डेली कर्रेंट अफेयर्स
विंबलडन 2024: अल्काराज़ ने पुरुष और बारबोरा ने महिला एकल का खिताब जीता
विम्बलडन 2024 टेनिस प्रतियोगिता (Wimbledon Tennis Championships) 24 जून से 14 जुलाई तक लंदन में खेला गया था. इस प्रतियोगिता के विभिन्न स्पर्धा के विजेता और उप-विजेता इस प्रकार रहे.
पुरुष एकल: विंबलडन 2024 के पुरुष एकल मुकाबले में स्पेन के कार्लोस अलकराज ने सर्बिया के जोकोविच को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया.
21 वर्षीय टेनिस स्टार अल्काराज ने अब तक चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हैं. वे तीनों तरह के कोर्ट घास, क्ले और हार्ड कोर्ट पर ग्रैंडस्लैम ट्रॉफी जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं. अल्काराज ने 2024 में फ्रेंच ओपन, 2022 में यूएस ओपन और 2023 और 2024 में विंबलडन खिताब जीता है.
नोवाक जोकोविच के नाम सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने का रिकॉर्ड है. उन्होंने अभी तक 24 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीते हैं.
महिला एकल: चेक गणराज्य की बारबोरा क्रेजिसिकोवा ने 13 जुलाई को खेले गए फाइनल में इटली की जैस्मीन पाओलिनी को हराकर अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीता.
बारबोरा क्रेजिसिकोवा ने इससे पहले 2021 फ्रेंच ओपन महिला एकल खिताब जीता था और 2024 विंबलडन में उनकी पहली एकल खिताब जीत थी.
| श्रेणी | विजेता | उप-विजेता |
| पुरुष एकल | कार्लोस अलकराज (स्पेन) | नोवाक जोकोविच (सर्बिया) |
| महिला एकल | बारबोरा क्रेजिसिकोवा (चेक गणराज्य) | जैस्मिन पाओलिनी (इटली) |
| पुरुष युगल | मैक्स परसेल और जॉर्डन थॉम्पसन (दोनों ऑस्ट्रेलियाई) | हैरी हेलोवारा (फिनलैंड) और हेरी पैटन (ब्रिटेन) |
| महिला युगल | टेलर टाउनसेंड (यूएसए) और कैट्रेनिया सिनियाकोवा (चेक गणराज्य) | गैब्रिएला डाब्रोवस्की (कनाडा) और एरिन राउटलिफ़ (न्यूज़ीलैंड) |
| मिश्रित युगल | सैंटियागो गैंज़ालेज़ और गिउलिआना ओल्मोस (दोनों मेक्सिको के) | जान ज़िलिंस्क (पोलैंड) हसीह सु-वेई (ताइवान) |
विम्बलडन: एक दृष्टि
- विम्बलडन प्रतियोगिता दुनिया में सबसे पुराना टेनिस टूर्नामेंट है. पहली बार विम्बलडन का आयोजन 1877 में किया गया था. इसके बाद से यह प्रतियोगिता विम्बलडन के लन्दन उपनगर में ऑल इंग्लैण्ड क्लब में आयोजित की जाती रही है.
- यह चार ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट्स में से एक है. अन्य ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन हैं. यह एकमात्र प्रतियोगिता है, जिसे आज भी खेल की मूल सतह, घास, पर खेला जाता है.
- चेक-अमेरिकन महिला खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने इस टूर्नामेंट को सर्वाधिक 9 बार जीता है. पुरुष खिलाड़ियों में विलियम रेनशॉ, पीट सम्प्रास और रोजर फेडरर तीनों ने इस खिताब को 7 बार अपने नाम किया है.
भारतीय टेनिस खिलाडी
- भारतीय टेनिस खिलाडी रामनाथन कृष्णन 1960 और 1961 में दो बार विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचे थे और विश्व नंबर 6 की करियर-उच्च रैंकिंग प्राप्त की.
- रमेश कृष्णन दूसरे भारतीय थे, जो विम्बलडन के क्वाटर-फाइनल में पहुंचे थे. यह करनामा उन्होंने 1986 में किया था.
- भारत की टेनिस परी सानिया मिर्जा ने 2015 में पहला महिला डबल्स जीता था. सानिया ग्रैंड स्लैम जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला टेनिस खिलाड़ी हैं. उन्होंने अपने करियर में अब तक 6 ग्रैंड स्लैम जीते हैं, जिनमें से 3 डबल्स में और 3 मिक्स्ड डबल्स में आए हैं.
- भारतीय टेनिस का इतिहास महेश भूपति और लिएंडर पेस के नाम पुरुष युगल वर्ग में 8 और मिश्रित युगल में 6 मिलाकर कुल 14 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं.
