डेली कर्रेंट अफेयर्स
इटली डेविस कप 2024 का खिताब विजेता बना
- डेविस कप 2024 का खिताब इटली ने जीता. यह डेविस कप डेविस कप का 112वां संस्करण था जो 20 से 24 नवंबर 2024 तक स्पेन के मलागा में खेला गया था.
- फाइनल में इटली ने नीदरलैंड को नीदरलैंड को 2-0 से हराया. इटली ने इससे पहले वर्ष 1976 और वर्ष 2023 में डेविस कप जीता था.
- इस प्रतियोगिता में आठ टीमों- इटली, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, कनाडा, जर्मनी, अर्जेंटीना और संयुक्त राज्य अमेरिका ने भाग लिया था.
डेविस कप: एक दृष्टि
- डेविस कप का आधिकारिक नाम इंटरनेशनल लॉन टेनिस चैलेंज ट्रॉफ़ी है. डेविस कप एक प्रमुख पुरुष टीम टेनिस टूर्नामेंट है. इसका आयोजन अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) द्वारा किया जाता है.
- इसकी शुरुआत वर्ष 1900 में हुई थी. डेविस कप का नाम अमेरिकी खिलाड़ी ड्वाइट फ़िली डेविस के नाम पर रखा गया है. डेविस ने ही इस टूर्नामेंट की शुरुआत की थी.
- संयुक्त राज्य अमेरिका ने सर्वाधिक 32 बार डेविस कप खिताब जीता है.
भूख एवं गरीबी के खिलाफ वैश्विक गठबंधन की आधिकारिक शुरुआत
- ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में हाल ही में संपन्न जी-20 शिखर सम्मेलन में ‘भूख एवं गरीबी के खिलाफ वैश्विक गठबंधन’ (Global Alliance Against Hunger and Poverty) की आधिकारिक शुरुआत हुई.
- इस गठबंधन का उद्देश्य ‘सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा’ के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता के लिए एक मंच प्रदान करना है.
- वर्ष 2015 में संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्य देशों ने ‘सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा’ को अपनाया था. इसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक गरीबी एवं भुखमरी को समाप्त करना तथा बेहतर पोषण प्राप्त करना था.
- वर्तमान अनुमानों से पता चलता है कि वर्ष 2030 तक 622 मिलियन लोग प्रति दिन 2.15 डॉलर की अत्यधिक गरीबी रेखा से नीचे रहेंगे.
- यदि वर्तमान रुझान जारी रहता है तो वर्ष 2030 तक 582 मिलियन लोग भूखे रहेंगे.
- वर्तमान में भारत सहित 81 देश, 26 अंतर्राष्ट्रीय संगठन, 9 वित्तीय संस्थान और 31 परोपकारी संस्थाएं एवं गैर-सरकारी संगठन इसमें शामिल हैं. गठबंधन का तकनीकी मुख्यालय FAO के रोम मुख्यालय में होगा.
- इस गठबंधन के पास कोई विशेष निधि नहीं है. इसके संचालन के लिए वार्षिक 2-3 मिलियन डॉलर सदस्य देशों और खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO), यूनिसेफ तथा विश्व बैंक जैसे संस्थानों से आएगी.
19वां G20 शिखर सम्मेलन 2024 रियो डी जेनेरियो में संपन्न हुआ
- 19वां G20 शिखर सम्मेलन 2024 (19th G20 Summit) ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में 18-19 नवंबर 2024 को आयोजित किया गया था. यह ब्राज़ील में आयोजित होने वाला पहला जी-20 शिखर सम्मेलन था.
- सम्मेलन का थीम एक न्यायसंगत विश्व एवं एक संधारणीय ग्रह का निर्माण (Building a Just World and a Sustainable Planet) था.
- यह 19वाँ संस्करण था जिसकी अध्यक्षता ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने की. सम्मेलन में सभी 19 सदस्य देश, अफ्रीकी संघ एवं यूरोपीय संघ ने हिस्सा लिया. सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी.
- सम्मेलन में जलवायु वित्त को बढ़ाने एवं नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार करने का आह्वान किया गया. साथ ही, गाजा व लेबनान में तत्काल युद्ध विराम और यूक्रेन में व्यापक शांति पर भी जोर दिया गया.
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की तीव्र प्रगति से समृद्धि एवं वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था पर चर्चा हुई.
- लैंगिक समानता और सभी महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया गया.
- सदी के मध्य तक शून्य उत्सर्जन प्राप्त करने और 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा एवं वैश्विक ऊर्जा दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई.
- ‘भूख एवं गरीबी के विरुद्ध वैश्विक गठबंधन’ की शुरुआत हुई. इसमें आय हस्तांतरण, स्कूल भोजन कार्यक्रम और माइक्रोक्रेडिट तक पहुंच जैसी रणनीतियों को बढ़ावा दिया जाएगा.
- लचीली स्वास्थ्य प्रणालियों, टिकाऊ वित्तपोषण तथा टीकों, निदान व उपचारों तक समान पहुंच की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया.
- जी-20 के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की उल्लेखनीय प्रगति और ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ विषय के अंतर्गत वैश्विक प्राथमिकताओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला.
