डेली कर्रेंट अफेयर्स
FIH स्टार अवार्ड्स: हरमनप्रीत को प्लेयर द ईयर; श्रीजेश को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का खिताब
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने 8 नवंबर को ओमान के मस्कट में आयोजित समारोह में हॉकी स्टार अवार्ड्स 2024 की घोषणा की. इस समारोह में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पूर्व गोलकीपर पीआर श्रीजेश को क्रमशः प्लेयर ऑफ द ईयर और गोलकीपर ऑफ द ईयर चुना गया.
मुख्य बिन्दु
- नीदरलैंड की यिब्बी जेनसन को ‘महिला प्लेयर ऑफ द ईयर’ चुना गया, जबकि चीन की ये जिओ ने महिला ‘गोलकीपर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड जीता.
- हरमनप्रीत का यह तीसरा FIH ‘प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड’ है, इससे पहले उन्होंने 2021 और 2022 में लगातार जीत हासिल की थी. 2023 में हार्दिक सिंह ने यह खिताब जीता था.
- पेरिस 2024 ओलंपिक के बाद संन्यास की घोषणा करने वाले पीआर श्रीजेश तीसरी बार ‘गोलकीपर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार जीता. उन्होंने इससे पहले 2021 और 2022 में यह अवॉर्ड जीता था.
2024 FIH हॉकी स्टार अवार्ड्स के मुख्य विजेता
- वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: पुरुष- भारत के हरमप्रीत सिंह
- वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी: महिला- नीदरलैंड की यिब्बी जानसेन
- वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: पुरुष- भारत के पीआर श्रीजेश
- वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: महिला- चीन की ये जिओ
QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025: आईआईटी-दिल्ली शीर्ष भारतीय संस्थान
हाल ही में QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग (Asia QS World University Rankings) 2025 जारी की गई थी. इसमें दक्षिण एशियाई, मध्य एशियाई, पूर्वी एशियाई और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के 984 शैक्षणिक संस्थानों की रैंकिंग की गई है. इन शैक्षणिक संस्थानों को संस्थानों और छात्रों की तुलना और पसंद के आधार पर रैंक किया जाता है.
QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025: मुख्य बिन्दु
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (IIT-D) ने इस रैंकिंग में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी बॉम्बे (IIT-B) को पीछे छोड़कर भारतीय शिक्षण संस्थानों में शीर्ष स्थान हासिल किया है.
- QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 के अनुसार, आईआईटी-दिल्ली को 44वें सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थान का दर्जा दिया गया है, जबकि चीन की पेकिंग यूनिवर्सिटी ने एशिया में शैक्षणिक संस्थानों की सूची में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है.
- रैंकिंग में शामिल 984 शिक्षण संस्थानों में से सबसे ज्यादा 162 संस्थान भारत से थे. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-दिल्ली (IIT-D) 44 रैंक के साथ सर्वोच्च रैंक वाला भारतीय संस्थान था.
- आईआईटी-दिल्ली दक्षिण एशियाई क्षेत्र में सर्वोच्च रैंक वाला शैक्षणिक संस्थान भी था. दक्षिण एशियाई क्षेत्र में शीर्ष 10 संस्थानों में सात भारतीय संस्थान हैं.
- आईआईटी-दिल्ली के बाद, आईआईटी-बॉम्बे (IIT-B) 48 रैंक के साथ दूसरे स्थान पर था, और आईआईटी-मद्रास 56 रैंक के साथ तीसरे स्थान पर था.
- आईआईटी खड़गपुर 60 रैंक के साथ चौथे स्थान पर था, उसके बाद भारतीय विज्ञान संस्थान (62), आईआईटी कानपुर (67) और दिल्ली विश्वविद्यालय (81) थे.
QS एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 के शीर्ष 5 संस्थान
- पेकिंग विश्वविद्यालय, मुख्यभूमि चीन
- हांगकांग विश्वविद्यालय, हांगकांग
- सिंगापुर का राष्ट्रीय विश्वविद्यालय,
- नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी, सिंगापुर
- फ़ुडन विश्वविद्यालय, मुख्यभूमि चीन
न्यायमूर्ति संजीव खन्ना भारत के 51वें मुख्य़ न्यायाधीश बने
सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने भारत के 51वें मुख्य़ न्यायाधीश के रूप में 11 नवंबर 2024 को शपथ ली. राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें शपथ दिलाई. न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने न्यायमूर्ति धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ का स्थान लिया, जो 10 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्त हो गए थे. न्यायमूर्ति खन्ना 13 मई 2025 को सेवानिवृत्त होंगे, जब वह 65 वर्ष के होंगे.
मुख्य बिन्दु
- जस्टिस संजीव खन्ना 1983 में दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए थे. उन्हें 2005 में दिल्ली उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश और 2006 में साइन न्यायाधीश बनाया गया. जनवरी 2019 में उन्हें सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया.
- जस्टिस संजीव खन्ना सर्वोच्च न्यायालय के कई ऐतिहासिक निर्णयों का हिस्सा रहे हैं-जैसे अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले को बरकरार रखना, चुनावी बॉन्ड योजना को समाप्त करना तथा चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के उपयोग को बरकरार रखना.
भारत के मुख्य न्यायाधीश: एक दृष्टि
- भारत का मुख्य न्यायधीश (Chief Justice of India) भारतीय न्यायपालिका तथा सर्वोच्च न्यायालय का अध्यक्ष होता है. न्यायमूर्ति श्री एचजे कनिया भारत के पहले मुख्य न्यायाधीश थे.
