डेली कर्रेंट अफेयर्स
एनएचपीसी, एसजेवीएन और सेकी को नवरत्न का दर्ज दिया गया
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की तीन उद्यम (सीपीएसई) – एनएचपीसी, एसजेवीएन और सेकी को नवरत्न का दर्जा दिया है. इस आशय की आधिकारिक आदेश सार्वजनिक उद्यम विभाग (वित्त मंत्रालय) द्वारा 30 अगस्त 2024 को जारी किया था.
मुख्य बिन्दु
- एनएचपीसी (नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) फरीदाबाद स्थित केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के तहत मिनी रत्न श्रेणी-1 इकाई के रूप में काम कर रही थी.
- एनएचपीसी भारतीय विद्युत क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कंपनी है और इसने देश की पनबिजली क्षमता का दोहन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
- शिमला स्थित सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) को भी नवरत्न का दर्जा मिला है. इससे पहले एसजेवीएन लिमिटेड को मिनी रत्न, श्रेणी-1 का दर्जा प्राप्त था. इसे 24 मई, 1988 को भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार (जीओएचपी) के संयुक्त उद्यम के रूप में शामिल किया गया था.
- सरकार ने सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेकी) को भी नवरत्न का दर्जा दिया है. नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली सेकी नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की नीलामी के लिए केंद्र सरकार की एक नोडल एजेंसी है.
नवरत्न कंपनी: एक दृष्टि
- ‘मिनीरत्न-श्रेणी 1’ का दर्जा प्राप्त सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम (सीपीएसई) को ही नवरत्न का दर्जा दिया जाता है.
- नवरत्न दर्जा मिलने से कंपनी के प्रबंधन को अधिक परिचालन और वित्तीय स्वायत्तता मिलती है. नवरत्न दर्जा प्राप्त कंपनी को केंद्र सरकार की पूर्व मंजूरी के बिना किसी परियोजना में 1,000 करोड़ रुपये या उनकी कुल संपत्ति का 15% तक निवेश करने की छूट होती है.
- केंद्र सरकार की अनुमति के बिना प्रौद्योगिकी संयुक्त उद्यम या अन्य कंपनी के साथ संयुक्त उद्यम स्थापित कर सकती है.
नवरत्न का दर्जा प्राप्त सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यम (CPSE)
- भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल)
- कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड
- इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल)
- हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल)
- महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (MTNL)
- नेशनल एल्युमिनियम कंपनी (नाल्को)
- राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी)
- नेशनल कैल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएमडीसी)
- एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल)
- ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल)
- पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (पीएफसी)
- राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल)
- ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (आरईसी)
- भारतीय शिपिंग निगम (एससीआई)
- नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचपीसी)
- शिमला स्थित सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन)
- सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेकी)
5वां ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2024 मुंबई में आयोजित
5वां ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (5th Global Fintech Fest) 28-30 अगस्त 2024 तक मुंबई में आयोजित किया गया था. इसका विषय ‘वित्त के अगले दशक का ब्लूप्रिंट’ (Blueprint for the next decade of Finance.) था. प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अगस्त 2024 को इस सम्मेलन को संबोधित किया.
मुख्य बिन्दु
- ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का आयोजन नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI), पेमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया और फिनटेक कन्वर्जेंस काउंसिल द्वारा किया जाता है.
- 2021 में शुरू हुए इस फेस्टिवल का लक्ष्य खुद को वैश्विक फिनटेक इकोसिस्टम के लिए प्रमुख वैश्विक सम्मेलन के रूप में स्थापित करना, सहयोग को बढ़ावा देना और फिनटेक उद्योग के भविष्य को प्रभावित करना है.
- भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) की स्थापना 2008 में भुगतान और निपटान प्रणाली अधिनियम 2007 के तहत भारत में खुदरा भुगतान और निपटान प्रणालियों के संचालन के लिए एक प्रमुख संगठन के रूप में की गई थी.
- NPCI का स्वामित्व भारत के प्रमुख बैंकों के संघ के पास है. NPCI ने यूपीआई, रुपे कार्ड, भीम ऐप, आईएमपीएस आदि शुरू किए हैं.
29 अगस्त: राष्ट्रीय खेल दिवस, मेजर ध्यानचंद का जन्म-दिन
प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस (National Sports Day) के रूप में मनाया जाता है. यह दिन सुप्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. उनका जन्म इसी दिन 1905 में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में हुआ था.
राष्ट्रीय खेल दिवस 2024 का थीम ‘शांतिपूर्ण और समावेशी समाज को बढ़ावा देने के लिए खेल’ (Sports for the promotion of Peaceful and Inclusive Societies) था.
मेजर ध्यानचंद: एक दृष्टि
- मेजर ध्यानचंद ने भारत को ओलंपिक में 3 स्वर्ण पदक दिलवाए थे. भारत ने 1932 में 37 मैच में 338 गोल किए, जिसमें 133 गोल ध्यानचंद ने किए थे.
- दूसरे विश्व युद्ध से पहले ध्यानचंद ने 1928 (एम्सटर्डम), 1932 (लॉस एंजिल्स) और 1936 (बर्लिन) में लगातार तीन ओलंपिक में भारत को हॉकी में स्वर्ण पदक दिलाए.
- 1956 में ध्यानचंद को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया.
30 अगस्त: राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस
प्रत्येक वर्ष 30 अगस्त को राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस (National Small Industry Day) मनाया जाता है. यह दिवस छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने और बेरोज़गारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनाया जाता है.
