डेली कर्रेंट अफेयर्स
नोबेल पुरस्कार 2024 के विजेताओं की घोषणा, नोबेल पुरस्कार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
वर्ष 2024 के नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize) की घोषणा हाल ही में की गई थी. इन पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं की सूची इस प्रकार है:
नोबेल शांति पुरस्कार: जापानी संगठन निहोन हिडानक्यो
परमाणु हथियार विरोधी जापानी संगठन निहोन हिडानक्यो (Nihon Hidankyo) को 2024 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चुना गया है। परमाणु हथियार मुक्त विश्व का लक्ष्य हासिल करने के लिये अथक प्रयास के लिए इस संगठन को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह संगठन हिरोशिमा-नागासाकि पर परमाणु बम हमले के उत्तरजीवियों का प्रतिनिधित्त्व करता है।
अर्थशास्त्र (आर्थिक विज्ञान) का नोबेल पुरस्कार: डारोन एसेमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स रॉबिन्सन
अर्थशास्त्र (आर्थिक विज्ञान में स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार) का नोबेल पुरस्कार के लिए डारोन एसेमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स रॉबिन्सन (Daron Acemoglu, Simon Johnson and James A. Robinson) को चुना गया है। इन तीन अर्थशास्त्रियों को किसी देश को अमीर या गरीब बनाने में यूरोपीय उपनिवेशवाद की भूमिका पर शोध के लिया चुना गया है।
डारोन एसेमोग्लू तुर्की मूल के अमेरिकी अर्थशास्त्री हैं। साइमन जॉनसन एक ब्रिटिश अर्थशास्त्री हैं. जेम्स रॉबिन्सन एक ब्रिटिश-अमेरिकी अर्थशास्त्री हैं।
साहित्य का नोबेल पुरस्कार: हान कांग
दक्षिण कोरियाई उपन्यासकार हान कांग (Han Kang) को साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है. हान कांग साहित्य में नोबेल पुरस्कार पाने वाली पहली एशियाई महिला हैं. वह पूर्व राष्ट्रपति किम डे-जंग के बाद नोबेल पुरस्कार जीतने वाली दूसरी दक्षिण कोरियाई हैं. राष्ट्रपति किम डे-जंग को वर्ष 2000 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था.
उपन्यासकार हान कांग को उनके गहन काव्यात्मक गद्य के लिए चुना गया है जो ऐतिहासिक आघातों का सामना करता है और मानव जीवन की नाजुकता को उजागर करता है.
उनके उपन्यास ‘द वेजिटेरियन’ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और इस कृति के लिए उन्हें 2016 का अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार भी मिला था .
उनके महत्वपूर्ण कार्यों में योर कोल्ड हैंड्स, ग्रीक लेसन्स, ह्यूमन एक्ट्स, द व्हाइट बुक आदि शामिल हैं.
रसायन विज्ञान का नोबेल पुरस्कार: डेविड बेकर, डेमिस हसाबिस और जॉन एम. जम्पर
रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार के लिए डेविड बेकर, डेमिस हसाबिस और जॉन एम. जम्पर (David Baker, Demis Hassabis and John M. Jumper) को चुना गया है.
पुरस्कार का आधा हिस्सा अमेरिकी वैज्ञानिक डेविड बेकर को कम्प्यूटेशनल प्रोटीन डिजाइन के लिए दिया गया जाएगा। शेष आधा हिस्सा संयुक्त रूप से ब्रिटिश वैज्ञानिक डेमिस हसाबिस और जॉन एम. जम्पर को प्रोटीन संरचना भविष्यवाणी के लिए दिया जाएगा।
औषधि (चिकित्सा) के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार: विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन
औषधी या चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के लिए विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन (Victor Ambros and Gary Ruvkun) को चुना गया है. इस अमेरिकी जोड़ी को माइक्रो-आरएनए की खोज और पोस्ट-ट्रांसक्रिप्शनल जीन विनियमन में इसकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया है.
भौतिकी नोबेल पुरस्कार: एआई अग्रणी जॉन हॉपफील्ड और जेफ्री हिंटन
भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए जॉन जे. होपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन (Geoffrey Hinton and John Hopfield) को चुना गया है. अमेरिकी नागरिक जॉन हॉपफील्ड और ब्रिटिश-कनाडाई नागरिक जेफ्री हिंटन को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और मशीन लर्निंग में उनके अग्रणी कार्य के लिए चुना गया है.
भारत ने एशियाई टेबल टेनिस चैंपियनशिप में तीन पदक जीते
भारत ने 27वीं एशियाई टेबल टेनिस चैंपियनशिप (27th Asian Table Tennis Championships) 2024 में कुल तीन पदक जीते. यह टूर्नामेंट है जो 6 से 13 अक्टूबर 2024 तक कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित किया गया था.
मुख्य बिन्दु
- भारत ने अपना अभियान तीन पदकों के साथ समाप्त किया, जिसमें महिला युगल में ऐतिहासिक कांस्य पदक भी शामिल है.
- अयहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी की भारतीय जोड़ी सेमीफाइनल में जापान की मिवा हरिमोतो और मियु किहारा से हार गई.
- भारतीय जोड़ी को इस तरह से कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा लेकिन यह पहला अवसर है जबकि भारत ने महिला युगल में पदक जीता.
- भारतीय जोड़ी ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की किम नायॉन्ग और ली यून्हे को हराकर पदक पक्का किया था.
- भारतीय महिला टीम ने इससे पहले टीम स्पर्धा में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था. मनिका बत्रा, अयहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी की भारतीय टीम सेमीफाइनल में जापान से हार गईं थी लेकिन अंतिम चार में पहुंचकर उसने अपने लिए कांस्य पदक पक्का कर लिया था.
