डेली कर्रेंट अफेयर्स
भारत जापान तीसरी 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता नई दिल्ली में आयोजित
भारत और जापान के बीच तीसरी 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता (3rd India Japan 2+2 Ministerial Dialogue) 20 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित की गई थी. इस वार्ता में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर, तथा जापान की ओर से वहां के रक्षा मंत्री किहारा मिनोरू और विदेश मंत्री सुश्री योको कामिकावा ने भाग लिया.
भारत-जापान तीसरी 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता: मुख्य बिन्दु
- यह भारत और जापान के बीच तीसरी 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता थी. इस वार्ता के दौरान, दोनों देशों के बीच जारी सहयोग की समीक्षा की गई और आपसी संबंधों को और मजबूत करने के लिए नई पहलों पर विचार किया गया.
- चर्चा के दौरान, परस्पर हित के द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हिन्द प्रशांत क्षेत्र से भारत और जापान दोनों के हित गहरायी से जुड़े हैं और इनकी साझेदारी क्षेत्र में शांति तथा स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है.
- रक्षा मंत्री ने कहा कि यह वर्ष भारत और जापान दोनों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि हम अपनी विशेष वैश्विक सामरिक साझेदारी की स्थापना के 10 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं.
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान के बीच सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में व्यापक संदर्भ में स्थापित हैं.
- दोनों देशों के पिछली दो 2+2 मंत्रिस्तरीय (रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री) वार्ता क्रमशः 2019 में नई दिल्ली में तथा 2022 में तोक्यो में हो चुकी हैं.
- दोनों देशों के बीच रक्षा और विदेशमंत्रियों की बैठक की शुरुआत आपसी सुरक्षा तथा रक्षा सहयोग प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से की गई है.
2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता क्या है?
- दो देशों के दो मंत्रालयों के बीच आयोजित होने वाली मंत्रीस्तरीय वार्ता को 2+2 (टू प्लस टू) वार्ता कहा जाता है. सामान्यतः इस तरह की वार्ताओं का उद्देश्य दो देशों के बीच रक्षा सहयोग के लिए उच्च स्तरीय राजनयिक और राजनीतिक बातचीत को सुविधाजनक बनाना होता है.
- भारत संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, जापान, ऑस्ट्रेलिया और ब्राजील के साथ 2+2 वार्ता आयोजित करता है. इनमें से सिर्फ ब्राज़ील के साथ केवल सचिव-स्तरीय वार्ता है; बाकी देशों के साथ मंत्री-स्तरीय वार्ता होती है.
- संयुक्त राज्य अमेरिका पहला देश था जिसके साथ भारत ने 2+2 वार्ता शुरू 2018 में की थी. रूस और भारत के बीच पहली 2+2 मंत्रीस्तरीय वार्ता 6 दिसंबर 2021 को नई दिल्ली में आयोजित की गई थी.
भारत की मेजबानी में तीसरा वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन आयोजित
भारत की मेजबानी में 17 अगस्त को तीसरा वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन (Voice of Global South Summit) आयोजित किया गया था. यह आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया था. इस सम्मेलन का विषय था- बेहतर भविष्य के लिए सशक्त ग्लोबल साउथ.
वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन: मुख्य बिन्दु
- सम्मेलन में इन देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष ने भाग लिया. इस सत्र की मेजबानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की.
- तीसरे वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन में एक नेता सत्र और विभिन्न विषयों पर 10 मंत्रिस्तरीय सत्र आयोजित किए गए.
- सम्मेलन में, संघर्ष, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा संकट, जलवायु परिवर्तन तथा ग्लोबल साउथ की समस्याओं पर मुख्य रूप से चर्चा हुई.
ग्लोबल साउथ क्या है?
- ग्लोबल साउथ (वैश्विक दक्षिण) मुख्यत: एशिया, अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और ओशिनिया के गरीब और विकासशील देशों को संदर्भित करता है.
- इसकी तुलना ग्लोबल नॉर्थ (वैश्विक उत्तर) से की जाती है, जिसमें यूरोप, उत्तरी अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के समृद्ध और विकसित देश शामिल हैं.
- माना जाता है की ग्लोबल नॉर्थ राजनीतिक और आर्थिक शोषण के माध्यम से ग्लोबल साउथ पर हावी है.
- अमेरिकी राजनीतिक कार्यकर्ता कार्ल ओग्लेस्बी को 1969 में ‘ग्लोबल साउथ’ शब्द गढ़ने का श्रेय दिया जाता है.
- भारत ने 2 से 13 जनवरी 2023 तक वर्चुअल प्रारूप में पहले वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी.
- पहले शिखर सम्मेलन की सफलता के बाद, भारत ने 17 नवंबर 2023 को दूसरे वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन का आयोजन किया.
21 अगस्त: अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस
प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ (International Day of Remembrance and Tribute to the Victims of Terrorism) मनाया जाता है. आतंकवाद के शिकार हो गए और जीवित बचे लोगों की आवाज़ें सुनने और उन्हें अपनी आवाज़ बुलंद करने में सहयोग देने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है.
संयुक्त राष्ट्र ने इस दिवस को मनाये जाने की घोषणा 2017 में की थी. 21 अगस्त 2018 को पहला ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ मनाया गया था. इस वर्ष यानी 2024 में सातवाँ ‘अंतर्राष्ट्रीय, आतंकवाद पीड़ित स्मृति एवं श्रद्धांजली दिवस’ मनाया गया.
