डेली कर्रेंट अफेयर्स
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर की रूस यात्रा
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर 25 से 29 दिसम्बर तक रूस की आधिकारिक यात्रा पर थे. यात्रा के दौरान दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया गया.
मुख्य बिन्दु
- यात्रा के दौरान मॉस्को में रूस के उप-प्रधानमंत्री तथा उद्योग और व्यापार मंत्री डेनिस मांतुरोव से भारत-रूस द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग पर व्यापक चर्चा हुई.
- दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय सहयोग को अधिक संतुलित और सतत बनाने पर चर्चा की. दोनों मंत्रियों की उपस्थिति में परमाणु ऊर्जा और औषधि, फार्मास्युटिकल तथा चिकित्सा उपकरणों से संबंधित समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये.
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने क्रेमलिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की और कई मुद्दों पर बातचीत की. श्री पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले वर्ष रूस आने का निमंत्रण दिया.
मुख्य सचिवों का तीसरा राष्ट्रीय सम्मेलन नई दिल्ली में आयोजित किया गया
मुख्य सचिवों का तीसरा राष्ट्रीय सम्मेलन 27 से 29 दिसम्बर तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया था. यह अपनी तरह का तीसरा सम्मेलन था. पहला सम्मेलन जून 2022 में धर्मशाला में और दूसरा जनवरी 2023 में दिल्ली में आयोजित किया गया था. इस सम्मेलन का विषय था – सुगम जीवन सुनिश्चित करना.
मुख्य बिन्दु
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहकारी संघवाद के सिद्धांत से प्रेरित होकर इस सम्मेलन का आयोजन केंद्र और राज्य सरकारों के बीच भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए किया जाता है.
- इसमें दो सौ से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया था, इनमें केंद्र सरकार के प्रतिनिधि, मुख्य सचिव और सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे.
- सम्मेलन का उद्देश्य सरकारी प्रयासों की डिलीवरी व्यवस्था को मजबूत करके ग्रामीण तथा शहरी जनसंख्या के जीवनस्तर को बेहतर करने के लिए सहयोगी कार्रवाई का आधार तैयार करना है.
- सम्मेलन की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी. सम्मेलन में जीवन सुगमता और राज्यों के साथ साझेदारी में विकास एजेंडे के कार्यान्वयन पर मुख्य तौर पर ध्यान केन्द्रित किया गया.
केंद्र सरकार, असम सरकार और उल्फा के बीच त्रिपक्षीय समझौते
केंद्र सरकार ने असम सरकार और यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के साथ 31 दिसम्बर को ऐतिहासिक त्रिपक्षीय समझौते पर नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए थे. समझौते पर गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए. इस समझौते का उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल करना है.
मुख्य बिन्दु
- बहुप्रतीक्षित शांति समझौता असम में दशकों से चले आ रहे उग्रवाद को समाप्त करने के लिए है.
- उल्फा नेताओं और सरकारों के साथ वर्षों की बातचीत और चर्चा के बाद त्रिपक्षीय शांति संधि पर हस्ताक्षर किए गए.
- शांति संधि में असम के मूल लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के प्रावधान होने की संभावना है.
- असम सरकार और केंद्र द्वारा किए जा रहे कई प्रयासों के बावजूद उल्फा का परेश बरुआ गुट अभी तक शांति प्रक्रिया में शामिल नहीं हुआ है.
देश-दुनिया: एक संक्षिप्त दृष्टि
सामयिक घटनाचक्र का डेलीडोज
अमरीका ने यूक्रेन को 25 करोड अमरीकी डॉलर पैकेज की घोषणा की
अमरीका के विदेश विभाग ने यूक्रेन को 25 करोड अमरीकी डॉलर के सैन्य सहायता पैकेज की घोषणा की है. बाइडेन प्रशासन ने कांग्रेस से यूक्रेन के लिए 60 बिलियन अमरीकी डॉलर से अधिक की सहायता सहित एक पूरक पैकेज मांगा है. फरवरी 2022 में रूस के आक्रमण शुरू होने के बाद से, अमेरिका ने यूक्रेन को सैन्य सहायता में 46 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक आवंटित किए हैं.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या एयरपोर्ट का उद्घाटन किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे. इस स्टेशन का नाम अयोध्या धाम जंक्शन रखा गया है. प्रधानमंत्री नवनिर्मित अयोध्या एयरपोर्ट का भी उद्घाटन किया.
कतर में आठ भारतीयों को सुनाई गई मौत की सजा कम की गई
कतर में आठ भारतीयों को सुनाई गई मौत की सजा कम कर दी गई है. दहरा ग्लोबल मामले में कतर की अपील अदालत ने निचली अदालत के निर्णय को संशोधित करते हुए सजा कम की है. भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कार्मिकों को कतर की एक अदालत ने मृत्यु दंड सुनाया था. वे प्राईवेट कम्पनी अल-दहरा में काम कर रहे थे और उन्हें पिछले वर्ष अगस्त में कथित जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
महाराष्ट्र सरकार ने ड्रोन मिशन स्थापित करने की मंजूरी दी
महाराष्ट्र सरकार ने ड्रोन मिशन स्थापित करने की मंजूरी दी है. इस मिशन में सुरक्षा निगरानी, आपदा के दौरानराहत और बचाव कार्य, दूर-दराज के इलाक़ों में दवाइयां तथा टीके पहुंचाने, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और यातायात प्रबंधन की निगरानी के लिए कार्य होंगे.
भारत दुग्ध उत्पादन में विश्व में पहले स्थान पर
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वर्तमान में भारत दुग्ध उत्पादन में विश्व में पहले स्थान पर है. वैश्विक दुग्ध उत्पादन में उसका योगदान 24 प्रतिशत है और पिछले आठ वर्ष में इसमें लगभग 51 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जो विश्व में सबसे अधिक है.
