डेली कर्रेंट अफेयर्स
DRDO ने लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया
- रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने 13 नवंबर को लैंड अटैक क्रूज मिसाइल (land attack long range cruise missile) का सफल परीक्षण किया था.
- यह परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (ITR) से मोबाइल आर्टिकुलेटेड लॉन्चर से किया गया था.
- लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का यह पहला परीक्षण था.
- यह भूमि पर लंबी दूरी तक हमला करने में सक्षम है. इसकी मारक क्षमता 1,000 किलोमीटर है.
- लैंड अटैक क्रूज मिसाइल को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने डिजाइन और विकसित किया है.
- DRDO भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय की एक अनुसंधान एवं विकास विंग है.
ब्रिटेन की सामंथा हार्वे को 2024 का बुकर पुरस्कार दिया गया
- वर्ष 2024 का बुकर पुरस्कार ब्रिटेन की सामंथा हार्वे को दिया गया. यह पुरस्कार उनके उपन्यास ‘ऑर्बिटल’ के लिए दिया गया है. पुरस्कार की घोषणा 12 नवंबर 2024 को लंदन के ओल्ड बिलिंग्सगेट में की गई.
- यह पुरस्कार 1 अक्टूबर 2023 और 30 सितंबर 2024 के बीच यूनाइटेड किंगडम या आयरलैंड में प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ अंग्रेजी भाषा के उपन्यास के लिए दिया गया.
- ‘ऑर्बिटल’ उपन्यास में छह अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताए दिन की कहानी है.
अंतर-राज्यीय परिषद की स्थायी समिति का पुनर्गठन किया गया
- केंद्र सरकार ने हाल ही में अंतर-राज्यीय परिषद (Inter State Council) की स्थायी समिति का पुनर्गठन किया है.
- इस समिति की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे. इस समिति में कुल 12 सदस्य होंगे.
- समिति के सदस्यों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निर्मला सीतारमण, राजीव रंजन सिंह, वीरेंद्र कुमार और सीआर पाटिल शामिल हैं.
- समिति में 7 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया है. इसमें आंध्रप्रदेश, असम, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं.
अंतर-राज्यीय परिषद
- अंतर-राज्यीय परिषद का गठन केंद्र-राज्य और अंतर-राज्यीय सहयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए किया गया है.
- भारतीय संविधान का अनुच्छेद 263, भारत के राष्ट्रपति अंतर-राज्यीय परिषद को गठित करने का अधिकार देता है.
- सरकारिया आयोग ने इसको एक स्थायी निकाय बनाने की सिफारिश की थी. 28 मई 1990 को राष्ट्रपति के आदेश के बाद इसका औपचारिक गठन हुआ था.
- प्रधानमंत्री, अंतर-राज्यीय परिषद इसके अध्यक्ष होते हैं. इसके सदस्यों में सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री/प्रशासक शामिल होते हैं.
- वर्ष 1996 में गृह मंत्री की अध्यक्षता में एक स्थायी समिति गठित की गई थी. परिषद के अध्यक्ष के अनुमोदन से समय-समय पर इसका पुनर्गठन किया जाता है. इसका सचिवालय नई दिल्ली में स्थित है.
- स्थायी समिति अंतरराज्यीय परिषद के लिए सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और सिफारिशें करने का काम करती है.
- यह समिति केंद्र और राज्यों के बीच संबंधों से जुड़े सभी मामलों पर गहन चर्चा करती है और परिषद में पेश होने से पहले इन मामलों का गहन मूल्यांकन करती है.
पहला आकाशीय अभ्यास ‘अंतरिक्ष अभ्यास-2024’ का आयोजन किया
- भारत ने 11 से 13 नवंबर 2024 तक पहला आकाशीय अभ्यास ‘अंतरिक्ष अभ्यास-2024’ का आयोजन किया था.
- यह आयोजन एकीकृत रक्षा कार्मिक मुख्यालय की रक्षा अंतरिक्ष एजेंसी (Defence Space Agency) ने किया था.