लघु उद्योग वे उद्योग हैं, जो छोटे पैमाने पर किये जाते हैं जिनमें 10 से 50 लोग काम करते हों. सरकार द्वारा जारी हाल की परिभाषा के अनुसार लघु उद्योग इकाई ऐसा औद्योगिक उपक्रम है, जहाँ संयंत्र एवं मशीनरी में निवेश 1 करोड़ रुपये से अधिक न हो, किन्तु कुछ मद, जैसे- हौजरी, हस्त-औजार, दवाइयों व औषधि, लेखन सामग्री मदें और खेलकूद का सामान आदि में निवेश की सीमा 5 करोड़ रुपये तक है.
29 अगस्त: परमाणु परीक्षण के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस
प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को परमाणु परीक्षण के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day against Nuclear Tests) मनाया जाता है. इसका उद्देश्य परमाणु हथियारों से होने वाले नुकसान एवं उनके दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरुक करना है.
दिसम्बर, 2009 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में 29 अगस्त को परमाणु परीक्षण के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में घोषित किया गया था. पहली बार यह दिवस वर्ष 2010 में मनाया गया था.
कजाकिस्तान में 1991 में सोवियत संघ (USSR) नियंत्रित सेमिपालाटिंस्क परमाणु परीक्षण स्थल के समापन की 18वीं वर्षगांठ को चिह्नित करने के लिए कजाकिस्तान द्वारा इस प्रस्ताव की शुरुआत की गई थी.
यह दिन किसी भी देश द्वारा सभी प्रकार के परमाणु हथियारों के परीक्षण और इसके उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की तात्कालिकता पर प्रकाश डालता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
मूडीज ने भारत की जीडीपी में वृद्धि अनुमान बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत किया
अमेरिकी रेटिंग एजेंसी मूडीज ने वित्त वर्ष 2024 के लिए भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि अनुमान 6.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.2 प्रतिशत किया है. मूडीज ने वर्ष 2025 के लिए 6.6 प्रतिशत का अनुमान व्यक्त किया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रुनेई और सिंगापुर की यात्रा पर जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 से 5 सितमबर तक ब्रुनेई और सिंगापुर की यात्रा पर जाएंगे. यह किसी भारतीय प्रधान मंत्री की उस देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी. प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत और ब्रुनेई के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 40वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है. यात्रा के दूसरे चरण में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग के निमंत्रण पर बुधवार को सिंगापुर जाएंगे.
ब्राजील में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को निलंबित करने का आदेश
ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने देश में एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स को निलंबित करने का आदेश दिया है. यह आदेश एलन मस्क द्वारा देश में एक कानूनी प्रतिनिधि का नाम बताने से इनकार करने के बाद दिया गया. न्यायमूर्ति अलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने एक प्रतिनिधि का नाम बताने के आदेश का पालन करने में विफल रहने पर एक्स प्लेटफॉर्म को ब्लॉक करने की चेतावनी दी थी.
बधिर निशानेबाजी प्रतियोगिता में, भारत को कुल चार पदक
जर्मनी के हनोवर में बधिर निशानेबाजी प्रतियोगिता में, भारत ने एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल चार पदक जीते हैं. महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अनुया प्रसाद ने स्वर्ण और पुरूष वर्ग में अभिनव देशवाल ने रजत पदक जीता. टीम स्पर्धा में अभिनव देशवाल, शुभम वशिष्ठ और चेतन सपकाल की तिकड़ी ने रजत पदक अपने नाम किया.
8वें महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी 2024 का आयोजन राजगीर में किया जाएगा
8वें महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता 2024 का आयोजन राजगीर, बिहार में किया जाएगा. यह लगातार दूसरी बार है कि भारत इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा. भारत ने 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2023 तक रांची, झारखंड में आयोजित 7वें महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, जिसे भारतीय टीम ने जीता था.
आपातकालीन प्रबंधन पर भारत-रूसी आयोग की बैठक मास्को में आयोजित
आपातकालीन प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग पर रूसी-भारतीय आयोग की दूसरी बैठक मॉस्को में 28 अगस्त 2024 को आयोजित की गई थी. भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानद राय ने किया जबकि रूसी नागरिक सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं के मंत्री कुरेनकोव अलेक्सांद्र व्याचेस्लावोविक ने रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया. दोनों देश आपातकालीन प्रबंधन में सहयोग जारी रखने पर सहमत हुए.
अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और रोज़गार संबंधी जैव-प्रौद्योगिकी नीति ‘बायो ई-3’ जारी
केंद्र सरकार ने अर्थव्यवस्था, पर्यावरण और रोज़गार संबंधी जैव-प्रौद्योगिकी नीति ‘बायो ई-3’ जारी कर दी है. यह नीति निजी भागीदारी से लागू की जाएगी. जैव विनिर्माण और बायो-फाउंड्री से देश की भावी जैव-अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक वृद्धि पर्यावरण के अनुकूल हो सकेगी. मंत्रिमंडल ने बायो नीति को हाल ही में स्वीकृति दी थी.
आईएनएस अरिघात नौसेना में शामिल
परमाणु संचालित आईएनएस अरीघात पनडुब्बी भारतीय नौसेना में शामिल
भारतीय नौसेना ने 29 अगस्त 2024 को अपनी दूसरी परमाणु-संचालित बैलिस्टिक मिसाइल पनडुब्बी (एसएसबीएन), आईएनएस अरीघात को औपचारिक रूप से शामिल किया. केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में स्थित पूर्वी नौसेना कमान की अपनी यात्रा के दौरान एक समारोह में पनडुब्बी को भारतीय नौसेना में शामिल किया.
