डेली कर्रेंट अफेयर्स
16 सितम्बर 2024: 30वाँ विश्व ओजोन दिवस
प्रत्येक वर्ष 16 सितम्बर को विश्व ओजोन परत संरक्षण दिवस (International Day for the Preservation of the Ozone Layer) मनाया जाता है. इस दिवस के मनाने का उद्देश्य पूरे विश्व में इसके प्रति लोगों में जागरूकता लाना है.
मांट्रियल सन्धि पर हस्ताक्षर होने के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 16 सितंबर को यह दिवस मनाया जाता है. 23 जनवरी, 1995 को संयुक्त राष्ट्र संघ की आम सभा में 16 सितंबर को अन्तर्राष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था. 16 सितम्बर 2024 को 30वाँ विश्व ओजोन दिवस मनाया गया.
वर्ष 2024 का थीम
इस वर्ष यानी 2024 के ओज़ोन परत संरक्षण दिवस का थीम ‘मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल: जलवायु कार्रवाई को आगे बढ़ाना’ (Montreal Protocol: Advancing Climate Action) है.
ओजोन क्या है?
ओजोन एक हल्के नीले रंग की गैस होती है. इस गैस की परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक किरणों से बचाती है. ओजोन परत सामान्यत: धरातल से 10 किलोमीटर से 50 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच पाई जाती है.
ओजोन परत की खोज साल 1913 में फ्रांस के वैज्ञानिक फैबरी चार्ल्स और हेनरी बुसोन ने की थी. इस गैस में आक्सीजन के तीन परमाणु (O3) होते हैं. यह सूर्य से निकलने वाली पराबैंगनी किरणों के लिए एक अच्छे फिल्टर का काम करती है.
पराबैगनी किरणों (अल्ट्रा वायलेट रेडिएशन) की बढ़ती मात्रा से चर्म कैंसर, मोतियाबिंद के अलावा शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है. यही नहीं, इसका असर जैविक विविधता पर भी पड़ता है और कई फसलें नष्ट हो सकती हैं.
17 सितम्बर: हैदराबाद मुक्ति दिवस, प्रजा पालना दिनोत्सवम
17 सितम्बर को ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ (Hyderabad Mukti Divas) मनाया गया. यह दिवस हैदराबाद रियासत के भारतीय संघ में ऐतिहासिक विलय के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. 1948 में इसी दिन निजाम के दमनकारी शासन का अंत हुआ था. ‘ऑपरेशन पोलो’ के नाम से प्रसिद्ध यह दिवस पुलिस कार्रवाई का द्योतक है.
हैदराबाद मुक्ति दिवस: मुख्य बिंदु
1947 में शेष भारत के स्वतंत्र होने के बाद भी, हैदराबाद राज्य के लोगों को स्वाधीनता के लिए और 13 महीने की प्रतीक्षा करनी पड़ी थी.
तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने हैदराबाद राज्य के भारतीय संघ में विलय को वास्तविकता बना दिया. यह तभी संभव हुआ जब भारतीय सेना ने निजाम शासन और उनकी निजी सेना के राजाकारों के खिलाफ पांच दिनों तक पुलिस कार्रवाई की.
अभियान के अंत में आसफ जाह वंश के अंतिम निज़ाम, मीर उस्मान अली खान ने 1948 में आज ही के दिन विलय समझौते पर हस्ताक्षर किये.
17 सितम्बर को तेलंगाना–प्रजा पालना दिनोत्सवम के रूप में मनाने का निर्णय
तेलंगाना सरकार ने 17 सितम्बर को तेलंगाना – प्रजा पालना दिनोत्सवम के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. इसी दिन वर्ष 1948 में भारतीय संघ में हैदराबाद राज्य को शामिल किया गया था.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
चक्रवात यागी से प्रभावित देशों की सहायता के लिए ऑपरेशन सदभाव
भारत ने चक्रवात यागी से प्रभावित देशों वियतनाम, लाओस और म्यांमा की मानवीय सहायता के लिए ऑपरेशन सदभाव शुरू किया है. भारत ने वियतनाम में दस लाख डॉलर की राहत सामग्री भेजी है. ऑपरेशन सदभाव भारत की एक्ट ईस्ट नीति के अनुरूप आसियान में आपदा राहत के व्यापक प्रयास का हिस्सा है.
आठवां भारत जल सप्ताह नई दिल्ली में शुरू
आठवां भारत जल सप्ताह नई दिल्ली के भारत मंडपम में 17-20 सितम्बर तक आयोजित किया जा रहा है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस आयोजन का शुभारंभ किया. इस आयोजन का विषय है – समावेशी जल विकास और प्रबंधन के लिए साझेदारी और सहयोग. कार्यक्रम दुनिया भर के जल संसाधन क्षेत्र के शोधकर्ताओं, विशेषज्ञ, नव-प्रवर्तकों और हितधारकों से विचार और राय प्राप्त करने के लिए एक वैश्विक मंच है.
वित्त मंत्री 18 सितंबर को एनपीएस वात्सल्य का शुभारंभ करेंगी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 18 सितंबर को दिल्ली में एनपीएस-वात्सल्य योजना (NPS Vatsalya Yojana) की शुरुआत करेंगी. एनपीएस-वात्सल्य योजना में माता-पिता या संरक्षक नाबालिगों के लिए योगदान कर सकेंगे. बालिग होने के बाद इस योजना को नियमित एनपीएस खाते में बदला जा सकेगा.
अनमोल खरब ने बेल्जियम अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन के महिला एकल का खिताब जीता
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अनमोल खरब ने 2024 बेल्जियम अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के महिला एकल का खिताब जीतकर अपने करियर का पहला वरिष्ठ अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिताब जीता. 17 वर्षीय गैरवरीयता प्राप्त अनमोल ने डेनमार्क की अमाली शुल्ज को हराया. यह टूर्नामेंट 2024 11 से 14 सितंबर तक ल्यूवेन, बेल्जियम में आयोजित किया गया था.
