डेली कर्रेंट अफेयर्स
आंध्र प्रदेश के प्राकृतिक खेती मॉडल को गुलबेनकियन पुरस्कार 2024 दिया गया
आंध्र प्रदेश समुदाय प्रबंधित प्राकृतिक खेती (Andhra Pradesh Community Managed Natural Farming- APCNF) को 2024 का गुलबेंकियन पुरस्कार दिया गया है. APCNF को यह सम्मान प्रसिद्ध मृदा वैज्ञानिक रतन लाल और मिस्र की संस्था SKEEM के साथ संयुक्त रूप से दिया गया है.
मुख्य बिन्दु
- आंध्र प्रदेश समुदाय प्रबंधित प्राकृतिक खेती (APCNF) को यह सम्मान वैश्विक खाद्य सुरक्षा, जलवायु लचीलापन और पारिस्थितिकी तंत्र संरक्षण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है .
- APCNF, आंध्र प्रदेश सरकार की पहल है. आंध्र प्रदेश सरकार ने 2016 में अपनी रायथु साधिकारा संस्था योजना के माध्यम से APCNF शुरू की थी.
- APCNF के तहत छोटे किसानों को व्यापक रूप से प्रचलित रासायनिक गहन खेती के बजाय प्राकृतिक खेती के तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जात है.
- इस योजना के तहत किसानों को जैविक अवशेषों का उपयोग करने, मिट्टी के स्वास्थ्य में सुधार के लिए जुताई कम करने, स्वदेशी बीजों का उपयोग करने और वृक्षारोपण सहित फसलों में विविधता लाने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है.
- योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि आर्थिक संकट और जलवायु परिवर्तन के कारण किसानों के संकट का स्थायी समाधान खोजना है.
मानवता के लिए गुलबेंकियन पुरस्कार
- मानवता के लिए गुलबेंकियन पुरस्कार की स्थापना 2020 में पुर्तगाल के कैलोस्टे गुलबेंकियन फाउंडेशन द्वारा की गई थी.
- यह पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है जिंहोने जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए एक स्थायी समाधान को प्रेरित किया है.
- कुल पुरस्कार राशि एक मिलियन यूरो है, जिसे पुरस्कार विजेताओं के बीच वितरित किया जाता है.
केन्द्र सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन किया
केन्द्र सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन कर दिया है. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पदेन सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.
सरकारी अधिसूचना में कहा गया है कि आयोग के विशेष आमंत्रित सदस्यों में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार, नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू, जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओरांव, महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान और योजना मंत्री राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीति आयोग के अध्यक्ष हैं और सुमन बेरी इसके उपाध्यक्ष हैं. वी के सारस्वत, प्रोफेसर रमेश चंद, डॉ वीके पॉल और आनंद विरमानी आयोग के पूर्णकालिक सदस्य हैं.
बिहार सरकार ने अपनी पहली फिल्म प्रचार नीति को स्वीकृति दी
बिहार सरकार ने अपनी पहली फिल्म प्रचार नीति को स्वीकृति दी है. इसका उद्देश्य फिल्म निर्माताओं और सिनेमा प्रेमियों को पूर्ण संस्थागत सहयोग प्रदान करना है.
मुख्य बिन्दु
- नीति के अनुसार, बिहार की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली क्षेत्रीय फिल्मों के निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये तक का वित्तीय अनुदान प्रदान किया जाएगा.
- बिहार की नई फिल्म प्रोत्साहन नीति में राज्य की कला, संस्कृति, भाषा और बोलियों को प्रोत्साहित करने का प्रावधान किया गया है.
- जो फिल्म निर्माता मैथिली, मगही, भोजपुरी, बज्जिका और अंगिका में फिल्म बनाएंगे उन्हें फिल्म निर्माण के लिए अनुदान दिया जाएगा.
- फिल्म की शूटिंग, निर्माण की अनुमति और अन्य प्रक्रियाओं को बाधा रहित बनाने के लिए राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर पर कमेटियां बनाने का प्रस्ताव है.
20 जुलाई: अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस
प्रत्येक वर्ष 20 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस (International Chess Day) मनाया जाता है. वर्ष 1924 में इसी दिन इंटरनेशनल चेस फेडरेशन की स्थापना हुई थी.
शतरंज, खेलों के इतिहास में सबसे प्राचीन और सबसे लोकप्रिय होने के कारण यह राष्ट्रों के बीच निष्पक्षता, समानता, आपसी सम्मान और समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है.
