डेली कर्रेंट अफेयर्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड की यात्रा संपन्न की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 23 अगस्त तक पोलैंड और यूक्रेन की यात्रा पर थे. प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा एक पहले चरण में 21 अगस्त को पोलैंड की राजधानी वारसॉ (Warsaw) पहुंचे थे.
पोलैंड यात्रा के मुख्य बिन्दु
- यह एक ऐतिहासिक यात्रा थी क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री 45 वर्षों के बाद पोलैंड गए थे. इससे पहले 1979 में प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने पोलैंड की यात्रा की थी.
- प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ पर हुई. भारत और पोलैंड के बीच राजनयिक संबंध 1954 में स्थापित हुए थे. भारत के पहले प्रधान मंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1955 में पोलैंड का दौरा किया था.
- श्री मोदी ने पोलैंड यात्रा के दौरान वारसॉ में पोलैंड के राष्ट्रपति आंद्रेज सेबेस्टियन डूडा के साथ बैठक की. और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की.
- वार्ता में दोनों देश अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने पर सहमत हुए. वे एक पंचवर्षीय कार्य योजना पर सहमत हुए जो 2024 से 2028 तक सहयोग के चिन्हित क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का मार्गदर्शन करेगी.
- उच्च तकनीक, कृषि, स्मार्ट शहर, रक्षा, स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढाँचा, फार्मास्यूटिकल्स, और खनन, कृषि तकनीक, खाद्य तकनीक, ऊर्जा, जलवायु, हरित के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आर्थिक सहयोग के लिए संयुक्त आयोग (जेसीईसी) की बैठकें वर्ष में कम से कम दो बार आयोजित की जाएगी.
- दोनों देश चक्रीय अर्थव्यवस्था और अपशिष्ट-जल प्रबंधन के लिए टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकी समाधान विकसित करने में सहयोग करेंगे.
- राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ (2029 में) पर, दोनों पक्ष एक-दूसरे के देशों में सांस्कृतिक उत्सव आयोजित करेंगे.
भारत-पोलैंड व्यापार
- पोलैंड मध्य और पूर्वी यूरोप में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है. भारत और पोलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार छह अरब डॉलर का है.
- पोलैंड में भारत का निवेश लगभग तीन अरब डॉलर और भारत में पोलिश निवेश लगभग एक अरब डॉलर का है.
- पोलैंड में कई भारतीय कंपनियां आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल, स्टील, धातु और रसायन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत है, वहीं पोलैंड की लगभग 30 कंपनियां भारत में विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों में काम कर रही हैं.
पोलैंड: एक दृष्टि
- पोलैंड, मध्य यूरोप में एक देश और यूरोपीय संघ और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का सदस्य देश है. यह 1918 में एक संप्रभु देश के रूप में अस्तित्व में आया था.
- दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नाजी जर्मनी ने इस पर कब्ज़ा कर लिया. नाज़ी जर्मनी की हार के बाद पोलैंड एक कम्युनिस्ट (साम्यवादी) देश बन गया.
- 1989 में कम्युनिस्ट सरकार के पतन के बाद पोलैंड एक लोकतांत्रिक देश बना. बाद में, पोलैंड यूरोपीय संघ और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का सदस्य बन गया.
19वां सीआईआई भारत-अफ्रीका व्यापार सम्मेलन नई दिल्ली में आयोजित
19वां सीआईआई भारत अफ्रीका व्यापार सम्मेलन (19th CII India Africa Business Conclave) 20-22 अगस्त 2024 तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया था. सम्मेलन का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया था. सम्मेलन में भारत और अफ्रीका के कई वरिष्ठ मंत्री, नीति निर्माता और व्यापारिक नेताओं ने भाग लिया. इस सम्मेलन का विषय था – एक भविष्य का निर्माण.