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मॉरिशस की यात्रा संपन्न की
विदेश मंत्री एस. जयशंकर 15-16 जुलाई तक मॉरिशस की यात्रा पर थे. उन्होंने मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द कुमार जुगनौथ से मुलाकात की और वहाँ के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक की. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच आपसी संबंधों पर व्यापक चर्चा हुई.
मुख्य बिन्दु
- विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविन्द कुमार जगनॉथ से पोर्ट लुइस में मुलाकात की. दोनों नेताओं ने 12 सामुदायिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.
- विदेश मंत्री ने मॉरीशस के नागरिकों की सातवीं पीढी को ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया के प्रमाणपत्र भी वितरित किये.
- डॉ. जयशंकर ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मॉरीशस उन देशों में है जहां वे विदेशमंत्री के मौजूदा कार्यकाल में सबसे पहले यात्रा कर रहे हैं.
- डॉ. जयशंकर मॉरीशस के मंत्री अंजीव रामधानी के साथ रेडिट में नये लोक सेवा महाविद्यालय परियोजना स्थल पर गये.
- डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत-मॉरीशस मैत्री परियोजना से मॉरीशस के लोक सेवकों की प्रशिक्षण आवश्यकताएं पूरी होंगी और यह लोक प्रशासन में उत्कृष्टता केन्द्र के रूप में काम करेगा.
- डॉ0 जयशंकर और मॉरीशस के विदेश मंत्री मनीष गोबिन भारत-मॉरीशस मैत्री उद्यान के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए.
भारत सरकार ने फिलिस्तीन शरणार्थियों के लिए UNRWA को 2.5 मिलियन डॉलर जारी किए
भारत सरकार ने फिलिस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (UNRWA) को 2.5 मिलियन डॉलर जारी किए हैं. इस पैसे का उपयोग फिलिस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य सेवाएं प्रदान करने के लिए किया जाएगा. फिलिस्तीन ने आर्थिक मदद के लिए भारत को धन्यवाद दिया है.
मुख्य बिन्दु
- भारत ने वर्ष 2024-2025 के लिए 5 मिलियन अमरीकी डॉलर के अपने वार्षिक योगदान के पहले हिस्से के रूप में 2.5 मिलियन डॉलर जारी किए हैं.
- फ़िलिस्तीनी शरणार्थी वे व्यक्ति और उनके वंशज हैं जिन्होंने 1948 के संघर्ष के दौरान अपने घर से बेघर हो और फ़िलिस्तीन से निर्वासित हो गए थे.
- द्वितीय विश्व युद्ध के बाद, संयुक्त राष्ट्र ने 29 नवंबर 1947 को पश्चिम एशिया में फिलिस्तीन राज्य को इज़राइल और फिलिस्तीन के दो संप्रभु देशों में विभाजित करने के लिए एक प्रस्ताव अपनाया. उस समय फ़िलिस्तीन पर अंग्रेज़ों का नियंत्रण था.
- फिलिस्तीन के मूल अरब मुस्लिम निवासी और अन्य अरब देशों ने इजराइल के निर्माण और फिलिस्तीन के विभाजन का विरोध किया.
- 14 मई 1948 को इज़राइल द्वारा अपनी स्वतंत्रता की घोषणा के बाद युद्ध छिड़ गया. पड़ोसी अरब देशों के समर्थन से फ़िलिस्तीनी अरबों ने इज़राइल पर हमला किया लेकिन वे युद्ध हार गए.
- इस युद्ध के दौरान इज़राइल ने फ़िलिस्तीनी राज्य के लिए निर्धारित क्षेत्र के लगभग 77 प्रतिशत क्षेत्र पर कब्ज़ा कर लिया.
- अरब फ़िलिस्तीनी आबादी के आधे से अधिक लोगों को इस क्षेत्र से निष्कासित कर दिया गया या वे यहाँ से चले गए.
- 1967 के अरब-इजरायल युद्ध में इज़राइल ने फिर से अरब सेनाओं को हरा दिया और मिस्र की गाजा पट्टी और जॉर्डन के पश्चिमी तट पर कब्जा कर लिया, जहाँ बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी आबादी रहती थी. इस कारण पांच लाख और फ़िलिस्तीनी शरणार्थी बन गए.
- इजरायल के हमलों के बाद करीब 22 लाख लोग गाजा पट्टी में रह रहे हैं, जो 365 वर्ग किमी का क्षेत्र है. ये फिलिस्तीन की आबादी का लगभग 41 फीसदी है. इस आबादी का करीब 66 प्रतिशत हिस्सा शरणार्थी हैं.
- संयुक्त राष्ट्र ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों की मदद के लिए 1949 में संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (United Nations Relief and Works Agency for Palestine Refugees) की स्थापना की थी. यह पूरी तरह से संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के स्वैच्छिक योगदान से वित्त पोषित है.