- इस अभ्यास का उद्देश्य नवीनतम अंतरिक्ष-आधारित तकनीकों का उपयोग कर देश के सशस्त्र बलों की तत्परता और क्षमताओं को मजबूत करना था.
- इस अभ्यास में भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना के अधिकारियों के साथ-साथ रक्षा अंतरिक्ष एजेंसी (DSA) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिक शामिल हुए.
- भारत ने 2018 में DSA (Defence Space Agency) की स्थापना की थी, जो अमेरिकी अंतरिक्ष बल की स्थापना से एक साल पहले का कदम था.
- 2019 में, भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने एंटी-सैटेलाइट मिसाइल का सफल परीक्षण किया था, जिसमें एक निचली-पृथ्वी कक्षा में उपग्रह को मार गिराया गया.
15 नवम्बर: झारखंड स्थापना दिवस, बिरसा मुंडा की जयंती, जनजातीय गौरव दिवस
15 नवम्बर को झारखंड स्थापना दिवस (Jharkhand Foundation Day) के रूप में मनाया जाता है. इसी दिन सन् 2000 में बिहार के विभाजन से झारखंड को पृथक राज्य का दर्जा दिया गया था.
बिरसा मुंडा जयंती पर पृथक राज्य का दर्जा
झारखंड को पृथक राज्य का दर्जा बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर मिला था. अंग्रेजों की गोलियों के सामने तीर-कमान से लड़ने वाले बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था. उनके जन्मदिन को देश भर में बिरसा मुंडा जयंती (Birsa Munda Jayanti) के रूप में मनाया जाता है.
उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ अपनी जमीन और जंगलों पर कब्जा करने के लिए ‘उलगुलान’ (Great Tumult) नामक आंदोलन का नेतृत्व किया था. बिरसा मुंडा को 3 मार्च 1900 को ब्रिटिश सेना ने गिरफ्तार कर लिया था. 9 जून 1900 को रांची जेल में उनकी रहस्यमयी मौत हो गई. झारखंड के लोग बिरसा मुंडा को भगवान का अवतार मानते हैं.
जनजातीय गौरव दिवस
केन्द्र सरकार ने देश के इतिहास और संस्कृति में जनजातीय समुदाय के योगदान को देखते हुए 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है.
14 नवंबर: विश्व मधुमेह दिवस, सर फ्रेडरिक बैंटिंग का जन्मदिन
प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस (World Diabetes Day) मनाया जाता है. दुनियाभर में तेजी से बढ़ती मधुमेह से जूझने और जागरुकता फैलाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है.
सर फ्रेडरिक बैंटिंग का जन्मदिन
यह दिवस सर फ्रेडरिक बैंटिंग के जन्मदिन पर मनाया जाता है. बैंटिंग ने 1922 में चार्ल्स बेस्ट के साथ इंसुलिन की खोज की थी.
विश्व मधुमेह दिवस 2024 की थीम
वर्ष 2024 से 2026 तक के विश्व मधुमेह दिवस का मुख्य विषय (थीम) ‘मधुमेह और स्वास्थ्य’ (Diabetes and well-being) है.
14 नवम्बर: बाल दिवस, पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती
- प्रत्येक वर्ष 14 नवम्बर को बाल दिवस (Children’s Day) के रूप में मनाया जाता है. भारत में बच्चों की शिक्षा, देखभाल और अधिकारों के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए यह दिवस मनाया जाता है.
- बाल दिवस देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है. यह नेहरू के जन्मदिन पर बच्चों के प्रति उनके स्नेह के रूप में मनाया जाता है. जवाहर लाल नेहरु को वर्ष 1955 में ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया था.