19वां सीआईआई भारत-अफ्रीका व्यापार सम्मेलन: मुख्य बिन्दु
- 19वें सीआईआई इंडिया अफ्रीका बिजनेस कॉन्क्लेव में 65 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
- सम्मेलन में बुरुंडी के उपराष्ट्रपति, प्रोस्पर बाज़ोम्बन्ज़ा; गाम्बिया के उपराष्ट्रपति मुहम्मद बीएस जलो; लाइबेरिया के उपराष्ट्रपति, जेरेमिया केपान कोंग; मॉरीशस के उपराष्ट्रपति,. मैरी सिरिल एडी बोइसेज़ोन और ज़िम्बाब्वे के उपराष्ट्रपति, डॉ. सी.जी.डी.एन. चिवेंगा ने भाग लिया.
- इस व्यापार सम्मेलन में क्षेत्रीय और वैश्विक मूल्य श्रृंखला एकीकरण में भारत-अफ्रीका साझेदारी की भूमिका के बारे में चर्चा हुई.
- भारत-अफ्रीका साझेदारी के कुछ प्रमुख क्षेत्रों जैसे कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, रक्षा, हेल्थकेयर फार्मास्यूटिकल्स, डिजिटल साझेदारी, बिजली और ऊर्जा, वित्तीय साझेदारी, बुनियादी ढांचे, गुणवत्ता पारिस्थितिकी तंत्र, कौशल क्षमता विकास और अन्य क्षेत्रों में उभरते अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया गया.
सीआईआई भारत अफ्रीका व्यापार सम्मेलन
- सीआईआई भारत अफ्रीका व्यापार सम्मेलन विदेश मंत्रालय, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय और भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की एक संयुक्त पहल है. इस सम्मेलन का पहला संस्करण 2005 में आयोजित किया गया था.
- सीआईआई भारत अफ्रीका व्यापार सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य व्यापार और निवेश को बढ़ाना, अफ्रीका में चिन्हित क्षेत्रों में भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करना है.
भारत-अफ़्रीका व्यापारिक संबंध
भारत अफ्रीका का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है. 2022-23 में भारत और अफ़िका के बीच कुल व्यापार 98 बिलियन डॉलर था. अफ्रीका में अभी तक भारत का कुल निवेश लगभग 73.9 बिलियन डॉलर है. भारत का व्यापार मुख्य रूप से दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया, टोगो और मोज़ाम्बिक जैसे अफ्रीकी देशों के साथ है.
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की भारत यात्रा
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर बिन इब्राहिम 19 से 21 अगस्त तक भारत यात्रा पर थे. प्रधानमंत्री के रूप में अनवर इब्राहिम की यह पहली यात्रा थी.
मलेशिया के प्रधानमंत्री की यात्रा: मुख्य बिन्दु
- इब्राहिम ने 20 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. वार्ता में दोनों देश अपने द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी (सीएसपी) को बदलने पर सहमत हुए.
- भारत और मलेशिया के बीच अपने संबंधों को बढ़ावा देने के लिए कई समझौता ज्ञापन (एमओयू)/समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए.
- ये समझौते श्रमिकों की भर्ती, पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों और आयुर्वेद के क्षेत्र में सहयोग, डिजिटल प्रौद्योगिकी, कला, संस्कृति और विरासत, पर्यटन, खेल में सहयोग, लोक प्रशासन और शासन सुधार में सहयोग, भारत के अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय केंद्र सेवा प्राधिकरण (आईएफएससीए) और मलेशिया के लाबुआन वित्तीय सेवा प्राधिकरण के बीच आपसी सहयोग के क्षेत्र में हुए.
- भारत मलेशिया को 200,000 मीट्रिक टन सफेद चावल निर्यात करने पर सहमत हुआ. भारत विश्व में चावल का सबसे बड़ा निर्यातक है. लेकिन घरेलू बाजार में कीमत को नियंत्रित करने के लिए जुलाई 2023 में चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था.
मलेशिया इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस में शामिल होगा
- मलेशिया एक संस्थापक सदस्य के रूप में इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस में शामिल होने के लिए सहमत हुआ.
- इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस एक भारतीय पहल है जिसे 29 फरवरी 2024 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अनुमोदित किया था.
- इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस बड़ी बिल्लियों और उनके आवासों के संरक्षण के लिए काम करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय सहयोग होगा. इसका मुख्यालय भारत में होगा.