नेपाल में केपी शर्मा ओली ने चौथी बार नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली
नेपाल में केपी शर्मा ओली ने चौथी बार पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है. 15 जुलाई को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने उन्हें शपथग्रहण कराया.
मुख्य बिन्दु
- केपी शर्मा ओली ने चौथी बार नेपाल के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. नेपाल में संविधान लागू होने के बाद यह तीसरी बार है जब उन्होंने शपथ ली है. संविधान सभा के दौरान एक बार पहले भी ओली प्रधानमंत्री बन चुके हैं.
- प्रधानमंत्री ओली के साथ दो उप प्रधानमंत्रियों ने भी आज शपथ ली है. नेपाली कांग्रेस से प्रकाशमान सिंह ने शहरी विकास मंत्रालय के साथ उप प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. एमाले पार्टी से वित्त मंत्रालय के साथ विष्णु पौडेल ने उप प्रधानमंत्री पद की शपथ ली.
- इनके अतिरिक्त 19 कैबिनेट मंत्रियों को ओली मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है. शपथ लेने वाले मंत्रियों में नेपाली कांग्रेस से 9, नेकपा एमाले से 8, जनता समाजवादी पार्टी से 2 और लोकतान्त्रिक समाजवादी पार्टी से 1 मंत्री हैं.
- अप्रैल 2008 में राजशाही की समाप्ति के साथ नेपाल को एक गणतंत्र देश घोषित किया गया था. पहले नेपाल एक हिन्दू राष्ट्र था. 2015 में देश में एक नया संविधान लागू किया गया, जिसने नेपाल को एक धर्मनिरपेक्ष, संघीय देश बन दिया.
स्पेन सर्वाधिक 4 बार यूरो कप जीतने वाला पहला देश बना, फाइनल में इंग्लैंड को हराया
स्पेन ने रिकॉर्ड चौथी बार यूरो कप (EURO Cup) 2024 फुटबॉल का खिताब जीत लिया है. बर्लिन के ओलंपिया स्टेडियम में 14 जुलाई को खेले गए फाइनल में स्पेन ने इंग्लैंड को 2-1 से हराया. इंग्लैंड की यूरो कप में फाइनल में लगातार दूसरी हार है.
मुख्य बिन्दु
- यह यूरो कप का 17वां संस्करण था जिसकी मेजबानी 15 जून से 14 जुलाई 2024 तक जर्मनी द्वारा की गई थी. 17वें यूरो कप में यूरोप की 24 टीमों ने भाग लिया था.
- इसके साथ ही स्पेन की पुरुष फुटबॉल टीम जिसे ला रोजा के नाम से भी प्रसिद्ध है, सबसे ज्यादा चार बार यूरो कप का टाइटल जीतने वाली टीम बन गई है.
- मैच में मिकेल ओयारज़ाबल के 87वें मिनट के गोल ने स्पेनिश टीम को चौथा यूरो खिताब दिलाने में मदद की. निको विलियम्स ने स्पेन के लिए मैच का पहला गोल किया था जिसे इंग्लैंड के कोल पामर ने गोल कर बराबर कर दिया था.
यूरो कप: एक दृष्टि
- यूईएफए यूरोपीय फुटबॉल चैम्पियनशिप (UEFA European Football Championship) को यूरो कप के नाम से जाना जाता है. इसका आयोजन यूरोपीय फुटबॉल शासी निकाय यूनियन ऑफ यूरोपियन फुटबॉल एसोसिएशन (यूईएफए) द्वारा किया जाता है. यह हर चौथे साल आयोजित किया जाता है.
- इस परतियोगिता में स्पेन सबसे सफल टीम है जिसने इसे चार बार जीता है और उसके बाद तीन बार की विजेता जर्मनी दूसरे स्थान पर है.
अर्जेंटीना ने कोलंबिया को हराकर 16वीं बार कोपा अमेरिका खिताब जीता
अर्जेंटीना ने रिकॉर्ड 16वीं बार कोपा अमेरिका (Copa America title) फुटबॉल 2024 का खिताब जीत लिया है. 15 जुलाई 2024 को अमेरिका के मियामी स्थित हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए फाइनल में अर्जेंटीना ने कोलंबिया को 1-0 से हराकर यह खिताब जीता.
मुख्य बिन्दु
- 108 साल के इतिहास में यह दूसरी बार था कि कोपा अमेरिका फुटबॉल प्रतियोगिता दक्षिण अमेरिका के बाहर आयोजित किया गया था. 2016 और 2024 में दोनों बार इसकी मेजबानी संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा की गई थी.
- यह 48वां कोपा अमेरिका खिताब था. इसकी मेजबानी 21 जून से 15 जुलाई 2024 तक संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा की गई थी और 16 देशों की पुरुष फुटबॉल टीम ने इसमें भाग लिया था.
