डेली कर्रेंट अफेयर्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रुनेई और सिंगापुर यात्रा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3-5 सितम्बर तक ब्रुनेई और सिंगापुर की यात्रा पर थे. इस यात्रा के पहले चरण में वे 3-4 सितम्बर को ब्रुनेई और दूसरे चरण में सिंगापुर गए थे. ब्रुनेई और सिंगापुर दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के सदस्य हैं और भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में एक महत्वपूर्ण भागीदार हैं.
प्रधानमंत्री मोदी की ब्रुनेई यात्रा: मुख्य बिन्दु
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय ब्रुनेई यात्रा पर 3 सितम्बर को ब्रुनेई की राजधानी बंदर सेरी बागवान पहुंचे थे.
- वर्ष 1984 में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित करने के बाद यह किसी भी भारतीय प्रधान मंत्री की पहली यात्रा थी.
- दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध के 40 साल पूरे होने पर पीएम मोदी ने ब्रुनेई में भारतीय हाई कमीशन के नए परिसर का उद्घाटन किया.
- प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा के दौरान राजधानी बंदर सेरी में स्थित उमर अली सैफुद्दीन मस्जिद गए थे. उमर अली सैफुद्दीन मस्जिद ब्रुनेई की दो राष्ट्रीय मस्जिदों में से एक है. इसके साथ ही यह ब्रुनेई का राष्ट्रीय चिन्ह स्थल भी है.
- ब्रुनेई के सुल्तान ने अपने आवास इस्ताना नुरुल ईमान पैलेस में प्रधान मंत्री मोदी के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया था.
- इस्ताना नुरुल ईमान पैलेस दुनिया का सबसे बड़ा महल है जिसमें 1,788 कमरे, 257 बाथरूम और 44 सीढ़ियाँ हैं.
- 1967 में गद्दी संभालने के बाद सुल्तान बोलकियाह वर्तमान में दुनिया में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले राजा हैं.
- प्रधानमंत्री मोदी और सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया ने अंतरिक्ष सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करने पर चर्चा की. भारत और ब्रुनेई के बीच रक्षा संबंधों को बढ़ाने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह की स्थापना की जाएगी.
- दोनों देशों ने एलएनजी आपूर्ति में दीर्घकालिक सहयोग की संभावना पर चर्चा की.
भारत ब्रुनेई संबंध
ब्रुनेई भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और हिंद-प्रशांत विजन में एक महत्वपूर्ण साझेदार है. आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) भारत की एक्ट ईस्ट नीति का “केंद्रीय स्तंभ” है. ब्रुनेई भी आसियान का सदस्य है.
पिछले वर्ष भारत-ब्रुनेई व्यापार लगभग 286.20 मिलियन डॉलर का था. भारत का ब्रुनेई से मुख्य आयात कच्चा तेल है, जबकि भारत ने मुख्य रूप से ब्रुनेई को पेशेवर और अर्ध-कुशल श्रमिकों के रूप में अपनी जनशक्ति का निर्यात किया है. भारतीय व्यापारियों का ब्रुनेई के वस्त्र क्षेत्र में लगभग एकाधिकार है, और ब्रुनेई में अधिकांश डॉक्टर भारत के हैं.
ब्रुनेई के बारे में
- ब्रुनेई दक्षिण पूर्व एशिया में बोर्नियो द्वीप पर स्थित एक इस्लामी सल्तनत है. इसे 1984 में ग्रेट ब्रिटेन से आजादी मिली थी.
- ब्रुनेई के पास कच्चे पेट्रोलियम तेल और प्राकृतिक गैस का विशाल भंडार है और इसकी अर्थव्यवस्था इन संसाधनों के निर्यात पर निर्भर करती है.
- ब्रुनेई एशिया के सबसे अमीर देशों में से एक है और ओपेक+ समूह का सदस्य है.