- बड़ी बिल्लियों में शेर, बाघ, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, जगुआर, प्यूमा और चीता हैं. भारत में पाँच बड़ी बिल्लियाँ शेर, बाघ, तेंदुआ, हिम तेंदुआ और चीता पाई जाती हैं.
23 अगस्त 2024 को पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया
पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 23 अगस्त 2024 को मनाया गया. चंद्रयान 3 मिशन की सफलता को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को लेकर 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया.
मुख्य बिन्दु
- पहले राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का मुख्य समारोह नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया गया था जिसका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया.
- इसका विषय था – चंद्रमा को छूते हुए जीवन को छूना : भारत की अंतरिक्ष गाथा.
- चंद्रयान-3 मिशन ने 2023 में इसी दिन चंद्रमा की सतह पर विक्रम लैंडर की सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग पूरी की थी. इस उपलब्धि के साथ ही भारत चंद्रमा पर उतरने वाला चौथा और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बन गया था.
- सॉफ्ट लैंडिग के बाद प्रग्यान रोवर को सफलता पूर्वक उतारा गया और लैंडिग साइट को शिव शक्ति पॉइंट नाम दिया गया.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 22 से 25 अगस्त तक अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर हैं. वे अमरीका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. श्री सिंह अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन से भी मुलाकात करेंगे.
नीरज चोपड़ा डायमंड लीग प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे
नीरज चोपड़ा स्विट्जरलैंड के लुसाने में डायमंड लीग प्रतियोगिता में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे. नीरज ने अपने सीज़न का सर्वश्रेष्ठ 89.49 मीटर तक भाला फेंका. पीटर्स एंडरसन 90.61 मीटर के साथ पहले नम्बर पर रहे. जर्मनी के जूलियन वेबर 87.08 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
पंजाब में शिक्षा को बढावा देने के उद्देश्य से ‘आरंभ’ कार्यक्रम की शुरूआत
पंजाब में, बच्चों के लिए शिक्षा को बढावा देने के उद्देश्य से ‘आरंभ’ कार्यक्रम की शुरूआत की गई है. इस पहल का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले छोटे बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करना है. यह महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए आधारभूत ‘आधारशिला’ और ‘पोषण भी पढ़ाई भी’ प्रशिक्षण पाठ्यक्रम जैसी राष्ट्रीय पहलों के साथ संबंधित है.
RBI के गवर्नर शक्तिकांत दास के प्रदर्शन को लगातार दूसरे वर्ष A+ रेटिंग
ग्लोबल फाइनेंस सेंट्रल बैंकर रिपोर्ट 2024 ने भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास के प्रदर्शन को लगातार दूसरे वर्ष A+ रेटिंग दी है. पत्रिका ने उन केन्द्रीय बैंक के गवर्नर के नाम सूचीबद्ध किए गए है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन के लिए उच्चतम ग्रेड, ‘A+’, ‘A’, या ‘A-‘ अर्जित किया.
9वें आईसीसी महिला टी20 विश्व कप बांग्लादेश से यूएई स्थानांतरित
बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के कारण अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 9वें आईसीसी महिला टी20 क्रिकेट विश्व कप को बांग्लादेश से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में स्थानांतरित कर दिया है. बांग्लादेश अभी भी प्रतियोगिता का मेजबान देश है लेकिन सभी मैच यूएई में खेले जाएंगे.
गोविंद मोहन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव के रूप में कार्यभार संभाला
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गोविंद मोहन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के सचिव के रूप में कार्यभार संभाला. उन्होंने अजय कुमार भल्ला का स्थान लिया. गृह सचिव का पद भारत सरकार में कैबिनेट सचिव के बाद दूसरा सबसे शक्तिशाली सचिवीय पद माना जाता है. वर्तमान में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राजीव गौबा कैबिनेट सचिव हैं.
रोहित शर्मा वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर पुरस्कार से सम्मानित
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को 26वें सीएट ‘वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. सीएट क्रिकेट पुरस्कार भारत में क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक माना जाता है.