कोपा अमेरिका: एक दृष्टि
- कोपा अमेरिका दुनिया का सबसे पुराना अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता है जिसे 1916 में दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल शासी निकाय द्वारा शुरू किया गया था.
- कोपा अमेरिका की शुरुआत दक्षिण अमेरिकी देशों के लिए एक महाद्वीपीय स्तर के फुटबॉल टूर्नामेंट के रूप में हुई थी लेकिन बाद में अन्य देशों को भी टूर्नामेंट में खेलने के लिए आमंत्रित किया गया.
- वर्तमान में प्रतियोगिता में दक्षिण अमेरिका, उत्तरी अमेरिका, मध्य अमेरिका और कैरेबियाई देशों के सभी देश इसमे भाग लेते हैं.
- कोपा अमेरिका प्रतियोगिता के इतिहास में अर्जेंटीना सबसे सफल टीम है. अर्जेंटीना ने यह खिताब 16वीं बार और लगातार दूसरी बार जीता है. इससे पहले 2021 में टीम ने ब्राजील को फाइनल में हराया था. उरुग्वे 15 खिताब जीत के साथ दूसरी सबसे सफल टीम है. ब्राज़ील ने यह प्रतियोगिता 14 बार जीता है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
डोनाल्ड ट्रंप अमरीका में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार
अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में अधिकारिक तौर पर नामांकित किया गया है. अमरीका में राष्ट्रपति पद का चुनाव इस वर्ष नवम्बर में होने जा रहा है. श्री डोनाल्ड ट्रंप ने ओहायो के सीनेटर जे. डी. वेंस को उपराष्ट्रपति का उम्मीदवार घोषित किया है.
जून महीने में भारत का निर्यात 65.47 अरब अमरीकी डॉलर हुआ
जून महीने में भारत का वस्तु एवं सेवा निर्यात 5.4 प्रतिशत बढ़कर 65.47 अरब अमरीकी डॉलर हो गया है. वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में समग्र निर्यात वृद्धि 8.6 प्रतिशत बढ़कर 200.33 अरब डॉलर हो गई. व्यापारिक निर्यात में पिछले वर्ष की तुलना में 2.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. इस वर्ष के जून माह में व्यापारिक निर्यात वृद्धि के प्रमुख चालकों में आभियांत्रिक वस्तुएं, इलेक्ट्रॉनिक सामान, दवाएं, कॉफी और कार्बनिक तथा अकार्बनिक रसायन शामिल हैं.
ओमान तट के पास एक तेल टैंकर के डूबने से कई लोग लापता
ओमान तट के पास एक तेल टैंकर के डूबने से 13 भारतीयों सहित 16 लोग लापता हो गये हैं. चालक दल के अन्य तीन सदस्य श्रीलंका के हैं. ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने कहा कि कोमोरोस-ध्वजवाहक तेल टैंकर डुक्म के बंदरगाह शहर के पास रास मद्रकाह से पच्चीस समुद्री मील दक्षिणपूर्व में पलट गया.
IMF ने भारत के GDP वृद्धि का पूर्वानुमान बढाकर 7 प्रतिशत किया
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने वित्त वर्ष 2024-25 में भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि का पूर्वानुमान 20 अंक बढाकर 7 प्रतिशत कर दिया है. इससे पहले अप्रैल में IMF ने भारत के GDP का अनुमान 30 अंक बढाकर 6.8 प्रतिशत कर किया था. इसके साथ ही भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था हो गया है.
स्वास्थ्य अनुसंधान से संबंधित ‘प्री-क्लिनिकल नेटवर्क सुविधा’ का उद्घाटन
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 16 जुलाई को फरीदाबाद में एशिया की पहली स्वास्थ्य अनुसंधान से संबंधित ‘प्री-क्लीनिकल नेटवर्क सुविधा’ का उद्घाटन किया था. यह एशिया में इस तरह की पहली प्रयोगशाला और विश्व में 9वीं प्रयोगशाला होगी. इस तरह की अन्य प्रयोगशालाएं अमेरिका, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में स्थित हैं.
उत्तर प्रदेश सरकार ने वृक्षारोपण अभियान के लिए एक पहल शुरू की
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के किसानों को वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने के लिए एक पहल शुरू की है. इस पहल के तहत 20 जुलाई 2024 को राज्य में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान शुरू करेगी, जिसमें 36.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है.
पॉल कागामे चौथी बार रवांडा के राष्ट्रपति निर्वाचित
पॉल कागामे चौथी बार पांच साल के कार्यकाल के लिए देश के राष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं. वह पहली बार 2000 में देश के राष्ट्रपति चुने गए थे. पॉल कागामे को देश में गृहयुद्ध ख़त्म करने का श्रेय दिया जाता है जिसमें हुतु चरमपंथियों ने 8 लाख से अधिक तुत्सी आदिवासियों और उदारवादी हुतस लोगों की हत्या कर दी थी.