- ब्रुनेई की राजधानी बंदर सेरी बेगवान और मुद्रा ब्रुनेई डॉलर है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिंगापुर यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3-5 सितम्बर तक ब्रुनेई और सिंगापुर की यात्रा पर थे. इस यात्रा के दूसरे चरण में वे 4-5 सितम्बर को सिंगापुर यात्रा पर थे. 2014 में भारत के प्रधानमंत्री बनने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी की यह 5वीं सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा थी.
मुख्य बिन्दु
- ब्रुनेई की अपनी सफल यात्रा के समापन के बाद श्री मोदी सिटी सिंगापुर पहुंचे थे.
- प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वांग के साथ वार्ता की. इस बैठक के दौरान द्विपक्षीय सहयोग को गहरा और व्यापक बनाने के लिए द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी से ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ तक बढ़ाने पर सहमत हुए.
- दोनों देशों के बीच चार क्षेत्रों में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर हुए. ये समझौता सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र में सहयोग, डिजिटल प्रौद्योगिकियों में सहयोग, कौशल विकास में सहयोग और शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल में क्षेत्रों में हुए.
- प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक बंधन को मजबूत करने के लिए सिंगापुर में दुनिया का पहला तिरुवल्लुवर संस्कृति केंद्र स्थापित करने की घोषणा की.
- तिरुवल्लुवर एक तमिल कवि-संत थे और तिरुक्कुरल (“पवित्र दोहे”) के रचियाता थे, जिसका तमिल संस्कृति पर अत्यधिक प्रभाव है.
- सिंगापुर की लगभग 74 प्रतिशत आबादी चीनी मूल की है और दूसरा सबसे बड़ा जातीय समूह मलय मूल की है. भारतीय मूल के लोग, सिंगापुर में तीसरी सबसे बड़ी जातीय आबादी है और वे सिंगापुर की आबादी का लगभग नौ प्रतिशत है. भारतीयों में से अधिकांश तमिल हैं.
भारत-सिंगापुर व्यापारिक संबंध
- सिंगापुर आसियान में भारत का सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है और यह प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का एक प्रमुख स्रोत है. इसके अलावा सिंगापुर दुनियाभर में भारत का छठा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार है.
- सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में सिंगापुर के पास बीस वर्षों से अधिक का अनुभव है और यह इस क्षेत्र में पहले से ही भारत में काम कर रहा है.
5 सितंबर: शिक्षक दिवस, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिवस, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस (Teachers Day) के रूप में पर मनाया जाता है. यह दिवस देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अबसर पर मनाया जाता है. शिक्षक दिवस मानाने की शुरुआत 1962 से हुई थी.
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
- शिक्षक दिवस के मौके पर देश में हर साल शिक्षकों को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार’ से सम्मानित करने की परंपरा है. इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 50 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया.
- राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा मुहैया कराने वाले स्कूल के शिक्षकों को दिया जाता है.
- यह पुरस्कार उन श्रेष्ठ शिक्षकों को दिये जाते हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता से न केवल स्कूली शिक्षा के स्तर में सुधार किये, बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी बेहतर बनाया.
- पुरस्कार स्वरूप एक रजत पदक, एक प्रमाण-पत्र और पचास हजार रुपये प्रदान किया जाता है.
- शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पहली बार 1958 में शुरू किए गए थे.
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन: एक दृष्टि
- डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितम्बर, 1888 को हुआ था. वे देश के पहले उप-राष्ट्रपति (1952-1962) और दूसरे राष्ट्रपति (1962-1967) रहे.
- डॉ. राधाकृष्णन, सी राजगोपालाचारी तथा सीवी रमण देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ पाने वाले प्रथम व्यक्ति थे. यह सम्मान 1954 में दिया गया था. उन्हें 1963 में ब्रिटिश रॉयल आर्डर ऑफ़ मेरिट से सम्मानित किया गया था.
