डेली कर्रेंट अफेयर्स
कीर स्टार्मर यूनाइटेड किंगडम के नए प्रधानमंत्री चुने गए
कीर स्टार्मर यूनाइटेड किंगडम के नए प्रधानमंत्री चुने गए हैं. 5 जुलाई 2024 को बकिंघम पैलेस में यूनाइटेड किंगडम के सम्राट किंग चार्ल्स III ने उन्हें यूनाइटेड किंगडम का नया प्रधान मंत्री नियुक्त किया. स्टार्मर यूनाइटेड किंगडम के 58वें प्रधान मंत्री हैं. बकिंघम पैलेस यूनाइटेड किंगडम के सम्राट का आधिकारिक निवास और कार्यालय है.
मुख्य बिन्दु
- यूनाइटेड किंगडम में 4 जुलाई 2024 को संसदीय चुनाव के लिए मतदान हुआ था. इस चुनाव में कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी ने भारी जीत हासिल की. कीर स्टार्मर ने कंजर्वेटिव पार्टी के नेता ऋषि सुनक का स्थान लिया, जिनकी पार्टी बुरी तरह से चुनाव हार गई थी.
- कीर स्टार्मर, लंदन में स्थित 10 डाउनिंग स्ट्रीट के नए निवासी होंगे. 10 डाउनिंग स्ट्रीट यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री का आधिकारिक निवास और कार्यालय है.
- यूनाइटेड किंगडम संसद में दो सदन होते हैं: हाउस ऑफ लॉर्ड्स, जो ऊपरी सदन है, और निचला सदन, हाउस ऑफ कॉमन्स. हाउस ऑफ कॉमन्स 650 सीटों वाला लोकप्रिय निर्वाचित सदन है.
- इस चुनाव में लेबर पार्टी ने 412 सीटों पर जीत हासिल की जबकि सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी को सिर्फ 119 सीटें मिलीं.
यूनाइटेड किंगडम: एक दृष्टि
- यूनाइटेड किंगडम एक संप्रभु देश है जिसमें चार देश शामिल हैं: इंग्लैंड, वेल्स, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड.
- यूनाइटेड किंगडम 1801 में अस्तित्व में आया जब उत्तरी आयरलैंड ग्रेट यूनाइटेड किंगडम के साम्राज्य में शामिल हो गया.
- यूनाइटेड किंगडम का सम्राट राज्य का प्रमुख होता है, जबकि प्रधानमंत्री सरकार का प्रमुख होता है.
ईरान राष्ट्रपति चुनाव: मसूद पेज़ेश्कियान ईरान के नए राष्ट्रपति चुने गए
ईरान के राष्ट्रपति चुनाव में सुधारवादी नेता मसूद पेज़ेश्कियान (Masoud Pezeshkian) को जीत मिली है. वे देश के 9वें राष्ट्रपति चुने गए. उन्होंने 30 लाख वोटों से कट्टरपंथी नेता सईद जलीली को हराया. पजशकियान को 1.64 करोड़ वोट मिले. वहीं जलीली को 1.36 करोड़ वोट हासिल हुए.
मुख्य बिन्दु
- ईरान में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 28 जून 2024 को हुआ था जिसमें चार उम्मीदवार थे. यहाँ कुल 61 मिलियन मतदाताओं में से केवल 40 प्रतिशत ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया जो देश में 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से ईरानी राष्ट्रपति चुनाव में सबसे कम मतदान प्रतिशत है.
- इस चुनाव में किसी भी उम्मीदवार को आवश्यक बहुमत वोट नहीं हासिल हुआ. मसूद पेज़ेश्कियान को लगभग 42.5 प्रतिशत वोट और जलीली को 38.7 प्रतिशत वोट मिले.
- राष्ट्रपति चुनने के लिए 5 जुलाई 2024 को आवश्यक रन-ऑफ राष्ट्रपति चुनाव आयोजित किया गया था. इस बार पेज़ेश्कियान को 53.7 प्रतिशत वोट और जलीली को 44.3 प्रतिशत वोट मिले. इस प्रकार मसूद पेज़ेशकियान को ईरान का नया निर्वाचित राष्ट्रपति घोषित किया गया.
- ईरान में फरवरी 2023 में चुनाव हुए थे जिसमें इब्राहिम रईसी दोबारा देश के राष्ट्रपति बने थे. 19 मई 2024 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनकी मृत्यु के बाद ईरान में राष्ट्रपति चुनाव की आवश्यकता हुई थी.
मसूद पेज़ेश्कियान
- मसूद पेज़ेश्कियान पेशे से हार्ट सर्जन रहे हैं. वो फिलहाल देश के स्वास्थ्य मंत्री हैं. उन्हें एक हिजाब विरोधी और उदारवादी नेता के रूप में जाना जाता है.
- उन्होंने ईरान में ‘एकता और सद्भाव’ लाने का वादा किया था. साथ ही ये भी वादा किया था कि वो दुनिया से ईरान के अलगाव को ख़त्म करेंगे. इसके बाद ही ईरान के लोगों का उनकी ओर झुकाव बढ़ना शुरू हुआ.