- यह प्रतियोगिता 1972 में शुरू हुई थी जिसके बाद यह पहला मौका था जबकि भारत ने महिला टीम स्पर्धा में पदक जीता.
- पुरुष वर्ग में अचंता शरथ कमल, मानव ठक्कर और हरमीत देसाई की भारतीय टीम सेमीफाइनल में चीनी ताइपे से हार गई, लेकिन अंतिम चार में पहुंचने से वह लगातार तीसरी बार पदक हासिल करने में सफल रही.
15 अक्टूबर: अंतराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस
प्रत्येक वर्ष 15 अक्टूबर को ‘अंतराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस’ (International Day of Rural Women) मनाया जाता है. इस दिवस को मानाने का उद्देश्य कृषि विकास, ग्रामीण विकास, खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण गरीबी उन्मूलन में महिलाओं के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना है.
2024 में इस दिवस का थीम (मुख्य विषय) ‘अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस’ (Rural Women Cultivating Good Food for All) है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 18 दिसंबर, 2007 को इस दिवस को मनाने की घोषणा की थी.
राष्ट्रीय महिला किसान दिवस
15 अक्टूबर को भारत में ‘राष्ट्रीय महिला किसान दिवस’ (National Women Farmer’s Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य कृषि में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना है. 2016 में केन्द्रीय कृषि मन्त्रालय ने प्रत्येक वर्ष 15 अक्तूबर को राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था.
14 अक्टूबर: विश्व मानक दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 14 अक्टूबर को विश्व मानक दिवस (World Standards Day) मनाया जाता है. यह दिवस वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए मानकीकरण के महत्व के रूप में नियामकों, उद्योग और उपभोक्ताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है.
अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन (ISO), अंतर्राष्ट्रीय विद्युत तकनीकी आयोग (IEEC) और अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) मानकीकरण से संबंधित महत्त्पूर्ण मुद्दों के आधार पर विश्व मानक दिवस की एक थीम निर्धारित करते हैं.
विश्व मानक दिवस 2024 की थीम ‘बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण: बदलती जलवायु के लिए मानक’ (Shared Vision for a Better World: Standards for the Changing Climate) है.
भारतीय मानक ब्यूरो
भारत में मानकीकरण गतिविधियों के सामंजस्य के उद्देश्य से 1947 में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड की स्थापना हुई थी. यह उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अंतर्गत काम करता है.
13 अक्टूबर: अन्तर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस
प्रत्येक वर्ष 13 अक्तूबर को अन्तर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस (International Day for Natural Disaster Reduction) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा को लेकर जागरूकता बढाना है.
वर्ष 2024 के आपदा न्यूनीकरण दिवस का विषय (थीम) ‘एक सुदृढ़ भविष्य के लिए अगली पीढ़ी को सशक्त बनाना’ (Empowering the next generation for a resilient future) है.
अन्तर्राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस को मनाने की शुरुआत 2009 में हुई थी. संयुक्त राष्ट्र महासभा ने शुरुआत में अक्तूबर के दूसरे बुधवार को मनाने का निर्णय लिया था. बाद में इसमें संशोधन कर 13 अक्तूबर की तिथि तय की गई.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
महाराष्ट्र और झारखंड में नई विधान सभा के गठन के लिए चुनाव की घोषणा
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने महाराष्ट्र और झारखंड में नई विधान सभा के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की है. महाराष्ट्र में चुनाव एक ही चरण में 20 नवंबर को होगा जबकि झारखंड में चुनाव दो चरणों: 13 और 20 नवंबर को होगा. वर्तमान महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को जबकि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी को समाप्त हो रहा है.
काशी में देश का पहला हिंदी साहित्य संग्रहालय
उत्तर प्रदेश सरकार काशी (वाराणसी) में देश का पहला हिंदी साहित्य संग्रहालय स्थापित करेगी. यह संग्रहालय किसी भाषा को समर्पित देश का पहला संग्रहालय होगा. कोलकाता में रवीन्द्रनाथ टैगोर को समर्पित एक साहित्यिक संग्रहालय है, लेकिन काशी में प्रस्तावित संग्रहालय देश का पहला भाषा-आधारित संग्रहालय होगा.
आर्यना सबालेंका ने डब्ल्यूटीए वुहान 1000 एकल खिताब जीता
दुनिया की नंबर 2 महिला टैनिस खिलाड़ी, बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने दुनिया की नंबर 7 खिलाड़ी, चीन की झेंग किनवेन को हराकर अपना लगातार तीसरा डब्ल्यूटीए वुहान 1000 एकल खिताब जीता. यह प्रतियोगिता 7-13 अक्टूबर तक चीन के वुहान में आयोजित किया गया था.
जैनिक सिनर ने एटीपी शंघाई मास्टर्स 1000 का एकल खिताब जीता
विश्व के नंबर एक पुरुष टेनिस खिलाड़ी इटली के जैनिक सिनर ने फाइनल में सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराकर एटीपी शंघाई मास्टर्स 1000 का एकल खिताब जीता. यह प्रतियोगिता 2 से 13 अक्टूबर तक चीन के शंघाई में आयोजित किया गया था.
पंकज आडवाणी ने सिंगापुर ओपन बिलियर्ड्स चैंपियनशिप जीती
शीर्ष भारतीय बिलियर्ड्स खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने सिंगापुर के जेडन ओंग को हराकर सिंगापुर ओपन बिलियर्ड्स खिताब जीता. पंकज आडवाणी, बिलियर्ड्स और स्नूकर के सभी प्रारूपों में विश्व खिताब जीतने वाले दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं.