5 सितम्बर: अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस, मदर टेरेसा की पुण्यतिथि
प्रत्येक वर्ष 5 सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस (International Day of Charity) के रूप में मनाया जाता है. इस दिन भारत में शिक्षक दिवस भी मनाया जाता है. अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस मनाने का उद्देश्य दुनिया भर में व्यक्तियों, धर्मार्थ, परोपकारी दान संबंधी गतिविधियों के लिए जागरूकता बढ़ाना है. यह दिवस उपेक्षित और वंचितों के अधिकारों को भी बढ़ावा देता है और संघर्ष की स्थितियों में मानवता के संदेश को फैलाता है.
मदर टेरेसा की पुण्यतिथि
- संयुक्त राष्ट्र महासभा ने यह दिवस मदर टेरेसा की पुण्यतिथि 05 सितंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय चैरिटी दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा वर्ष 2012 में की थी.
- मदर टेरसा (मदर मैरी टेरेसा बोजाक्सिहु), कलकत्ता के सेंट टेरेसा के रूप में कैथोलिक चर्च में सम्मानित,एक अल्बानियाई-भारतीय थी. उन्होंने 1948 में स्वेच्छा से भारतीय नागरिकता ले ली थी.
- मदर टेरेसा को “गरीबी और संकट” से उबरने में उनके योगदान के लिए 1979 में शांति का नोबेल पुरस्कार दिया गया था. उन्हें ‘बीसवीं सदी की फ्लोरेंस नाइटिंगेल’ भी कहा जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
पेरिस पैरालंपिक में हरविंदर सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा
पेरिस पैरालंपिक 2024 में हरविंदर सिंह ने पुरुषों के निजी तीरंदाजी रिकर्व ओपन फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. वे पैरालंपिक या ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले तीरंदाज बने. इसके बाद, पुरुषों के क्लब थ्रो एफ-51 के फाइनल में धर्मवीर ने 34.92 मीटर की दूरी तक थ्रो करके एशियाई रिकॉर्ड तोड़ने के साथ स्वर्ण पदक जीता.
भारत, यूक्रेन संकट पर संभावित शांति वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा सकते हैं
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि भारत, ब्राजील और चीन तीनों देश, यूक्रेन संकट पर संभावित शांति वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा सकते हैं. पूर्वी आर्थिक मंच – ईईएफ के सत्र को संबोधित करते हुए रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि भारत, ब्राजील और चीन यूक्रेन में स्थिति को सुधारने के लिए प्रयासरत हैं.
गोरखपुर में जटायु संरक्षण और प्रजनन केंद्र का उद्घाटन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 6 सितंबर 2024 को गोरखपुर वन प्रभाग के भारीवैसी, कैंपियरगंज रेंज में जटायु संरक्षण और प्रजनन केंद्र का उद्घाटन किया. यह एशियन किंग गिद्ध या लाल सिर वाले गिद्ध प्रजाति के लिए दुनिया का पहला संरक्षण और प्रजनन केंद्र है.
रक्षा सहयोग पर भारत-सऊदी अरब संयुक्त समिति की 6ठी बैठक
रक्षा सहयोग पर भारत-सऊदी अरब संयुक्त समिति की 6ठी बैठक, 4 सितंबर 2024 को रियाद, सऊदी अरब में आयोजित की गई. भारतीय पक्ष का नेतृत्व संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद ने किया. सऊदी अरब के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मेजर जनरल सलमान बिन अवध अल-हरबी ने किया. बैठक में दोनों देशों ने सैन्य, प्रशिक्षण, रक्षा उद्योग, अनुसंधान और विकास आदि क्षेत्रों पर चर्चा की.
प्रथम संयुक्त कमांडर सम्मेलन लखनऊ में आयोजित
पहला संयुक्त कमांडर सम्मेलन 4-5 सितंबर 2024 को लखनऊ में आयोजित किया गया था. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सम्मेलन की अध्यक्षता की. इस सम्मेलन में सशस्त्र बलों के विभिन्न मुद्दों और तीनों सशस्त्र बलों के एकीकरण और एकीकृत थिएटर कमांड पर चर्चा हुई.