- पेज़ेश्कियान ने पश्चिमी देशों के साथ साल 2015 के असफल परमाणु समझौते के नवीनीकरण पर सकारात्मक बातचीत का भी आह्वान किया है.
- इस समझौते के मुताबिक़ ईरान पश्चिमी प्रतिबंधों में ढील के बदले अपने परमाणु कार्यक्रम पर अंकुश लगाने के लिए सहमत हो गया था.
सईद जलीली
- पेज़ेश्कियान के प्रतिद्वंद्वी कट्टरपंथी सईद जलीली पूर्व परमाणु वार्ताकार रह चुके हैं और उन्हें ईरान के सबसे ताक़तवर धार्मिक समुदायों में समर्थन मिलता रहा है. वे ईरान के यथास्थिति के पक्ष में थे.
- जलीली पश्चिम विरोधी रहे हैं. वो परमाणु समझौते को बहाल करने के भी ख़िलाफ़ रहे हैं. उनकी नीतियां ईरान के लिए ज्यादा प्रतिबंध और अलगाव के समर्थन में थी.
ईरान में राष्ट्रपति चुनाव
- ईरानी संविधान के अनुसार, जनता सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के माध्यम से राष्ट्रपति का चुनाव करती है. ईरान में जन्मा ईरान का नागरिक ही राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ सकता है.
- ईरानी संविधान के अनुसार, जीतने वाले उम्मीदवार को डाले गए वैध वोटों में से 50 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल करने होते हैं.
- ईरानी राष्ट्रपति का कार्यकाल चार वर्ष का होता है, और वह पुनः चुनाव के लिए पात्र होते हैं.
महाराष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार-2024 के लिए चुना गया
महाराष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार-2024 के लिए चुना गया है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 10 जुलाई को नई दिल्ली में एक समारोह में यह पुरस्कार प्राप्त करेंगे. इस आशय की घोषणा 5 जुलाई को 15वीं कृषि नेतृत्व पुरस्कार समिति द्वारा की गई जिसके अध्यक्ष भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और केरल के पूर्व राज्यपाल न्यायमूर्ति पी सदाशिवम है.
मुख्य बिन्दु
- महाराष्ट्र को कृषि और ग्रामीण समृद्धि के लिए नई नीतियां अपनाने और विकासात्मक पहलों के लिए वर्ष 2024 के सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार के लिए चुना गया
- महाराष्ट्र सरकार ने हाल ही में कृषि क्षेत्र में 21 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करने वाला देश का सबसे बड़ा बांस मिशन शुरू किया है.
- महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र के सहयोग से नंदुरबार जिले में 1.20 लाख एकड़ में फैली हरित पट्टी स्थापित करने की योजना की घोषणा हाल ही में की थी.
- महाराष्ट्र सरकार ने 123 परियोजनाओं के कार्यान्वयन के माध्यम से लगभग 17 लाख हेक्टेयर में सिंचाई क्षमताओं को बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा है.
- महाराष्ट्र, भारत की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य है. राज्य का देश की सकल घरेलू उत्पाद में हिस्सेदारी 12.92% है. महाराष्ट्र में, कृषि और संबद्ध गतिविधियाँ, सकल राज्य मूल्य वर्धित में औसतन 12.1 प्रतिशत हिस्सेदारी रखती हैं.
तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के बीच लंबित मु्द्दों के समाधान के लिए समितियों का गठन
तेलंगाना और आंध्रप्रदेश ने विभाजन के बाद से लंबित मु्द्दों के समाधान के लिए उच्च स्तरीय समितियों के गठन का निर्णय लिया है.
मुख्य बिन्दु
- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने लंबित मुद्दों को लेकर 6 जुलाई को हैदराबाद में बैठक की थी.
- बैठक में, आंध्रप्रदेश के पुनर्गठन और तेलंगाना के गठन से जुडे सभी लंबित मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा की गई.
- तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. रेवंत रेड्डी और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों और तीन अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक समिति के गठन का निर्णय लिया.
- यह समिति विभिन्न संस्थानों की परिसंपत्तियों के बंटवारे सहित सभी लंबित मुद्दों को देखेगी. यदि समिति किसी निर्णय पर नहीं पहुंच पाती है, तो उस मामले को मंत्रियों की समिति के पास भेजा जाएगा.
- मंत्रियों की समिति में भी मामले का निपटारा न हो पाने की स्थिति में, उस विषय को दोनों मुख्यमंत्रियों के पास भेजा जाएगा.
- दोनों राज्यों में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों की समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस और ऑस्ट्रिया की तीन दिन की यात्रा पर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8-10 जुलाई तक रूस और ऑस्ट्रिया की यात्रा पर हैं. यात्रा के पहले चरण में, वे रुस की राजधानी मास्को में 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे. सम्मेलन में दोनों देशों के बीच व्यापक संबंधों की समीक्षा होगी और आपसी हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा.
विनेश फोगाट ने स्पेन ग्रां प्री कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण जीता
विनेश फोगाट ने स्पेन ग्रां प्री कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण जीता है. पचास किलो के फाइनल में उन्होंने रूस की मारिया तिउमेरेकोवा को पराजित किया.
पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर पोषक तत्वों स्पष्ट जानकारी अंकित करने को मंज़ूरी
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चीनी, नमक और संतृप्त वसा संबंधी जानकारी स्पष्ट अक्षरों में अंकित करने को मंज़ूरी दे दी है. यह निर्णय खाद्य प्राधिकरण की 44वीं बैठक में कल लिया गया. बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व चंद्र ने की.
भारत ने सेंट डेनिस री-यूनियन ओपन के सिंगल्स खिताब जीता
भारत ने सेंट डेनिस री-यूनियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष और महिला सिंगल्स खिताब जीत लिया है. पुरुष सिंगल्स में भारत के तरुण मानेपल्ली ने जापान के यूदेई ओकिमोतो को हराया. महिला सिंगल्स फाईनल में भारत की तस्नीम मीर ने रक्षिता श्री को हराकर खिताब जीता.
नई दिल्ली में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग पर वैश्विक सम्मेलन
प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और स्थिरता (GCPRS) पर वैश्विक सम्मेलन 4-7 जुलाई तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया था. सम्मेलन ने प्लास्टिक पुनर्चक्रण और नवाचारों के बारे में विचारों का अदान-प्रदान हुआ. सम्मेलन का आयोजन अखिल भारतीय प्लास्टिक निर्माता संघ (AIPMA) और रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स निर्माता संघ (CPMA) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था.
NCPCR ने झारखंड की अभ्रक खदानों को बाल श्रम-मुक्त घोषित किया
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने 5 जुलाई 2024 को कोडरमा, झारखंड में आयोजित एक कार्यक्रम में झारखंड की अभ्रक खदानों को ‘बाल श्रम-मुक्त’ घोषित किया. भारत में 14 वर्ष तक की आयु के कामकाजी बच्चों को बाल श्रमिक कहा जाता है.
हाथरस में भगदड़ की जांच के लिए न्यायिक आयोग का गठन
उत्तर प्रदेश सरकार ने हाथरस में 3 जुलाई 2024 को हुए सत्संग के दौरान भगदड़ की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है. इस आयोग के अध्यक्ष इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति ब्रिजेश कुमार श्रीवास्तव होंगे.
133वां डूरंड कप फुटबॉल 27 जुलाई से खेल जाएगा
डूरंड कप फुटबॉल का 133वां संस्करण 27 जुलाई से 31 अगस्त 2024 तक खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट के मैच कोलकाता, कोकराझार, जमशेदपुर और शिलांग में आयोजित किए जाएंगे. पहली बार, जमशेदपुर डूरंड कप मैचों की मेजबानी करेगा. टूर्नामेंट का फाइनल कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में खेला जाएगा. मोहन बागान सुपर जाइंट मौजूदा चैंपियन है जिसने पिछले साल ईस्ट बंगाल को हराकर यह ट्रॉफी जीती थी.
2023-24 में भारत का कुल वार्षिक रक्षा उत्पादन 1,26,887 करोड़ रुपये पहुँचा
केंद्रीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार, 2023-24 में भारत का कुल वार्षिक रक्षा उत्पादन 1,26,887 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. यह किसी भी वित्तीय वर्ष में भारत का रक्षा उपकरणों और उत्पादों का अब तक का सबसे अधिक उत्पादन है. यह जानकारी रक्षा मंत्रालय द्वारा 5 जुलाई 2024 को जारी किया गया. 2022-23 में देश में कुल रक्षा उत्पादन 1,08,684 करोड़ रुपये था.
नई दिल्ली में ग्लोबल इंडिया AI शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया
भारत सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘ग्लोबल इंडिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) शिखर सम्मेलन’ नई दिल्ली के भारत मंडपम में 3 और 4 जुलाई 2024 को आयोजित किया गया था. इसका आयोजन केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा किया गया था.
भारतीय स्क्वैश खिलाड़ियों ने एशियाई स्क्वैश डबल्स चैंपियनशिप में दो खिताब जीते
भारतीय स्क्वैश खिलाड़ियों ने मलेशिया के जोहोर शहर में आयोजित एशियाई स्क्वैश डबल्स चैंपियनशिप 2024 में दो खिताब जीते. भारतीय टीम ने पुरुष युगल और मिश्रित युगल का खिताब जीता. मिश्रित युगल फाइनल में, अभय सिंह और जोशना चिनप्पा की भारतीय जोड़ी ने हांगकांग के टोंग त्स्ज़ विंग और मिंग होंग तांग को हराया. अभय सिंह ने वेलावन सेंथिलकुमार के साथ साझेदारी में मलेशिया के ओंग साई हंग और सयाफिक कमाल को हराकर पुरुष युगल खिताब जीता.
ध्रुव सितवाला ने तीसरा एशियाई बिलियर्ड्स खिताब जीता
ध्रुव सितवाला ने पंकज आडवाणी को हराकर एशियाई पुरुष बिलियर्ड्स चैंपियनशिप 2024 जीती. एशियाई बिलियर्ड्स चैंपियनशिप का आयोजन 27 जून से 5 जुलाई 2024 तक सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किया गया था.
