डेली कर्रेंट अफेयर्स
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रिया की आधिकारिक यात्रा संपन्न की
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी 9-10 जुलाई 2024 को ऑस्ट्रिया की आधिकारिक यात्रा पर थे. पिछले 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ये पहली ऑस्ट्रिया यात्रा थी. प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रिया के चांसलर के निमंत्रण पर वहाँ गए थे. उन्होंने रूस की अपनी दो दिवसीय सफल यात्रा के बाद दूसरे चरण में ऑस्ट्रिया का दौरा किया.
मुख्य बिन्दु
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वियना में ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वान डेर बेलेन और चांसलर कार्ल नेहमर के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की.
- बैठक में व्यापार और निवेश, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्ट-अप और सांस्कृतिक सहयोग तथा आपसी संबंधों के बारे में बातचीत हुई.
- उन्होंने जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद सहित मानवता के सामने मौजूद सबसे बड़ी चुनौतियों पर चर्चा की.
- दोनों नेताओं की बैठक के बाद, ‘उन्नत भारत-ऑस्ट्रिया साझेदारी’ शीर्षक से एक संयुक्त बयान जारी किया गया.
- संयुक्त बयान के अनुसार, भारत और ऑस्ट्रिया अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय शांति और समृद्धि में योगदान देने के लिए मिलकर काम करेंगे.
- दोनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुरूप, सभी पक्षों की भागीदारी के साथ यूक्रेन में शांतिपूर्ण समाधान की सुविधा के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया.
- ऑस्ट्रिया ने 2028-29 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य बनने के भारत के प्रयासों का भी समर्थन किया.
- प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रिया को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की कुल सदस्यता 100 है. पराग्वे गठबंधन में शामिल होने वाला 100वां देश है.
राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ
- प्रधान मोदी की यह आधिकारिक यात्रा उस समय हुई है जब भारत और ऑस्ट्रिया के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं.
- भारत और ऑस्ट्रिया के बीच राजनयिक संबंध 1949 में स्थापित हुए थे. 1955 में ऑस्ट्रिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधान मंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू थे. इंदिरा गांधी ने दो बार 1971 में और फिर 1983 में ऑस्ट्रिया की आधिकारिक यात्रा की थी.
ऑस्ट्रिया: एक दृष्टि
- ऑस्ट्रिया मध्य यूरोप में स्थित स्थल से घिरा हुआ देश है. इसकी राजधानी वियना है. इसकी भाषा जर्मन और मुद्रा यूरो है. ऑस्ट्रिया यूरोपीय संघ का सदस्य है.
- ऑस्ट्रिया के उत्तर में जर्मनी और चेक गणराज्य से, पूर्व में स्लोवाकिया और हंगरी, दक्षिण में स्लोवाकिया और इटली और पश्चिम में स्विटजरलैंड और लीश्टेनश्टाइन है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस की आधिकारिक यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8-10 जुलाई तक रूस और ऑस्ट्रिया की यात्रा पर थे. यात्रा के पहले चरण में, वे रुस गए थे जहां राजधानी मास्को में 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे.
लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली विदेशी द्विपक्षीय यात्रा थी. इससे पहले वे 14 जून 2024 को इटली में जी 7 शिखर बैठक की आउटरीच बैठक में शामिल हुए थे, लेकिन वह द्विपक्षीय यात्रा नहीं थी.
मुख्य बिन्दु
- यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की. बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-रूस स्थायी और विस्तारित साझेदारी शीर्षक से एक संयुक्त घोषणा जारी की.
- दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए नौ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए.
- संयुक्त घोषणा में भारत-रूस विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना; 2030 तक 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य हासिल करना शामिल है. साथ ही रूस उर्वरक आपूर्ति के लिए भारतीय कंपनियों के साथ दीर्घकालिक अनुबंध करेगा.
- दोनों देश चेन्नई-व्लादिवोस्तोक (पूर्वी समुद्री) कॉरिडोर और अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन कॉरिडोर को लागू करने और उत्तरी समुद्री मार्ग की क्षमता का पता लगाने के लिए काम करेंगे.
- परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष अन्वेषण में सहयोग जारी रहेगा. रूस तमिलनाडु के कुडनकुलम में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर रहा है.
22वीं वार्षिक भारत-रूस शिखर बैठक
- प्रधानमंत्री मोदी 22वीं वार्षिक भारत-रूस शिखर बैठक में भाग लेने के लिए रूस गए थे. यह बैठक मॉस्को के क्रेमलिन में आयोजित की गई थी.
- यह बैठक तीन साल के अंतराल के बाद आयोजित की गई थी. रूस के यूक्रेन युद्ध और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की युद्ध में व्यस्तता के कारण द्विपक्षीय वार्षिक शिखर बैठक स्थगित कर दी गई थी.
- 21वीं भारत-रूस शिखर बैठक दिसंबर 2021 में नई दिल्ली में आयोजित की गई थी. आम तौर पर, दोनों देश बारी-बारी से वार्षिक शिखर बैठक की मेजबानी करते हैं.
प्रधानमंत्री मोदी को रूस का सर्वोच्च राजकीय सम्मान
यात्रा के दौरान, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने नरेंद्र मोदी को रूस के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ (Order of St. Andrew The Apostle) से सम्मानित किया. इस पुरस्कार की घोषणा 2019 में की गई थी लेकिन इसे 2024 में प्रदान किया गया.