जानिए क्या है जी-20 और जी-20 शिखर सम्मेलन…»
26 नवम्बर 2024: संविधान दिवस, भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ
- प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ (Constitution Day) के रूप में मनाया जाता है. संविधान सभा द्वारा 1949 में इसी दिन भारतीय संविधान को मंजूरी दी गयी और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया था. इस वर्ष यानी 2024 में हमारे संविधान को अंगीकार किए जाने की 75वीं वर्षगांठ है.
- संविधान दिवस को संविधान निर्माता डॉं. भीमराव अंबेडकर को याद किया जाता है. डॉं. अंबेडकर संविधान सभा के प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे.
- भारत सरकार ने 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा 19 नवंबर 2015 को की थी. प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई में बीआर अम्बेडकर की ‘स्टैच्यू ऑफ इक्वेलिटी मेमोरियल’ की आधारशिला रखने के दौरान इसकी घोषणा की थी. उनकी 125वीं जयंती वर्ष के रूप में 26 नवम्बर 2015 को पहली बार संविधान दिवस मनाया गया था.
भारतीय संविधान: एक दृष्टि
- संविधान निर्माण के लिए 29 अगस्त 1947 को भारत के संविधान का मसौदा तैयार करनेवाली समिति की स्थापना की गई थी और इसके अध्यक्ष के तौर पर डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की नियुक्ति हुई थी.
- संविधान सभा के 284 सदस्यों ने 24 जनवरी 1950 को दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए. दो दिन बाद इसे लागू किया गया था.
- भारतीय संविधान को विश्व का सबसे बड़ा संविधान माना जाता है, जिसमें 448 अनुच्छेद, 12 अनुसूचियां शामिल हैं.
- यह हस्तलिखित संविधान है. इसे तैयार करने में 2 साल 11 महीने और 17 दिन का वक्त लगा था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
इंडोनेशिया में न्गुसाबा गोरेंग त्योहार और रेजांग देवा महोत्सव का आयोजन
इंडोनेशिया में हाल ही में रेजांग देवा महोत्सव का आयोजन किया गया. यह महोत्सव न्गुसाबा गोरेंग (Ngusaba Goreng) त्योहार में मनाया जाता है. इंडोनेशिया में यह महोत्सव समृद्ध फसल के जश्न के रूप में मनाया जाता है.
भारतीय शोधकर्ताओं ने मशीन लर्निंग मॉडल के लिए एक नई भाषा विकसित की
भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) बेंगलुरू के शोधकर्ताओं ने मशीन लर्निंग (ML) मॉडल के लिए एक नई भाषा विकसित की है. यह नैनोपोर्स (Nanopores) के आकार एवं संरचना को वर्णों के अनुक्रम के रूप में कोडित करती है. इस नई भाषा को ‘STRONG’ (STring Representation Of Nanopore Geometry) नाम दिया गया है.
दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता गठबंधन वैश्विक सहकारी सम्मेलन
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 25 से 29 नवंबर तक अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता गठबंधन (ICA) का वैश्विक सहकारी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था. सम्मेलन का आयोजन इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) द्वारा ICA और भारत सरकार तथा अमूल और कृषक भारती के सहयोग से किया गया था. सम्मेलन का विषय था-‘सहकारिता सबकी समृद्धि का निर्माण’
तमिलनाडु में साध्या विझा महोत्सव, राजाराज चोल की 1039वीं जयंती
तमिलनाडु में साध्या विझा महोत्सव के दौरान महान चोल सम्राट राजाराज चोल प्रथम की 1039वीं जयंती मनाई गयी. तमिलनाडु में महान चोल सम्राट राजाराज चोल प्रथम की जयंती प्रत्येक वर्ष साध्या विझा महोत्सव के रूप में मनाई जाती है. यह महोत्सव तमिल महीने ‘अप्पासी’ में मनाया जाता है.
अरुणाचल प्रदेश में हीओ जलविद्युत परियोजना के निर्माण को मंजूरी
केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में 240 मेगावाट की हीओ जलविद्युत परियोजना के निर्माण को मंजूरी प्रदान की है. प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में हीओ जलविद्युत परियोजना (एचईपी) के निर्माण के लिए 1939 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी|
आर्मेनिया अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल
आर्मेनिया अपनी ‘हरित ऊर्जा नीति’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) में 104वें सदस्य के रूप में शामिल हुआ है. आई.एस.ए. एक वैश्विक अंतर-सरकारी संगठन है जो कार्बन-तटस्थ भविष्य के लिए सौर ऊर्जा अपनाने को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है. ISA का मुख्यालय गुरुग्राम (हरियाणा) में है.
शिक्षकों की पेशेवर विकास के लिए ‘द टीचर एप’
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में ‘द टीचर एप’ का अनावरण किया. इसका उद्देश्य शिक्षकों की पेशेवर विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाना है. इस एप के माध्यम से शिक्षक विभिन्न शैक्षणिक संसाधनों,पाठ्यक्रमों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों तक पहुंच प्राप्त कर सकेंगे. इसका का उपयोग कर शिक्षक अपने अनुभवों को साझा कर सकते हैं और एक-दूसरे से सीख सकते हैं.
