ब्राज़ील ने 6 जनवरी 2024 को की थी.
- अगस्त 2023 में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान BRICS सदस्य देशों ने इंडोनेशिया की सदस्यता को स्वीकृति दी थी.
- इंडोनेशिया की सदस्यता, दक्षिण-पूर्व एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के नाते, यह BRICS की एशिया-प्रशांत क्षेत्र में स्थिति को मजबूत करेगा.
- इंडोनेशिया वैश्विक व्यापार में अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता कम करने का समर्थन करता है, जो BRICS का एक प्रमुख उद्देश्य है.
जानिए क्या है ब्रिक्स और इसकी अहमियत…»
ऑस्ट्रेलिया बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का विजेता बना
- ऑस्ट्रेलिया, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का विजेता बना है. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले टेस्ट क्रिकेट मैचों की एक श्रृंखला है.
- यह श्रृंखला नवंबर 22 2024 से 5 जनवरी 2025 तक ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में आयोजित किया गया था जिसे ऑस्ट्रेलिया ने भारत से 3-1 जीत ली.
- सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गये बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के पांचवें और अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से पराजित कर दिया था.
- भारतीय टीम ने 5 मैचों की सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी. इस श्रृंखला का तीसरा मैच ड्रॉ रहा था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
प्रधानमंत्री ने 8 विशाखापत्तनम में कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 8 जनवरी को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, शुभारंभ और शिलान्यास किया. उन्होंने विशाखापत्तनम के निकट पुदिमदका में एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड की अत्याधुनिक हरित हाईड्रोजन केंद्र परियोजना की आधारशिला रखी. यह राष्ट्रीय हरित हाईड्रोजन मिशन के अंतर्गत पहला हरित हाईड्रोजन केंद्र होगा.
एक देश एक चुनाव से संबंधित संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक
एक देश एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक 8 जनवरी को हुई. ये विधेयक हैं – 129वां संविधान संशोधन विधेयक और केंद शासित प्रदेश विधान संशोधन विधेयक, 2024. 39 सदस्य समिति में लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य हैं. यह समिति अगले संसद सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन अपनी रिपोर्ट सौपेगी.
नई दिल्ली में ग्रामीण भारत महोत्सव 2025 का आयोजन
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 4 से 9 जनवरी तक ग्रामीण भारत महोत्सव 2025 का आयोजन किया गया था. इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया. इस महोत्सव की थीम थी, ‘विकसित भारत के लिए एक लचीले ग्रामीण भारत का निर्माण’. इस महोत्सव का आयोजन ग्रामीण भारत की उद्यमशीलता की भावना और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाने के लिए किया गया.
भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क वाला देश
चीन और अमेरिका के बाद भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क वाला देश बन गया है. देश में मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 1000 किमी तक पहुंच गयी है.
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा
चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है. घोषणा के तहत दिल्ली में एक चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा. वोटों की गिनती 8 फरवरी, 2025 को होगी. 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को पूरा हो रहा है.
वी रामसुब्रमण्यन को एनएचआरसी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज वी रामासुब्रमण्यन को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह नियुक्ति की. यह नियुक्ति मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 के तहत हुई है.
एयरो शो एयरो इंडिया 2025 का आयोजन बेंगलुरु में होगा
एशिया के सबसे बड़े एयरो शो ‘एयरो इंडिया 2025’ का 15वां संस्करण 10 से 14 फरवरी के बीच बेंगलुरु में आयोजित किया जायेगा. इस कार्यक्रम का विषय है ‘रनवे टू ए बिलियन ऑपर्च्युनिटीज’. एयरो इंडिया स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करने के लिए विदेशी और भारतीय फर्मों को एक मंच प्रदान करेगा.