FIDE का स्थापना दिवस
1924 में इसी दिन इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) की स्थापना हुई थी. इस दिन को अंतर्राष्ट्रीय शतरंज दिवस के रूप में मनाने का विचार यूनेस्को (UNESCO) द्वारा प्रस्तावित किया गया था. संयुक्त राष्ट्र ने आधिकारिक तौर पर एक दिवस के रूप में मनाने की मान्यता 2019 में दी थी.
शतरंज: एक दृष्टि
- शतरंज का आविष्कार भारत में पांचवीं शताब्दी में किया गया था. इसे मूल रूप से ‘चतुरंग’ नाम दिया गया था.
- पहला आधुनिक शतरंज टूर्नामेंट 1851 में लंदन में आयोजित किया गया था और जर्मन एडॉल्फ एंडरसन ने जीता था.
- विश्व शतरंज संघ (FIDE) की स्थापना 20 जुलाई, 1924 को पेरिस में हुई थी.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में 500 बिलियन डॉलर के कारोबार का लक्ष्य
नीति आयोग की उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने 18 जुलाई को नई दिल्ली में ‘इलेक्ट्रॉनिक्स – वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भारत की भागीदारी का सशक्तिकरण रिपोर्ट’ जारी की थी. रिपोर्ट में भारत ने 2030 तक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में 500 बिलियन अमरीकी डॉलर के कारोबार का लक्ष्य रखा है. इसमें तैयार माल से 350 बिलियन डॉलर जबकि घटकों के विनिर्माण से 150 बिलियन डॉलर प्राप्त करना शामिल हैं.
विदेश सचिव विक्रम मिस्री भूटान की आधिकारिक यात्रा पर
विदेश सचिव विक्रम मिस्री 19-20 जुलाई को भूटान की आधिकारिक यात्रा पर है. इस दौरान, श्री मिस्री भूटान नरेश से मुलाकात की. विदेश सचिव मिस्री भूटान के प्रधानमंत्री, विदेश सचिव और भूटान सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भी मिले. दोनों देशों के विदेश सचिव भारत-भूटान विकास सहयोग बढाने के लिए ‘योजना वार्ता’ की अध्यक्षता भी करेंगे.
उर्सुला वोन डेर लेयेन को दोबारा यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष चुनी गई
जर्मनी की उर्सुला वोन डेर लेयेन को दोबारा यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष चुन लिया गया है. यूरोपीय संसद ने पांच और साल के कार्यकाल के लिए उनके नाम की स्वीकृति दी. वॉन डेर लेयेन ने 720 में से 401 वोट हासिल किए जो यूरोपीय संघ के कार्यकारी निकाय के प्रमुख के लिए आवश्यक बहुमत से अधिक है.
माइक्रोसॉफ्ट सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण दुनिया भर में लाखों लोगों पर असर
माइक्रोसॉफ्ट सॉफ्टवेयर में 19 जुलाई को हुई बड़े स्तर पर गड़बड़ी के कारण दुनिया भर में लाखों लोगों पर इसका असर पड़ा. अमरीकी साइबर सुरक्षा कम्पनी क्राउड स्ट्राइक ने सॉफ्टवेयर अपडेट किया था, इस सॉफ्टवेयर में खामी आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट के ऑपरेटिंग सिस्टम पर असर पड़ा. इससे दुनिया भर की बैंकिंग सेवा, अस्पताल और हवाई संचालन प्रभावित हुआ है.
केन और बेतवा लिंक परियोजना में तेजी लाने का प्रस्ताव
केन्द्र सरकार ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकारों से केन और बेतवा लिंक परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के काम में तेजी लाने और सभी लंबित परियोजना रिपोर्ट को तेजी से पूरा करने को कहा है. नदियों को जोड़ने की इस परियोजना में मध्य प्रदेश में केन नदी से पानी उत्तर प्रदेश में बेतवा नदी तक पहुंचाने का प्रस्ताव है. इस परियोजना के जरिए बुंदेलखण्ड क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जायेगा.
यूनेस्को के 46वें विश्व विरासत समिति सत्र का आयोजन नई दिल्ली में
संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के 46वें विश्व विरासत समिति सत्र का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में 21 -31 जुलाई 2024 तक किया जाएगा. यह पहली बार है जब भारत में इसका आयोजन होगा. आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में यूनेस्को के महानिदेशक ऑड्रे अज़ोले और विभिन्न देशों के संस्कृति मंत्री, राजदूत और डोमेन विशेषज्ञ भी शामिल होंगे.
