डेली कर्रेंट अफेयर्स
RBI की द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा: रेपो दर 6.5% पर अपरिवर्तित
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 6-8 अगस्त को मुंबई में हुई थी. बैठक की अध्यक्षता बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने की थी. यह चालू वित्त वर्ष (2024-25) की तीसरी द्विमासिक (अगस्त-सितंबर) मौद्रिक नीति (3rd Bi-Monthly Monetary Policy) समीक्षा बैठक थी. मौद्रिक नीति समिति (MPC) में RBI के तीन अधिकारी और तीन बाहरी सदस्य हैं. MPC ने 4:2 के बहुमत से नीतिगत दर को अपरिवर्तित बनाए रखने का फैसला लिया.
इस बैठक में RBI ने रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने का निर्णय लिया. पढ़ें पूरा आलेख…»
महिला पहलवान विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित
महिला पहलवान विनेश फोगाट को 2024 पेरिस ओलंपिक में अयोग्य घोषित कर दिया गया. उन्हें 7 अगस्त 2024 को महिलाओं के 50 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रतिस्पर्धा करनी थी लेकिन फोगट को उनकी श्रेणी में अधिक वजन होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया.
मुख्य बिन्दु
- कुश्ती के नियमों के अनुसार, यदि कोई पहलवान प्रतियोगिता के किसी भी दिन वेट-इन में विफल रहता है, तो उसे प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाता है.
- प्रतियोगिता के पहले दिन विनेश फोगाट प्रतियोगिता के लिए पात्र थीं. हालाँकि, जब फाइनल (7 अगस्त 2024) की सुबह उसका वजन किया गया, तो उसका वजन 100 ग्राम अधिक पाया गया.
- अपनी अयोग्यता से पहले, विनेश ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान थीं. उनसे पहले साक्षी मलिक ओलंपिक में पदक जीतने वाली एकमात्र भारतीय महिला पहलवान हैं. 2016 के रियो ओलंपिक में साक्षी ने कांस्य पदक जीता था.
- भारत ने ओलंपिक के, कुश्ती में अब तक कुल सात पदक (2 रजत और 5 कांस्य) जीते हैं. आजादी के बाद भारत के लिए ओलंपिक में पहला व्यक्तिगत पदक के डी जाधव ने 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक में कुश्ती में जीता था. उन्होंने कांस्य पदक जीता था.
- साक्षी मलिक भारत के लिए ओलंपिक पदक जीतने वाली एकमात्र महिला पहलवान हैं. सुशील कुमार ने कुश्ती में दो पदक (1 रजत 2012 लंदन ओलंपिक, और 1 कांस्य 2008 बीजिंग ओलंपिक) जीते हैं. रवि कुमार दहिया ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था. योगेश्वर दत्त (2012 लंदन ओलंपिक) और बजरंग पुनिया (2020 टोक्यो ओलंपिक) ने कांस्य पदक जीते हैं.
महाराष्ट्र में वैनगंगा-नलगंगा नदियों को जोडने की परियोजना को स्वीकृति
महाराष्ट्र सरकार ने वैनगंगा और नलगंगा नदियों को जोडने की परियोजना को स्वीकृति दी है. विदर्भ क्षेत्र में किसानों की आत्महत्या वाले इलाकों में बड़े पैमाने पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ये परियोजना काफी महत्वपूर्ण है.
मुख्य बिन्दु
- इस परियोजना में वैनगंगा से बुलढाणा जिले में वैनगंगा परियोजना तक पानी लाने और इसे नलगंगा से जोड़ने की योजना है. वैनगंगा, गोदावरी नदी की सहायक नदी है. नलगंगा, तापी नदी की उप-सहायक नदी है.
- इस परियोजना का परिव्यय 85 हजार करोड रुपए है. इसके लिए 426 किलोमीटर लंबी नहर का निर्माण किया जाएगा.
- परियोजना के तहत नागपुर, वर्धा, अमरावती, यवतमाल, अकोला और बुलढाणा के 15 तालुकाओं में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी.
- पानी का उपयोग पीने और औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी किया जा सकता है.
कृषि अर्थशास्त्रियों का अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन नई दिल्ली में आयोजित किया गया
कृषि अर्थशास्त्रियों का 32वां अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 2 से 7 अगस्त 2024 तक पूसा इंस्टीट्यूट नई दिल्ली में आयोजित किया गया था. इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया. इसमें 75 देशों के प्रतिनिधि ने भाग लिया. कृषि अर्थशास्त्र पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन हर तीन साल में आयोजित किया जाता है.
मुख्य बिन्दु
- भारत ने 66 वर्षों के अंतराल के बाद इस प्रतिष्ठित सम्मेलन की मेजबानी की. इससे पहले भारत ने इसकी मेजबानी पहली बार 1958 में की थी.
- सम्मेलन में विदेशी प्रतिनिधियों ने भारत की कृषि क्षमता और समग्र विकास की सराहना की है.