- भारतीय संविधान के अनुच्छेद 124(2) के अनुसार राष्ट्रपति अपनी इच्छानुसार सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की सलाह पर मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करते हैं. वहीं अन्य न्यायाधीशों की नियुक्ति मुख्य न्यायाधीश की सलाह पर करते हैं.
- सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का वेतन 2,80,000 मासिक और न्यायाधीश का वेतन 2,50,000 मासिक है. इनके लिए वेतन संसद तय करती है जो कि संचित निधि से पारित होती है. न्यायाधीश का कार्यकाल 65 वर्ष की आयु तक होता है.
भारत का सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court of India): एक दृष्टि
- भारत के सर्वोच्च न्यायालय को 1937 में भारत सरकार अधिनियम 1935 के तहत भारत के संघीय न्यायालय के रूप में स्थापित किया गया था.
- 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान के लागू होने के बाद संघीय न्यायालय को भारत के सर्वोच्च न्यायालय में परिवर्तित कर दिया गया. भारत का सर्वोच्च न्यायालय 28 जनवरी 1950 को अस्तित्व में आया.
- भारत के सर्वोच्च न्यायालय में कुल 34 न्यायाधीश होते हैं जिनमें एक मुख्य न्यायाधीश और 33 अन्य न्यायाधीश शामिल हैं. सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रपति करते हैं.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
संयुक्त राष्ट्र का 29वां वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन बाकू में शुरु हुआ
संयुक्त राष्ट्र का 29वां वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन 11 नवंबर को अजरबैजान के बाकू में शुरु हुआ. इसमें भारत सहित 200 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग लें रहे हैं. सम्मेलन में वैश्विक स्तर पर तापमान में बढ़ोतरी को सीमित करने के लिए पेरिस समझौते को आगे बढ़ाने पर एक साथ मिलकर चर्चा करेंगे.
महिलाओं की एशियाई हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी राजगीर में शुरु
महिलाओं की एशियाई हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 प्रतियोगिता 11 से 20 नवंबर तक बिहार के राजगीर में खेला जा रहा है. प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था. भारत में यह प्रतियोगिता अब तक दो बार जीती है. हर दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे.
भारत-चीन सीमा पर ‘पूर्वी प्रहार’ नाम से त्रि-सेवा थिएटर अभ्यास शुरू
भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना और भारतीय नौसेना, 10-18 नवंबर 2024 तक संयुक्त रूप से भारत-चीन सीमा पर ‘पूर्वी प्रहार’ नाम से एक कमांड-स्तरीय त्रि-सेवा थिएटर अभ्यास शुरू किया है. सेना में थिएटर एक विशिष्ट भौगोलिक क्षेत्र को संदर्भित करता है, जो समुद्र, वायु या भूमि में स्थित हो सकता है. ये क्षेत्र भविष्य में संभावित संघर्ष या युद्ध के क्षेत्र बन सकते हैं.
रायपुर, छत्तीसगढ़ में इंडियन रोड कांग्रेस का 83वां सत्र
भारतीय सड़क कांग्रेस द्वारा 8-11 नवंबर 2024 तक रायपुर, छत्तीसगढ़ में इंडियन रोड कांग्रेस का 83वां सत्र आयोजित किया जा रहा है. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसका उद्घाटन किया. भारतीय सड़क विकास पर जयकर समिति की सिफारिश के आधार पर, 1934 में भारतीय सड़क कांग्रेस का गठन किया गया था.
दिल्ली में 8वां अंतर्राष्ट्रीय प्राचीन कला महोत्सव और संगोष्ठी
8वां अंतर्राष्ट्रीय प्राचीन कला महोत्सव और संगोष्ठी, 8 से 10 नवंबर, 2024 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में आयोजित किया गया. अंतर्राष्ट्रीय प्राचीन कला महोत्सव और संगोष्ठी देश का अपनी तरह का एकमात्र बहु-कला कार्यक्रम है जो मनोरंजन के साथ-साथ लोगों को प्राचीन भारतीय कला के बारे में शिक्षित करने का प्रयास करता है.
15वां भारत-ऑस्ट्रेलिया विदेश मंत्री फ्रेमवर्क डायलॉग
15वां भारत-ऑस्ट्रेलिया विदेश मंत्री फ्रेमवर्क डायलॉग 5 नवंबर 2024 को ऑस्ट्रेलियाई राजधानी कैनबरा में आयोजित किया गया था. इस डायलॉग की सह-अध्यक्षता ऑस्ट्रेलिया की यात्रा पर गए विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री सुश्री पेनी वोंग ने की की थी.
भारत का पहला अंतरिक्ष सैन्य अभ्यास
अंतरिक्ष-आधारित खतरों से निपटने और देश की अंतरिक्ष संपत्तियों की रक्षा के लिए भारत का पहला ‘अंतरिक्ष अभ्यास 2024’, 11 से 13 नवंबर 2024 तक आयोजित किया जा रहा है. भारतीय अंतरिक्ष संपत्ति में मुख्य रूप से 100 से अधिक संचार, मौसम पूर्वानुमान, पृथ्वी अवलोकन, नेविगेशन, वैज्ञानिक अनुसंधान, रक्षा के लिए उपग्रह और वे रॉकेट शामिल हैं जिनके माध्यम से इन उपग्रहों को प्रक्षेपित किया जाता है.