- 1964 से पहले भारत में प्रत्येक वर्ष 20 नवम्बर को बाल दिवस मनाया जाता था. यह बाल दिवस संयुक्त राष्ट्र द्वारा निश्चित किया गया था. वर्ष 1964 में जवाहरलाल नेहरु की मृत्यु के बाद भारत में 14 नवम्बर को बाल दिवस के रूप में मनाने पर सहमति बनी.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
प्रधानमंत्री ने बिहार में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 13 नवंबर को बिहार के दरभंगा का दौरा कर 12 हजार करोड रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. उन्होंने दरभंगा एम्स के शिलान्यास के साथ-साथ उत्तर बिहार के लिए रेल और रोड़ कनेक्टिविटी गैस परियोजना तथा जन औषधि परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
प्रधानमंत्री नाइजीरिया, ब्राजील और गयाना की यात्रा पर जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16 नवम्बर से तीन देशों- नाइजीरिया, ब्राजील और गयाना की यात्रा पर जाएंगे. वे 16 और 17 नवंबर को नाइजीरिया का दौरा करेंगे. श्री मोदी ब्राजील में रियो डी जेनेरियो जाएंगे. वे वहां पर 18 और 19 नवंबर को जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इसके बाद श्री मोदी 19 और 20 नवम्बर को गयाना का दौरा करेंगे.
तैय्यब इकराम अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष बने
पाकिस्तान के तैय्यब इकराम अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के पुनः अध्यक्ष चुने गए हैं. इन्हें ओमान के मस्कट में आयोजित 49वीं FIH वैधानिक कांग्रेस में अध्यक्ष के रूप में एक और कार्यकाल के लिए पुनः चुना गया.
चीन विवादित स्कारबोरो शोल को चिह्नित करते हुए भौगोलिक निर्देशांक जारी किए
चीन ने दक्षिण चीन सागर में विवादित स्कारबोरो शोल (Scarborough Shoal) के आसपास जगहों को चिह्नित करते हुए भौगोलिक निर्देशांक जारी किए हैं. स्कारबोरो शोल दक्षिण चीन सागर में छोटी चट्टानों एवं द्वीपों की एक श्रृंखला है जो चीन और फिलीपींस के बीच एक विवादित क्षेत्र है. यह शोल वर्ष 2012 से चीन के नियंत्रण में है.
भारतीय नौसेना तटीय रक्षा अभ्यास ‘सी विजिल’ आयोजित करेगी
भारतीय नौसेना 20 और 21 नवंबर 2024 को तटीय रक्षा अभ्यास ‘सी विजिल’ का चौथा संस्करण आयोजित करेगी. सी विजिल नामक तटीय रक्षा अभ्यास की परिकल्पना वर्ष 2018 में ‘26/11’ के बाद से समुद्री सुरक्षा को मज़बूत करने के लिये उठाए गए अनेक कदमों की पुष्टि करने के उद्देश्य से की गई थी.
CISF में पहली बार महिला बटालियन के गठन को मंजूरी
गृह मंत्रालय ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में पहली बार महिला बटालियन के गठन को मंजूरी दी है. यह निर्णय राष्ट्र की सुरक्षा के महत्वपूर्ण कार्य में अधिकाधिक महिलाओं की भागीदारी की आकांक्षाओं को पूरा करेगा.
18वां प्रवासी भारतीय दिवस
18वें प्रवासी भारतीय दिवस (PBD) सम्मेलन का आयोजन 8 जनवरी से 10 जनवरी 2024 तक ओडिशा के भुवनेश्वर में किया जाएगा. इस सम्मेलन का विषय (थीम) ‘विकसित भारत में प्रवासी भारतीयों का योगदान’ है.
वित्त आयोग सम्मेलन का आयोजन
पंचायती राज मंत्रालय 14 नवंबर 2024 को नई दिल्ली में वित्त आयोग सम्मेलन का आयोजन कर रहा है. इस सम्मेलन की अध्यक्षता 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया करेंगे. इस सम्मेलन का विषय ‘विकास के लिए वित्तीय शक्तियों का विकेन्द्रीकरण’ है.