- बांग्लादेश की प्रतिनिधि हास्मीन ने वैश्विक कृषि परिदृश्य में भारत की स्थिति की सराहना करते हुए कहा कि भारत कई कृषि वस्तुओं का अग्रणी उत्पादक रहा है.
- केन्या के प्रतिनिधि डोडो मकवाल ने कहा है कि भारत कृषि क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है और यहां किया जा रहा शोध सराहनीय है.
- जापान की प्रतिनिधि सोब्रन ने विभिन्न प्रकार के कृषि उत्पादों और उनके निर्यात में भारत की क्षमता की प्रशंसा की.
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों, भूख और कुपोषण की वैश्विक समस्या के निदान के लिए अपने अनुभव साझा करने को तैयार है.
राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार 2024: गोविंदराजन पद्मनाभन को पहला विज्ञान रत्न पुरस्कार
केंद्र सरकार ने 7 अगस्त को राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार (Rashtriya Vigyan Puraskar) 2024 की घोषणा की. वर्ष 2024 में 33 व्यक्तियों को इस राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है. विज्ञान प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों को यह पुरस्कार दिया जाता है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अगस्त 2024 को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी.
यह पुरस्कार चार श्रेणियों में दिया जाता है: विज्ञान रत्न (अधिकतम 3), विज्ञान श्री (अधिकतम 25), विज्ञान युवा (अधिकतम 25) और विज्ञान टीम (अधिकतम 3 टीमें).
विज्ञान रत्न
पूरे जीवनकाल में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों के लिए यह पुरस्कार पहली बार शुरू किया गया है. इस श्रेणी में अधिकतम तीन व्यक्तियों को पुरस्कार दिए जाएंगे.
इस बार प्रख्यात बायोकेमिस्ट गोविंदराजन पद्मनाभन को पहला विज्ञान रत्न पुरस्कार (Vigyan Ratna Puraskar) 2024 से सम्मानित किया जाएगा.
विज्ञान टीम
तीन या अधिक वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की उस टीम को यह सम्मान दिया जाता है, जिसने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया हो. इस श्रेणी में तीन पुरस्कार दिए जाते हैं.
इस वर्ष चंद्रयान-3 के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को विज्ञान टीम 2024 सम्मान दिया जाएगा.
विज्ञान श्री
विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को यह सम्मान दिया जाता है. इस श्रेणी में अधिकतम 25 पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं.
जिन विभूतियों को विज्ञान श्री 2024 अवॉर्ड दिया जाएगा, उनके नाम हैं- खगोल भौतिकविद् अन्नपूरिणी सुब्रमण्यन, कृषि विज्ञानिक आनंदरामकृष्णन, परमाणु उर्जाविद् आवेश कुमार त्यागी, जीव वैज्ञानिक प्रोफेसर उमेश वार्ष्णेय और प्रोफेसर जयंत भालचंद्र उद्गांवकर, पृथ्वी वैज्ञानिक प्रोफेसर सईद वजीह अहमद नकवी, इंजीनियरिंग वैज्ञानिक प्रोफेसर भीम सिंह, गणित एवं कंप्यूटर वैज्ञानिक प्रोफेसर आदिमूर्ति और प्रोफेसर राहुल मुखर्जी, दवा वैज्ञानिक डॉक्टर संजय बेहारी, भौतिकविद् प्रोफेसर लक्ष्मणन मुत्थुस्वामी और प्रोफेसर नब कुमार मंडल और तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में प्रोफेसर रोहित श्रीवास्तव.
विज्ञान युवा
विज्ञान युवा शांति स्वरूप भटनागर (VY-SSB) पुरस्कार: विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले युवा वैज्ञानिकों को यह सम्मान दिया जाता है. इस श्रेणी में अधिकतम 25 पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं.
जिन युवा वैज्ञानिकों को विज्ञान युवा पुरस्कार 2024 दिया जाएगा, वे हैं- कृषि वैज्ञानिक कृष्ण मूर्ति एस एल और स्वरूप कुमार पारिदा, जीव वैज्ञानिक राधाकृष्णन महालक्ष्मी और प्रोफेसर अरविंद पेनमात्सा, रसायनविद् विवेक पोल्शेत्तिवर और विशाल राय, पृथ्वी वैज्ञानिक कॉक्सी मैथ्यू कोल, इंजीनियरिंग वैज्ञानिक अभिलाष और राधा कृष्ण गंति, पर्यावरण वैज्ञानिक पूरबी सैकिया और बप्पी पॉल, गणित और कंप्यूटर वैज्ञानिक महेश रमेश काकडे, दवा के क्षेत्र में जितेंद्र कुमार साहू और प्रज्ञ ध्रुव यादव, भौतिकविद् उर्बसी सिन्हा, अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में दिगेंद्रनाथ स्वैन और तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में प्रभु राजगोपाल.
इन्हें दिए जाते हैं पुरस्कार
राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार पुरस्कार भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित और कंप्यूटर विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, चिकित्सा विज्ञान, इंजीनियरिंग विज्ञान, कृषि विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों को दिए जाते हैं.