बीसीसीआई ने गौतम गंभीर को पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया
पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है. इसकी घोषणा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने 9 जुलाई 2024 को की.
मुख्य बिन्दु
- गंभीर राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे जिन्होंने वेस्टइंडीज और संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित 9वें आईसीसी टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की जीत के बाद अपने पद छोड़ दिया था. राहुल द्रविड़ को 2021 में तीन साल के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया गया था.
- बीसीसीआई ने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद के लिए उम्मीदवार का चयन करने के लिए तीन सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया था. सलाहकार समिति के अध्यक्ष पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी अशोक मल्होत्रा थे.
- केवल दो उम्मीदवारों गौतम गौतम गंभीर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर डब्ल्यू.वी.रमन ने इस पद के लिए आवेदन किया था. समिति ने गौतम गंभीर के नाम की सिफारिश की.
- बीसीसीआई ने गौतम गंभीर को तीन साल के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया है. वह जुलाई 2024 में आधिकारिक तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करेंगे और 31 दिसंबर 2027 तक मुख्य कोच बने रहेंगे.
11 जुलाई: विश्व जनसंख्या दिवस
प्रत्येक वर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस (World Population Day) के रूप में मनाया जाता है. बढ़ती आबादी से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है.
विश्व जनसंख्या दिवस 2024 की थीम
इस वर्ष यानी 2024 के विश्व जनसंख्या दिवस का मुख्य विषय (थीम)- ‘किसी को पीछे न छोड़ना, सभी की गिनती करना’ (Leave no one behind, count everyone) है.
इतिहास
संयुक्त राष्ट्र ने 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस के तौर पर मनाने की घोषणा 1989 में की थी. पहली बार 11 जुलाई 1990 को यह दिवस मनाया गया था. उस समय विश्व की जनसंख्या लगभग 5 अरब थी. विश्व बैंक में कार्यरत डॉ के सी ज़कारिया ने विश्व की आबादी 5 अरब होने की स्थिति में यह दिवस मनाने का सुझाव दिया था. वर्तमान में विश्व की जनसंख्या लगभग 8 अरब है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2024 पारित
महाराष्ट्र विधानसभा ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए 10 जुलाई को महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2024 पारित किया. इसमें पांच वर्ष तक कारावास का प्रावधान है. महाराष्ट्र के मंत्री शंभुराजे देसाई ने पिछले 28 जून को विधानसभा में यह विधेयक पेश किया था.
उत्तर प्रदेश के राज्य पक्षी सारस की कुल आबादी बढ़कर 19,918 हुई
उत्तर प्रदेश के वन विभाग द्वारा जारी नवीनतम 2024 ग्रीष्मकालीन जनगणना के आंकड़ों के अनुसार, सारस की कुल आबादी राज्य में बढ़कर 19,918 हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 396 अधिक है. उत्तर प्रदेश में भारत में सारस पक्षी की सबसे बड़ी आबादी पायी जाती है. सारस पक्षी को 2014 में उत्तर प्रदेश का राज्य पक्षी घोषित किया गया था.
सौम्या स्वामीनाथन को स्वास्थ्य मंत्रालय में प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया गया
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की पूर्व प्रमुख वैज्ञानिक प्रोफेसर डॉक्टर सौम्या स्वामीनाथन को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में प्रमुख सलाहकार नियुक्त किया गया है. प्रोफेसर स्वामीनाथन भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के महानिदेशक के रूप में भी अभी सेवाएं दी हैं.
भारत-ताइवान पारस्परिक मान्यता समझौता लागू
जैविक उत्पादों के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भारत-ताइवान पारस्परिक मान्यता समझौता (Mutual Recognition Agreement (MRA)) 8 जुलाई 2024 से लागू हो गया. समझौते के तहत, भारत में एक सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रमाणित होने के बाद ताइवान को जैविक उत्पादों का निर्यात किया जा सकता है. इसी प्रकार, ताइवान में सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रमाणित होने के बाद ताइवान में बेचे जा सकते हैं.
उत्तर प्रदेश के 35 सीमावर्ती जिलों में ‘मित्र वन’ वृक्षारोपण जन अभियान
उत्तर प्रदेश सरकार ने अन्य राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेश और नेपाल के साथ सीमा साझा करने वाले राज्यों के 35 जिलों में ‘मित्र वन’ स्थापित करने की घोषणा की है. वृक्षारोपण जन अभियान-2024 के तहत इन 35 जिलों में व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा. ‘मित्र वन’ के साथ-साथ ‘शक्ति वन’, ‘युवा वन’ और ‘बाल वन’ जैसे विशेष वन भी स्थापित किए जाएंगे.
बुमराह और स्मृति को आईसीसी का जून माह का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार
जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना को जून महीने के लिए क्रमशः आईसीसी पुरुष और महिला खिलाड़ी के रूप में नामित किया गया है. जसप्रीत बुमराह को यह पुरस्कार 9वें आईसीसी पुरुष टी 20 विश्वकप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है. स्मृति मंधाना को वनडे और टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ उनके शानदार प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया.
उदय उमेश ललित कुलपति चयन समिति के अध्यक्ष नियुक्त
उच्चतम न्यायलाय ने भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश उदय उमेश ललित को पश्चिम बंगाल के सभी राज्य संचालित विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति के लिए खोज और चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है.