21 अगस्त: विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को ‘विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस’ (World Senior Citizen’s Day) मनाया जाता है. यह दिवस बुजुर्गों को सम्मान देने के उद्देश्य से मनाया जाता है.
विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस को आधिकारिक तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन द्वारा स्थापित किया गया था. उन्होंने 19 अगस्त, 1988 को इस पर हस्ताक्षर किए थे, जिसे 21 अगस्त को वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में प्रकट किया गया था.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में मनाने की घोषणा दिसंबर 1990 में की थी.
20 अगस्त 2024: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 80वीं जयंती (सद्भावना दिवस)
20 अगस्त 2024 को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 80वीं जयंती थी. यह दिन साम्प्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को बढावा देने के लिए ‘सद्भावना दिवस’ (Sadbhavna Divas) के रूप में भी मनाया जाता है.
श्री राजीव गांधी 1984 में माता इंदिरा गाँधी की हत्या के बाद देश के छठे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. वह 40 वर्ष की उम्र में भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने थे. उन्होंने 1989 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की.
21 मई 1991 को लिट्टे उग्रवादियों द्वारा श्रीपेरंबदूर में उनकी हत्या कर दी गई थी. उन्हें 1991 में देश के सर्वोच्च सम्मान भारत-रत्न से सम्मानित किया गया था.
19 अगस्त: विश्व मानवतावादी दिवस से संबंधित जानकारी
प्रत्येक वर्ष 19 अगस्त को ‘विश्व मानवतावादी दिवस’ (World Humanitarian Day- WHD) के रूप में मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का उद्देश्य उन मानवीय कर्मियों को उचित सम्मान देना है, जिन्होंने मानव मात्र की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया है.
इस वर्ष यानी 2024 में WHD का मुख्य विषय (थीम) ‘एक्टफॉरह्यूमैनिटी’ (ActForHumanity) है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2008 में यह दिवस मनाए जाने की शुरूआत की थी. यह दिवस 19 अगस्त को इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इस दिन वर्ष 2003 को बगदाद में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर बमबारी हुई थी. इस बमबारी में इराक में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष दूत सर्जियो विएरा डी मेल्लो समेत 22 अन्य मानवतावादी कर्मी मारे गए थे.
20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस मनाया गया
प्रत्येक वर्ष 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस (World Mosquito Day) मनाया जाता है. इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को मच्छर के काटने से होने वाली बीमारियों और बचाव के प्रति जागरूक करना है.
मच्छर दिवस मनाने की शुरुआत साल 1897 में हुई थी जब ब्रिटिश डॉ. रोनाल्ड रॉस ने मादा एनाफिलीज मच्छर की खोज की थी. इस मच्छर के काटने से मलेरिया की बीमारी होती है. उनके इस प्रयास के लिए साल 1902 उन्हें फिजियोलॉजी में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
मच्छर बीमारियों के वाहक है. मच्छर के काटने से डेंगू, चिकनगुनिया, ज़ीका वायरस और मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलैंड और यूक्रेन की यात्रा पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 23 अगस्त तक पोलैंड और यूक्रेन की यात्रा पर रहेंगे. यह एक ऐतिहासिक यात्रा है क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री 45 वर्षों के बाद पोलैंड जा रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के निमंत्रण पर 23 अगस्त को यूक्रेन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे. राजनयिक संबंध स्थापित होने के 30 से अधिक वर्षों में यह पहली बार भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन यात्रा पर जा रहे हैं.
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम भारत यात्रा पर
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर बिन इब्राहिम 19 से 21 अगस्त तक भारत यात्रा पर हैं. प्रधानमंत्री के रूप में अनवर इब्राहिम की यह पहली यात्रा है. इब्राहिम 20 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.
भारत-ईयू ट्रैक 1.5 क्षेत्रीय सम्मेलन का दिल्ली में आयोजन
भारत और यूरोपीय संघ 21-22 अगस्त को क्षेत्रीय सम्मेलन भारत-ईयू ट्रैक 1.5 की मेजबानी करेंगे. नई दिल्ली में आयोजित इस सम्मेलन में दक्षिण एशिया और यूरोप के विशेषज्ञ, नीति निर्माता, शिक्षाविद और कानूनी मामलों से जुडे व्यक्ति भाग लेंगे. इस सम्मेलन का उद्देश्य ऑनलाइन माध्यम से बढ रही आतंकवादी गतिविधियों की रोकथाम करने के नए उपाय खोजना है.
19वां सी.आई.आई. भारत-अफ्रीका व्यापारिक सम्मेलन
19वां सी.आई.आई. भारत-अफ्रीका व्यापारिक सम्मेलन नई दिल्ली में 20 से 22 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है. इस सम्मेलन का उद्देश्य अफ्रीका के विकास और क्षेत्रीय तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के एकीकरण में भारत-अफ्रीका साझेदारी की भूमिका को बढाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करना है.
फीफा ने भारत के रिओहलंग धर को सहायक रेफरी चुना
विश्व फुटबॉल की नियामक संस्था फीफा ने डोमिनिकन गणराज्य में होने वाले आठवें अंडर-17 महिला विश्व कप के लिए सहायक रेफरी के रूप में मेघालय की रिओहलंग धर को चुना है. यह प्रतियोगिता 16 अक्टूबर से 3 नवंबर 2024 तक डोमिनिकन गणराज्य में आयोजित किया जाएगा.