इसके लिए हर वर्ष 14 जनवरी से 28 फरवरी तक नामांकन आमंत्रित किए जाते हैं. 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं.
9 अगस्त: अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस
प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस (International Day of the World’s Indigenous Peoples) के रूप में मनाया जाता है. यह दिवस, आदिवासी आबादी के अधिकारों को बढ़ावा देने और उनकी सुरक्षा के उद्देश्य से मनाया जाता है.
23 दिसंबर 1994 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित कर 9 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस मनाने का निर्णय लिया था. दुनिया भर में पहला अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस 9 अगस्त 1995 को मनाया गया था.
विश्व के लगभग 70.5 प्रतिशत आदिवासी लोग एशिया में रहते हैं, इसके बाद 16.3 प्रतिशत अफ्रीका में, 11.5 प्रतिशत लैटिन अमेरिका में रहते हैं. विश्व की जनसंख्या में लगभग 6.2 प्रतिशत हिस्सा आदिवासी लोगों का है. विश्व की अत्यंत गरीब आबादी का लगभग 19 प्रतिशत आदिवासी हैं.
2024 अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस का विषय (थीम)
2024 अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस का विषय (थीम) ‘स्वैच्छिक अलगाव और प्रारंभिक संपर्क में आदिवासी लोगों के अधिकारों की रक्षा’ (Protecting the Rights of Indigenous Peoples in Voluntary Isolation and Initial Contact) है.
7 अगस्त 2024: 10वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (National Handloom Day) मनाया जाता है. इस दिवस का उद्देश्य हथकरघा उद्योग के महत्व एवं आमतौर पर देश के सामाजिक आर्थिक योगदान में इसके महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना और हथकरघा को बढ़ावा देना, बुनकरों की आय को बढ़ाना और उनके गौरव में वृद्धि करना है.
हथकरघा दिवस मनाने के लिए 7 अगस्त का दिन भारतीय इतिहास में विशेष महत्व का होने के कारण चुना गया है. इसी दिन 1905 में ब्रिटिश सरकार द्वारा बंगाल के विभाजन के विरोध में स्वदेशी आंदोलन शुरू हुआ था. इस दिन कोलकाता के टाउनहॉल में एक महा जनसभा में स्वदेशी आंदोलन की औपचारिक रूप से शुरुआत की गई थी.
भारत सरकार ने इसी की याद में हर वर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में घोषित किया था. पहला राष्ट्रीय हथकरघा दिवस 2015 में मनाया गया था. 7 अगस्त 2024 को 10वां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया गया.
1-7 अगस्त: विश्व स्तनपान सप्ताह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष अगस्त के पहले सप्ताह 1 अगस्त से 7 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह (World Breastfeeding Week- WBW) मनाया जाता है. इसका उद्देश्य स्तनपान को प्रोत्साहन तथा समर्थन देना है. स्तनपान, बच्चे के जीवन और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण व कम लागत वाला प्रयास है.
विश्व स्तनपान सप्ताह 2024 की थीम
इस वर्ष (2024) के स्तनपान सप्ताह की थीम (मुख्य विषय)- ‘अंतर को पाटना: सभी के लिए स्तनपान समर्थन’ (Closing the Gap: Breastfeeding Support for All) है.
यह दिवस UNICEF, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और उनके सहयोगी संस्थाओं द्वारा मनाया जाता है. पहला विश्व स्तनपान सप्ताह 1992 में World Alliance for Breastfeeding Action (WABA) द्वारा मनाया गया था.
बाल अधिकारों पर WHO के कन्वेंशन के अनुसार प्रत्येक नवजात शिशु को अच्छे पोषण का अधिकार है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद की औपचारिक उम्मीदवारी
अमरीका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद की औपचारिक उम्मीदवारी मिल गई है. किसी प्रमुख राजनीतिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का नामांकन प्राप्त करने वाली वे पहली भारतीय-अमरीकी हैं. कमला हैरिस ने मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज़ को उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है.
सीएस शेट्टी भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष नियुक्त
सरकार ने सीएस शेट्टी को तीन साल की अवधि के लिए भारतीय स्टेट बैंक का अध्यक्ष नियुक्त किया है. श्री शेट्टी देश के सबसे बड़े ऋण प्रदाता बैंक-एसबीआई के वरिष्ठ प्रबंध निदेशक हैं. वे 28 अगस्त को वर्तमान अध्यक्ष दिनेश कुमार खारा का स्थान लेंगे.
लोकसभा में वित्त विधेयक 2024 पारित
लोकसभा में 7 अगस्त को वित्त विधेयक 2024 पारित हो गया. इसके साथ ही वित्त वर्ष 2024-2025 के लिए केंद्र सरकार के वित्तीय प्रस्ताव प्रभावी हो गए हैं और बजट प्रक्रिया पूरी हो गई है.
पेरिस ओलंपिक में पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीता
भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में भारत को चौथा कांस्य पदक दिलाया. भारत ने स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता है. भारत ने पिछली बार तोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक जीता था जब उसने जर्मनी को पराजित किया था. भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने इस मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास की घोषणा की.
