राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2023: सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 9 जनवरी 2024 को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार (National Sports Awards) 2023 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए. केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय ने इन पुरस्कारों की घोषणा 21 दिसम्बर 2023 को की थी.

बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को मेजर ध्‍यानचंद खेल रत्‍न पुरस्कार दिया गया. इस वर्ष  क्रिकेटर मोहम्मद शमी और पैरा एशियाई खेलों की चैम्पियन तीरंदाज शीतल देवी समेत 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया गया. 8 कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार और 3 खिलाड़ियों को ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किए गए.

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2023

मेजर ध्‍यानचंद खेल रत्न पुरस्कार को पहले राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से जाना जाता था. यह देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान है. इस पुरस्कार की शुरुआत 1991–92 में हुई थी. इस पुरस्कार के विजेता को ₹25 लाख रुपये पुरस्कार राशि के रूप में दिए जाते हैं.

वर्ष 2023 का मेजर ध्‍यानचंद खेल रत्‍न पुरस्कार, बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को दिया गया है. अब तक पांच बैडमिंटन खिलाड़ियों को खेल रत्न से सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें पुलेला गोपीचंद (2001), साइना नेहवाल (2010), पीवी सिंधु (2016), प्रमोद भगत (2021) और कृष्णा नागर (2021) शामिल हैं.

अर्जुन पुरस्कार 2023

अर्जुन पुरस्कार के लिए चार साल तक लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चुना जाता है. इस पुरस्कार का प्रारम्भ 1961 में हुआ था. अर्जुन पुरस्कार विजेता को लघु-प्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और 15 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है.

इस वर्ष 26 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिए गए. ये खिलाड़ी हैं:
ओजस प्रवीण देवताले (तीरंदाजी), अदिति स्वामी (तीरंदाजी), एम श्रीशंकर (एथलेटिक्स), पारुल चौधरी (एथलेटिक्स), मोहम्मद हुसामुद्दीन (मुक्केबाजी), आर वैशाली (शतरंज), मोहम्मद शमी (क्रिकेट), अनुश अग्रवाल (घुड़सवारी), दिव्यकृति सिंह (घुड़सवारी ड्रेसेज), दीक्षा डागर (गोल्फ), कृष्ण बहादुर पाठक (हॉकी), पुखरामबम सुशीला चानू (हॉकी), पवन कुमार (कबड्डी), रितु नेगी (कबड्डी), नसरीन (खो-खो) पिंकी (लॉन बाउल्स), ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर (शूटिंग), ईशा सिंह (शूटिंग), हरिंदर पाल सिंह संधू (स्क्वैश), अहिका मुखर्जी (टेबल टेनिस), सुनील कुमार (कुश्ती), अंतिम पंघाल (कुश्ती), नाओरेम रोशिबिना देवी (वुशु), शीतल देवी (पैरा तीरंदाजी), इलूरी अजय कुमार रेड्डी (ब्लाइंड क्रिकेट), प्राची यादव (पैरा कैनोइंग)

द्रोणाचार्य पुरस्कार 2023

द्रोणाचार्य पुरस्कार उन प्रशिक्षक (कोच) को दिया जाता है जिन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ी दिए जाते हैं. इस पुरस्कार का प्रारम्भ 1985 में हुआ था. द्रोणाचार्य (आजीवन) पुरस्कार के रूप में 15 लाख रुपये और नियमित द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं को 10 लाख रुपये दिये जाते हैं.

इस वर्ष 8 कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार (नियमित और आजीवन) दिए गए. ये कोच हैं:

द्रोणाचार्य पुरस्कार: नियमित
गणेश प्रभाकरन (मलखंब), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज), शिवेंद्र सिंह (हॉकी)
द्रोणाचार्य पुरस्कार: आजीवन
जसकीरत सिंह ग्रेवाल (गोल्फ), भास्करन ई (कबड्डी), जयंत कुमार पुशीलाल (टेबल टेनिस)

खेल-कूद में लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए 2023 ध्यानचंद पुरस्कार​

लंबे वक़्त तक खेल के क्षेत्र में काम करने वाले खिलाड़ियों को ध्यानचंद पुरस्कार दिया जाता है. ध्यानचंद पुरस्कार विजेता को भी लघु-प्रतिमाएं, प्रमाण पत्र और 10 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है.

इस वर्ष 3 खिलाड़ियों को यह पुरस्कार दिया जाएगा. ये हैं:
कविता (कबड्डी), मंजूषा कंवर (बैडमिंटन) विनीत कुमार शर्मा (हॉकी)